हिंदुस्तान

उत्तर प्रदेश अनेकता में एकता का जीवंत उदाहरण : राम नाथ कोविंद

 

लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अनेकता में एकता का जीवंत उदाहरण है। सोमवार को  लखनऊ में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित राज्‍य विधानमंडल की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और भौगोलिक विविधता लोकतंत्र को और मजबूत बनाती है।

श्री कोविंद ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश जल्द ही एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीम राव अम्बेडकर ने ही कहा था कि भारतीय लोकतंत्र के बीज पश्चिमी दुनिया में नहीं, बल्कि बुद्ध काल के संघों में पाए जाते थे।

राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में 47 महिला सदस्यों की मौजूदगी एक स्वागत योग्य संकेत है। उन्‍होंने कहा कि विधानमंडल में महिलाओं के प्रतिनिधित्‍व को बढ़ाये जाने की अभी भी जरूरत है। श्री कोविंद ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, चौधरी चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और कई अन्य राजनीतिक दिग्गज नेता दिए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य से अब तक देश के नौ प्रधानमंत्री बने हैं। श्री कोविंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य को एक स्थिर सरकार प्रदान की है। इस अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा में विपक्ष के नेता अखिलेश यादव ने भी सत्र को संबोधित किया।

Leave Your Comment

Click to reload image