बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने 16वां वीजा आवेदन केंद्र खोला
ढाका (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश के कस्बा कुष्ठिया में अपना 16वां वीजा आवेदन केन्द्र खोल दिया है। उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने नए वीजा आवेदन केन्द्र का उद्घाटन किया। संसदीय क्षेत्र कुष्ठिया-3 से सांसद महबूबुल आलम हनीफ इस अवसर पर उपस्थित थे। वीजा आवेदन केन्द्र खुलने से कुष्ठिया और इसके आस-पास के निवासियों को भारत जाने के लिए वीजा प्राप्त करने में आसानी होगी।
इस नए वीजा केन्द्र के उद्घाटन के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए प्रणय वर्मा ने बांग्लादेश के लोगों के लिए वीजा सुविधाओं में लगातार बेहतरी के लिए किये गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस नए वीजा केन्द्र की स्थापना से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। स्वाधीनता संग्राम 1971 के दौरान दोनों ही देशों के लोगों ने कुर्बानी दी थी।
उच्च आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि नए वीजा केन्द्र के खुल जाने से पर्यटन, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के बीच आदान-प्रदान बढ़ेगा।बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग का ये विश्व में सबसे बड़ा केन्द्र है। भारत आने वाले पर्यटकों में से सबसे अधिक पर्यटक बांग्लादेश के होते हैं। इनमें चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने वाले बांग्लादेशी भी शामिल हैं। वर्ष 2019-20 में ढाका में 16 लाख से अधिक वीजा जारी किए गए थे।

