देश के राजनीतिक दलों ने अग्निपथ योजना को लेकर किया गुमराह : कैलाश विजयवर्गीय
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अग्निपथ योजना के लेकर देश के विभिन्न राज्यों में जारी हिंसक उपद्रव के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अग्निपथ योजना को लेकर देश के राजनीतिक दलों ने गुमराह किया है।
उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को देश की सेवा और सेना से जोड़ने का अच्छा माध्यम है। मेरी भी इच्छा थीं बचपन में देश के लिए काम करूं, विशेषकर सेना में जाऊं, पर नहीं जा पाया। उस समय यह योजना होती तो मैं भी 4 साल के लिए जरुर सेना में जाता और देश की सेना के माध्यम से मां भारती की सेवा करता। बहुत बड़ा वर्ग ऐसा है जो चाहता है देश की सेवा करूं। जो व्यक्ति एक बार इस योजना के माध्यम से अग्निवीर बनकर देश के लिए 4 साल काम करेगा वह देश के लिए प्रतिबद्ध होगा।
अग्निपथ योजना देश सेवा के लिए युवाओं को जोड़ने का बहुत बड़ा माध्यम है। देश की सेवा करने का माध्यम है। नौजवानों को राष्ट्रभक्ति सीखाने का माध्यम भी है। देश की सेवा एक निश्चित समय के लिए करें यह अवसर भी सरकार प्रदान कर रही है। यह बहुत अच्छी योजना है। ऐसा नहीं है कि यह योजना हमारे देश भारत में ही है। ऐसी योजनाएं फ्रांस और रूस जैसे देशों में भी है। बहुत सारे देशों में इस प्रकार की योजना चल रही है। देश के नेताओं ने इसको लेकर पूरे भारत सहित युवाओं की भी गुमराह किया है।

