जब कार समेत सीएम की बहन को उठा ले गई पुलिस...
हैदराबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। तेलंगाना की राजधानी में हैरतंगेज मामला सामने आया है, जहां प्रदर्शन में शामिल होने जा रहीं मुख्यमंत्री की बहन को पुलिस उनकी कार समेत उठाकर ले गई। दरअसल तेलंगाना में वाईएसआर तेलंगाना पार्टी और सत्ताधारी दल टीआरएस के बीच तकरार बढ़ती ही जा रही है। इसकी बानगी मंगलवार को उस समय देखने को मिली। जब हैदराबाद पुलिस आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की बहन शर्मिला रेड्डी की कार को क्रेन की मदद से उठाकर ले गई। इस दौरान वह खुद भी कार में बैठी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की प्रमुख शर्मिला रेड्डी राज्य के मुख्यमंत्री केसीआर के खिलाफ विरोध करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पुलिस क्रेन की मदद से कार को उठाकर ले गई। सूत्रों के मुताबिक, शर्मिला रेड्डी सीएम आवास का घेराव करने के लिए प्रगति भवन जाने की कोशिश कर रही थी। तभी पुलिस ने शर्मिला रेड्डी की कार को क्रेन की मदद से उठा लिया, वह खुद भी कार में सवार थी। बता दें कि शर्मिला रेड्डी को सोमाजीगुडा से हिरासत में लिया गया है और उन्हें एसआर नगर पुलिस स्टेशन लाया गया है।

