रेलवे ग्रेड-6 के कर्मचारी सीधे पा सकेंगे प्रमोशन
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे कर्मचारियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पर्यवेक्षक कैडर के कर्मचारियों को सीधे पदोन्नति मिलेगी। इस नीति के तहत रेलवे ग्रेड-6 के कर्मचारी सीधे प्रमोशन पा सकेंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि लेवल-7 में सुपरवाइजरी कैडर के वेतनमान में ठहराव था और उनकी पदोन्नति की गुंजाइश न के बराबर थी। उन्होंने कहा हमारे पास 80,000 पर्यवेक्षक थे। जो पिछले 16 वर्षों यानी 2006 से सुपरवाइजर कैडर के वेतमान में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। पदोन्नति का एकमात्र रास्ता ग्रुप 'बी' की परीक्षा देकर चयनित होना था। जिसमें 3,712 रिक्तियां थी।
रेल मंत्री ने घोषणा की है कि नई नीति के तहत 50 प्रतिशत कर्मचारियों को लेवल 7 से लेवल 8 तक प्रोन्नत करने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा स्तर-8 से स्तर 9 तक 4 सालों में गैर-कार्यात्मक ग्रेड में 50 लोगों की पदोन्नति के लिए प्रावधान किया गया है। इससे सीधे 40,000 पर्यवेक्षकों को लाभ होगा और सभी को प्रति माह 2,500-4,000 रुपये का औसत अतिरिक्त वेतन मिलेगा।

