देश में बढ़ी पेट्रोल-डीजल की कीमत... पंप में मारामारी...
पाकिस्तान (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आर्थिक संकट झेल रहे पाकिस्तान में आटे के बाद अब पेट्रोल के लिए मारामारी की स्थिति पैदा हो गई है। लोग पेट्रोल के लिए कई किमी दूर जाते दिख रहे हैं। दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने रविवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 35 रुपये (पीकेआर) प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की है, जिसके कारण पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं।
पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार ने ईंधन की कीमतों में वृद्धि के बारे में घोषणा की है। यह कीमते आज सुबह 11 बजे से लागू हो गई है। इस खबर से पहले ही इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर लीक हो गई थी, जिसको सुनते ही लोग इंधन के लिए पंपों पर टूट पड़े।
250 रुपए पहुंची पेट्रोल की कीमत
इशाक डार ने रविवार को टेलीविजन पर एक संबोधन में ईंधन के दामों में इजाफे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मिट्टी के तेल और हल्के डीजल के तेल के दाम में 18 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पाकिस्तान में पेट्रोल की नई कीमत अब 249.80 रुपये (PKR) प्रति लीटर और डीजल की नई कीमत 262.80 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
अन्य क्षेत्रों में भी पेट्रोल के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। गुजरांवाला में केवल 20 प्रतिशत पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध है, जबकि रहीम यार खान, बहावलपुर, सियालकोट और फैसलाबाद में भी भारी कमी की सूचना मिली है। सूत्रों की माने तो अगले दो हफ्तों के लिए मूल्य संशोधन को लेकर कोई भी फैसला अभी तक नहीं किया गया है।

