मेरा मन मोरबी के पीड़ितों के साथ : पीएम मोदी
केवड़िया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने मोरबी ब्रिज हादसे पर दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि मेरा मन करुणा से भरा हुआ है। गुजरात के केवड़िया में पीएम मोदी ने कहा कि मैं एकता नगर में हूं लेकिन मेरा मन मोरबी के पीड़ितों के साथ है। मैंने अपने जीवन में शायद ही कभी इस तरह के दर्द का अनुभव किया होगा।
एक तरफ दर्द से भरा दिल है तो दूसरी तरफ है कर्तव्य का रास्ता है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज सुबह मोरबी में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने तलाशी अभियान, राहत-बचाव अभियान, घायलों के इलाज सहित सभी मामलों की जानकारी ली और मोरबी में केबल ब्रिज गिरने की घटना में व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। राहत-बचाव कार्य में NDRF, सेना और वायुसेना लगी हुई है। लोगों की दिक्कतें कम से कम हो इसे प्राथमिकता दी जा रही है।

