हिंदुस्तान

मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का निधन, इंद्रजाल की दुनिया गमगीन...

 कानपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हैरतअंगेज जादुई करिश्मों से लोगों को अचंभित करने वाले देश के मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का शनिवार रात निधन हो गया। 70 वर्षीय शर्मा कानपुर के बर्रा-2 में रहते थे। उन्होंने फॉर्च्यून हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। रंगमंच और इंद्रजाल की दुनिया का हर शख्स गमगीन हो गया।

जादूगर शर्मा के निधन के साथ ही भारत में ‘जादूगरी’ के एक अध्याय के सफर का हमेशा के लिए अंत हो गया। दुखद खबर से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि जादूगर ओपी शर्मा कोरोना को हरा कर जिंदगी की जंग जीतने के बाद घर लौट आए थे। लेकिन इस बार कुदरत को कुछ अलग ही मंजूर था और आज निधन की खबर सामने आ गई। उल्लेखनीय है कि जादूगर ओपी शर्मा अपने मैजिक से लोगों को हमेशा हैरान कर देते थे। उनके शो के टिकट हाथोंहाथ बिक जाते थे।

ओपी शर्मा के घर का नाम भूत बंगला है, जो शहर की एक पहचान बन चुका है। बर्रा से पहले वह शास्त्रीनगर इलाके में रहते थे। वह अपने शो में अक्सर कहते थे, एक झटके में कोई जादूगर तैयार नहीं होता। इसमें कितना परिश्रम और चुनौतियां हैं, इसका हर कोई अनुमान नहीं लगा सकता। उनकी लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए उन्हें समाजवाजी पार्टी ने विधानसभा चुनाव का टिकट भी दिया था। शर्मा के परिवार में तीन बेटों प्रेमप्रकाश शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा और पंकज प्रकाश शर्मा के अलावा बेटी रेनू और पत्नी मीनाक्षी शर्मा को छोड़ गए हैं।

डिप्टी सीएम ने जताया शोक
उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उनके फैंस की ​लिस्ट काफी लंबी है। वहीं उनके जादू का क्रेज बच्चों से लेकर बड़ों के सिर पर चढ़कर बोलता था।

Leave Your Comment

Click to reload image