प्रधानमंत्री ने नागपुर में आयुर्विज्ञान संस्थान भी राष्ट्र को समर्पित किया
नागपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री ने नागपुर में एक आयुर्विज्ञान संस्थान भी राष्ट्र को समर्पित किया। इस पर एक हजार 575 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए देश में एक मजबूत सामाजिक ढांचा तैयार किया गया है, जिसके जरिए हर गरीब तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने खापरी मेट्रो स्टेशन पर नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला रखी और नागपुर रेलवे स्टेशन से ही नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नागपुर में नेशनल इंस्टिट्यूट फॉर वन हेल्थ की आधारशिला रखी और सेंटर फॉर रिसर्च मैनेजमेंट एंड कंट्रोल ऑफ हेमोग्लोबिनोपैथी का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने चंद्रपुर में सेंट्रल पेट्रोकैमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट का उद्घाटन किया और नागपुर रेलवे स्टेशन और अंजनी रेलवे स्टेशन की पुनर्विकास योजना और नाग नदी संरक्षण परियोजना की आधारशिला रखी। श्री मोदी ने कहा कि शॉर्टकट की राजनीति देश के लिए एक खतरा है। उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक दल और शासक देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं, जो शॉर्टकट की राजनीति करते हैं और करदाताओं का पैसा लूटते हैं।

