प्लेन में बम की खबर निकली अफवाह, परेशान रहे क्रू और यात्री...
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मॉस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट में बम की खबर मिलने से शुक्रवार सुबह कई घंटे तक हड़कंप की स्थिति रही। दिल्ली में विमान की लैंडिंग के बाद सभी क्रू सदस्यों और विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। इस कड़ी में कुल 386 यात्रियों और चालक दल के 16 सदस्यों को उड़ान से सुरक्षित उतारा गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बारीकी से की गई जांच के बाद बम की सूचना को अफवाह करार दिया गया। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।
अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार की रात तो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मास्को से दिल्ली आने वाली उड़ान में बम की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया था और हवाईअड्डे की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। जांच में दिल्ली पुलिस को कुछ नहीं मिला।
उधर, दिल्ली पुलिस का कहना है कि विमान को मास्को से सुबह 3:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचना था। जब कि रात 3:20 बजे मास्को से टर्मिनल 3 (टी3) के लिए आने वाली उड़ान में बम के बारे में 11:15 बजे सूचना दी गई थी विमान में बम है। इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर को उतारकर विमान की गहनता से जांच की गई। इसके बाद इसे अफवाह करार दिया गया।

