हिंदुस्तान

मौज कर दी! 1000 कर्मचारियों को उत्तराखंड के टूर पर ले गया हीरा कारोबारी, स्पेशल ट्रेन से कराए भोलेनाथ के दर्शन

 

सूरत (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कई विशेषज्ञों ने दुनिया में आर्थिक मंदी की आशंका जताई है। जिसको देखते हुए बड़ी कंपनियां लगातार छंटनी कर रही। इस बीच सूरत (गुजरात) में कारोबार करने वाले गोविंद ढोलकिया (Govind Dholakia) की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही। उन्होंने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा अब दुनियाभर में हो रही।

1000 कर्मचारियों के लिए खास ट्रिप
गोविंद ढोलकिया श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और अध्यक्ष हैं। हर साल वो दिवाली पर अपने कर्मचारियों को बेहतरीन उपहार देते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने खास प्लानिंग की थी। उन्होंने करीब 1000 कर्मचारियों और उनके परिवार के लिए एक खास ट्रिप प्लान की, ताकि वो सभी काम से दूर आराम से कुछ दिन रिलैक्स कर सकें।

स्पेशल ट्रेन की बुक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ढोलकिया की कंपनी ने 22 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों और उनके घर वालों के लिए फैमिली ट्रिप की शुरूआत की। इसके तहत 14 दिनों की उत्तराखंड यात्रा का आयोजन हुआ। कंपनी ने सूरत से ऋषिकेश के लिए एक स्पेशल ट्रेन बुक की थी। उत्तराखंड पहुंचने के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने ऋषिकेश समेत कई जगहों का भ्रमण किया। साथ ही योग, गंगा आरती समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर भगवान भोले के दर्शन किए।

मालिक ने कही ये बात
इस दिवाली गिफ्ट पर गोविंद ढोलकिया ने कहा कि वो कंपनी और कर्मचारियों के बीच एक विशेष रिश्ता बनाना चाहते थे। इस वजह से उन्होंने ये कदम उठाया। वो इस तरह की यात्राओं का प्लान इस वजह से भी करते हैं, ताकि कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी एक ही भावना और मूल्य प्रणाली से जुड़ें। सभी ने गंगा नदी के घाटों पर 5 वें गंगा सफाई अभियान में हिस्सा भी लिया।

6000 से ज्यादा लोगों को दिया रोजगार
आपको बता दें कि ढोलकिया की कंपनी एसआरके 1.8 बिलियन डॉलर की कंपनी है। उन्होंने 6000 से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया है। इस गिफ्ट पर कंपनी के एक कर्मचारी ने कहा कि कंपनी के मालिक उनको अपने परिवार की तरह मानते हैं। वो हमारे साथ ही यात्रा करते हैं। वो ये भी सुनिश्चित करते हैं कि सभी कर्मचारियों और उनके परिवार को अच्छी सुविधाएं मिलें।
 

Leave Your Comment

Click to reload image