इस वित्तीय वर्ष 900 मिलियन टन हो जाएगा भारत का कुल कोयला उत्पादन : प्रल्हाद जोशी
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय कोयला और खनन मंत्री प्रल्हाद जोशी ने अगले दो वर्ष में कोयला आयात बंद करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। नई दिल्ली में एक समारोह में श्री जोशी ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष के दौरान देश का कुल कोयला उत्पादन 900 मिलियन टन हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में कोयला और खनन क्षेत्र में सुधार लाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि खनन अन्वेषण के नियमों में छूट इस दिशा में एक कदम है।
श्री जोशी ने नई दिल्ली में एक समारोह में खनिज और ऊर्जा संसाधनों के संपदा खातों का संकलन जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह देश में खनिज संपदा का अब तक का पहला संकलन है। उन्होंने यह भी कहा कि रिपोर्ट विभिन्न राज्यों में खनन संसाधनों की पूरी तस्वीर प्रदर्शित करेगी। रिपोर्ट के महत्व को उजागर करते हुए श्री जोशी ने कहा कि यह रिपोर्ट खनिज और ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रिपोर्ट आंकड़ों के अधिक प्रणालीबद्ध तरीके से उपयोग को सुचारू बनाने और हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में बढ़ने में सहायक होगी।

