हिंदुस्तान

कांग्रेस को लगातार सजा दे रही है जनता : नरेंद्र मोदी

 शिमला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हमीरपुर के सुजानपुर में चुनावी जनसभा में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं यहां के लोगों को जितना जानता हूं, मैं ये कह सकता हूं कि इस बार हिमाचल के लोग खुद चुनाव लड़ रहे हैं, खुद नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनाने का फैसला यहां की जनता ने कर लिया है। उड़ीसा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और बिहार से कांग्रेस पूरी तरह गायब हो चुकी है। कांग्रेसी खुद को शहंशाह मानती हैं, इसलिए जनता उन्हें लगातार सजा दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को पांच साल तक हिमाचल प्रदेश की याद नहीं आई। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में भी नाकाम रही है।


पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा कितना है, एक बार सरकार से गई तो उसका वापस लौटना ही मुश्किल होता है। तमिलनाडु में वहां के लोगों ने करीब 60 साल पहले वहां से कांग्रेस को निकाला, 60 साल हो गए अब तक वापस नहीं आई। आज कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। कांग्रेस का मूल आधार आज भी परिवारवाद ही है। ऐसी कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को, अपेक्षाओं को कभी पूरा नहीं कर सकती। कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को कुचला है। कांग्रेस का पूरा ध्यान भ्रष्टाचार पर है। हम देश के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा वही वादे करती है जो कर सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है। इन दोनों जगहों से खबरें सिर्फ झगड़े की ही रहती हैं। अगर यही चलता रहा तो राज्य का विकास कैसे हो सकता है? कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं। आज कांग्रेस की गिन कर दो ही सरकारें बची हैं, एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में। यहां से कभी भी विकास की खबरें नहीं आती हैं। हम ऐसी राजनीतिक परंपरा बनाना चाहते हैं कि हम सरकार में ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस यानि, अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस यानि, भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी। कांग्रेस यानि, विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। जब हिमाचल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी, तो चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा। सबसे पहले मैं हिमाचल भाजपा को विकास का नया संकल्प लेने के लिए, इतना अच्छा घोषणा पत्र बनाने के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हिमाचल भाजपा के 11 शुभ संकल्प यहां के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर की शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद जनसभाएं और अन्य प्रचार बंद हो जाएंगे। केवल डोर-टू-डोर प्रचार ही होगा। प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले मतदाताओं को उनके वोट का महत्व समझाया जा रहा है। इसी कड़ी में सत कुठेड़ा में भी घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) फतेहपुर विश्रुत भारती ने बताया कि नोडल अधिकारी और बीएलओ की टीम नाव पर सवार होकर सत कुठेड़ा पोलिंग बूथ के मतदाताओं के घर द्वार पहुंची। आमंत्रण पत्र और कलाई पर स्टैंप लगा कर ‘आओ मतदान करें, हम भी करेंगे’ का न्योता दिया।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image