भारत जोड़ो यात्रा के 30वें दिन राहुल ने तिप्तूर से शुरू की पदयात्रा
तिप्तूर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक पहुंची हैं। रविवार सुबह उन्होंने तिप्तूर से पदयात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने सावरकर को भी निशाने पर लिया व अंग्रेजों की मदद करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि संघ व सावरकर अंग्रेजों की मदद कर रहे थे। उन्होंने सावरकर पर अंग्रेजों से पैसा लेने का आरोप लगाया। देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने लड़ाई लड़ी।
पीएफआई के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि नफरत फैलाने वाला व्यक्ति कौन है। वे किसी भी समुदाय से आते हैं, नफरत व हिंसा फैलाना एक राष्ट्र विरोधी काम है व हम ऐसे लोगों के खिलाफ लड़ेंगे। इस दौरान राहुल गांधी से जब पूछा गया कि वो नई शिक्षा नीति का विरोध क्यों कर रहे हैं तो उन्होंने कहा, हम नई शिक्षा नीति का विरोध कर रहे हैं क्योंकि यह हमारे देश के लोकाचार पर हमला है, यह हमारे इतिहास को विकृत करती है। यह कुछ लोगों के हाथ में शक्ति केंद्रित करता है। हम एक विकेंद्रीकृत शिक्षा प्रणाली चाहते हैं जो हमारी संस्कृति को दर्शाती है।

