हिंदुस्तान

खड़ी गाड़ियों से टकराई कार : 5 की मौत, 13 घायल, पीएम मोदी ने जताया दुःख...

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक रोड पर बुधवार तड़के तेज गति से आ रही कार के दुर्घटनाग्रस्‍त होने से पांच लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल बताये जा रहे हैं, जबकि आठ घायलों का इलाज अस्‍पताल में चल रहा है। घटना उस समय हुई जब सड़क किनारे खड़ी एक एंबुलेंस, कार और कुछ अन्‍य वाहनों से आकर ये कार टकरा गई।

दरअसल यहां कुछ देर पहले भी एक दुर्घटना हुई थी और घायलों को ले जाने के लिए कार और एंबुलेंस बुलायी गई थी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुर्घटनास्‍थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

कुछ की हालत बेहद नाजुक
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। स्‍थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्‍पताल पहुंचाया जा रहा है। इनमें से कुछ की हालत काफी नाजुक बतायी जा रही है। बांद्रा से वर्ली जाने वाले रास्‍ते को भी बंद कर दिया गया है। इस मामले में अभी इतनी ही जानकारी मिल पायी है अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

पीएम मोदी ने जताया दुःख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। पीएम मोदी के कहा : “मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से दुःखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि जो लोग घायल हुए हैं, वे जल्दी ही स्वस्थ  हो जायेंगे।”

घायलों का ग्‍लोबल, सैफी और लीलावती अस्‍पताल में चल रहा है इलाज
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात 2 बजकर 20 मिनट पर ये हादसा हुआ था। इसमें कुल 13 लोगों के घायल होने की खबा मिली थी जिनमें से दस घायलों को इलाज के लिए मुंबई के नायर अस्‍पताल ले जाया गया था जिनमें से पांच की मौत हो गई थी।

बाकी घायलों का इलाज अभी चल रहा है। जबकि दो लोगों के मामूली चोट आयी है इसलिए उन्‍हें प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया है। घायलों में एक सिक्‍योरिटी गार्ड और दो अन्‍य को यहां के ग्‍लोबल, सैफी और लीलावती अस्‍पताल में भर्ती करवा दिया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image