पीएम मोदी जाएंगे फ्रांस दौरे पर, बैस्टिल डे परेड के मुख्य अतिथि होंगे
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई में फ्रांस की सबसे पुरानी सैन्य परेड बैस्टिल डे परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। भारतीय सेना का एक दल भी इस परेड में शामिल होगा।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 जुलाई को पेरिस में अतिथि के रूप मंं इस वर्ष के बैस्टिल डे परेड में भाग लेने के लिए उनके निमंत्रण को स्वीकार करने पर खुशी जताई है।
बता दें कि भारत और फ्रांस के रणनीतिक संबंधों को 25 साल पूरे हो रहे हैं। यही वजह है कि फ्रांस के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को हर साल 14 जुलाई को होने वाली बैस्टिल डे परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया है।
दोनों देश रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, अकादमिक और आर्थिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं और पीएम मोदी का यह फ्रांस दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

