दुनिया-जगत

गहरी खाई में गिरी बस, 19 यात्रियों की मौत…

कराची/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को एक बस के पर्वतीय सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। बस इस्लामाबाद से क्वेटा जा रही थी, तभी झोब में खाई में गिर गई।

सहायक आयुक्त सैयद मेहताब शाह ने कहा, ‘‘जैसे ही बस क्वेटा के पास पहुंची, चालक ने तीखे मोड़ पर वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस एक खाई में गिर गई। हमने अब तक 19 शव बरामद किए हैं, जबकि 11 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’ बारिश और वाहन के तेज रफ्तार के कारण यह घटना हुई। शाह ने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और शवों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है।

सिविल अस्पताल झोब के चिकित्सा अधीक्षक डॉ नूरुल हक ने कहा कि घायलों की हालत गंभीर है और मृतक संख्या बढ़ सकती है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुदूस बिजेंजो ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने घायलों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए सिविल अस्पताल झोब में आपात स्थिति घोषित करने का आदेश दिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी दुखद हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image