हिंदुस्तान

पीएम मोदी ने 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान रोजगार मेला का किया शुभारंभ

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान रोजगार मेला का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 75,000 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। पीएम मोदी ने रोजगार मेले कार्यक्रम के दौरान कहा कि आने वाले महीनों में इसी तरह लाखों युवाओं को भारत सरकार द्वारा समय-समय पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। आज अगर केंद्र सरकार के विभागों में इतनी तत्परता, इतनी क्षमता आई है, इसके पीछे 7-8 साल की कड़ी मेहनत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया अभियान ने तो देश के युवाओं के सामर्थ्य को पूरी दुनिया में स्थापित कर दिया है। साल 2014 तक जहां देश में कुछ 100 ही स्टार्टअप थे, आज ये संख्या 80,000 से अधिक हो चुकी है। आज हमारा सबसे अधिक बल युवाओं के कौशल विकास पर है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत देश के उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से युवाओं को ट्रेनिंग देने की एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। इसके तहत अभी तक सवा करोड़ से अधिक युवाओं को स्किल इंडिया अभियान की मदद से ट्रेन किया जा चुका है।

बीते वर्षों में सेल्फ हेल्प ग्रुप से 8 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं जिन्हें भारत सरकार आर्थिक मदद दे रही हैं। ये करोड़ों महिलाएं अब अपने बनाए उत्पाद देशभर में बिक्री कर रही हैं, अपनी आय बढ़ा रही हैं। रोजगार के कई नए अवसर बन रहे हैं। आज गाड़ियों से लेकर मेट्रो कोच, ट्रेन के डिब्बे, डिफेंस के साजो-सामान तक अनेक सेक्टर में निर्यात तेजी से बढ़ रहा है।ये तभी हो रहा है क्योंकि भारत में फैक्ट्रियां बढ़ रही हैं और साथ ही काम करने वालों की संख्या बढ़ रही है। 

 

Leave Your Comment

Click to reload image