शिकागो (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अमेरिका के शिकागो में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली जा रही एक परेड पर एक बंदूकधारी ने गोलीबारी की। घटना में छह लोगों की मौत हो गई है, वहीं कम से कम 24 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है।गोलीबारी के आरोप में 22 साल के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से हाई पॉवर की एक राइफल बरामद हुई है।
घटना शिकागो के पास स्थित हाइलैंड पार्क में हुई। सोमवार सुबह यहां स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाते हुए एक परिवार केंद्रित परेड निकाली जा रही थी।ये परेड अपना तीन-चौथाई रास्ता पूरा कर चुकी थी, तभी 10:14 बजे के आसपास पास की ही छत से हमलावर ने गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।गोलीबारी शुरू होते ही परेड में शामिल लोग और दर्शक अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में मारे गए छह में पांच लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक ने अस्पताल आकर दम तोड़ा। वहीं अस्पताल में भर्ती कराए गए 24 घायलों में से कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है। 16 घायलों को छुट्टी दी जा चुकी है।घायलों में आठ साल के बच्चों से लेकर 85 साल तक के बुजुर्ग शामिल हैं। इनमें कुल चार से पांच बच्चे बताए जा रहे हैं।