छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ थाने में की शिकायत

कहा- चुनाव में नुकसान पहुंचाने फर्जी लेटरहेड किया वायरल

रायपुर: चुनाव में कांग्रेस पार्टी का नुकसान करने की दृष्टि से दुष्प्रचार करने के लिए फर्जी पत्र जारी करने की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज करवाई गई है।

पुलिस को बताया गया कि कांग्रेस की प्रभारी महासचिव कुमारी सैलजा के फर्जी लेटरहेड पर एक फर्जी पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित और प्रचारित किया जा रहा है।

आरोप लगाया है कि इसमें चुनाव के परिणामों को लेकर एक मनगढ़ंत आकलन किया गया है और प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल के नाम से भी दुष्प्रचार किया जा रहा है। इसका आरोप भारतीय जनता पार्टी का चुनाव प्रचार संभाल रही कंपनी पर लगाया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस से जांच कर अपराध दर्ज करने की मांग की गई है।

केंद्रीय मंत्री मांडविया की निर्वाचन कार्यालय में शिकायत
छत्तीसगढ़ भाजपा के चुनाव सह प्रभारी व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन कार्यालय रायपुर में शिकायत की है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्रीय मंत्री लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की खुलेआम उल्लंघन कर धज्जियां उड़ा रहे हैं।


15 नवंबर को मतदान के 48 घंटे पहले प्रचार-प्रसार पर विराम लग चुका है मगर केंद्रीय व अन्य राज्यों से आए भाजपा के नेता प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ठहरे हुए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इससे मतदान की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। अत: कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से केंद्रीय नेताओं पर कार्रवाई करने की मांग की है।

 

 

 
और भी

पुरी एक्सप्रेस के बी-2 कोच में आग लगने से मचा हड़कंप, धुआं उठने के बाद मची अफरातफरी

भिलाई: छत्‍तीसगढ़ के भिलाई में पुरी से अहमदाबाद जा रही पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस के बी-2 कोच में पावर हाउस भिलाई रेलवे स्टेशन में आग लग गई। आग कोच के नीचे तरफ लगी थी। ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे स्‍टाफ को दी। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार पुरी से अहमदाबाद जा रही पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस बुधवार सुबह 10:20 बजे पावर स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के बी-2 कोच में अचानक लग गई। बी-2 कोच से धुआं निकलते देख रेल यात्रियों में हड़कंप मच गया।

इसके बाद यात्रियों ने शोर मचाया कि ट्रेन के नीचे से धुआं निकल रहा है। ट्रेन में आग लगने की खबर मिलते ही तत्काल रेलवे हमला हरकत में आया और आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस घटना के बाद करीब घंटेभर ट्रेन पावर हाउस भिलाई रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। आग बुझाने के बाद ट्रेन को आगे की ओर रवाना किया गया।

 

 

और भी

गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो रायपुर में 15 को

रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर में रोड शो करेंगे। दूसरे चरण का चुनाव 17 नवंबर को होना है। आज शाम पांच बजे तक प्रचार-प्रसार का शोर थम जाएगा।

इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अग्रवाल के पक्ष में सभा की थी। इसके अलावा लोरमी में भाजपा प्रत्याशी व प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरुण साव और मुंगेली के भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले के लिए प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा चुनावी सभा व रोड शो कर चुके हैं।

बता दें कि  छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व ने अपने दिग्गज नेताओं की दांव पर लगी प्रतिष्ठा को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

 

 

और भी

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 11 को आएंगे छत्तीसगढ़

 रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ के चुनावी दौरे पर आ रहे हैं।

वह दुर्ग की पाटन विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे। पाटन से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से दुर्ग सांसद विजय बघेल को प्रत्याशी बनाया गया है।

 

वह यहां सरगुजा संभाग में बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सिंह दोपहर 12.20 से एक तक रघुनाथपुर सीतापुर हाई स्कूल ग्राउंड लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर दो बजे से 2.40 बजे तक मनेंद्रगढ़ के सलगावान कला में बड़ी जनसभा लेंगे। दोपहर 3.55 बजे से शाम 4.35 बजे तक दुर्ग में पाटन विधानसभा के दरबार मोखली में जनसभा को संबोधित करेंगे।

और भी

निलंबन आदेश के बाद सीएम बघेल की शरण में पहुंचे रामशरण

रायपुर: कांग्रेस से निलंबित बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिलासा दिया है और उन्हें पार्टी की जीत के लिए काम करने कहा है।

पूर्व कांग्रेस विधायक और बिलासपुर के निर्दलीय प्रत्याशी अरुण तिवारी के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को महापौर यादव को पार्टी से निलंबित कर दिया था। निलंबन आदेश आने के बाद यादव रायपुर रवाना हुए और वहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। यादव ने मुख्यमंत्री से कहा कि ऑडियो में प्रचारित बातें असत्य और भ्रामक हैं। वे विगत 40 वर्षों से कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं।

 

यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात सहानुभूति पूर्वक सुनी है और कहा कि निलंबन का मतलब निष्कासन नहीं है। तुम अभी भी कांग्रेस की सिपाही हो और अपना पक्ष पार्टी की अनुशासन समिति के सामने रखो, वह इस पर विचार करेगी।  यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे कांग्रेस का प्रचार करने और प्रत्याशियों को जिताने में मदद करने के लिए भी कहा है।

 


यादव ने मुख्यमंत्री का आभार माना और अपने समर्थकों तथा नागरिकों से अपील की कि वे बिलासपुर जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाएं। यादव ने कहा कि भैया मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार जिले में कांग्रेस का प्रचार करेंगे।

 


ज्ञात हो कि 3 दिन पहले पूर्व विधायक अरुण तिवारी ने अपने साथ रामचरण यादव की बातचीत का एक ऑडियो प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर वायरल किया था। 18 मिनट के इस ऑडियो में यादव ने कथित रूप से दावा किया कि सर्वे सूची में नाम सबसे ऊपर होने के बावजूद टिकट नहीं दी गई। टिकट के लिए प्रभारी के पिता को रोहतक में चार करोड़ रुपए दिए गए। उन्होंने बिलासपुर के विधायक पर भी नगर निगम में विधायक निधि खर्च नहीं करने को लेकर सवाल उठाया था। अगले दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर यादव से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा था। शुक्रवार को जवाब संतोषजनक नहीं पाते हुए यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया।

 

 

 
और भी

छत्तीसगढ़ में दीवाली के बाद बढ़ने लगेगी ठंड

 रायपुर: छत्तीसगढ़ में सर्द की हवाएं तेज हो गई हैं। बदलते मौसम का मिजाज अब नया रूख लेने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में और पारा गिर सकता है। कंपकंपी वाली ठंड की जल्द एंट्री होगी। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा बदल गई है। इसके चलते हवा में नमी की मात्रा भी अधिक है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा का कहना है कि इसके प्रभाव से आने वाले पांच दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। लेकिन अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में क्रमिक हल्की वृद्धि की संभावना है। प्रदेश में सबसे ठंडा बलरामपुर और सोनहत रहा, वहां के कृषि विज्ञान केंद्र में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर के तीसरे सप्ताह से ठंड और ज्यादा बढ़ने वाली है। वहीं मौसम विशेषज्ञ ने आगे बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर स्थित है, जिसके पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके चलते हवा में नमी की मात्रा में वृद्धि की संभावना है।

 

 

और भी

CM बघेल की चुनावी सभा कसडोल में 10 को

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के दूसरे चरण में 70 विधानसभा सीटों में चुनाव होना है। इसके लिए राजनीतिक पार्टियां पूरी ताकत के साथ जनता को लुभाने में लगी हैं। वहीं राजनीतिक पार्टियों के स्टार प्रचारक लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में सभा और रोड शो कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 6 विधानसभा क्षेत्रों में धुआंधार प्रचार करेंगे।

सबसे पहले यानी सुबह 11.30 बजे रायपुर से कसडोल जायेंगे ।कसडोल में आम सभा को संबोधित करेंगे.दोपहर 1.15 पर बिलाईगढ़ विधानसभा में सभा करेंगे। 2.45 बजे बलौदाबाजार विधानसभा में भी प्रचार करेंगे. 4 बजे बलौदाबाजार के सिमगा में आमसभा करेंगे।

 सीएम बघेल शाम 5 बजे रायपुर पहुंचेंगे. 5:10 बजे रायपुर उत्तर में आम सभा को संबोधित करेंगे. शाम 6 बजे रायपुर पश्चिम में आमसभा करेंगे. 7.15 पर वापस सीएम निवास लौटेंगे।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 76.47 प्रतिशत मतदान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर निवार्चन आयोग ने आकड़ें जारी कर दिया है। पहले चरण की बीस सीटों पर 76.47 प्रतिशत मतदान हुआ है।


बस्तर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.65 प्रतिशत और बीजापुर में सबसे कम 46 प्रतिशत मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों को देखें तो अब मतदान का प्रतिशत 2018 की बराबरी पर आ गया है। साल 2018 में भी इन सीटों पर 76.47 प्रतिशत मतदान हुआ।

 


निर्वाचन कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि प्रथम चरण में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए 21 हजार 216 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। साथ ही 4 हजार 204 कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया था।

 



दुर्गम व संवेदनशील क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में कुल 156 मतदान दलों को हेलीकाप्टर के माध्यम से भेजा गया था। उनकी भी सकुशल वापसी हो गयी है। मतदान दलों के अलावा 719 सेक्टर आफिसर लगाए गए थे। मतदान के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण कुल 62 बीयू, 54 सीयू और 123 वीवीपैट बदले गए।

दिल्ली व रायपुर से अफसरों ने की निगरानी
पहले चरण की 20 सीटों में से 40 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों में पहली बार मतदान प्रक्रिया का सीधा प्रसारण वेब कास्टिंग के माध्यम से किया गया। अबूझमाड़ सहित बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कोंटा जैसे धुर नक्सल प्रभावित मतदान केंद्र सहित कुल 2,431 केंद्रों में हो रहे मतदान को केंद्रीय चुनाव आयोग दिल्ली, रायपुर के निर्वाचन कार्यालय में अधिकारियों ने स्क्रीन पर देखा।

बनाए गए थे 126 नए मतदान केंद्र
पहले चरण के चुनाव के लिए बस्तर संभाग में इस बार 126 नए मतदान केंद्र बनाए गए थे, उन्हें 15-20 किमी. दूर चलकर नहीं जाना पड़ा। बस्तर जिले के कलेपाल और चांदामेटा में पहली बार मतदान हुआ। यहां पहली बार मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां गांव में ही मतदान केंद्र बनने पर लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की।

 

 

और भी

सीएम बघेल ने कही सरकारी कर्मचारियों को केंद्र के समान डीए देने की बात

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान डीए देने की बात कही है।


इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि हमने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस बात की मांग की थी कि दिवाली के पहले राज्य सरकार के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तरह डीए के देने के लिए पत्र लिखा था।  यदि निर्वाचन आयोग से अनुमति मिलने के बाद इसकी घोषणा हो जाती है, तो यह राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बहुत बड़ी खुशी की बात है।

 

 

और भी

साहेब ने सुबह-सुबह ही बता दिया एक्ज़िट पोल: सीएम बघेल

रायपुर: भिलाई में सुबह पड़ी ईडी रेड पर भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि मुझे लगा था पहले चरण का एक्ज़िट पोल कुछ दिनों बाद पता चलेगा। लेकिन साहेब ने आज सुबह ही बता दिया, सुबह-सुबह ईडी को मेरे नामांकन के दौरान मेरे साथ उपस्थित एवं मेरी निर्वाचन प्रक्रिया में आधिकारिक व्यय लेखक की भूमिका निभा रहे सुरेश धिंगानी जी के यहाँ ईडी को भेज दिया है।


पाटन विधानसभा की जनता को डराने की ये कोशिश वैसी ही विफलता मिलेगी होगी जैसी कल 20 सीटों पर मतदान में भाजपा को मिली है। छत्तीसगढ़ियों को कमजोर और कायर मत समझो साहेब, अपना चावल खाते हैं, वो भी पूरे स्वाभिमान से।

आपको बता दें कि भिलाई के पदुमनगर स्थित घिंघानी फ़ायर वर्क्स के संचालक सुरेश घिंघानी के घर ईडी,दल्ली राजहरा स्थित देव माइनिंग के संचालक सौरभ जैन के ठिकानों पर आईटी भिलाई लिंक रोड कैंप 2 में फायर वर्क्स कारोबारी हुकुम चंद के ठिकानों पर आईटी की दबिश दी है ।

ईडी अफसर सुबह 8 बजे 4 गाड़ियों में पहुंचे थे। कारोबारी सुरेश के बेटे विवेक घिंघानी को लेकर टीम वसुंधरा नगर स्थित गोदाम, भिलाई 3 में पुलिस पेट्रोल पंप के सामने स्थित दुकान में सर्च कर रही है।

 

 

और भी

सुकमा में IED ब्लास्ट, CRPF जवान घायल

सुकमा: छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है। इसी बीच खबर सामने आ रही है कि टोंडामर्का इलाक़े में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है। ब्लास्ट में CRPF कोबरा बटालियन का जवान घायल बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अमुसार, जहां IED ब्लास्ट हुई है वहां मतदान दल के सुरक्षा में जवान लगे थे। सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि जवान को चुनाव ड्यूटी में तैनात किया गया था. टोंडामरका इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है।

 

 

और भी

छत्तीसगढ़ में मतदान शुरू होते ही पीएम मोदी समेत राहुल गांधी ने जनता से की ये अपील…

 रायपुर: छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो चुका है। चुनाव को लेकर पीएम मोदी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खडगे, गृहमंत्री शाह और राहुल गांधी ने ट्वीट कर जनता से मतदान करने की अपील की है।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, छत्तीसगढ़ में मंगलवार को लोकतंत्र के पावन उत्सव का दिन है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि, वे अपना वोट जरूर डालें और इस उत्सव के भागीदार बनें। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने वाले राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई!

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर लिखा, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया! आज छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम चरण का मतदान शुरु हो चुका है। हमारी हर मतदाता से, ख़ासतौर से पहली बार वोट देने वाले युवाओं से अपील है कि वोट ज़रूर करें। हमें पूरा विश्वास है कि छत्तीसगढ़ में न्याय युक्त शासन रहेगा और लोकतंत्र के प्रति भरोसा बरक़रार रहेगा।

 

गृहमंत्री शाह ने ट्वीट कर लिखा, छत्तीसगढ़ के प्रथम चरण के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि, प्रदेश से भ्रष्टाचार और घोटालों के शासन को समाप्त कर जनजातीय समाज, किसानों, गरीबों और युवाओं के कल्याण के प्रति समर्पित सरकार चुनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। आपका एक बहुमूल्य वोट छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य का निर्माण करेगा।

 

इसके अलावा राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर लिखा, जब इस्तेमाल करें अपना मताधिकार, याद रहे, छत्तीसगढ़ में फिर एक बार, कांग्रेस की भरोसे की सरकार। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ को गारंटी-

किसानों का कर्ज़ माफ
20 क्विंटल/एकड़ धान खरीदी
भूमिहीनों को ₹10,000/वर्ष
धान पर ₹3,200 MSP
तेंदूपत्ता पर ₹6,000/बोरा
तेंदूपत्ता के लिए ₹4000/वर्ष बोनस
200 यूनिट बिजली फ्री
गैस सिलेंडर पर ₹500 सब्सिडी
KG से PG तक मुफ्त शिक्षा
₹10 लाख तक मुफ्त इलाज
17.5 लाख परिवारों को आवास
जातिगत जनगणना

हम जो कहते हैं, वो कर के दिखा देते हैं!

 

 

 
और भी

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेता की हत्या...

नारायणपुर: विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नक्सलियों ने भाजपा नेता की हत्या कर दी है। मृतक का नाम रतन दुबे था और भाजपा जिला उपाध्यक्ष व जनपद सदस्य के पद पर थे। घटना कौशलनार क्षेत्र की है।


जानकारी मुताबिक, भाजपा नेता रतन दुबे शनिवार को चुनाव प्रचार के लिए कौशलनार निकले थे। इस दौरान नक्सलियों ने हत्या कर दी। फिलहाल हत्या का कारण सामने नहीं आया है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।

 

मालूम हो कि 20 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के मोहल्ला मानपुर में घर घुसकर बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक बीजेपी नेता का नाम बिरझू तारम था। घटना मानपुर थाना क्षेत्र के सरखेड़ा गांव की थी।

 


बता दें, छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर को पहले चरण में मतदान है और प्रदेश में आचार संहिता भी लागू है। इस तरह की घटना ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

 

 

 
और भी

सीएम भूपेश ने छत्तीसगढ़ को किया शर्मसार, तत्काल इस्तीफा दें : बृजमोहन

रायपुर: भाजपा के वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने महादेव एप के प्रमोटर्स द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए दिए जाने पर कहा है कि भूपेश बघेल को मिलने वाले अपराध से अर्जित इस धन के तार कहीं-न-कहीं कांग्रेस आलाकमान से भी जुड़े हो सकते हैं। अगर कांग्रेस नेतृत्व में शर्म बाकी हो तो उसे मुख्यमंत्री बघेल से तुरंत इस्तीफा दिलवाना चाहिए। अपराध से अर्जित पैसे का उपयोग चुनाव में करने का पाप प्रदेश कांग्रेस और उसकी भूपेश सरकार कर रही है, इस पर चुनाव आयोग को भी संज्ञान लेकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने प्रश्न किया कि क्या चुनाव आयोग इस मामले में कांग्रेस को चुनावी प्रक्रिया से अलग करेगा?


विधायक अग्रवाल ने शनिवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय आहूत पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी को शर्मसार और बदनाम करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी है। छत्तीसगढ़ियावाद का पाखंड रचकर छत्तीसगढ़ को बदनाम करने वाले मुख्यमंत्री बघेल को महादेव एप से 508 करोड़ रुपए दिए जाने का खुलासा होना बहुत शर्मनाक है। प्रदेश के लोगों को, युवाओं को सट्टा खिलाकर उन्हें सट्टे के दलदल में धकेलकर उससे लिए गए पैसों को चुनाव में लगाना बेहद आपराधिक षड्यंत्र है, लेकिन मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस के नेताओं को इससे गुरेज नहीं है। शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुँचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका वाड्रा और राहुल गांधी भी इस मामले पर जवाब दें। उन्होंने तीन माह पूर्व ही महादेव एप के मामले में दुर्ग-भिलाई का ही कनेक्शन जुड़ने पर यह आशंका व्यक्त की थी कि आगे चलकर इसके तार सत्ता शीर्ष के गिरेबाँ तक पहुँचेंगे जो आज सच साबित हुई है। जब इस मामले की जाँच आगे बढ़ने लगी तो मुख्यमंत्री बघेल ने दिल्ली जाकर कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। अब तो यह सच भी प्रदेश को बताया जाना चाहिए कि क्या कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक महादेव एप की आपराधिक कमाई का हिस्सा पहुँच रहा था?

 


क्यों अपराधियों के संरक्षक बनते हैं सीएम बघेल : बृजमोहन
बृजमोहन अग्रवाल ने सवाल किया कि क्या इसीलिए छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही सीबीआई को भूपेश सरकार ने बैन किया था? आखिर क्यों ईडी की कार्रवाई होते ही मुख्यमंत्री बघेल बिना किसी प्रकार की जांच किए सीधे आरोपियों के संरक्षण में खड़े हो जाते हैं। महादेव एप में ईडी के छापों में मुख्यमंत्री के सलाहकार की भूमिका भी सामने आई है। सभी मामलों में मुख्यमंत्री अभियुक्तों के संरक्षक बनकर खड़े हो गए। उन्होंने तथ्य रखते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को छत्तीसगढ़ में शुभम सोनी के माध्यम से असीम दास पैसा पहुँचाता था। शुभम सोनी के माध्यम से एक वॉइस मैसेज के माध्यम से असीम दास को यह आदेश दिया गया कि वह रायपुर जाए और बघेल को चुनाव के खर्चे के लिए पैसे दे। अभी दो दिन पहले 2 नवम्बर को होटल ट्राइटेन में असीम दास से सर्च में पैसा बरामद हुआ। इसी प्रकार अलग-अलग बैंक खातों से 15.50 करोड़ रुपए प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉण्ड्रिंग एक्ट के तहत फ्रीज़ किया गया। असीम दास ने अपने स्टेटमेंट में यह कुबूल किया है कि वह दुबई से आदेशानुसार रायपुर पहुँचा। उसे आदेश यह हुआ था कि कांग्रेस के चुनाव के खर्चे के लिए पैसा दिया जाए। असीम दास ने यह कुबूल किया कि यह पैसा महादेव एप के इल्लीगल बेटिंग ऑपरेशन्स का पैसा है। असीम दास ने कुबूल किया कि शुभम सोनी महादेव ऑनलाइन बुक के टॉप लेवल मैनेजमेंट में शामिल हैं।

 


बृजमोहन ने कहा कि यह तथ्य चौंका देने वाला है कि जिस शुभम सोनी के बारे में असीम दास ने स्टेटमेंट दिया है, जांच एजेंसियों के पास उस शुभम का वॉयस मैसेज भी उपलब्ध है। उन्होंने शुभम सोनी का वॉइस मैसेज पढ़कर भी सुनाया। वॉयस मैसेज में शुभम असीम दास को दुबई से तुरंत भारत जाकर बघेल (भूपेश बघेल) के आदमी को 8-10 करोड़ रुपये पहुंचाने का निर्देश दे रहा है। इस मैसेज में शुभम यह भी कहते सुना गया है कि छत्तीसगढ़ से उसके पास चुनावी फंडिंग के लिए बहुत सारे फोन कॉल और मैसेज आ रहे है। शुभम ने यह भी कहा कि वह असीम के छत्तीसगढ़ पहुंचते ही महादेव एप की स्थानीय शाखा से पैसे का इंतजाम करवा देगा।

 



उन्होंने कहा कि ईडी की अब तक की जांच में सामने आया है कि महादेव एप के प्रोमोटर चंद्रभूषण वर्मा के जरिये पुलिस अधिकारियों और सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं को संरक्षण के लिए बड़ी जनराशि नियमित रूप से भेजते थे। वहीं शुभम सोनी ने ईमेल के जरिये ईडी को बताया कि महादेव एप की तरफ से भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। एजेंसी ने इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की 450 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के एवं प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित रहें।

 

 

 
और भी

बाईक रैली से दिया गया मतदाता जागरूकता का संदेश

सारंगढ़-बिलाईगढ़: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. फरिहा आलम सिद्दीकी के नेतृत्व में सुबह सारंगढ़ के जनपद कार्यालय से खेलभांठा मैदान तक मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बाईक रैली का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर ने बाइक चलाकर रैली का नेतृत्व की और नागरिकों को बाइक रैली के माध्यम से मतदान जागरूकता का संदेश दिया है। यह रैली तुर्की तालाब, सोनार पारा रोड, राजापारा, नया तालाब रोड, भारतमाता चौक, गढ़ चौक होते हुए खेलभांठा मैदान में समाप्त हुआ।


जनपद पंचायत सारंगढ़ में इस अवसर पर "मतदाता मन के गोठ" नामक थीम पर दीवार लेखन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी आम नागरिकों, काॅलेज के विद्यार्थियों, समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दी एवं मतदान हेतु प्रेरणादायक स्लोगन लिखे। डॉ सिद्दीकी ने लिखा "मतदान अवश्य करें"।

 


 रैली समापन स्थल खेलभांठा मैदान में कलेक्टर डाॅ सिद्दीकी ने उपस्थित सभी नागरिकों को मतदान हेतु शपथ दिलाई एवं शत प्रतिशत मतदान हेतु लोगों को प्रेरित करने के लिए कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, पंचायत नोडल हरिशंकर चौहान, सारंगढ़ जनपद सीईओ संजू पटेल, परियोजना अधिकारी युवराज पटेल, कार्यक्रम प्रबंधक संदीप तम्बोली सहित बड़ी संख्या में युवा और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

 

 

 
और भी

मल्लिकार्जुन खड़गे का 3 को छत्तीसगढ़ दौरा, आमसभा को करेंगे संबोधित

रायपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नियमित विमान सेवा द्वारा कल दिनांक 03.11.2023 को दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 12.10 बजे हेलीकाप्टर द्वारा रायपुर से अभनपुर के लिये रवाना होंगे। दोपहर 12.40 बजे अभनपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 1.50 बजे  हेलीकॉप्टर द्वारा अभनपुर से जिला सक्ती, चंद्रपुर के लिये रवाना होंगे। दोपहर 3 बजे जिला सक्ती, चंद्रपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4.10 बजे हेलीकाप्टर द्वारा  जिला सक्ती, चंद्रपुर से रायपुर के लिये रवाना होंगे। शाम 5.10 बजे रायपुर पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम रायपुर में करेंगे।

और भी

कौन है प्रमोद? छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल के इस ट्वीट के बाद बढ़ी हलचल

 रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच आज शुक्रवार का दिन बेहद खास रहने वाला है।

एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे, वहीं कांग्रेस भी बड़ा सियासी खुलासा कर सकती है। सीएम भूपेश बघेल ने सुबह-सुबह अपने इंटरनेट मीडिया एक्‍स हैंडल पर चार लाइन लिखकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

बघेल ने अपने एक्स अकाउंट में लिखा है कि-
प्रमोद को उन्होंने क्या दिखाया?
फिर प्रमोद ने उन्हें क्या बताया?
थोड़ी देर में पता चलेगा..

और भी

फ्लैग मार्च कर सुरक्षा बलों ने लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने प्रेरित किया

मोहला: जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस और 442 वीं एवं 443वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। थाना मानपुर, खडग़ांव, मोहला, अंतर्गत अस्थाई केम्प- बसेली, टोहे, करकेली, मानपुर, कोसमी, शेरपार, कुम्हाली में थाना/केम्प प्रभारियों की नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान आम जनता को विधानसभा चुनाव में मतदान करने हेतु मतदान के महत्व के बारे में बतलाया गया। जिला पुलिस बल एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के द्वारा नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार आसपास के क्षेत्र में किया जा रहा है, एरिया डोमिनेशन, सर्चिंग किया जा रहा हैं।


विधानसभा चुनाव 2023 के प्रथम चरण को मतदान दिवस 7 के परिपेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (भापुसे) जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण  चुनाव सम्पन्न कराने क्षेत्र के लोगों को मताधिकार के उपयोग और मतदान के महत्व बताने व नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जिला पुलिस बल एवं पैरा मिलिट्री फोर्स के चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में निर्भिक होकर मतदान करने लोगों को जागरूक करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) प्रशांत कतलम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंबागढ़ चौकी अर्जुन कुर्रे, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मानपुर मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में दिनांक 1 नवंबर को थाना मानपुर, खडग़ांव, मोहला, अंतर्गत अस्थाई कैम्प - बसेली, टोहे, करकेली, मानपुर, कोसमी, शेरपार, कुम्हली में बीएसएफ की  442 वीं एवं 443 वीं वाहिनी के कम्पनी द्वारा केम्प प्रभारियों के नेतृत्व में शाम 4 बजे से फ्लैगमार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान आम जनता को विधानसभा चुनाव में मतदान हेतु प्रोत्साहित करने, मतदान के महत्व के बारे में बताते हुए सुरक्षा बलों चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में निर्भिक होकर अपने मताधिकार का उपयोग करने प्रेरित किया गया। जिला पुलिस बल एवं केंद्रीय पैरा मिलिट्री बल के द्वारा नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार आसपास के क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन, सर्चिंग, कांफिडेंस बिल्डिंग मेजर्स किया जा रहा है।

 


इसी प्रकार बीएसएफ की कम्पनी ने अस्थाई केम्प के आसपास फ्लैग मार्च किया। शतप्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया गया। मताधिकार के महत्व को  बताकर निर्भिक होकर स्वतंत्र मतदान करने आव्हान किया गया। नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने लगातार सर्च और पेट्रोलिंग किया जा रहा है।

 

 

 
और भी