छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

अमित शाह 19 को जगदलपुर और कोंडागांव में करेंगे चुनावी सभा

जगदलपुर:  छत्तीसगढ़ विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए बस्तर में भाजपा स्टार प्रचारकों को चुनावी रणक्षेत्र में उतरने जा रही है। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम दिन 20 अक्टूबर है। इसके एक दिन पहले आज भाजपा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ करेंगे।

अमित शाह जगदलपुर और कोंडागांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे पहुंचेंगे जगदलपुर अमित शाह के प्रवास को लेकर यहां जगदलपुर में भाजपाइयों में काफी उत्साह है। शाह का कार्यक्रम बुधवार सुबह ही पार्टी द्वारा जारी कर दिया गया था। शाह दोपहर 12.05 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर पहुंचेंगे।  सवा बारह बजे से लालबाग मैदान में चुनावी जनसभा होगी। जनसभा में मध्य बस्तर में आने वाली तीनों सीटों बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट से चुनाव लड़ने वाले भाजपा प्रत्याशी उपस्थित रहेंगे।

कोंडागांव में 2.50 बजे अमित शाह की सभा

लालबाग मैदान में जनसभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री कोंडागांव के लिए रवाना होंगे। वहां दोपहर ढाई बजे से पुलिस परेड मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों जगहों पर वे पार्टी प्रत्याशियों की नामांकन रैली में भी शामिल होंगे। कोंडागांव से लौटकर शाम 4.10 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

 

 

और भी

प्रदेश में बदलेगा मौसम, गिरेगा तापमान, रात में हल्की ठंड में होगी बढ़ोतरी

रायपुर:  छत्‍तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह और रात में हल्की ठंड की शुरुआत हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से तापमान में गिरावट शुरू होगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार तापमान में गिरावट से रात में हल्की ठंड में और बढ़ोतरी होगी। हालांकि गुरुवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ठंड अच्छी पड़ने की उम्मीद है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले सप्ताह से ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। इन दिनों दोपहर की तेज धूप बनी हुई है। साथ ही आउटर क्षेत्रों में रात व सुबह के वक्त हल्की ठंड भी लगने लगी है। अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

संस्थानों में भी शादी सीजन के साथ आने लगे गर्म कपड़े

अभी त्योहारी सीजन के चलते कपड़े संस्थानों में त्योहारी व शादी सीजन के हिसाब से कपड़ों की विस्तृत रेंज आ गई है। इसके साथ ही कारोबारियों ने विंटर सीजन का ध्यान रखते हुए गर्म कपड़े भी मंगाने शुरू कर दिए है। बताया जा रहा है कि अगले महीने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल लगने भी शुरू होंगे।

 

 

और भी

नवरात्री के दौरान डोंगरगढ़ में रुकेंगीं ये गाड़ियां...

रायपुर: डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए 23 अक्टूबर तक कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज दिया गया है। मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने 6 और एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज डोंगरगढ़ स्टेशन में अस्थायी तौर पर घोषित कर दिया है। इसलिए रायपुर स्टेशन से होकर चलने वाली ये सभी ट्रेनें डोंगरगढ़ स्टेशन में आते-जाते दो मिनट रुककर चलेंगी।


यात्रियों के दिक्कतों को देखते हुए रेल प्रशासन अब डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में तीन जोड़ी यानी कि 6 एक्सप्रेस गाडिय़ों का ठहराव दिया है। 18 से 23 अक्टूबर तक ट्रेन नंबर 20843/20844 बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12851/12852 बिलासपुर-चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12849/12850 बिलासपुर-पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस अब आते-जाते डोंगरगढ़ स्टेशन में रुककर रवाना होंगी, जिसका देवी दर्शन करने वाले लोगों को इंतजार था।

 

 

और भी

अमित शाह जब भी आते है, ईडी को साथ लेकर आते हैं : भूपेश बघेल

रायपुर: मुख्यमंत्री बघेल ने बुधवार को राजनांदगांव-कांकेर दौरे पर रवाना होने के पूर्व पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज राजनांदगांव-कांकेर का प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। वहां जनसभा का भी आयोजन होगा। गृहमंत्री शाह के दौरा पर उन्होंने कहा कि अमित शाह जब भी आते हैं, ईडी को साथ लेकर आते हैं। 20 अक्टूबर को फिर आने वाले हैं, उसके साथ ईडी भी आएगी।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की छठ पूजा को लेकर चुनाव तारीख में फेरबदल की मांग को लेकर सीएम भूपेश ने कहा कि दिन तारीख का ऐलान हुआ उसी दिन कह दिया था निर्वाचन आयोग संज्ञान में ले।

अमित शाह के खिलाफ शिकायत को लेकर उन्होंने कहा कि बिल्कुल शिकायत करेंगे, यह भड़काने वाला काम कर रहे हैं। गृह मंत्री होकर के इस प्रकार से लोगों की भावनाओं को भड़काने वाला बयान देंगे तो शिकायत तो होगी।

सीएम बघेल ने कहा राहुल गांधी ने परिवारवाद पर सवाल उठाया है। और वे बिल्कुल सही कह रहे हैं। यहां तो बगल में मामा भांजा लड़ रहे हैं। पहले रमन सिंह उसके बाद विक्रांत सिंह अब भांजी का भी नंबर है। मामा भांजा और भांजी। मैं तो पहले ही कह रहा हूं भारतीय जनता पार्टी चुनाव नहीं लड़ रही है। यहां तो रमन सिंह है और रमन सिंह, यही चला है। रमन सिंह चलना मतलब पीछे अमन सिंह है। अमन सिंह मोदी के साथ मोदी अडानी के साथ है। अडानी ने गिनकर छत्तीसगढ़ के खदानों को निकाला है।

उन्होंने कहा कि राज्य में हमने तो पहले ही घोषणा कर दी है कि 20 क्विंटल धान खरीदेंगे,17 लाख परिवार को आवास देंगे। भारत सरकार चाहे दे या ना दे साढ़े 7 लोगों के खाते में पैसा चला गया है। एक किस्त और 10 लाख लोगों को और देंगे प्रियंका गांधी ने घोषणा कर दी है। जातिगत जनगणना कराएंगे, यह भी घोषणा कर दी गई है।

अमित शाह के उलटा लटकने वाले बयां पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल उल्टा लटकना में लगी हुई। अमित शाह आए थे, उन्होंने किसानों-महिलाओं के लिए कुछ नहीं कहा, केवल उल्टा लटकने की बात कही। क्योंकि उनके और अडानी के बीच में कांग्रेस की सरकार खड़ी है।असम के मुख्यमंत्री  हिमंता बिस्वा सरमा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मुंडन करवा लें, फिर हिंदू होने की बात करें। आ रहे है तो हिसाब-किताब ले आए असम का। सरकारी फंड से क्या किया है?

और भी

सीएम बघेल 18 को कांकेर दौरे पर

रायपुर: कांग्रेस 18 को अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। दूसरी सूची में भी कई सिटिंग एमएलए की टिकट कटने की संभावना है. इससे पहले 15 अक्टूबर को कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 30 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। टिकटों को लेकर कल दिल्ली में बैठक हुई थी। जिसमें नाम तय कर लिए गए हैं।

कांकेर में आज कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे. जिले की तीनों विधानसभा शक्ति प्रदर्शन के साथ नामंकन दाखिल करेंगे. नामांकन रैली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ दीपक बैज शामिल होंगे. कांकर के बाद सीएम  बघेल राजनांदगांव जाएंगे।  दोपहर 1:55 पर राजनांदगांव में आम सभा को संबोधित करेंगे. कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार प्रसार कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

 

 

और भी

कैश ट्रांसफर ट्रांसपोर्टेशन में उपयोग में ले जाने वाले वाहन में क्यूआर कोड चस्पा करना अनिवार्य

बेमेतरा: अपर कलेक्टर द्वय डॉ. अनिल बाजपेयी, सी.एल. मार्कण्डेय व डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर की उपस्थिति में आज मंगलवार को विधानसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में जिले के बैंकिंग संस्थाओं की बैठक ली। बैठक में चुनाव के समय बैंक खाताओं से होने वाले संदेहास्पद लेनदेन, किसी खाते से अधिक संख्या में पैसे की निकासी और एक ही दिन में अलग-अलग नाम से निकासी अवांछित लेनदेन होने की स्थिति में तुरंत ही सूचना देने के निर्देश दिए और साथ ही कहा कि निर्वाचन के दौरान चुनाव अभ्यर्थियों का जीरो बैलेंस खाता खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी खाते से एक लाख या उससे अधिक का लेन-देन किया जाता है और छोटी-छोटी राशियों के संदेहास्पद लेनदेन, एक ही जगह के एटीएम से बार-बार निकासी होने की स्थिति में संज्ञान लेते हुए कार्यवाही की जाएगी।

जिला सूचना अधिकारी ने बैंकिंग संस्था को बताया कि चुनाव के दौरान बैंकों के माध्यम से कैश लाने ले जाने की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम एप में सुविधा है। सभी शासकीय/अर्धशासकीय बैंक शाखाओं का संपूर्ण विवरण ऑनलाइन पोर्टल में एंट्री किया जाना अनिवार्य है। बैंकों द्वारा कैश वाहन के परिवहन किए जाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल में डीएलबीसी लॉगिन के माध्यम से समस्त बैंक ब्रांच जिनके द्वारा कैश वहां का परिवहन किया जाना है, इत्यादि प्रोफाइल बनाकर लॉगिन करना पड़ेगा होगा। इसके पश्चात कैश वाहन जाने पर उसकी पूर्ण जानकारी एंट्री करें। क्यूआर कोड जनरेट कर वाहन में लगाना होगा। कैश ट्रांसफर ट्रांसपोर्टेशन में उपयोग में ले जाने वाले वाहन में क्यूआर कोड चस्पा करना अनिवार्य होगा, जिसमें वाहन संबंधी जानकारी जैसे वहां की जानकारी दी एक बार जनरेट कर कोड एक बार में कैश ट्रांजैक्शन के लिए ही उपयोग किया जाएगा। क्यूआर कोड जनरेट करने पर चुनाव के दौरान चेक-पोस्ट/नाके में जांच किए जाने पर बार कोड स्कैनिंग के माध्यम से ऑथेंटिकेशन किया जाएगा जिससे असुविधा नहीं होगी।  इसके अलावा उन्होंने सी विजल के माध्यम से वीडियो अपलोड करने की सुविधा भी बताई|

अपर कलेक्टर ने कहा कि लेनदेन की समस्त रिकॉर्डिंग सीसीटीवी के माध्यम से अनिवार्य रूप से रखा जाए। ऑनलाइन बैंकिंग यूपीआई के माध्यम से होने वाले लेनदेन की भी निगरानी की जाए। यदि किसी बैंक खाता यूपीआई के माध्यम से लगातार कैश ट्रांजेक्शन किया जाता है या किसी बैंक खाता जिस पर काफी समय से लेन देन न हुआ हो और उस खाते से ही लेनदेन किया जाता है, तो इसकी सूचना भी दी जाए। उन्होंने बैंकर्स को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

और भी

शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए जरूरी है मजबूत सूचना तंत्र, ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों को अलर्ट करें : कलेक्टर

अम्बिकापुर: जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराने कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार की ओर से लगातार बैठक एवं दौरा कर अधिकारियों कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन निर्वाचन कार्यों की तैयारियों की समीक्षा करने जिला लुण्ड्रा और लखनपुर जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पहुंचे।

समीक्षा बैठक में शामिल होकर कुन्दन ने अधिकारियों-कर्मचारियों से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मतदान अवश्य करने की शपथ भी ली गई। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना, हम सभी की जिम्मेदारी है। आगामी त्योहारों में धार्मिक आयोजनों में किसी भी तरह की राजनैतिक गतिविधियां ना हो, पूजा पंडालों में राजनीतिक व्यक्तियों के बैनर, पोस्टर ना हो, इसका ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का ज्यादातर उल्लंघन ग्रामीण क्षेत्रों में देखने मिलता है, इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका कोटवारों की है, किसी भी प्रकार की गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत और विकसित करने के निर्देश दिए और कहा कि पुलिस विभाग के साथ वन विभाग सतर्कता के साथ कार्य करें। सघन निगरानी के लिए वीवीटी, वीएसटी और एफएसटी टीम भी गठित की गई है। सभी अपने कर्तव्य का पालन करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही करने वाले पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने सभी सेक्टर ऑफिसर्स को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों के पोलिंग स्टेशन में जाकर तैयारियों का सघन निरीक्षण करें। मतदान केंद्र में पानी, विद्युत, शौचालय और रैम्प की अच्छी व्यवस्था हो, पोलिंग स्टेशन के नाम की जांच करें, मतदाता सूची के प्रकाशन के अनुसार भवन में नाम लिखा हो, यह सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र भवन की स्थिति अच्छी हो, सभी कमरों की जांच करें। चेकलिस्ट अनुसार जांच कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें, प्रगतिशील कार्य जल्द पूर्ण करें। पानी, बिजली की शत प्रतिशत व्यवस्था हो।

गौरतलब है कि कुन्दन की ओर से जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफिसर को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन कार्य की समीक्षा के लिए सेक्टर अधिकारियों, सहित तहसीलदार, सीईओ जनपद एवं थाना प्रभारियों की बैठक आयोजित किए जाने निर्देशित किया गया था। जिसके परिपालन में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09 लुण्ड्रा के रिटर्निंग ऑफिसर अपर कलेक्टर टेकचंद अग्रवाल, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर के रिटर्निंग ऑफिसर व एसडीएम अम्बिकापुर पूजा बंसल, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर के रिटर्निंग ऑफिसर व एसडीएम सीतापुर रवि राही ने बैठक आयोजित कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सम्पूर्ण राजस्व अमला, पुलिस प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी, सेक्टर ऑफिसर्स तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 
और भी

जिन केन्द्रो में 70 प्रतिशत से कम मतदान हुआ इसके संबंध में की गई समीक्षा

जशपुरनगर:  जिले में मतदाता जागरूकता अभियान जश-प्रण के तहत 2023 के विधान सभा निर्वाचन में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित करने के संबध में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व स्वीप नोडल अधिकारी संबित मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिले के स्वीप  कार्यक्रम के सहायक नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता और सभी महाविद्यालयों में नियुक्त कैंपस एंबेसडर तथा कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में विगत विधान सभा निर्वाचन 2023 में जिन मतदान केंद्रों में 70 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था उसके क्या कारण थे के संबंध में समीक्षा की गई। विभिन्न मतदान केंद्रों के नोडल अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदान प्रतिशत कम होने के कारणों में मतदाताओं का विभिन्न कारणों से मतदान दिवस के दिन अपने निवास स्थान से बाहर रहने, शहरी मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह में कमी होने तथा मतदान दिवस के दिन अपने व्यक्तिगत कार्यों में व्यस्त रहने के कारण मतदान नहीं के कारणों में प्रमुख कारण हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी संबित मिश्रा ने निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया को समझाने के लिए अपने स्तर पर विभिन्न गतिविधियां का आयोजन अनिवार्य रूप से करें, जिससे लोगों की भागीदारी अधिक से अधिक सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कई गतिविधियों का सुझाव भी दिया । जिसमें मतदान प्रक्रिया पर पंचायत का आयोजन, छात्र-छात्राओं  को चुनाव प्रचार कार्यक्रमों के माध्यम से उनके हक और कर्तव्यों के बारे में जागरूक करना, महाविद्यालय स्तर पर छात्रों के बीच चुनाव संवाद आयोजित  करके राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करना,  छात्रों को चुनाव प्रक्रिया और राजनीतिक मुद्दों के बारे में वाद विवाद कराने, छात्रों को चुनाव पर पोस्टर और पैम्फलेट डिजाइन करने के लिए प्रतियोगिता आयोजित करने, इसके साथ ही स्कूल और कॉलेज कैम्पस मैं मतदान के महत्व को बताने वाले पोस्टर बनवाकर प्रसारित कर जागरूकता बढ़ाने जैसी गतिविधियां शामिल है।

उन्होने बताया कि छात्रों को मतदान के महत्व को समझाने के लिए नाटक आयोजित कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जागरूक किया जा सकता है। कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के समक्ष मतदान के नियमों की व्याख्या करें व मतदान करने की प्रक्रिया बताएं। समाज के वरिष्ठजनों से व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करने के लिए आमंत्रित करे और छात्रों को आम लोगों की मतदान से संबंधित कहानियाँ सुनवाये। महाविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन कर विद्यार्थियों को मतदान से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर दें।

मिश्रा ने कहा कि विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर छात्रों की मतदान जागरूकता रैली आयोजित करें। प्रभात फेरी भी निकालें, जिसमें विद्यार्थियों की ओर से मतदान जागरूकता से संबंधित नारे लिए तख्तियां भी साथ में रहे। छात्रों को मतदान से संबंधित लक्ष्य को पूरा करने के लिए और भी अन्य गतिविधियां आयोजित करें जैसे रंगोली बनाना, मेहंदी प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता आदि का आयोजन कर अपने स्तर से पुरस्कृत भी करे।

बैठक में लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम जुड़वाने की जानकारी देने को कहा गया व नोटा की जानकारी भी मतदाताओं को देने की बात कही गई। जिले के मतदाता जो किसी कारण वर्तमान में बाहर है, उन्हें मतदान दिवस को मतदान अवश्य करने के लिए बुलाने के लिए फोन से अथवा पत्र के माध्यम से आंमत्रित करने को कहा गया। बैठक में कहा गया कि कम मतदान होने का विश्लेषण करें एवं घर-घर जाकर लोगो से संवाद करे और मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करें। युवा कैंपस एंबेसडर्स को प्रेरित करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए निर्देशित किया।

 
और भी

अमित शाह पहुंचे राजनांदगांव

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा का पहला शंखनाद सोमवार को राजनांदगांव में नामांकन सभा व रैली के साथ होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा के चारों प्रत्याशी आज नामांकन भरेंगे। दोपहर में स्टेट स्कूल मैदान में सभा होगी। वहां से रोड शो करता हुआ शाह का काफिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगा।


संयुक्त नामांकन रैली
आचार संहिता लगने के बाद भाजपा की यह पहली चुनावी सभा-रैली है। इस कारण सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को जुटाकर पार्टी प्रभावी प्रदर्शन करने की तैयारी में है। गृह मंत्री की सभा को लेकर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आज भाजपा की संयुक्त नामांकन रैली होने जा रही है। इसके पहले स्टेट स्कूल मैदान में गृह मंत्री शाह की जनसभा होगी।

क्षेत्रवार कक्षों में प्रत्याशी दाखिल करेंगे नामांकन
दोपहर एक बजे रैली निकाली जाएगी। रोड शो की तर्ज पर यह शहर भ्रमण करेगी। शाह के साथ राजनांदगांव प्रत्याशी डा. रमन सिंह, डोंगरगढ़ से विनोद खांडेकर डोंगरगांव से भरत वर्मा व खुज्जी की प्रत्याशी गीता साहू भी होंगी। दोपहर तीन बजे के पहले रैली कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। वहां क्षेत्रवार बनाए गए कक्षों में जाकर प्रत्याशी अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। डा. रमन के साथ केंद्रीय मंत्री शाह कक्ष तक जाएंगे।

प्रदेशभर के दिग्गज नेता जुटे
पहली चुनावी सभा और रैली को भाजपा प्रभावी बनाने की तैयारी में है। चारों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। सभा-रैली में प्रदेश के दिग्गज नेता भी शामिल हो रहे हैं। इनमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डे, सांसद संतोष पांडेय, दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव आदि प्रमुख हैं। रोड शो के लिए प्रमुख मार्गों को झंडों और बनार-पोस्टरों से सजाया गया है।

और भी

महादेव बैटिंग एप के मुख्य आरोपी के बिजनेस पार्टनर के घर ईडी की दबिश...

भिलाई: महादेव बैटिंग एप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के बिजनेस पार्टनर दीपक सावलानी के नेहरू नगर स्थित निवास पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापा मारा है। दीपक सावलानी जूस फैक्ट्री में सौरभ चंद्राकर का पार्टनर था। दीपक सावलानी ने अपना नाम बदलकर दुबई में डेरा डाला था।

 

बाताया जा रहा है कि दीपक महादेव एप के पैसों का लेनदेन करने में सौरभ चन्द्राकर और रवि उप्पल का सहयोग करता है। ईडी की टीम सुबह से दीपक के घर में छानबीन कर रही है।

 

वहीं ईडी की टीम ने सतनाम सिंह के शांति नगर निवास पर भी रेड डाली है। इससे पहले भी ईडी यहां दबिश दे चुकी है। सभी स्थानों पर महादेव बैटिंग एप से जुड़े लोगों के यहां छानबीन जारी है।

 

 

और भी

डॉ. रमन ने मूक-बधिर बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन

 राजनांदगांव: पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रविवार को अपने जन्मदिन पर राजनांदगांव में शीतला माता मंदिर में दर्शन किए। इसके साथ ही आस्था मूक बाधिर शाला में बच्चों के बीच भी पहुंचे। जहां पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने मूक-बधिर बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया और उनके साथ समय व्यतीत किया।


इसके साथ ही राजनांदगाँव विधायक प्रत्याशी डॉ रमन सिंह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए, जहां क्षेत्रवसियों ने उत्साह और उमंग के साथ उनका स्वागत किया और केक काटने के साथ ही मिठाई वितरण करके पूर्व मुख्यमंत्री का जन्मदिवस मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय जॉइंट जनरल सेक्रेटरी शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल समेत संगठन के राष्ट्रीय व प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएँ व्यक्त की।

जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. रमन के लिए आतिशबाजी की...
राजनीति में कब क्या हो जाए कोई समझ या बुझ नहीं पता आज ही विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी हुई। इसमें राजनांदगांव से कांग्रेस ने डॉ. रमन सिंह के सामने गिरीश देवांगन को मैदान में उतारा है और गिरीश देवांगन की जगह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने डॉ. रमन सिंह के सामने फटाके फोड़ दिए।

दरअसल राजनांदगांव के भदोरिया चौक पर कांग्रेस के कार्यकर्ता गिरीश देवांगन जो की राजनांदगांव से प्रत्याशी है उनके स्वागत के लिए आतिशबाजी करने वाले थे। गाड़ियों का हुजूम जैसे ही आया कार्यकर्ताओं को लगा गिरीश देवांगन आ गए लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का काफिला था और स्वागत और आतिशबाजी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के लिए हो गई। गलती से ही सही लेकिन डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर राजनांदगांव में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने फटाके जरूर फोड़े।

 

 

और भी

मंदिर में तोड़फोड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार...

कवर्धा: जिले के थाना पाण्डातराई क्षेत्रांतर्गत शनि मंदिर व शिव मंदिर में तोड़फोड़ कर शिवलिंग को नदी में फेंकने वाले आरोपी को चंद घण्टे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर शिवलिंग को फोंक नदी, डौकी घाट के पानी से गोताखोरों ने ढूंढकर निकल लिया है।

जानकारी के अनुसार अविनाश चंद्रवंशी ने शनि मंदिर के पुजारी चंद्रभुषण पाठक के साथ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनि मंदिर के जलहरी में रखे शिवलिंग के चोरों ने उखाड़ दिया है और मंदिर के बगल में नदी किनारे फेंक दिये है। इसी प्रकार बस्ती के बरमबावा के पुराने शिव लिंग को उठाकर ले गये है कि रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण लोगों की आस्था से जुड़ा होने के कारण एसपी अभिषेक पल्लव ने आरोपी का जल्द से जल्द ढूंढने के निर्देश दिए। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंकज पटेल पण्डरिया के मार्गदर्शन में थाना-प्रभारी पाण्डातराई प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक अमृता पैंकरा के नेतृत्व जाँच शुरू हुये। इसी बीच मुखबीर से सूचना मिली कि शिवचरण यादव पिता चंदू यादव उम्र 35 साल निवासी मोहगांव को रात में घटनास्थल की तरफ घुमते देखा गया था। जिसे तलब कर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर फोक नदी डौकी घाट से बरमबावा पुराने शिव लिंग को बरामद किया गया। आरोपी के पेश करने पर मुताबिक जप्ती पत्रक जप्त किया गया। आरोपी को 14 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया।

और भी

सीएम योगी का छत्तीसगढ़ दौरा 16 को

लखनऊ/रायपुर: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का दौर शुरू हो गया है। पहले चरण के लिए 20 सीटों के प्रचार की शुरूआत भाजपा 16 अक्टूबर को राजनांदगांव से करेगी। इस अभियान में केंद्रीय मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव से अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

 

 

और भी

कलेक्टर ने की चुनाव तैयारियों की समीक्षा

सारंगढ़-बिलाईगढ़: कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विधानसभा चुनाव की सभी तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के कंप्यूटर व्यवस्था सहित लिपिक वर्गीय, कार्यालय सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर आदि कर्मचारियों की ड्यूटी के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि नामांकन फार्म सहित सभी प्रकार के प्रपत्र की उपलब्धता हो, निर्वाचन नियमावली का सभी अधिकारी कर्मचारी को जानकारी होनी चाहिए। सभी नोडल अधिकारी और प्रभारी अधिकारी अपने मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करें कि वहां मूलभूत सुविधाएं बिजली, पेयजल, शौचालय आदि सुचारू उपलब्ध हो।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा के हिसाब से आवश्यक मतदान और मतगणना कर्मचारियों का आंकड़ा तैयार करें। सभी सीएमओ नगरीय निकायों में और सभी सीईओ अपने विकासखंडों में संपत्ति विरूपण के तहत राजनैतिक व्यक्ति, दलों का विज्ञापन पोस्टर आदि को निकाले और दीवाल पेंटिंग को मिटाएं। कार्य में लापरवाही करने वाले पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
 
उन्होंने कहा कि वेब कास्टिंग हेतु चयनित मतदान केंद्रों में जाकर आवश्यक इंटरनेट का परीक्षण तकनीकी सहायकों से करवाएं। उन्होंने मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी), वाहन व्यवस्था, फ्लाइंग स्क्वायड, स्थाई निगरानी समिति, वीएसटी, वीडियो निगरानी समिति, प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्था, कंट्रोल रूम की संपूर्ण व्यवस्था आदि के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश भारद्वाज, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मोनिका वर्मा, डॉ स्निग्धा तिवारी, डिप्टी कलेक्टर टी आर महेश्वरी, बी एक्का, नोडल अधिकारी पंचायत हरिशंकर चौहान सहित जिले के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

और भी

डॉ. रमन की नामांकन रैली में शामिल होंगे शाह

16 अक्टूबर को पहुंचेंगे राजनांदगांव

रायपुर: विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। वहीं नामांकन की प्रक्रिया भी शुक्रवार से शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 16 अक्टूबर को नामांकन फार्म भरेंगे। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे।

डॉ. रमन सिंह 16 अक्टूबर को राजनांदगांव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसमें शामिल होने अमित शाह 16 अक्टूबर को दोपहर 11 .45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद रायपुर एयरपोर्ट से वो 11. 50 बजे हेलीकॉप्टर से राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे। 12 .22 बजे वो राजनांदगांव पहुंचेंगे और राजनांदगांव में शाह रमन के नामांकन रैली और सभा में शामिल होंगे।

 

 

और भी

विधानसभा चुनाव : मतदाता जागरूकता के लिए चलाया जाए स्वीप कार्यक्रम

 कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारियों के लिए दिशा-निर्देश जारी

रायपुर: विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाता जागरूकता हेतु सामान्य स्वीप गतिविधियों के आयोजन के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने सभी कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय स्वीप कोर कमेटी की बैठक आयोजित कर स्वीप कार्ययोजना अंतर्गत मतदाता जागरूकता से संबंधित स्वीप गतिविधियों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश में उल्लेखित है कि स्वीप गतिविधियों के संचालन एवं पर्यवेक्षण हेतु तत्काल प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर एक स्वीप नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए। इसके साथ-साथ समस्त उच्च शिक्षण संस्थानों में नवप्रवेशित नये छात्र-छात्राओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने हेतु प्रेरक कार्यक्रम चलाया जाये जिसमें कैम्पस एम्बेसडर एवं प्रोफेसर नोडल अधिकारी (स्वीप) का विशेष सहयोग लिया जाए।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में मतदाता जागरूकता के संदेशों का प्रचार-प्रसार हेतु जिला स्तर पर संचालित अधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाए। मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रेरक नारों को शासकीय कार्यालयों की दीवारों पर खाली स्थानों में सुंदर लिखावट में प्रदर्शित किया जाए। मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी/ स्टेट आईकन के संदेशों का रिकार्डेड मेसेज (ऑडियो-विडियो) का प्रसारण स्थानीय सिनेमाघरों, स्थानीय केबल टीवी, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों द्वारा प्रचारित किया जाए। साथ ही ग्रामीण इलाकों एवं हाट बाजारों में कोटवार के माध्यम से निर्वाचन से संबंधित विभिन्न सूचनाएं यथा मतदान तिथि, मतदान समयावधि तथा मतदान केन्द्र पर मतदाताओं हेतु उपलब्ध सुविधाओं का मुनादी के माध्यम से प्रचार कराया जाये।

निर्वाचन से संबधित प्रमुख तिथियों एवं मतदान करने हेतु प्रेरक संदेशयुक्त पोस्टर डिजाइन तैयार कर सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी के अधिकारिक वेबसाइट पर मतदाता जागरूकता से संबंधित पोस्टर को प्रदर्शित किया जाए। सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता जागरूकता के संदेशों का प्रचार-प्रसार हेतु पोस्टर, बैनर, स्टैण्डी, होर्डिंंग्स का प्रयोग किया जाए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष मतदान केन्द्रों की स्थापना के संबंध में समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं जिसके अंतर्गत संगवारी मतदान केंद्रों, सभी महिला कर्मियों द्वारा प्रबंधित मतदान केन्द्र (प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में कम से कम 10), दिव्यांग कर्मियों द्वारा प्रबंधित मतदान केन्द्र (प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में कम से कम 1), सभी युवा प्रबंधित मतदान केंद्र (प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक ), आदर्श मतदान केन्द्र: उपरोक्त में से किन्ही 5 मतदान केन्द्रों को आदर्श मतदान केन्द्र का स्वरूप प्रदान किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश जारी किया गया है।
 
दिव्यांग मतदाताओं को मांगने पर उपलब्ध कराई जाएगी निःशुल्क परिवहन सुविधा
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार मतदान दिवस को दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा हेतु उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने एवं वापिस घर तक छोड़ने की व्यवस्था संबंधित मतदाता द्वारा मांगे जाने पर निःशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध करायी जाए। वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग हेतु प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एनएसएस, स्काउट गाइड, एनसीसी की नियुक्ति की जाये एवं उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। मतदान केन्द्र पर दिव्यांग मतदाताओं के साथ संवाद स्थापित करने एवं अच्छे व्यवहार हेतु मतदान दलों एवं सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाए। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा हेतु मतदान केन्द्रों पर साइनबोर्ड चस्पा किया जाए। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा हेतु मतदान केन्द्रों पर सुगम शौचालयों एवं सुगम मतदान हेतु व्हील चेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दृष्टिबाधित मतदाताओं को ब्रेल लिपि में मुद्रित ईपिक कार्ड, मतदाता मार्गदर्शिका एवं मतदाता सूचना पर्ची का वितरण किया जाये।

जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोग द्वारा प्रदत्त वोटर फैसिलिटेशन पोस्टर (VFP) को मतदान कर्मियों के माध्यम से मतदान तिथि को मतदान केन्द्रों पर चस्पा कर प्रदर्शन कराया जाए। ग्राम पंचायत की बैठकों, सामान्य शासकीय बैठकों, निर्वाचन से संबंधित प्रशिक्षण, कार्यक्रमों, राजनैतिक दलों की बैठकों एवं अन्य उपलब्ध अवसरों का प्रयोग करते हुए उपस्थित सभी सदस्यों को मतदाता शपथ का वाचन कराया जाए। प्रत्येक मतदान केन्द्रों पर सेल्फी जोन की स्थापना की जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित अन्य गतिविधियां संचालित की जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिला स्तर पर स्वीप कोर कमेटी की अनुशंसा से नवाचार गतिविधियों का आयोजन भी किया जाए।

और भी

आचार संहिता लगते ही एक्शन में आई पुलिस, गाड़ियों से हटाई पदनाम प्लेट

 बुलेट में अनाधिकृत साइलेंसर, गाड़ी में काली फिल्म व नशे की हालत में वाहन चालकों पर कार्रवाई

रायपुर: आचार संहिता लागू होते ही रायपुर पुलिस एक्शन में आ गई है। एसएसपी अग्रवाल के निर्देशन पर एएसपी यातायात सचिंद्र कुमार चौबे ने चेकिंग कार्रवाई को लेकर यातायात विभाग में पदस्थ सभी अधिकारी, बीट पेट्रोलिंग की बैठक लेकर निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में एसपी गुरजीत सिंह व सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में यातायात थानों से अलग-अलग टीम गठित कर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर  चेकिंग अभियान शुरू हुआ।

चेकिंग अभियान के दौरान आचार संहिता लागू होने से अब तक 22 वाहनों से पदनाम पट्टीका निकलवाए गए। अनाधिकृत साइलेंसर का उपयोग करने वाले 35 बुलेट, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 58 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

13 अक्टूबर को रायपुर पुलिस ने सुबह से ही विभिन्न चौक चौराहों पर स्टॉपर लगाकर शहर की ओर प्रवेश करने वाले एवं शहर से बाहर जाने वाले सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों के डिक्की खोलकर चेक किए। रायपुर पुलिस ने आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक 2414 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 1707200₹ (सत्रह लाख सात हजार दो सौ रुपए) समन शुल्क परिशमन किए गए।

और भी

कलेक्टर ने नाकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गरियाबंद: आगामी विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर वर्तमान में जिले में आचार संहिता प्रभावशील है। जिले में शांति, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। साथ ही अंतरजिला अवैध सामग्रियों के परिवहन के रोकथाम के लिए जांच नाकों पर स्थैतिक निगरानी दलों की ड्यूटी लगाई गई है। 

कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने आज जिले के सीमावर्ती जांच नाकों कुटेना और जामगांव में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही अवैध सामग्रियों के परिवहन के रोकथाम के लिए वाहनों की कि जा रही जांच और सुरक्षा उपायों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों जांच नाकों पर एडीएम अविनाश भोई, गरियाबंद और छुरा एसडीएम भूपेंद्र साहू, राजिम एसडीएम धनंजय नेताम और एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक की मौजूदगी में 15 से अधिक वाहनों की जांच करवाई। इस दौरान कलेक्टर छिकारा ने सभी चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संदिग्ध वाहनों का जांच कर अवैध सामग्रियों जैसे शराब, राशि, हथियार, मतदाताओं को लुभाने के लिए उपयोग की जा सकने वाले कपड़े, वस्तु और अन्य अवैध चीजों को जप्त कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जांच का वीडियोग्राफी भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर छिकारा ने चेक पोस्ट में तैनात दलों को सक्रियता और सतर्कता के साथ वाहनों का चेकिंग करने और चेक किए जा रहे वाहनों की जानकारी पंजी में संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी दल के सदस्य निर्वाचन के लिए सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उल्लेखनीय है की भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ में विधानसभा निर्वाचन की तिथि घोषित करने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। जिले में निर्वाचन नामांकन 21 अक्टूबर से शुरू होगी। 17 नवंबर को चुनाव होगा तथा 3 दिसंबर को मतगणना की जाएगी।

और भी