गडकरी ने अमेरिका के निवेशकों से भारत में निवेश करने का आह्वान किया
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अमेरिका के निवेशकों से आगे आने और भारत में सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं में निवेश करने का आह्वान किया है, जो निवेशकों के लिए सोने की खान हैं। इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के 19वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि अमेरिका और भारत मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के साथ विश्व के दो प्रमुख लोकतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि हम स्वाभाविक भागीदार हैं और आपसी विकास में योगदान देने के लिए हमारे पास बहुत कुछ है। दोनों देशों ने सामाजिक, आर्थिक और रणनीतिक मोर्चे पर हमेशा आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग को दर्शाया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का चुना हुआ विषय- अगले 25 वर्षों के लिए नया एजेंडा हमारे संबंधों को मजबूत करने का रोडमैप तैयार करेगा।
श्री गडकरी ने कहा कि हमारा जोर समग्र विकास मॉडल के साथ एक सतत व्यापार इकोसिस्टम बनाने पर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें लीक से हटकर विचार प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने और नए रास्ते बनाने के लिए रचनात्मक एजेंडे को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2025 तक भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का एक दृष्टिकोण निर्धारित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज, भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और यह दुनिया में पांचवें स्थान पर है।
एक अच्छी तरह से विकसित बुनियादी ढांचा आर्थिक गतिविधि और नए व्यवसायों और रोजगारों के सृजन को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्रीय बुनियादी ढांचा पाइपलाइन के माध्यम से बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1.4 ट्रिलियन डॉलर का निवेश कर रही है। 2019 से 2025 तक की अवधि में इस पूंजीगत व्यय का 19% सड़क क्षेत्र के लिए होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश में समग्र और एकीकृत बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय गति शक्ति मास्टर प्लान शुरू किया है। गति-शक्ति के साथ सभी हितधारक 3 सी कॉ-आपरेशन (सहयोग), कॉ-आर्डिनेशन (समन्वय) और कम्यूनिकेशन (संचार) के नियमों का पालन करेंगे।

