हिंदुस्तान

अवैध खनन मामला : ईडी ने सीएम सोरेन को किया तलब, 3 को होगी पूछताछ...

 रांची (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अवैध खनन  मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तलब किया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हेमंत सोरेन को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए कल यानि 3 नवंबर को रांची दफ्तर बुलाया है।

सूत्रों ने बताया कि अवैध खनन मामले में ईडी कल हेमंत सोरेन से पूछताछ करेगी। उन्हें पूछताछ के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे बुलाया है। ईडी अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मुख्यमंत्री से पूछताछ और बयान दर्ज करना चाहती है।

उधर, हेमंत सोरेन को ईडी के नोटिस पर उनकी पार्टी जेएमएम के नेता मनोज पांडे की प्रतिक्रिया सामने आई है। मनोज पांडे ने कहा कि नोटिस के खिलाफ कोर्ट का रुख करेंगे। क्या ईडी सीएम को बुला सकता है। अगर ऐसा है, तो सीएम कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद जवाब देंगे। क्या उन आरोपों के लिए उन्हें सीएम को समन भेजना कानूनी है? कई मामलों में पीएम को भी तलब किया जाना चाहिए। यह बदले की राजनीति है।

ईडी इस मामले में हेमंत सोरेन के बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को गिरफ्तार भी कर चुकी है। पंकज मिश्रा को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया गया था। पंकज मिश्रा पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का मनी लांड्रिंग करने के संगीन आरोप हैं। पंकज मिश्रा के अलावा बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश भी आरोपी हैं। प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर छापेमारी कर ईडी ने दो एके-47 राइफल भी जब्त की थी। अवैध खनन मामले में ईडी राज्य में 19 जगहों पर छापेमारी कर चुकी है।

गौरतलब है कि ईडी ने बीते 6 महीने में कई कार्रवाई की है। ईडी की कार्रवाई में मनरेगा घोटाले से लेकर 1000 करोड़ के अवैध खनन तक में नेताओं व नौकरशाहों से जुड़े कई प्रभावी लोग सलाखों के पीछे पहुंचे। इनमें निलंबित आईएएस पूजा सिंघल, उनके सीए सुमन कुमार, मुख्यमंत्री के बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, पंकज मिश्रा का सहयोगी बच्चू यादव, नेताओं व नौकरशाहों का करीबी प्रेम प्रकाश, कोलकाता का कारोबारी अमित अग्रवाल शामिल है।

अवैध खनन मामले में 36 करोड़ रुपये जब्त
अवैध खनन मामले में ईडी अभी तक 36 करोड़ से ज्यादा की राशि जब्त कर चुकी है। इडी ने इसके अलावा चार लग्जरी कार, जगुआर व टोयटा फार्च्यूनर भी जब्त की है। पूजा सिंघल का प्रकरण शुरू होने से पहले मनरेगा घोटाले में ईडी ने 2.28 करोड़ रुपये जब्त किया था।

Leave Your Comment

Click to reload image