नए भारत के निर्माण में अहम साझेदार होगा अमेरिका : संधू
वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि भारत समृद्धि की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचने की इच्छा रखता है और अमेरिका अगले 25 वर्षों में उसकी यात्रा में अहम साझेदार होगा। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका की साझेदारी दोनों देशों तथा दुनिया के लिए सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक बन गयी है।
संधू ने कहा, चूंकि भारत सकारात्मक प्रगति कर रहा है तो हमें भविष्य की पीढ़ियों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए और काम करना पड़ेगा। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है...अगले 25 वर्षों का सफर एक नए भारत का निर्माण करेगा। इस ‘अमृत काल’ का लक्ष्य समृद्धि की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचना है।
उन्होंने सोमवार को भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर इंडिया हाउस में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, अमेरिका इस यात्रा में भारत के लिए एक अहम साझेदार होगा। संधू ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडन की अगुवाई में भारत-अमेरिका संबंध दोनों देशों के लिए तथा दुनिया के लिए सबसे अहम संबंधों में से एक बन गए हैं। हम वैश्विक शांति, स्थिरता और मानव विकास के लिए लगातार, मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारतीय प्रवासी समुदाय एक अहम स्तंभ बना रहेगा। इस कार्यक्रम में कुचिपुड़ी, ओडिशी, कत्थक और भरतनाट्यम समेत भारतीय शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों के साथ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय मूल के छात्रों ने भाग लिया। सीनेट और प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ सदस्यों समेत अमेरिका के सभी नेताओं और उद्योग, कला, विज्ञान आदि क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने इस मौके पर अपनी शुभकामनाएं दीं।
बाद में एक कार्यक्रम में संधू ने कहा, 1947 में जब भारत आजाद हुआ था तो चुनौतियों से निपटने की उसकी क्षमताओं पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आयी। 75 वर्षों बाद भारत यहां है, अपने तथा मानवता के भविष्य के लिए मजबूत, उम्मीद और आशा से भरा। अमेरिका की राजधानी में हुए इस कार्यक्रम में चुनिंदा प्रभावशाली लोग शामिल हुए। संधू ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि भारत अनिश्चितताओं और जटिलताओं वाले क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता का प्रकाशस्तंभ रहा है।
भारतीय राजदूत ने कहा कि आजादी से पहले 50 वर्षों तक भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर एक प्रतिशत से कम रही और आज इस दशक में यह दुनिया की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। इस समारोह में अमेरिका की व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताइ मुख्य अतिथि थीं।

