75 साल बाद फिर देश के जंगलों में फर्राटे भरेंगे चीते, ख़ास विमान से आ रहे भारत...
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 75 साल पहले देश से विलुप्त हो चुका दुनिया के सबसे तेज जानवर चीता अब फिर भारत के जंगलों में अपनी रफ़्तार का जादू दिखाएगा। नामीबिया से भारत में आ रहे इन मेहमानों को लेकर लोगों में काफी उत्सुक्ता है। पूरा देश इन चीतों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
प्रोजेक्ट चीता के तहत नामीबिया से आठ चीतों को लाने के लिए विशेष विमान वहां पहुंचा है। विमान पर चीते की पेंटिंग बनाई गई है। नामीबिया से लाए जाने वाले चीतों में तीन नर और पांच मादा हैं। इनमें दो सगे भाई भी हैं। अभी ये नामीबिया के एक प्राइवेट रिजर्व में रह रहे हैं। इन्हें मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा जाएगा। कल यानी 17 सितंबर को इन चीतों को भारत लाया जाएगा।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर लाए जा रहे चीते
खास बात है कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन भी है। पीएम का ये जन्मदिन खास रहने वाला है। दरअसल, इन सभी चीतों को कल दो हेलीकाप्टरों द्वारा कुनो ले जाया जाएगा और मोदी क्वारंटाइन सेंटर से उन्हें पार्क में छोड़ देंगे। इसके बाद पीएम कराहल में आयोजित महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में वे श्योपुर की दो महिलाओं से चर्चा भी करेंगे।

