गुजरात विस चुनाव के लिए केजरीवाल ने ईसुदान को बनाया सीएम उम्मीदवार...
अहमदाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 की घोषणा के अगले दिन ही आम आदमी पार्टी ने अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सीएम उम्मीदवार के तौर पर ईसुदान गढ़वी का नाम घोषित किया है। गढ़वी महज डेढ़ साल पहले पार्टी से जुड़े थे।
ईसुदान गढ़वी का जन्म 10 जनवरी 1982 को जामखंभालिया तालुका के पिपलिया गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम खराजभाई गढ़वी है, जो पेशे से एक साधारण किसान थे। ईसुदान का परिवार हमेशा से एक सामान्य जीवन जीता रहा है। ईसुदान फिलहाल अहमदाबाद में मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं।
पत्रकारिता में पहचान बनाने के बाद ईसुदान गढ़वी ने राजनीति का दामन थाम लिया। जून 2021 में वह आम आदमी पार्टी में बतौर कार्यकर्ता शामिल हुए। इसी वर्ष जून 2022 में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बना दिया। फिलहाल वह पार्टी में संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। महज डेढ़ वर्ष की इस राजनीतिक यात्रा के बाद अरविंज केजरीवाल ने उन्हें गुजरात मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
ईसुदान के पिता एक सामान्य किसान थे। लिहाजा ईसुदान के पास शुरूआत से खेती-किसानी की जानकारी और इस क्षेत्र में रुचि भी रही है। वह किसानों की समस्या से भलीभांति वाकिफ थे। पत्रकारिता के दौरान भी उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनका निस्तारण कराया। इस तरह किसानों के जरिए उन्होंने गुजरात के ग्रामीण इलाकों में अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा पत्रकारिता के दौरान उन्होंने डांग और कपरादा जिले में पेड़ों की कटाई पर एक रिपोर्ट पर 150 करोड़ रुपये के घोटाले को उजागर किया था। उनकी खबर के बाद सरकार को भी कार्रवाई करनी पड़ी थी।
एक साक्षात्कार के दौरान गढ़वी ने खुद बताया था कि नौकरी छोड़ जब उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया, तब उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ ही भाजपा और कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की थी। इसके बाद एक दिन अरविंद केजरीवाल ने उन्हें फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इस मुलाकात के बाद ईसुदान ने आप की सदस्यता ले ली।

