हिंदुस्तान

मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की बढ़ने वाली हैं मुश्किलें

दिल्ली: पत्नी से मारपीट के मामले में आरोपी मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की सोसाइटी में शुक्रवार को पुलिस पहुंची। घटना के संबंध में सुरक्षाकर्मियों समेत अन्य लोगों से जानकारी जुटाई. सिक्योरिटी गार्ड के बयान लिए। साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले. मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा नोएडा सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में रहते हैं. उन पर इसी सोसाइटी में पत्नी यानिका के साथ मारपीट करने का आरोप है।

 

यानिका की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही है. शुक्रवार दोपहर एक बजे पुलिस सुपरनोवा सोसाइटी पहुंची. यहां सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ साथ सिक्योरिटी गार्डों के बयान लिए. घटना के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई. नोएडा पुलिस के मुताबिक, विवेक बिंद्रा से मामले को लेकर दोबारा पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक पूछताछ में मामले को लेकर कई पहलू अधूरे रह गए थे।

 

आगामी सप्ताह में पुलिस विवेक बिंद्रा से दोबारा पूछताछ कर सकती है। गौरतलब है कि 14 दिसंबर को यानिका के भाई वैभव ने सेक्टर 126 थाने में बहनोई विवेक बिंद्रा के खिलाफ बहन के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि बिंद्रा और यानिका की शादी 6 नवंबर को हुई थी. शादी के बाद दोनों नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में रह रहे हैं। सात दिसंबर को विवेक बिंद्रा अपनी मां प्रभा से झगड़ा कर रहे थे. पत्नी यानिका ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो गाली गलौज करते हुए उसे बुरी तरह से पीटा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image