जब शादी की बात पर मुस्कुरा दिए राहुल, जयराम रमेश ने शेयर की तस्वीरें...
कन्याकुमारी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। इस दौरान वे कई लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमे वे मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के पीछे का किस्सा बड़ा ही दिलचस्प और मजेदार है। कांग्रेस संसद जयराम रमेश ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए इसके पीछे की वजह बताई है। दरअसल यात्रा के दौरान कन्याकुमारी के मुलाकात के दौरान मार्तंडम में महिला मनरेगा कार्यकर्ताओं ने उनसे शादी की बात छेड़ दी। शादी की चर्चा हुई तो राहुल मुस्कुराने लगे।
जयराम रमेश ने आगे लिखा कि बातचीत के दौरान एक महिला ने कहा कि वे राहुल गांधी के तमिलनाडु के प्रति प्रेम के बारे में जानती हैं और वह 'उनकी शादी एक तमिल लड़की से कराने' के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी के साथ 3,570 किलोमीटर के सफर पर मौजूद जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि इस दौरान राहुल गांधी सबसे ज्यादा खुश नजर आए।
कहां पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह केरल के परासला पहुंच चुकी है। केपीसीसी अध्यक्ष सुधाकरन ने बताया कि यात्रा के स्वागत के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह राज्य के सात जिलों से गुजरेगी और अन्य जिलों के पार्टी कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल होंगे।’ उन्होंने यहां मीडिया से कहा, यात्रा हर दिन सुबह सात बजे शुरू होगी और 11 बजे तक चलेगी। यह फिर से शाम चार बजे शुरू होगी और शाम सात बजे तक चलेगी। इस बीच गांधी सभी तबकों के लोगों से मिलेंगे और चर्चा करेंगे।

