विदेशी टी-शर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं राहुल बाबा : अमित शाह
जोधपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में बूथ अध्यक्ष संकल्प महासम्मेलन में शिरकत की। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि गहलोत साहब मैं आपको आपके वादे याद दिलाने आया हूं। 2018 में राहुल बाबा के साथ अंट-संट वादे किए थे। पांच साल होने को आए, भाजपा आपका हिसाब मांगती है।
अमित शाह ने कहा कि अभी राहुल बाबा विदेशी टी-शर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं। मैं उनको और कांग्रेसियों को उनके संसद के भाषण का एक वाक्य याद कराता हूं कि भारत राष्ट्र है ही नहीं। अरे राहुल बाबा किस किताब में पढ़े हो। अमित शाह शुक्रवार की शाम जैसलमेर पहुंचे थे। अमित शाह ने राजस्थान में कई कार्यक्रमों में शिरकत की।
जोधपुर में अमित शाह ने कहा कि गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना है। विकास की दौड़ में राजस्थान पिछड़ रहा है। 2023 में भगवा झंडा फहराने का काम कार्यकर्ता करेंगे। यहा भाजपा सरकार बनने जा रही है। शाह ने कहा कि कार्यकर्ता ही चुनाव जिताता है। गहलोत के राज में बेरोजगारी दर बढ़ी है। उनके मुताबिक, देश मे सबसे महंगा तेल राजस्थान में और सबसे महंगी बिजली राजस्थान में है। अमित शाह ने उदयपुर में कन्हैया की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने सुनियोजित दंगों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया।
गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना हैः वसुंधरा राजे
इस मौके पर वसुंधरा राजे ने कहा कि बिना पैसे के इस राज में कोई काम नही होता। किसानों के साथ धोखा किया गहलोत सरकार ने। सरकार किसानों को मुआवजा दे। जिन लोगों ने योजनाओं का नाम बदल दिया, अब इन लोगो को बदलने का समय। दुश्मन को कमजोर नहीं समझना चाहिए। जनता के बीच जाकर जनता से मिलना होगा। रावण रूपी गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना है।
2023 में इतिहास बदलने की तैयारीः सतीश पुनिया
जोधपुर में सतीश पुनिया ने कहा अपराधों की राजधानी बन गया है राजस्थान। उन्होंने अशोक गहलोत से मोदी से सीख लेने की बात कही। रीट परीक्षा की चीट पर बेरोजगार माफ नहीं करेगा। बूथ पर पराक्रम दिखाने का समय।

