शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने करें प्रोत्साहित : कलेक्टर
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर सिंह ने कहा आदिवासी विकास विभाग की ओर से आश्रम-छात्रावासों में विशेष तौर पर ध्यान देते हुए कार्य करने की जरूरत है। हर छात्रावास में एक अलग पहचान होनी चाहिए।
शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी बच्चों को प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हुए गुणवत्तायुक्त पढ़ाई होना चाहिए। अधिकारियों को फिल्ड में जाकर स्कूल व छात्रावास का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 8 मई से जिले के सभी शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बच्चों के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जर्जर शालाओं की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि वन अधिकार पत्र तथा वन संसाधन अधिकार पत्र संबंधी सभी महत्वपूर्ण प्रकरण व दस्तावेज सुरक्षित रिकार्ड रूम में संधारित करें। उन्होंने एफआरए अंतर्गत आदर्श ग्राम में विकास गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले में माह के तीसरे शनिवार को हमर दफ्तर हमर घर अभियान के तहत शासकीय कार्यालयों की व्यापक साफ-सफाई की जाती है। आदिवासी विकास विभाग में भी अभियान चलाकर इसे क्रियान्वित करें। उन्होंने कहा कि हमर परिवार हेलमेट परिवार लिंक से जुड़े तथा सभी को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए पे्ररित करें। कलेक्टर ने कहा कि 6 मई को विशाल जनस्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आश्रम व छात्रावास में दिव्यांगजनों को चिन्हांकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सी-मार्ट से आश्रम व छात्रावास के लिए सामग्री क्रय करें। कलेक्टर ने एकलव्य विद्यालय संचालन, छात्रावास व आश्रम, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, राहत योजना, अंतरजातीय विवाह योजना, जवाहर उत्कर्ष योजना, निर्माण कार्य, देवगुड़ी, एससी प्राधिकरण कार्य, मध्य क्षेत्र प्राधिकरण कार्य, विभाग में स्वीकृत कार्यरत रिक्त पद, प्रवेश परीक्षा, के संबंध में समीक्षा की।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्रीकांत दुबे ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं व उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रयास, एकलव्य में रिक्त पदों के भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अमिय श्रीवास्तव व शिल्पा देवांगन, सहायक संचालक सुदीक्षा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

