अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए राहुल गांधी ने कर्नाटक में डाला वोट
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव जारी है। देशभर में 9 हजार से ज्यादा कांग्रेस के प्रतिनिधि अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वोटिंग शाम चार बजे तक जारी रहेगी। गौरतलब है कि करीब 22 साल बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। गांधी परिवार के करीबी मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने वोट डाल दिया है। वहीं, राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में वोट डाला।
बता दें कि मतों की गिनती बुधवार को होगी। मतों की गिनती के बाद लगभग 24 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से होगा। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय में कहा कि पार्टी के नए अध्यक्ष तय करेंगे कि नेतृत्व के दृष्टिकोण को कैसे आगे बढ़ाया जाए और कैसे लागू किया जाए। चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

