दुनिया-जगत

फ्रेंच लेखिका एनी अर्नो को साहित्य में मिला नोबेल पुरस्कार

 स्टॉकहोम/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। साल 2022 के लिए नोबल पुरस्कारों की घोषणा हो चुकी है। अब तक रसायन, भौतिकी, चिकित्सा और साहित्य के नोबल की घोषणा कर दी गई है। इस साल का नोबेल फ्रेंच लेखिका एनी अर्नो को दिया गया है। एनी का जन्म एक सितंबर 1940 को हुआ था। वे एक फ्रांसीसी लेखक और साहित्य की प्रोफेसर हैं। उनका साहित्यिक कार्य ज्यादातर आत्मकथात्मक, समाजशास्त्र पर आधारित होता है।


नोबेल समिति ने कहा कि अर्नो (82) को यह सम्मान साहस और लाक्षणिक तीक्ष्णता के साथ व्यक्तिगत स्मृति के अंतस, व्यवस्थाओं और सामूहिक बाधाओं को उजागर करने वाली उनकी लेखनी के लिए दिया गया है। स्वीडिश अकादमी के स्थायी सचिव मेट्स माल्म ने स्वीडन के स्टाकहोम में गुरुवार को विजेता के नाम का एलान किया।

इससे पहले रसायन का नोबेल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी अमेरिका के कैरोलिन बेरटोजी, यूनिवर्सिटी ऑफ कोपेनहेगन (डेनमार्क) के मॉर्टेन मिएलडॉल और अमेरिका के स्क्रिप्स रिसर्च सेंटर के के. बैरी शार्पलेस को दिया गया। रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार क्लिक केमिस्ट्री और बायोऑर्थोगोनल केमिस्ट्री के विकास के लिए दिया गया।

2022 के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार का एलान भी हो चुका है। इस साल ये पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को क्वांटम मैकेनिक्स के क्षेत्र में उनके काम के लिए दिया गया। फ्रांस के वैज्ञानिक एलेन आस्पेक्ट, अमेरिका के जॉन एफ क्लॉसर और ऑस्ट्रिया के एंटन जेलिंगर को 10 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (करीब 7.5 करोड़ रुपये) मिलेंगे।

चिकित्सा के क्षेत्र में इस साल का नोबेल पुरस्कार स्वीडन के वैज्ञानिक स्वैंते पाबो को देने की घोषणा की गई। उन्हें यह पुरस्कार ‘मानव के क्रमिक विकास’ पर खोज के लिए दिया गया है। पाबो ने आधुनिक मानव और विलुप्त प्रजातियों के जीनोम की तुलना कर बताया कि इनमें आपसी मिश्रण है।

शांति के नोबेल का एलान शुक्रवार को
इस वर्ष (2022) के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पुरस्कार की घोषणा 10 अक्तूबर को की जाएगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image