हिंदुस्तान

सेना ने चलाया बचाव अभियान, भारी बारिश से हालात बिगड़े

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। असम में लगातार हो रही बारिश के कारण दीमा हसाओ के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। असानी चक्रवात के आने के बाद से असम में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है। बारिश और जलभराव से हजारों लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक लगातार बारिश के कारण दीमा हसाओ जिले के 12 गांवों से अब तक भूस्खलन की खबर है। हाफलोंग इलाके में करीब 80 घर बुरी तरह प्रभावित है। दीमा हसाओ जिले के हाफलोंग इलाके में भूस्खलन से एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई है।

कई और इलाकों में सड़कें बहने की घटनाएं सामने आई हैं। भारतीय सेना के जवानों ने कल रात कछार जिले के बालिचरा और बरखोला के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चलाया है।असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि अब तक छह जिलों- कछार, धेमाजी, होजई, कार्बी आंगलोंग पश्चिम, नगांव और कामरूप (मेट्रो) के 94 गांवों के कुल 24,681 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

ट्रेन सेवाएं प्रभावित
पिछले कुछ दिनों में लगातार बारिश के कारण जिले में भूस्खलन की कई घटनाएं हुई हैं, जिससे माईबांग और माहूर के बीच रेल मार्ग प्रभावित हुए हैं। ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर खंड में कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे के मुताबिक लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर खंड में कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

ऑरेंज अलर्ट जारी
बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने 15 तारीख तक असम के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई तक असम, मेघालय और अरुणाचल में भारी बारिश की संभावना है।

Leave Your Comment

Click to reload image