US अंडर सेक्रेटरी ऑफ स्टेट नूलैंड और EAM जयशंकर के बीच हुई बात
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को अमेरिका के राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नूलैंड से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारतीय उपमहाद्वीप और भारत-प्रशांत मामलों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने ट्वीट किया, आज सुबह अमेरिका के राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नूलैंड से मिलकर खुशी हुई। भारतीय उपमहाद्वीप, भारत-प्रशांत और हमारे संबंधों में कई पक्षों पर अच्छी बातचीत हुई।
अमेरिकी विदेश विभाग ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि अपनी भारत यात्रा के दौरान नूलैंड अमेरिका-भारत वार्षिक विदेश कार्यालय परामर्श का नेतृत्व करेंगी। इसमें द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों की पूरी श्रृंखला शामिल है। इसके अलावा वो युवा तकनीकी लीडर्स के साथ भी मुलाकात करेंगी। नूलैंड 28 जनवरी से 3 फरवरी तक भारत, नेपाल, श्रीलंका और कतर की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी।

