हिंदुस्तान

दोपहर 3 बजे सैफई में होगा मुलायम सिंह है अंतिम संस्कार, भूपेश-गहलोत समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे इटावा जिले में उनके पैतृक गांव सैफई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। सैफई ही वही जगह है जहां से उन्होंने अपने राजनैतिक सफर की शुरुआत की थी। मुलायम सिंह का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 साल की उम्र में निधन हो गया।



उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैफई जाकर सपा संरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। अंतिम संस्कार में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। अंतिम संस्कार में पीएम मोदी के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।


लालू ने किया मुलायम सिंह के योगदान को याद

बिहार के बड़े राजनेताओं में लालू प्रसाद यादव ने सबसे पहले मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जाहिर किया। उन्‍होंने मुलायम सिंह यादव को समाजवादी वटवृक्ष बताया। लालू ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से वे काफी मर्माहत हैं। लालू प्रसाद यादव ने कह कि देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में मुलायम सिंह यादव का अतुलनीय योगदान रहा। वे भले हमारे बीच से चले गए, लेकिन उनकी यादें जुड़ी रहेगी। उन्‍होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने के लिए ईश्‍वर से प्रार्थना की है।



नेताजी मुलायम सिंह यादव का जन्म इटावा जिले के सैफई में 22 नवंबर 1939 को हुआ था। वे तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा, 10 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सदस्य चुने गए। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से मुलायम सिंह यादव का खास लगाव था। उनके चाहने वाले यहां सभी दलों में मौजूद हैं। लोग उन्हें धरती पुत्र कहते थे। वे विरोधी दल के नेताओं का भी सम्मान करते थे।

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन करने के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सैफई जाएंगे। उन्होंने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए आजम खान भी सोमवार को सैफई पहुंचे। उन्होंने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अखिलेश यादव ने हाथ पकड़कर उनको सहारा दिया। आजम खान लंबे समय से बीमार चल रहे हैं।



महाराष्ट्र से एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सुप्रिया सुले भी आज अंतिम संस्कार में शामिल होने आ रही हैं। हाल ही में अपनी राष्ट्रीय पार्टी लॉन्च करने वाले तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी आज सैफई पहुंचने वाले हैं। आप नेता संजय सिंह भी आज अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।

मुलायम सिंह यादव का आज अंतिम संस्कार उसी जगह पर किया जाएगा जहां से उन्होंने अपनी सियासी पहचान बनाई थी। इटावा के सैफई में मुलायम सिंह के आखिरी विदाई की तैयारियां शुरू हो गई हैं। किसान बाजार के पास की जमीन पर साफ सफाई का काम चल रहा है। यहीं पर नेताजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image