हिंदुस्तान

पीएम मोदी ने मुलायम सिंह को दी श्रद्धांजलि, ट्विटर पर साझा कीं पुरानी यादें...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा, 'मुलायम सिंह यादव एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉक्टर लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।



एक दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।

पीएम मोदी ने कहा कि जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। हम दोनों की घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना हैं। ओम् शांति।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए अपने ट्विटर अकाउंट पर उनसे जुड़ी कई यादें भी साझा की हैं।



जमीन से जुड़े जननेता के रूप में किए जाएंगे याद : अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।

मुलायम सिंह का निधन बेहद पीड़ादायक : राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।

मायावती ने कहा, शुभचिन्तकों के प्रति गहरी संवेदना
मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी के व्योवृद्ध नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन हो जाने की खबर बेहद दुखद है। उनके परिवार व सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

मुलायम सिंह छोड़ गए अपने काम की विशाल विरासत : प्रियंका चतुर्वेदी
मुलायम सिंह के निधन पर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव व यादव परिवार परिवार और समाजवादी पार्टी के सभी सदस्यों और उसके समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने पीछे काम और सेवा की एक विशाल विरासत छोड़ गए हैं। हम सबको उसकी बहुत कमी खलेगी।

मुलायम सिंह का अतुलनीय योगदान हमेशा रहेगा याद : प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भारत सरकार के पूर्व रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image