डंपर-बोलेरो में भिंड़त : 5 की मौत, 3 घायल
मुरैना (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्य प्रदेश के मुरैना में नूराबाद क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी भरे डंपर और बोलेरो के आमने-सामने से टकरा जाने पर पांच लोगों की मौत हो गयी। मृतक ग्वालियर से अपने ग्राम वित्तोली की ओर जा रहे थे।
ये हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और जबकी एक की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन अन्य घायल बताए गए हैं जिनका ग्वालियर में इलाज चल रहा है।
घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की देर रात कुछ लोग बोलेरो जीप में सवार होकर ग्वालियर से अपने गांव वित्तोली जा रहे थे। बोलेरो जैसे ही नूराबाद के पास पहुंची, सामने से गिट्टी से भरा डंपर आ गया। बोलेरो चालक जब तक कुछ समझ पाता तब तक बोलेरो और डंपर आपस में भिड़ गए।
इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी और चार घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर भेज दिया। ग्वालियर में इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई। तीन का इलाज ग्वालियर में चल रहा है।
मरने वालों के नाम भरत (40 वर्षीय) पुत्र केदार सिंह, देवेंद्र (45 वर्षीय) पुत्र निहाल सिंह, केशव (42 वर्षीय) पुत्र आशाराम सिंह, रामपत (55 वर्षीय ) पुत्र मुरली, विद्याराम (43 वर्षीय) पुत्र रघुवर सिंह हैं। ये सभी वित्तोली गांव के रहने वाले हैं। डंपर चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि डंपर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

