छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

बारिश से जगदलपुर का पारा 12 डिग्री गिरा

रायपुर: बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से मंगलवार को प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है। विशेषकर जगदलपुर में हुई झमाझम बारिश के चलते वहां का अधिकतम तापमान 12 डिग्री गिर गया। मंगलवार सुबह से ही बादल छाने के साथ ही प्रदेश भर में ठंडी हवाएं भी चली। हालांकि दोपहर के वक्त तेज धूप भी निकल गई और इसके चलते उमस व गर्मी बढ़ी, लेकिन देर शाम फिर से मौसम का मिजाज बदल गया और रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चली। बारिश व ठंडी हवाओं ने अधिकतम तापमान में गिरावट ला दी है। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री दर्ज किया गया,जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। साथ ही पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा,जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। दुर्ग का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया,जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहेगा, उसके बाद ही मौसम का रुख बदलेगा। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से मौसम में ठंडकता भी बढ़ेगी और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

तीन दिनों में तीन डिग्री गिरेगा पारा, रायपुर का पारा 2 डिग्री गिरा

अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। उसके बाद मौसम का मिजाज बदलेगा और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। रायपुर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। इसी प्रकार बिलासपुर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा।

इन क्षेत्रों में हुई बारिश

मंगलवार को लोहांडीगुड़ा- मानपुर में 3 सेमी, जगदलपुर - गीदम - दरभा- माकड़ी - अंतागड़ में 2 सेमी वर्षा हुई। इन क्षेत्रों के साथ ही प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तरी अंदरूनी ओडिशा से राजस्थान तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बुधवार आठ मई को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों मे हल्की वर्षा व गरज चमक के साथ छींटे पड़ेंगे। एक दो स्थानों पर वज्रपात के साथ ही ओलावृष्टि भी हो सकती है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट भी आएगी।

और भी

राज्यपाल श्री हरिचंदन ने किया मतदान

लोकसभा निर्वाचन 2024 

 

रायपुर, 07 मई 2024/राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन एवं प्रथम  महिला श्रीमती सुप्रभा हरिचंदन ने आज सिहावा भवन सिविल लाईन्स स्थित आदर्श मतदान केंद्र 170 पहुंच कर लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 
राज्यपाल श्री हरिचंदन ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से संविधान द्वारा प्रदत्त मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों का कर्तव्य है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाए। मतदान  के  बाद  राज्यपाल ने सेल्फी जोन में फोटो भी खिंचाई।
और भी

मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने अपनी धर्मपत्नी के साथ किया मतदान

लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने नागरिक निर्भीक, स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर करें मतदान- मुख्य सचिव श्री जै


रायपुर, 7 मई, 2024- लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के तृतीय चरण के अंतर्गत मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज सुबह अपनी पत्नी श्रीमती रितु जैन के साथ देवेन्द्र नगर आफिसर्स काॅलोनी स्थित आदर्श मतदान केन्द्र क्रमांक 52 में मतदान किया। मुख्य सचिव श्री जैन ने मतदान करने के उपरांत अपनी उंगली में लगे अमिट स्याही का निशान दिखाते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी नागरिकों को निर्भीक, स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए।
और भी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने किया मतदान

मतदान प्रारंभ होने के 15 मिनट पहले ही पहुंच गई थीं मतदान केंद्र, सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की

रायपुर. 7 मई 2024. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज सवेरे रायपुर के धरमपुरा पूर्व माध्यमिक शाला स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने और उनकी मां श्रीमती अनिता बाबासाहेब कंगाले ने आम मतदाताओं की तरह लाइन में लगकर मतदान किया। वे मतदान शुरू होने के 15 मिनट पूर्व ही अपने मतदान केंद्र पहुंच गई थीं।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने मतदान केंद्र में मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। धरमपुरा पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। श्रीमती कंगाले ने इस दौरान लोगों से अपने परिवार के सभी मतदाताओं सहित मतदान अवश्य करने की अपील की। 
 
और भी

तीसरे चरण में छत्‍तीसगढ़ की सात सीटों पर हो रही वोटिंग

रायपुर: दक्षिण क्षेत्र में पहले व दूसरे चरण के मतदान में रिकार्ड बनने के बाद अब मध्य व उत्तर क्षेत्र की बारी है। चार लोकसभा सीटों में 2019 के लोकसभा चुनाव की अपेक्षा मौजूदा वर्ष में रिकार्ड कायम हुआ है। अब बाकी सात सीटों पर भी मतदान का नया कीर्तिमान स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है। पहले व दूसरे चरण के मतदान में 2.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। तीसरे चरण के सात सीटों पर 2019 के चुनाव में 71.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर लागू आचार संहिता के दौरान अब तक लगभग 121 करोड़ रुपये के सामानों की जब्ती हुई है। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक लोकसभा चुनाव-2019 में 11 सीटों पर लगभग 10.50 करोड़ के कीमत के सामानों की जब्ती की गई थी। एक जनवरी से 16 मार्च 2024 तक 66 करोड़ रुपये व 16 से मार्च से अब तक 55.18 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है। अब तक कुल 121 करोड़ रुपये के कीमत के सामानों को निर्वाचन कार्यालय ने जब्त किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई में अलग-अलग वस्तुओं में साड़ी, पायल, बिछिया, घड़ियां आदि सामान की जब्ती हुई है।

और भी

स्वामी आत्मानंद छत्तीसगढ़ का गौरव, उनका नाम हटाकर पछताएगी भाजपा : भूपेश बघेल

रायपुर: स्वामी आत्मानंद स्कूल योजना का नाम बदलने की भाजपा सरकार की योजना पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि अगर ऐसा होता है तो यह दुर्भाग्यजनक होगा और ऐसा करके भाजपा समाज में ग़लत संदेश देगी और बाद में पछताएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यक्तियों के नाम से चल रही योजनाओं का नाम बदलना भाजपा की फितरत रही है पर छत्तीसगढ़ के एक विश्वविख्यात संत और आध्यात्मिक व्यक्ति के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलने से पता चलता है कि अब भाजपा को संतों और धार्मिक व्यक्तियों से भी दिक्कत होने लगी है।

उन्होंने कहा है कि स्वामी विवेकानंद का रायपुर से नाता रहा है और इसीलिए स्वामी आत्मानंद ने छत्तीसगढ़ में रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद भावधारा का प्रचार प्रसार करने का फ़ैसला किया था. समाजसेवा को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी. श्री बघेल ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ में भीषण सूखा पड़ा था तब उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित दान राशि को सूखा राहत कार्यों में लगाने का फ़ैसला किया था. वे जीवनपर्यंत स्वामी विवेकानंद के ‘दरिद्र नारायण’ की अवधारणा का पालन करते रहे और रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम के माध्यम से ग़रीबों और ज़रूरतमंदों की सहायता करते रहे।

भाजपा के नेताओं को भूपेश बघेल ने सलाह दी है कि वे चाहें को नाम बदलने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह से भी चर्चा कर लेनी चाहिए क्योंकि डा सिंह विवेकानंद आश्रम के हॉस्टल में रह चुके हैं और स्वामी आत्मानंद के सानिध्य में रहे हैं।

भूपेश बघेल ने कहा है कि भले ही नाम बदलने की राजनीति भाजपा की विरासत में है पर स्वामी आत्मानंद के नाम पर बनी योजना का नाम बदलने से पहले उन्हें विचार कर लेना चाहिए कि इस निर्णय से छत्तीसगढ़ की जनता की भावना किस तरह आहत होगी और भाजपा को बाद में पछताना होगा।

और भी

चेहरे पर लेकर मुस्कान, महिलाएं चली कराने मतदान...

कोरबा:  कोरबा जिले में लोकतंत्र का महापर्व 7 मई को मतदान प्रारंभ होने के साथ शुरू हो जाएगा। इस पर्व की तैयारी को लेकर सोमवार सुबह से ही मतदान दल अपने-अपने मतदान केद्रों की ओर बसों से रवाना हुई। कोरबा जिले के चार विधानसभा में से दो विधानसभा कोरबा और रामपुर के लिए मतदान दल आईटी कॉलेज झगरहा तथा पाली-तानाखार एवं कटघोरा विधानसभा के लिए शासकीय मुकुटधर कॉलेज कटघोरा से मतदान दल बसों से रवाना हुई।

कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही महिला मतदान दल के बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बस पर चढ़कर महिला मतदान दलों को ऑल द बेस्ट कहकर लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनका उत्साहवर्धन किया। आईटी कॉलेज से अपने दल में ईवीएम के साथ बसों में रवाना होती महिलाओं में मतदान कराने का न सिर्फ उत्साह था अपितु चेहरे पर मुस्कान के साथ लोकतंत्र के पर्व में शामिल होने और भागीदार बनने की खुशी भी थी।
कोरबा लोकसभा अंतर्गत कोरबा विधानसभा के 249 मतदान केंद्रों सहित जिले के अन्य 30 संगवारी केद्रों में महिला मतदान दलों द्वारा मतदान कराया जाएगा। कोरबा जिले में कलेक्टर अजीत वसंत के नेतृत्व में पहली बार महिलाओं को कोरबा विधानसभा में सम्पूर्ण मतदान केंद्र के लिए जिम्मेदारी दी गई है। निर्वाचन कार्य में जिम्मेदारी मिलने पर खुद को बहुत गौरवान्वित महसूस करते हुए महिला मतदान दल के कर्मचारियों ने खुशी जताई है। ईवीएम के साथ मतदान केंद्र के लिए रवाना होती मतदान अधिकारी श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि हम महिलाएं सभी प्रकार के कार्य कर सकती हैं। निर्वाचन आयोग ने जो जिम्मेदारी दी है उसे भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुत पहले कई देशों में महिलाओं को मतदान करने का अधिकार नहीं था, आज हम जैसी महिलाओं को मतदान कराने की जिम्मेदारी भी मिलने लगी है। इससे हम सभी को खुशी के साथ गर्व भी महसूस होता है।

पीठासीन अधिकारी के रूप में मतदान केंद्र के रवाना होती खुशबू खान ने बताया कि मेरी पहली बार ड्यूटी लगी है, इस कार्य को करने में किसी प्रकार का संकोच नहीं है। बहुत खुशी की बात है कि हमें यह जिम्मेदारी मिली है और इस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे। पीठासीन अधिकारी के रूप में श्रीमती एम. धनलक्ष्मी ने बताया कि वह तीसरी बार निर्वाचन कार्य करने जा रहीं हैं। इस कार्य से उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में काम कर सकती हैं। निर्वाचन का दायित्व जिम्मेदारी और गंभीरता से जुड़ा हुआ है। हम सभी इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार संपादित करेंगे। मतदान अधिकारी के रूप में श्रीमती हेमलता राठौर, ममता यादव, अलखनंदा दत्ता, अभिलाषा विश्वकर्मा, श्रीमती कल्पना लहरे तथा सुरक्षा डयूटी में आई प्रतिभा राय सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि हम सभी महिलाएं बहुत ही उत्साहित हैं कि महिला टीम इतनी बड़ी जिम्मेदारी का काम करने जा रहीं हैं, यह सब कोरबा जिले के गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं, हमें जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरा करके बताएंगे। सभी महिलाओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में खुद की भागीदारी पर खुशी जताई है।

लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत कोरबा में मतदान 7 मई को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक होना है। कोरबा लोकसभा के अंतर्गत कोरबा विधानसभा सीट में इस बार मतदान कराने के लिए जिन अधिकारी-कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है, उनमें सभी महिलाएं शामिल है। कोरबा विधानसभा के 249 बूथों पर लगभग 1150 महिला कर्मचारी होंगी। इसके साथ ही 69 माइक्रों आब्जर्वर, अनेक सेक्टर अधिकारी, सुरक्षा की जिम्मेदारी भी महिलाओं के हाथों सौंपी गई है। जिले के अन्य तीन विधानसभा में 10-10 संगवारी मतदान केंद्र भी बनाएं गए हैं। इन संगवारी मतदान केंद्रों में भी कुल 180 महिलाओं की ड्यूटी लगी है।

और भी

असामाजिक तत्वों ने मंदिर में की तोड़फोड़, हिन्दू संगठनों ने किया चक्का जाम...

राजिम: राजिम थाना क्षेत्र के दुतकैया ग्राम में स्थित शिवालय को 30 अप्रैल की रात कुछ असमाजिक तत्वों ने न केवल खंडित किया था, बल्कि उस पर शराब भी उड़ेल दी थी। शिवालय तोड़ने वाले असली गुनहगारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हिंदू संगठन ने शनिवार को राजिम में नेशनल हाईवे जाम किया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पंडित श्यामाचरण शुक्ल में एकत्रित होकर नेशनल हाइवे 130 सी को जाम कर दिया। जाम के चलते दोनो छोर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम अर्पिता पाठक और पुलिस अफसर मौके पर पहुंचकर अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराया। बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम को बहाल किया गया।



मिली जानकारी के अनुसार, 1 मई की सुबह लगते ही ग्रामीण बोधन साहू ने मामले की शिकायत राजिम थाने में की थी। राजिम पुलिस ने 295 भादवी के तहत मामला पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दिया। पुलिस ने अगले दिन अहमद खान नाम के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया। जिसमें आरोपी ने एक नाबालिग और अन्य समेत 3 लोग मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को 3 मई को जेल दाखिल करा दिया। एक नाबालिग समेत सफी खान नाम का आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर था। लेकिन कहा जा रहा है कि, इसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने लगाया खानापूर्ति का आरोप
इधर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी शिशुपाल सिंह राजपूत और गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि, घटना के असली गुनहगारों को नही पकड़ा गया है। बल्की जो आदतन आरोपी है, जिसे दूसरे वारदात में गिरफ्तारी किया जाना था। उसकी गिरफ्तारी कर खाना पूर्ति का आरोप लगाया गया है। इस मामले में फिलहाल अभी पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।

 

 

और भी

तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई महिला को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला

धमतरी: जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र के जंगल में 25-28 सदस्यीय सिकासेर दल के हाथी विचरण कर रहे हैं। तेंदूपत्ता तोड़ने केरेगांव वन परिक्षेत्र के जंगल में गई ग्राम ग्राम डोकाल निवासी सुरेखा बाई 42 वर्ष को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला। इन दिनों जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य चल रहा है, इसलिए वनांचल के ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल जा रहे हैं। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह हाथी शाम के बाद केरेगांव के जंगल से नरहरा होकर सिंगपुर के जंगल पहुंच गया है।

केरेगांव के जंगल में दो मई की सुबह दल से बिछड़ा एक हाथी ग्राम पंडरीपानी से पालावाड़ी की ओर आगे बढ़ रहा था। दो मई की सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई ग्राम डोकाल निवासी सुरेखा बाई का सामना इस हाथी से हो गया। महिला को देखते हमला कर हाथी ने उसे पटक- पटक कर मार डाला। महिला अपने पति और गांव वालों के साथ सुबह पांच बजे जंगल गई थी। 7.30 बजे हाथी ने उस पर पर हमला कर दिया। सुरेखा की मौके मौत हो गई।

सूचना मिलने के बाद केरेगांव पुलिस और वन विभाग टीम ने वहां पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। उल्लेखनीय है कि धमतरी वनमंडल के नगरी परिक्षेत्र के ग्राम तुमबाहरा, चारगांव, मटियाबाहरा, भैंसामुड़ा, गजकन्हार, बिलभदर, डोंगरडुला, कल्लेमेटा के जंगल में भ्रमण करते हुए 12 से 15 सदस्यीय हाथियों का दल केरेगांव वन परिक्षेत्र की ओर आगे बढ़ रहा था।

निगरानी दल ने गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को सचेत रहने समझाईश दी थी। सिकासेर दल के 25 से 28 हाथियों का दल संबलपुर, आमाली, गोरेगांव, फरसियां के जंगल में भ्रमण करते हुए देखे गए थे। अब ये हाथी फरसियां से आगे बढ़कर छिपली, खुदुरपानी, निर्राबेड़ा के जंगल में पहुंच गए हैं।

10 से अधिक लोगों को कुचलकर मार चुके हाथी

धमतरी जिले में अब तक हाथियों ने 10 से अधिक लोगाें को कुचल कर मार चुके हैं। गंगरेल बांध के डूबान क्षेत्र में हाथियों के हमले से पहली मौत विश्रामपुर निवासी संजू मंडावी की हुई। इसके बाद 29 सितंबर 2022 को सिलतरा के पास चनागांव निवासी प्रियेश नेताम की माैत हुई। उसका दोस्त संदीप कुंजाम गंभीर रूप से घायल हो गया। बिरनासिल्ली निवासी कमार युवती सुक बाई, पाइकभाठा निवासी भूमिका मरकाम,पांवद्वार निवासी बुधलाल, पारधी में सुखमा बाई कमार की मौत हो चुकी है। अप्रैल 2020 में नगरी निवासी सिमरन साहू 11 वर्ष अपने पिता शेखर साहू के साथ महुआ बीनने नगरी रेंज के तुमबाहरा के जंगल गई थी। महुआ बिन रही थी, तभी हाथी आ गया। हाथी को देखकर लड़की व पिता भागने लगे, लेकिन लड़की हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने छात्रा को कुचल कर मार डाला। भालुचुआ गांव के कमारपारा निवासी कमला बाई को हाथियों ने पटक-पटक कर मारा डाला था।

28 हजार मजदूर तेंदूपत्ता संग्रहण में लगे

जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 26 हजार 800 मानक बोरा का लक्ष्य रखा गया है। 27 समितियों के अंतर्गत 238 फड़ हैं। जहां 238 गांवों के लोग तेंदूपत्ता संग्रहण करेंगे। अधिकांश जगहों में दो मई गुरूवार से तोड़ाई और संग्रहण कार्य शुरू हुआ। मजदूरों को प्रति मानक बोरा 5500 रुपये के हिसाब से मजदूरी दी जायेगी।

 

 

और भी

CM साय की दो टूक, भ्रष्टाचारी पूर्व मुख्यमंत्री हो या आम आदमी, गलत किया तो जेल जाना ही पड़ेगा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय  ने दो टूक कह दिया है कि नक्सलियों और भ्रष्टाचारियों की उनकी सरकार में खैर नहीं है। भ्रष्टाचारी पूर्व मुख्यमंत्री हो या आम आदमी, गलत किया है तो जेल जाना ही पड़ेगा। मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से बातचीत में उक्त बातें कही।

उन्होंने कहा कि 2018 विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी ने लोकलुभावन जन घोषणा पत्र जारी किया था। जिसमें 36 वादे थे, उनको पूरा समय मिला सरकार चलाने का लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं कर पाए। साथ ही पांच वर्षों में कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ को अपराध और भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। कोयला, बालू, शराब, डीएमएफ राशि में घोटाला जैसे बहुत से घोटाले कर जनता के विश्वास से उतर चुकी थी। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर एकजुट होकर काम किया जिसके कारण हमें अच्छी सफलता मिली।

नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान पर सीएम साय ने कहा कि इसका श्रेय तो डबल इंजन सरकार को जाता है। जिसके तहत हम मजबूती से लड़ पाए हैं और केंद्र से बहुत सहयोग भी मिला है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया है। प्रदेशवासियों ने देखा है कि पिछले चार महीने में लगातार नक्सली मारे जा रहे हैं, आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं और ये बड़ी सफलता हमारे सैनिकों को मिल रही हैं।

और भी

विकास उपाध्याय ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा में किया रोड शो, जगह-जगह हुआ स्वागत

शुक्रवार को रायपुर पश्चिम रायपुर उत्तर विधानसभा में करेंगे रोड शो।

रायपुर: रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने गुरुवार को रायपुर ग्रामीण विधानसभा मे विशाल रोड शो किया। विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी ब्लॉकों में गांव में रोड शो के माध्यम से कांग्रेस के पक्ष में वोट अपील की। उन्होंने रायपुर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले कबीर नगर वाल्मिकी आवास से रोड शो की शुरुआत की जो सोनडोंगरी गोगांव गोंदवारा भानपुरी मोवा दलदल सिवनी सड्डू अवंती विहार लाभांडी पुराना अमलीडीह लालपुर कृष्णा नगर बोरियाखुर्द डुंडा देवपुरी डुमरतराई में ख़त्म हुआ।

जगह-जगह रोड शो का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया,आतिशबाजियों फूल मालाओं के साथ विकास उपाध्याय का स्वागत किया। जगह-जगह महिलाओं ने रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय का आरती उतार कर उनका अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत आने वाले दो ब्लाकों में कर्यकर्ताओं की बैठके भी ली। चौक चौराहे में सभा के माध्यम से लोगों को संबोधित भी किया। विकास उपाध्याय ने कहा कि देश में लगातार महंगाई,बेरोजगारी बढ़ती जा रही है आम जनता महंगाई से त्रस्त है मोदी सरकार ने 100 दिन में महंगाई कम करने की बात कही थी लेकिन वह इस मुद्दे पर विफल रही,घरेलू महिलाएं महंगाई के नाम से परेशान हैं जिसको ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी की घोषणा की है जिसमें केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को ₹8333 की आर्थिक सहायता दी जाएगी जिनसे उनकी स्थिति में सुधार आएगी और महंगाई से राहत भी मिलेगी।

इस दौरान उनके साथ पंकज शर्मा महापौर नंदलाल देवांगन कृपाराम निषाद सहदेव व्यवहार माधव साहू प्रमोद मिश्रा हेमंत पटेल विजय टंडन जीत सिंह केशव सिंह विनोद कश्यप कमलेश मिश्रा अशरफ सोनू शर्मा कमलेश मिश्रा सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय शुक्रवार को शाम 4 बजे पश्चिम एवं उत्तर विधानसभा मे रोड शो करेंगे।रोड शो की शुरुआत टाटीबंध से होगी जो आमनाका पेट्रोल पंप डगनिया रायपुरा सुंदर नगर स्वीपर कॉलोनी जी ई रोड राजकुमार कॉलेज चौबे कॉलोनी समता कॉलोनी अग्रसेन चौक कबीर नगर चौक रामनगर खालबाड़ा पहाड़ी चौक मंगल बाजार शुक्रवारी बाजार गुढ़ियारी हनुमान मंदिर अवधपुरी मैदान दुर्गा चौक पैराडाइज होटल खमतराई फ़ाफ़ाडीह देवेंद्र नगर नई मंडी पंडरी अवंती बाई चौक शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट कैनाल रोड होते हुए तेलीबांधा श्याम नगर छत्तीसगढ़ क्लब मोती बाग शास्त्री चौक काफी हाउस जयस्तंभ चौक शारदा चौक एमजी रोड रामसागर पारा  तात्यपारा आजाद चौक से होते हुए गांधी पुतला के पास रोड शो का समापन किया जाएगा।जिसमें कांग्रेस के तमाम नजन उपस्थित रहेंगे।

 

 

और भी

चार दिन की ट्रेनिंग के बाद ली गई चुनावी परीक्षा

रायपुर: लोकसभा चुनाव सिर पर है। चार दिनों के बाद तीसरे चरण में रायपुर लोकसभा के लिए मतदान होना है। लेकिन चुनावी परीक्षा में अफसरों से लेकर माइक्रो आब्जर्वर तक फेल होते नजर आ रहे हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव में मतदान केंद्रों की कमान संभालने वाले मतदानकर्मियों का चार दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में पूरा हो चुका है। तकरीबन साढ़े आठ हजार पोलिंग अफसरों को प्रशिक्षण देने के बाद परीक्षा ली गई। इसमें 827 अफसर फेल हो गए हैं, जिसमें माइक्रो आब्जर्वर सहित कई अन्य अफसर शामिल हैं। आयोग द्वारा इस बार मतदानकर्मियों की आनलाइन परीक्षा लेकर योग्यता की जांच की गई।

इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के चार विकल्पों में से सही उत्तर चुनना था। परीक्षा सबमिट होने के बाद रिजल्ट भी दिया गया है। ट्रेनिंग के बाद हुई परीक्षा में 8,483 पोलिंग अफसर शामिल हुए थे। अभी तक दो चरणों की प्रक्रिया में पोलिंग अफसर और माइक्रो आब्जर्वर समेत 827 लोग फेल हो गए हैं। चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने नियुक्त किए गए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को ट्रेनिंग दी। वहीं, परीक्षा में पोलिंग अफसरों के साथ ही माइक्रो आब्जर्वर को शामिल किया गया था। इस दौरान 234 माइक्रो आब्जर्वर शामिल हुए, जिनमें से 19 फेल हो गए हैं।

उनके डाउट क्लियर कर फिर ट्रेनिंग दी गई है। परीक्षा में चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सवाल पूछे गए थे। इस परीक्षा में पास होना अनिवार्य किया गया है। जिन अफसरों का मूल्यांकन कम आया उन्हें फिर से परीक्षा देकर पास होना होगा। परीक्षा में मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्यों से लेकर नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर भी सवाल किए गए थे। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन, बैलेट पेपर, मतदान केंद्रों के निर्धारण, स्वीप गतिविधियां, दिव्यांगजनों से वोटिंग कराने का फार्मूला, मतदान और मतगणना केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती व सुरक्षा व्यवस्था, विवाद की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी मांगी गई थी।

और भी

विष्णु सरकार मीसा बंदियों को देगी 5 साल का एरियर्स, 35 करोड़ जारी...

रायपुर: विष्णु सरकार ने राज्‍य के मीसा बंदियों की पेंशन फिर से शुरू कर दी है। विष्‍णुदेव सरकार ने कुछ महीने पहले ही पेंशन फिर से शुरू करने की घोषणा की थी। इस पर अमल करते हुए सरकार ने पेंशन की राशि जारी कर दी है। राज्‍य सरकार की तरफ से न केवल पेंशन जारी किया गया है बल्कि 5 साल का बकाया भुगतान भी किया जा रहा है। इसके लिए करीब साढ़े 35 करोड़ रुपये जिलों को जारी किए गए हैं।


बता दें कि पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह की सरकार में मीसा बंदियों को पेंशन दिया जाता था। 2018 में जैसे ही कांग्रेस सत्‍ता में आई मीसा बंदियों का पेंशन बंद कर दिया गया और 2020 में 2 अलग-अलग अधिसूचना जारी कर इस योजना को ही बंद कर दिया गया। बीजेपी की मौजूदा सरकार ने इस योजना को निरस्‍त करने वाली कांग्रेस सरकार की दोनों अधि‍सूचनाओं को निरस्‍त कर दिया है। प्रदेश में 2018 की स्थिति में 430 लोकतंत्र सेनानियों/आश्रितों को प्रतिवर्ष करीब 9 करोड़ रूपए की सम्मान राशि प्रदान की जाती थी। एक माह से कम अवधि के निरूद्ध व्यक्तियों को 8 हजार रूपए प्रतिमाह, एक से 5 माह तक के निरूद्ध व्यक्तियों को 15 हजार रूपए प्रतिमाह तथा पांच माह तथा अधिक निरूद्ध व्यक्तियों को 25 हजार रूपए प्रतिमाह दिया जाता था।

कौन हैं मीसा बंदी
मीसा (MISA) यानी, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम (Maintenance of Internal Security Act)। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में देश में आपातकाल लागू किया गया था। इस दौरान गैर कांग्रेसी नेताओं और आपातकाल का विरोध करने वालों को जबरन जेल में बंद कर दिया गया था। छत्‍तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दौरान इन मीसाबंदियों को लोकतंत्र सेनानी नाम देते हुए जयप्रकाश नारायण सम्मान निधि के तहत पेंशन शुरू की गई।

और भी

स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी.....

स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी साथ ही मतदाताओं का जागरूक होना भी आवश्यक



कहा जाता है कि स्वस्थ तन में स्वस्थ मन का वास होता है। इसलिए तन-मन को स्वच्छ, स्वस्थ रखना बहुत ही आवश्यक है। इसी तरह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए, शत-प्रतिशत मतदान हो इसके लिए मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता होना भी आवश्यक है। 

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र देश भारत में लोकसभा निर्वाचन 2024 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने 16 मार्च 2024 को चुनावी तिथियों के घोषणा की और इस तरह देश में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है।

देश के 543 लोकसभा सीटों के लिए 7 चरणों में मतदान होना है। इन 543 सीटों में अनुसूचित जाति के लिए 84, अनुसूचित जनजाति के लिए 47 सीटें आरक्षित हैं तो 412 सीट अनारक्षित है। इसके साथ ही चार राज्यों अरुणाचल प्रदेश के 60, सिक्किम के 32, आंध्रप्रदेश के 175 एवं ओडिशा के 147 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव होंगे।

28 राज्यों के 524 व 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 19 सीटों में होने वाले चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग लगातार बैठक, दिशा-निर्देश, प्रशिक्षण, जनजागरूकता, सुरक्षा, साधन- संसाधन आदि पर राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से सतत समन्वय बनाए हुए हैं। वैसे तो देश के 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 102 संसदीय सीटों में प्रथम व द्वितीय चरण के मतदान हो चुके हैं। 

छत्तीसगढ़ राज्य के बारे में बात करें तो यहां 11 लोकसभा सीट हैं, जिसमें 4 सीट अनुसूचित जनजाति, 1 सीट अनुसूचित जाति व 6 सीट अनारक्षित है। इन 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 19 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट तथा द्वितीय चरण में 26 अप्रैल को राजनांदगांव, महासमुंद एवं कांकेर सीटों के लिए मतदान हो चुके हैं। इन दोनों चरणों के मतदान प्रतिशत को देखें तो बस्तर में 68.31 प्रतिशत, वहीं राजनांदगांव में 77.42 प्रतिशत, कांकेर 76.23 प्रतिशत व महासमुंद लोकसभा सीट में 75.02 प्रतिशत मतदान हुए हैं। इस तरह राज्य में दूसरे चरण का मतदान प्रतिशत 76.24 रहा है। अब 7 मई को होने वाले तृतीय चरण में छत्तीसगढ़ के सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर-चाम्पा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग व रायपुर के अलावा देश के 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के 94 सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में 10 राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों  के 96 सीटों के लिए 13 मई, पांचवां चरण में 8 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश के 49 सीटों के लिए 20 मई, छठवां चरण में 7 राज्यों के 57 सीटों के लिए 25 मई और सातवां व आख़िरी चरण में 8 राज्यों व केन्द्र शासित राज्यों के 57 सीटों के लिए 1 जून को मतदान होंगे।

जब हम चुनाव के महत्वपूर्ण कड़ी, मतदाता और मतदान पर बात करें तो शहरी मतदाता की अपेक्षा ग्रामीण मतदाताओं का मतदान के प्रति ज्यादा उत्साह दिखाई पड़ता है। यह कहना उचित होगा कि हमें चंहुओर विकास तो चाहिए लेकिन विकास के लिए मतदान में हिस्सा नहीं लेना यह कहाँ न्याय संगत होगा ? शहरी मतदाताओ को ज्यादा पढ़े-लिखे, अपने अधिकारों के प्रति ज्यादा सचेत माना जाता है। ऐसे में मतदान को लेकर शहरी मतदाताओं की रूचि ग्रामीण मतदाताओं की अपेक्षा कम होना निःसन्देह चिंता का विषय होता है।

हालांकि देश में पहला आम चुनाव अक्टूबर 1951 से फरवरी 1952 के बीच 499 सीटों के लिए कठोर जलवायु और चुनौतीपूर्ण व्यवस्थाओं के कारण 68 चरणों में चुनाव हुआ था।  इसके पहले वर्ष 1949 में चुनाव आयोग बनाया गया और वर्ष 1950 में सुकुमार सेन को पहले मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया। उस समय देश की जनसंख्या 36 करोड़ से अधिक थीं और उस आम चुनाव में 17 करोड़ से अधिक मतदाताओ ने भाग लिया यानी 44-45 प्रतिशत के आसपास मतदान हुआ था। उस दौर में शिक्षा, प्रचार-प्रसार और अन्य सुविधाओं का कम होना भी कम मतदान होने का मुख्य कारण था।  लेकिन तब से भारत में मतदाताओं की संख्या, मतदान प्रतिशत और मतदान के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ी है। 

मताधिकार एक मौलिक अधिकार है तो कर्तव्य भी है ऐसे में अपने अधिकार व कर्तव्य को भली-भांति समझते हुए मतदान के लिए पहुंचना आवश्यक है। जब स्वयं मतदान के लिए तैयार होंगे, स्वयं मतदान करने पहुंचेंगे, जब अपने अधिकार को जानेंगे, जब अपने कर्तव्य को समझेंगे व निभाएंगे तो निश्चित ही देश व प्रदेश का विकास तेज गति से आगे बढ़ेगा।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर किए गए चुनाव सुधार, आवश्यक व्यवस्था, स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त निर्वाचन के लिए नियम-कानून बनाए गए। इसके अलावा मतदाताओं में लगातार मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग से लेकर जिला निर्वाचन आयोग द्वारा अलग- अलग विधाओं, तकनीकी उपायों के माध्यम से, नई-नई गतिविधियों संचालित कर शत-प्रतिशत मतदान हो इसके लिए लगातार प्रयासरत हैं।

मतदाताओं की भागीदारी और जागरूकता से ही मतदान प्रतिशत बढ़ने की संभावना है। इसके लिए शासकीय, अशासकीय संस्थाओं व प्रत्येक वर्गों के मतदाताओं द्वारा सक्रियता निभाने से एक स्वस्थ, मजबूत लोकतंत्र की नींव और मजबूत होगी।

(लेखक : विजय मानिकपुरी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी)
और भी

मतदान करने वालों को अस्पताल की फीस में आधी छूट

एक सौ से ज्यादा आईएमए डॉक्टरों ने लिया फैसला

बिलासपुर:  मतदान करने वाले लोगों को इलाज शुल्क (ओपीडी) में आधी छूट दी जायेगी। मतदान के दूसरे दिन 8 मई को यह छूट मिलेगी। इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने स्वीप अभियान में हिस्सेदारी निभाते हुए इस आशय का निर्णय लिया है। एक सौ से ज्यादा संघ के सदस्यों ने अपने अस्पतालों में छूट दिये जाने पर सहमति जताई है। संघ के प्रतिनिधि मण्डल ने जिला कलेक्टर अवनीश शरण से मुलाकात कर इस निर्णय से अवगत कराया। उन्होंने इस आशय का कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। कलेक्टर ने आईएमए के इस निर्णय की सराहना करते हुए ओपीडी शुल्क में आधी छूट के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि इससे लोग मतदान के लिए प्रेरित होंगे और विशेषकर शहरी इलाकों में मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। लाभ पाने के लिए उन्हें अमिट स्याही लगे उंगली और सेल्फी युक्त फोटो दिखाना होगा। इस अवसर पर एसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त अमित कुमार, सीएमएचओ डॉ. प्रभात श्रीवास्तव सहित आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश देवरस, सचिव डॉ. सौरभ लुथरा सहित आईएमए के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने शतप्रतिशत मतदान के लिए संकल्प भी लिया और सभी से मतदान करने की अपील भी की है।

 

 

और भी

जनता भाजपा के साथ है, अपने वोट की चोट से कांग्रेस को जवाब देगी : नितिन नबीन

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कोरबा में आयोजित संवाददाता सम्मलेन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आज जो वातावरण है कहीं न कहीं आज मोदी मय वातावरण दिख रहा है। आज पूरे वातावरण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काम और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी लोगों की जुबान पर हैं। पहली बार छत्तीसगढ़ पूरी तरह से कीर्तिमान रचेगा और छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें कमल के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में जाएगी। आज छत्तीसगढ़ के सभी लोकसभा क्षेत्र में हमने भ्रमण किया है और सभी जगहों में हम मजबूत हैं और जिस प्रकार से माहौल है उसे देखकर लग रहा है कि जिस तरह से हमें 2023 के विधानसभा चुनाव में जो समर्थन मिला उससे और अधिक इस बार भी भारतीय जनता पार्टी को समर्थन मिल रहा है।

नितिन नबीन ने प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि जिस प्रकार से यहां भ्रष्टाचार हुए हैं यहां के लोगों के जहन में अभी भी है। जिस प्रकार से कांग्रेस और चरण दास महंत और उनके जो समर्थक है वह भी कहीं ना कहीं भ्रष्टाचार में संयुक्त पाए गए हैं। वे सब करप्शन में भूपेश बघेल के शागिर्द बने रहे चाहे शिव डहरिया हो या फिर चरणदास महंत हो। इन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग एवं अभद्र टिप्पणियां की है। आज जनता उनको जवाब देने के लिए खड़ी है चाहे जांजगीर लोकसभा क्षेत्र हो या फिर कोरबा जनता उन्हें जवाब देने के लिए तैयार है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भूपेश बघेल की सीट बच रही हैं क्या? दावा कर सकते हैं।‌ महंत जी की लाठी ने डबल प्रहार किया है जो खेल खेला है जनता तो उसका जवाब दे रही है और महंत ने भूपेश बघेल से अपनी पुरानी दुश्मनी का हिसाब कर लिया है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिसने सनातन परंपराओं पर चोट पहुंचाई सनातन धर्म का अपमान किया कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र के विरोध में कांग्रेसियों ने कुछ नहीं बोला। आज उनको शिव का अवतार बनने की इच्छा हो रही हैं उस समय टोपी पहनने बेताब थे। कांग्रेसी नेता राम को हराएंगे बोलते हैं भगवान श्री राम एक परंपरा है भारत की संस्कृति है भारत का संस्कार है। त्रेता में भगवान राम ने रावण को हराया था और इस समय कलयुगी रावणों की हार होगी।

पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक अकलतरा सौरभ सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी मौजूद रहे।

और भी

नम हवाओं का असर ख़त्म होते ही गर्मी करने लगी परेशान, पारा 43 डिग्री के पार...

रायपुर: छत्तीसगढ़ में तेज धूप की वजह से भीषण गर्मी पड़ रही है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में आ रहे नमी हवाओं का असर खत्म हो चुका है। इससे मौसम शुष्क रहेगा। इससे तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के आठ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से पार है। कई जगहों पर पारा 42 और 43 डिग्री तक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी पांच दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ाने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी हवाओं का असर छत्तीसगढ़ में खत्म हो चुका है। इससे प्रदेश में मौसम शुष्क  रहेगा। तेज दूध के साथ भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ दिनों तक ऐसे ही रहने की संभावना है। अभी मौसम में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बीते दिनों प्रदेश में एक-दो जगह पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। कटेकल्याण और जगदलपुर में बारिश होने की वजह से तापमान में थोड़ी सी गिरावट आई है। इन जगहों पर भी आज सुबह से तेज धूप निकली हुई है।

प्रदेश में सबसे गर्म डोंगरगढ़ रहा है। यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान नारायणपुर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही तेज धूप के साथ भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रदेश में इन दिनों तेज धूप के साथ भीषण गर्मी पड़ रही है। साथ ही अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है। डोंगरगढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस, रायपुर में 42 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 41.5 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 40.4 डिग्री, अंबिकापुर में 40.5 डिग्री, दुर्ग में 42.4 डिग्री और राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

और भी

सीएम साय ने किया सीमंधर स्वामी जैन मंदिर ध्वजारोहण की पत्रिका का विमोचन

ध्वजारोहण, प्रभु भक्ति में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान की

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी के ध्वजारोहण व जन्मकल्याणक महोत्सव की पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद , महासचिव महेन्द्र कोचर , ट्रस्टी द्वय जय सांखला व योगेश बंगानी ने गुलाब फूल से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से शाल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया और पत्रिका व श्रीफल से मुख्यमंत्री को ध्वजारोहण कार्यक्रम में 2 व 3 मई के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने रात्रिकालीन प्रभु भक्ति में सम्मिलित होने की स्वीकृति प्रदान की। ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने मुख्यमंत्री साय को जैन गौशाला की स्थापना संबंधित जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने जैन गौशाला हेतु हरसंभव मदद की बात कही।

और भी