हिरोशिमा में पीएम मोदी से मिले जेलेंस्की
हिरोशिमा/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, G-7 के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान दौरे पर हैं। शनिवार को पीएम मोदी ने कोरिया गणतंत्र के राष्ट्रपति यून सुक योल और वितयनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन चिन से द्विपक्षीय मुलाकात की। यह मुलाकात जापान के ऐतिहासिक शहर हिरोशिमा में हुई। इन बैठकों के दौरान दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। पिछले साल शुरू हुए रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बैठक है। यूक्रेन के राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा, "यूक्रेन युद्ध दुनिया में एक बड़ा मुद्दा है। मैं इसे सिर्फ अर्थव्यवस्था और राजनीति का मुद्दा नहीं मानता, मेरे लिए यह मानवता का मुद्दा है। भारत और मैं युद्ध के समाधान के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं वह करेंगे।
जापान में चल रहे शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी का जापानी प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी ने स्वागत किया। इस दौरान वह दोनों से मजाकिया अंदाज में मिले। बाद में पीएम मोदी आकर हॉल में बैठ गए। मोदी के एक तरफ दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति और फ्रांस के राष्ट्रपति बैठे हुए थे। जब अमेरिकी राष्ट्रपति हॉल में आए तो वह पीएम मोदी की ओर बढ़ने लगे। अमेरिका राष्ट्रपति के आने का पता चलने पर तुरंत मोदी अपनी कुर्सी से उठे और जाकर उन्हें गले लगाया।
अमेरिका राष्ट्रपति की कुर्सी दूसरी तरफ थी। ऐसे में वह सिर्फ पीएम मोदी से मिलने के लिए उनकी तरफ आए। गले मिलने के बाद उन दोनों ने एक दूसरे का हाथ को थामे हुए कुछ बातचीत भी की। इसके बाद मोदी अपनी कुर्सी पर बैठ गए और जो बाइडेन वापस लौटने लगे। जब बाइडेन अपनी कुर्सी की ओर बढ़ रहे थे तो इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो आकर मिले।

