2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल होने राजनाथ, जयशंकर जाएंगे जापान...
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर 7 से 10 सितंबर तक दूसरी भारत-जापान 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए जापान की आधिकारिक यात्रा करेंगे। भारत-जापान 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक कल यानि (बुधवार) से शुरू हो रही है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यात्रा के दौरान दोनों मंत्री अपने समकक्षों के साथ रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक और विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता भी करेंगे।
भारत-जापान संबंधों को मजबूती देंगे दोनों मंत्री
इस यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह अपने जापानी समकक्ष यासुकाजू हमदा से मुलाकात करेंगे। जबकि जयशंकर यात्रा के दौरान जापान के विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी से मुलाकात करेंगे। भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित है। यात्रा के दौरान भारत और जापान साझेदारी को मजबूत करने के लिए नई पहल की तलाश करेंगे।
2019 में हुई थी भारत-जापान के बीच बैठक
बता दें कि भारत-जापान 2+2 दोनों देशों के बीच इस तरह की दूसरी बैठक होगी। इससे पहले भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय वार्ता (2+2) की उद्घाटन बैठक 30 नवंबर, 2019 को नई दिल्ली में हुई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जापान के तत्कालीन विदेश मंत्री मोतेगी तोशिमित्सु और जापान के तत्कालीन रक्षा मंत्री कोनो तारो से मुलाकात की थी।
कई मुद्दों पर हुई थी बैठक में चर्चा
इस बैठक के बारे में मंत्रियों ने बताया था कि यह वार्ता द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग की रणनीतिक गहराई को और बढ़ाएगी। चुनौतियों को स्वीकार करते हुए मंत्रियों ने सुरक्षा सहयोग पर 2008 की संयुक्त घोषणा और सुरक्षा सहयोग के लिए 2009 की कार्य योजना के आधार पर द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी।

