हिंदुस्तान

मल्लिकार्जुन खड़गे आज संभालेंगे पार्टी के नए अध्यक्ष की कमान, राहुल भी दिल्ली पहुंचे...

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस  के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज, बुधवार को पार्टी की कमान संभाल लेंगे। इसी के साथ कांग्रेस के शिखर नेतृत्व की बागडोर 24 साल बाद आधिकारिक तौर पर गांधी परिवार के हाथों से निकल जाएगी। पार्टी के गहरे संकटपूर्ण दौर में नेतृत्व संभालने जा रहे खड़गे के लिए जाहिर तौर पर चुनौतियों की लकीर बहुत लंबी है।

भारत जोड़ो यात्रा के तीन दिन के दीवाली ब्रेक में 48 दिनों बाद पहली बार दिल्ली आए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। अध्यक्ष पद संभालने से पहले खड़गे ने राजघाट पर महात्मा गांधी, शांति वन में जवाहरलाल नेहरु व शक्ति स्थल पर इंदिरा गांधी तथा वीर भूमि पर जाकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर बुधवार सुबह 10.30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पार्टी चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में जीत का प्रमाणपत्र मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपेगे। इसके बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी औपचारिक तौर पर पार्टी अध्यक्ष की कमान खड़गे को सौंप देंगी।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी इस समारोह में शामिल होंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर में बघेल ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। मुझे भी इस अवसर पर उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। इसलिए, मैं दिल्ली जा रहा हूं।

 

Leave Your Comment

Click to reload image