दुनिया-जगत

ब्रिटेन की महारानी के ताबूत से शाही ध्वज खींचने की हुई कोशिश, पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार किया

 

लंदन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ब्रिटेन की महारानी का पार्थिव शरीर जनता के अंतिम दर्शन के लिए लंदन स्थित संसद के वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है। यहां लोग श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित हुए थे इसी दौरान एक अजीब वाकया हो गया। बताया जा रहा है कि, यहां एक शख्स महारानी के ताबूत  के उपर रखे शाही ध्वज को खींचने की कोशिश की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

महारानी के ताबूत से शाही ध्वज निकालने की कोशिश
19 सितंबर को महारानी को पूरी राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार (Queen Elizabeth Funeral) कर दिया जाएगा। ब्रिटेन के वेस्टमिंस्टर हॉल में देश-विदेश से लोग पहुंचकर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को नम आंखों से अंतिम श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी दौरान वेस्टमिंस्टर हॉल में एक नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला,जब एक शख्स महारानी के ताबूत की और दौड़ गया। उस शख्स को पुलिस ने ताबूत के करीब जाता देख तेजी से दौड़कर पकड़ लिया। खबर के मुताबिक, वह व्यक्ति शायद महारानी के ताबूत के उपर रखे शाही ध्वज को खीचनें की कोशिश कर रहा था। इस घटना को देखकर पास खड़े लोग हैरान रह गए। पुलिस ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।

शायद वह महारानी को देखना चाहता था
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि लोगों को लगा कि कोई बेहोश हो गया है, और उन्होंने एक चीख सुनी। उन्होंने कहा कि कोई ताबूत की ओर गया और शाही ध्वज ऊपर की ओर खींच लिया। उनका मानना​​​​है कि उस आदमी ने ध्वज के नीचे ताबूत को देखने के लिए ऐसा किया था। यह महारानी के पार्थिव शरीर का अनादर था, जिसने वहां मौजूद लोगों को काफी परेशान किया। एक अन्य मौजूद महिला ट्रेसी हॉलैंड ने कहा कि उसकी भतीजी उसी रास्ते में थी जब वह आदमी रानी के ताबूत की ओर बढ़ा।

वेस्टमिंस्टर हॉल में लोग हैरान, शख्स गिरफ्तार
जब उस शख्स ने महारानी के ताबूत के पास पहुंचने की कोशिश की तो पास खड़ी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। कई पुलिसकर्मियों और शाही गार्ड्स कुछ सेकंड के अंदर ही उसे ताबूत से दूर एक कमरे में उठा कर ले गए। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

विश्व के 500 शीर्ष नेता लंदन पहुंच रहे हैं
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ का 96 वर्ष की आयु में स्कॉटलैंड के बाल्मोरल महल में निधन हो गया था। उनकी जगह प्रिंस चार्ल्स को राजा बनाया गया है। कुछ समय से महारानी एलिजाबेथ कहीं आने-जाने में असमर्थ थीं। इसलिए वे अपनी मुलाकातें लंदन के बकिंघम पैलेस की बजाय स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में कर रही थीं। बता दें कि, महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दुनिया भर से 500 से अधिक शीर्ष नेता लंदन पहुंच रहे हैं। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लंदन के लिए रवाना हो गईं।

Leave Your Comment

Click to reload image