प्रदेश के नवनियुक्त भाजपा अध्यक्ष ने ग्रहण किया पदभार, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया। लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भूपेंद्र सिंह चौधरी का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जी का अभिनंदन और स्वागत। उन्होंने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह जी को हर कार्यकर्ता जानता है। वह जमीन से जुड़े नेता हैं। भूपेंद्र सिंह चौधरी की प्रदेश में अच्छी पकड़ है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र चौधरी की क्षमता सबको पता है। वह सभी को अच्छी तरह से जानते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर क्षेत्र स्तर तक संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौधरी पहले भी कई अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। आशा है कि वह केंद्र और राज्य के बीच सेतु का काम करेंगे जिससे प्रदेश को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हम नए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा नए संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ मिलकर एक नए उत्तर प्रदेश को बनाने और उसे मजबूत करने का काम करेंगे। इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मैं भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट करता हूं। मेरे जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को उत्तर प्रदेश की बागडोर सौंपी हैं।

