छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने रायगढ़ के मिलेट कैफे को सराहा

9 माह में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी ख्याति बना चुका है रायगढ़ का मिलेट कैफे

कैफे में मिलता है रागी से बना चीला, इडली, डोसा, मोमोज, पिज्जा और कोदो की बिरयानी

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में मिलेट हब बन रहा है छत्तीसगढ़

 

मिलेट मिशन से मिला मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायगढ़ के नटवर स्कूल के पास एक मिलेट कैफे चल रहा है। यूं तो कई खूबियों के कारण यह अपने आप में अनूठा कैफे है। इस कैफे में रागी, कोदो, कुटकी जैसे मोटे अनाजों से बने लजीज व्यंजन परोसे जाते हैं। जिसमें स्वाद के साथ सेहत की जुगलबंदी होती है। इस कैफे को प्रदेश के पहले मिलेट कैफे होने का गौरव हासिल है, जिसके संचालन का जिम्मा पूरी तरह महिलाओं के हाथों में है। आज इसकी पहचान में एक नई खासियत जुड़ गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं अपने रेडियो कार्यक्रम ’मन की बात’ कार्यक्रम में इसका जिक्र कर इस मिलेट को बढ़ावा देने की पहल को सराहा। उन्होंने देशवासियों। से कहा कि जब छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जाने का मौका मिले तो मिलेट कैफे जाकर वहां के व्यंजनों का आनंद जरूर उठाएं। इस कैफे में रागी से बने पास्ता, चीला, इडली, मंचूरियन, मोमोज, पिज्जा, नूडल, दोसा, कोदो से बनी बिरयानी का स्वाद लिया जा सकता है ।

उल्लेखनीय है कि मोटे अनाजों के उत्पादन और उपभोग को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट ईयर के रूप में मनाया जा रहा है।

 गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रागी, कोदो, कुटकी जैसे मोटे अनाजों और लघु धान्य फसलों की पैदावार बढ़ाने, इनकी खरीदी की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित करने और इनकी प्रोसेसिंग कर इन्हें शहर के बाजारों तक पहुंचाने के लिए मिशन-मिलेट शुरू किया गया है। राज्य सरकार ने कोदो, कुटकी और रागी का समर्थन मूल्य तय करने के साथ-साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के दायरे में इन्हें भी शामिल किया है। प्रदेश के 14 जिलों को इस मिशन में शामिल किया गया है। इसके लिए इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च हैदराबाद से एमओयू किया गया है। एमओयू के अंतर्गत इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च हैदराबाद छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी एवं रागी की उत्पादकता बढ़ाने, तकनीकी जानकारी, उच्च क्वालिटी के बीज की उपलब्धता और सीड बैंक की स्थापना के लिए सहयोग और मार्गदर्शन दे रहा है।

छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी, रागी की समर्थन मूल्य पर की जा रही है खरीदी

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में मिलेट्स को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी और रागी का ना सिर्फ समर्थन मूल्य घोषित किया गया अपितु समर्थन मूल्य पर खरीदी भी की जा रही है। इस पहल से छत्तीसगढ़ में मिलेट्स का रकबा डेढ़ गुना बढ़ा है और उत्पादन भी बढ़ा है। मुख्यमंत्री की पहल पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधायकों और मीडिया के लिए मिलेट्स से बने व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए दोपहर भोज का भी आयोजन किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ में मिलेट कैफे भी प्रारंभ हो चुका है। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नथिया-नवागांव में मिलेट्स का सबसे बड़ा प्रोसेसिंग प्लांट भी स्थापित किया जा चुका है। मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए गौठानों में विकसित किए जा रहे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट लगाए जा रहे हैं।

सदियों पुराने सेहतमंद खानपान की शैली को फिर से मिल रहा प्रोत्साहन

कई पीढिय़ों से रागी, कोदो जैसे अनाज हमारे आहार का प्रमुख हिस्सा हुआ करता था। किंतु आज इनका उपयोग सीमित हो गया है। ये अनाज सेहत के लिए जरूरी बहुत से पोषक तत्वों से युक्त होते हैं। इस कैफे से लोगों को इन अनाजों से तैयार व्यंजन के रूप में सेहतमंद विकल्प मिलेंगे। इस मिलेट कैफे की शुरुआत मई 2022 में की गई है।

मिलेट कैफे से महिला उद्यमिता को मिल रहा है बढ़ावा

इस कैफे की शुरुआत जिला प्रशासन की पहल व सहयोग से हुआ है। इसका संचालन विकास संघ महिला समूह द्वारा किया जा रहा है। इसमें तकनीकी सहयोग महिला बाल विकास विभाग और ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया फाउंडेशन द्वारा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महिला समूहों के लिए मिलेट्स आधारित कैफे की शुरुआत की गयी है।

और भी

छत्तीसगढ़ी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाने एकजुट हुए साहित्यकार

छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन में तीन पुस्तकें विमोचित 

 

छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन शामिल हुए प्रदेशभर के साहित्यकार 

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव और छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन के दूसरे दिन आज रविवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर के ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ साहित्य और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विषय पर दो सत्रों में छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन सम्पन्न हुआ। सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राजगीत से हुआ। इस अवसर पर बेमेतरा से आये श्री रामानंद त्रिपाठी की कविता को श्रोताओं ने खूब सराहा। इस मौके पर लेखक श्री कृष्ण कुमार पाटिल की पुस्तक जय छत्तीसगढ़ दाई, डॉ. गीतेश अमरोही की पुस्तक कौशल्या और छत्तीसगढ़ी उपन्यास सोन कमल का विमोचन किया गया।


सत्र में कई प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त किये। श्री संजीव तिवारी ने छत्तीसगढ़ी भाषा के विकास के लिए इलेक्ट्रॉनिक माध्यम पर आगे कैसे कार्य किया जाए एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से छत्तीसगढ़ी की-बोर्ड के विकास के बिंदुओं पर अपने विचार और अनुभव साझा किये। प्रतिभागियों ने आधुनिक छत्तीसगढ़ी और पुरानी छत्तीसगढ़ी भाषा का उपयोग आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया के माध्यम से आज के लोगो पर पड़ रहे प्रभाव एवं भाषाई अंतर पर अपने-अपने अनुभव व्यक्त किये। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी साहित्य को अधिक से अधिक इंटरनेट के माध्यम से वेबपोर्टल और ब्लॉग बनाकर आगे बढ़ाने के तरीके पर भी चर्चा की गई। जिसमें प्रतिभागियों ने भाषा के विकास के लिए आधुनिक और पुराने छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के सहयोग की मांग की। राजभाषा आयोग के सचिव डॉ. अनिल कुमार भतपहरी ने पूरे सहयोग का भरोसा दिया।


छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन के दूसरे सत्र की अध्यक्षता डॉ. सुधीर पाठक ने की। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. वीणा बंजारे ने अपने उद्बोधन से किया। जिसमें उन्होंने पुराने रीति-रिवाजों पर चर्चा की और संस्कृति साहित्य को आगे बढ़ाने आधुनिक माध्यम इंटरनेट और वीडियो माध्यम पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में साहित्यकार कृष्ण कुमार पाटिल, डॉ गीतेश अमरोही, उपन्यासकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मधुमिता पाल और वेब मीडिया के विशेषज्ञ गुरतुर गोठ के संपादक संजीव कुमार तिवारी मौजूद रहे।

और भी

मुख्यमंत्री ने माखनलाल चतुर्वेदी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रसिद्ध कवि, लेखक और पत्रकार ’पद्मभूषण’ श्री माखनलाल चतुर्वेदी की 30 जनवरी को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। श्री बघेल ने श्री माखनलाल चतुर्वेदी का देश के लिए योगदान और उनकी रचनाओं को याद करते हुए कहा कि माखनलाल जी ने अपनी प्रभावशाली लेखनी से लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत किया और उन्हें आजादी की लड़ाई में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया। आजादी की लड़ाई के दौरान वे कई बार जेल गए। उनकी रचनाओं में प्रकृति प्रेम के साथ त्याग, बलिदान और देश भक्ति का अनूठा संगम दिखाई देता है। उनके द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान बिलासपुर के सेन्ट्रल जेल में लिखी गई लोकप्रिय रचना पुष्प की अभिलाषा इसका सुंदर उदाहरण है। श्री बघेल ने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी जी का साहित्य और देश के लिए अमूल्य योगदान लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

और भी

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

शहीद दिवस पर अमर सेनानियों को दी श्रद्धांजलि 

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी ‘शहीद दिवस‘ के अवसर पर उन्हें नमन किया है। श्री बघेल ने महात्मा गांधी सहित देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर बलिदानियों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। भारत की आजादी के लिए महात्मा गांधी के अतुल्य योगदान को याद करते हुए श्री बघेल ने कहा कि गांधी जी ने पूरी दुनिया को दिखाया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर डटे रहकर किस तरह बड़ा लक्ष्य हासिल किया जाता है। राज्य सरकार भी गांधी जी के दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू ने भारतीय समाज की बुनियाद को समझा और अंतिम व्यक्ति की चिंता की। सशक्त इरादों के साथ आगे बढ़ने के लिए बापू के विचार मूल्य हमें सदा प्रेरित करते रहेंगे।

और भी

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव 2023

एकांकी नाट्कों में सामाजिक समस्याओं पर प्रभावी प्रस्तुति, दर्शकों से मिली खूब सराहना 

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एकांकी नाटक का मंचन किया गया। जिसमें ज्वंलत समस्याओं जैसे पर्यावरण संरक्षण, महिला साक्षरता, सामाजिक बुराईयों का चित्रण कर समाज को इन बुराईयों से निजात दिलाने का संदेश दिया गया। एकांकी नाटक में सभी संभागों के 15 वर्ष से 40 वर्ष आयु वर्ग के कलाकारों ने हिस्सा लिया।

एकांकी नाट्क में सर्वप्रथम रायपुर संभाग के धमतरी जिला के कलाकारों के द्वारा खोज शीर्षक से अपनी प्रस्तुति दी गई। जिसमें महात्मा बुद्ध के सिद्धांतों पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। कांकेर जिला के कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी भाषा मे एकांकी ’हाय रे मोबाइल’ छत्तीसगढ़ी भाखा नंदावत है’’ की प्रस्तुति दी गई, जिसमें आज के युवा मोबाइल पर घंटों समय व्यतीत करते है। उनको मना करने पर गुस्सा होते है। यह छत्तीसगढ़ ही नहीं हर जगह होना आम बात हो गई है। इस पर प्रभावी प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। 

खैरागढ़ जिला ने ’कौन गलत’ शीर्षक से प्रस्तुति दी, जिसमें नारी पर होने वाले अत्याचारों को रोकने का संदेश दिया गया। मुंगेली जिला द्वारा ’’शिक्षित बालिका-सशक्त नारी’’ थीम पर एकांकी प्रस्तुति की गई, जिसमें बालिका शिक्षा और दहेज की सामाजिक बुराई का चित्रण किया गया। सरगुजा जिला के युवाओं के द्वारा मानव विकास और पर्यावरण थीम पर एकांकी प्रस्तुति की गई। एकाकी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। 

और भी

मुख्यमंत्री ने धरसींवा में शहीद स्मारक उद्यान का किया लोकार्पण

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज धरसींवा में झीरम घाटी के शहीदों की प्रतिमा का अनावरण करते हुए शहीद स्मारक उद्यान का लोकार्पण किया। झीरम में हुए नक्सली हमलों में अपनी जान गंवाने वाले  शहीद विद्याचरण शुक्ल,  शहीद नंद कुमार पटेल,  शहीद महेन्द्र कर्मा, शहीद योगेन्द्र शर्मा,  शहीद उदय मुदलियार एवं शहीद प्रफुल्ल शुक्ला की प्रतिमाएं शहीद स्मारक उद्यान में स्थापित की गई हैं।

शहीदों की प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास में सभी शहीद जनप्रतिनिधियों का योगदान अतुलनीय करार देते हुए कहा कि ये अमर शहीद प्रदेश वासियों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे।
और भी

मुख्यमंत्री ने अमर शहीद श्री हेमू कालाणी के शहादत दिवस पर उन्हें किया नमन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद श्री हेमू कालाणी को आज उनके शहादत दिवस पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर  नमन किया । इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी के अध्यक्ष श्री राम गिडलानी, श्री सुरेश डिडलानी, श्री अर्जुन वासवानी, श्री अमर बजाज, श्री अमर पचरानी, श्रीमती राधा राजपाल, श्री रवि ग्वालानी एवँ श्री अनेश बजाज भी उपस्थित थे ।

मुख्यमंत्री ने श्री कालाणी के शहादत को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी की बेड़ियों से आजाद कराया । इन वन्दनीय वीरों में सबसे कम उम्र के बालक क्रांतिकारी शहीद हेमू कालाणी के बलिदान को देश कभी भुला नहीं पायेगा । सन 1942 में जब महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन चलाया तो 19 वर्षीय यह किशोर 'अंग्रेजों भारत छोड़ो' नारे के साथ इस आंदोलन में कूद पड़ा । उन्होंने अपने साथियों के साथ विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार किया और लोगों से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का आग्रह किया ।

और भी

राज्यपाल सुश्री उइके से गवर्नमेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट कर ज्ञापन सौंपा

  रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से आज राजभवन में गवर्नमेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार नवरंग के नेतृत्व में प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर, अपनी समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

और भी

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि वितरण कार्यक्रम में हो रहे हैं शामिल

  रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री बघेल अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 8 करोड़ 03 लाख रूपए का करेंगे भुगतान

-मुख्यमंत्री ने 1 जनवरी से 15 जनवरी तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 2.13 लाख क्विंटल गोबर के एवज में उनके खाते में 4 करोड़ 27 लाख रूपए की राशि ऑन लाईन अंतरित की

-गौठान समितियों को 2.23 करोड़ रुपए का किया गया भुगतान

-महिला समूहों के खाते में 01 करोड़ 53 लाख रूपए की लाभांश राशि अंतरित की गई

-छत्तीसगढ़ में 20 जुलाई 2020 से गोधन योजना शुरु हुई है

 -योजना में 2 रुपए प्रति के किलो की दर से अब तक 100.86 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई

-गोबर विक्रेताओं को अब तक किया गया 201.72 करोड़ रूपए का भुगतान

-गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को अब तक किया गया है 175.64 करोड़ रूपए का भुगतान

-इस तरह गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को अब तक 395.35 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया

-इस बार भी 1 से 15 जनवरी 2023 पखवाड़े में गोबर खरीदी के लिए प्रदेश के स्वावलंबी गौठनों ने कृषि विभाग की तुलना में अधिक राशि का भुगतान किया

-गोबर विक्रेताओं को आज भुगतान की गई 4.27 करोड़ रुपए की राशि में से 2.52 करोड़ रुपए का भुगतान 4690 स्वावलंबी गौठानों ने अपने संसाधनों से और 1.75 करोड़ रूपए का भुगतान कृषि विभाग द्वारा किया गया

स्वावलंबी गौठनों द्वारा अब तक 37.71 करोड़ रुपए के गोबर की खरीदी की गई है

गौठनों में अब तक 4 रुपए लीटर में खरीद गया 1 लाख 20 हजार 171 लीटर गौमूत्र

गौमूत्र से बनाए गये कीटनाशक ब्रम्हास्त्र और वृद्धिवर्धक जीवामृत की बिक्री से महिला स्व सहायता समूहों को हुई 23.98 लाख रूपए की आय

पैरा दान की अपील पर किसानों ने गौठनों में किया 15.68 लाख क्विंटल पैर दान
-गोबर से अब तक 27 लाख क्विंटल से अधिक कम्पोस्ट का उत्पादन

-गोधन न्याय योजना से 3 लाख 98 हजार से अधिक ग्रामीण लाभान्वित

-राज्य में स्वीकृत 10 हजार 921 गौठनों में से 9596 गौठान निर्मित
- गौठनों में आय मूलक गतिविधियों से महिला स्व सहायता समूह ने अब तक 105.18 करोड़ रुपए की आय अर्जित की

-गौठनों में 11 हजार 477 महिला स्वसहायता समूहों की 1 लाख 31 हजार 898 महिलाएं कार्यरत हैं

और भी

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल पहुंचे शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सांसद श्री राजीव शुक्ला और मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा भी स्टेडियम में मौजूद हैं।

 मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का चक्कर लगाया, दर्शकों का अभिवादन किया

 छत्तीसगढ़ की राजधानी में पहली बार अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच का आयोजन हो रहा है।

आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच  दूसरे वन डे अंतराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जा रहा है।

मुख्यमंत्री दर्शकों के साथ मैच का ले रहे हैं।

 नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया, संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत भी मुख्यमंत्री श्री बघेल के साथ मैच देख रहे हैं।

और भी

छत्तीसगढ़ में हर साल बन रहा है धान खरीदी का नया कीर्तिमान : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज बिलासपुर जिले की तखतपुर विधानसभा के खैरी गांव में भेंट-मुलाकात को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में हर साल धान खरीदी का नया कीर्तिमान बन रहा है। इस वर्ष अब तक 100 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी की जा चुकी है। नई राज्य सरकार के गठन के बाद पहले साल 84 लाख मीट्रिक टन, दूसरे साल 93 लाख मीट्रिक टन, तीसरे साल 97 लाख मीट्रिक टन। किसानों को 3 दिन में ही धान का पैसा मिल जाता है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के बारे में पूछा और कहा कि अभी 3 क़िस्त दे चुके हैं, तीसरी क़िस्त दीवाली के समय दिए, चौथी क़िस्त 31 मार्च को देंगे। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि सबकी आय में वृद्धि हो। किसान मजदूरों के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए हमने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले। स्कूलों के जीर्णोद्धार, आईटीआई केंद्रों के उन्नयन के लिए हमने बजट में प्रावधान किया। हमारा यह प्रयास है कि सभी की आर्थिक उन्नति होनी चाहिए। आस्था केंद्रों के विकास के लिए हमने प्रयास किया। राम वन गमन पथ, हरेली तिहार, तीज पर्व पर अवकाश घोषित किया। फुगड़ी जैसे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए पहली बार छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पहल राज्य है, जहां भूमिहीन मजदूरों को सालाना 7 हजार रूपए की आर्थिक सहायता देने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना प्रारंभ की गई है। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है जहां कोदो-कुटकी और रागी समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। 

इसके पहले मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन, माल्यार्पण एवं राज्य गीत “अरपा पैरी के धार“ के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरूआत की। राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल और संसदीय सचिव श्रीमती रश्मि आशीष सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। 

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज खैरी में कार्यक्रम हो रहा है। यहां योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन जानने आया हूं। भेंट-मुलाकात के माध्यम से सभी से बात करेंगे और जानेंगे कि जमीनी स्तर पर काम हुआ कि नहीं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से ऋण माफी और समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों से जानकारी ली। गोधन न्याय योजना पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि गोबर से दिए, गमले, गौकाष्ठ और अब गोबर से पेंट भी बना रहे हैं जिससे शासकीय भवनों की रँगाई पुताई की जा रही है। अब हम गोबर से बिजली बनाने की भी तैयारी कर रहै हैं। 

रूरल इंडस्ट्रियल पार्क युवाओं को मिलेगा रोजगार 

प्रदेश में गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रहे हैं। रीपा में परम्परागत कार्य करने वाले हमारे मेहर समाज, सेन समाज, धोबी समाज, देवांगन समाज के लोगों को स्थान, शेड एवँ प्रशिक्षण देकर उनके व्यवसाय को पुनर्जीवित करने का प्रयास हमारी सरकार कर रही है। 

को-ऑपरेटिव बैंक के मैनेजर को दिए कैश लिमिट बढ़ाने के निर्देश
 
भेंट-मुलाकात में भूपेंद्र श्रीवास ने बताया कि उनकी 5 एकड़ जमीन है, एक लाख 2 हजार रुपए की ऋण माफी हुई। इस साल का धान बेच लिया, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत कुल 3 क़िस्त मिल गई, इसका राशि का उपयोग उन्नयन कार्य में किया। संजय कौशिक ने बताया कि उनकी 3.5 एकड़ जमीन है। तखतपुर को-ऑपरेटिव बैंक में एक बार में केवल 49 हजार रुपए तक पैसे देते हैं। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने को-ऑपरेटिव बैंक के मैनेजर को कैश लिमिट बढ़ाने के निर्देश दिए।

गन्ना से एथेनॉल बनाने का प्लांट जून तक होगा शुरू
 
भेंट-मुलाकात में किसान द्वारा गन्ना की फैक्ट्री लगाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने विस्तार से बताया और कहा कि गन्ना से एथेनॉल प्लांट बनाने की कार्रवाई की जा रही है। जो जून में शुरु हो जाएगा। मक्के से एथेनॉल बनाने का प्लांट भी जल्द ही शुरु होगा।  उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इसी तरह धान से एथेनॉल का प्लांट लगाना चाहती है लेकिन केन्द्र द्वारा अनुमति नहीं दी जा रही। 

तहसीलदार को तत्काल जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश
 
मुख्यमंत्री द्वारा जाति प्रमाण पत्र के बारे में पूछे जाने पर दिलीप कुमार छेदाम ने कहा कि मेरा प्रमाण पत्र बन गया है, लेकिन मेरे बेटे को सकरी तहसीलदार द्वारा प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा, इस पर मुख्यमंत्री ने तहसीलदार को मौके पर बुलाकर आज ही प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए। परदेशी दास मानिकपुरी ने बताया कि उन्हें भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना के 3 क़िस्त मिली है, 6 हजार मिला। योजना की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में पहला राज्य है जहां यह योजना लागू है।

 उमा देवी यादव ने एक लाख का गोबर बेचा

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने के लिए छात्रा राजनंदिनी माथुर ने अंग्रेजी में मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उमा देवी यादव ने बताया एक लाख के गोबर बेची, 2 लाख 80 हजार का वर्मी कम्पोस्ट बनाया। इनसे हुई आमदनी से 2 गाय खरीदी और बाकी पैसे बच्चों की पढ़ाई में लगाया। वर्मी कम्पोस्ट से मिली राशि से गहना ली है। प्रमिला ने बताया कि 396 क्विंटल वर्मी बनाए हैं, समूह में कुल 10 लोग हैं। मोहिनी कौशिक नाम की नन्ही बच्ची ने कहा कि उसे शुगर की समस्या है। उसके पिता ने शिक्षा, स्वास्थ्य में सहयोग करने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। जिसे सुनकर मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद स्कूल में मोहिनी के एडमिशन के लिए सहयोग करने की बात कही। तूताडीह की श्रीमती बेगबाई ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका राशनकार्ड बना है। और उन्हें नियमित रूप से 10 किलो चावल मिलता है।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं :-

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने खैरी में आम जनता और जनप्रतिनिधियों की मांग पर अनेक घोषणाएं की। उन्होंने जुनापारा में सहकारी बैंक की शाखा खोलने, क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने ट्रांसफार्मर लगवाने, खैरी गांव में गलियों के कांक्रीटीकरण, ग्राम पंचायत खैरी में मिनी स्टेडियम के निर्माण, शासकीय प्राथमिक शाला खैरी में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण, खैरी तालाब के सौंदर्यीकरण, कन्या हाई स्कूल मोछ का हायर सेकेन्डरी स्कूल में उन्नयन, ग्राम चितावर के प्राथमिक शाला का मिडिल स्कूल में उन्नयन, ग्राम सागर के सागर मईया तालाब के सौंदर्यीकरण, ग्राम जरोंधा में प्राथमिक शाला के लिए एवं ग्राम खपरी में पंचायत के लिये भवन का निर्माण, गिरधोना में उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिये भवन निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सकरी के स्वामी आत्मानंद स्कूल में उन्नयन की घोषणा की।
और भी

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को दादी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का मिला निमंत्रण

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज यहाँ उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास के प्रतिनिधित्व में श्री नारायणी धाम सेवा समिति के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की । उन्होंने मुख्यमंत्री को जांजगीर-चाम्पा जिले के नैला में 19 जनवरी से 26 जनवरी तक आयोजित दादी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया । मुख्यमंत्री ने सदस्यों को आमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया । इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष श्री मुकेश अग्रवाल, श्री आशीष अग्रवाल, श्री विशम्भर अग्रवाल तथा श्री कमलेश सिंह भी उपस्थित थे ।

और भी

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आदिवासी बाहुल्य ग्राम रंजना निवासी कुम्हार श्री मुकुंदराम के घर लिया स्वादिष्ट छत्तीसगढ़िया भोजन का स्वाद

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत आज कोरबा जिले के विधानसभा क्षेत्र कटघोरा पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आदिवासी बाहुल्य ग्राम रंजना निवासी मुकुंदराम के घर पहुंचकर उनका हाल चाल जाना।


मुख्यमंत्री ने तहसील कटघोरा के ग्राम रंजना निवासी कुम्हार श्री मुकुंदराम के घर पर बड़ी ही सादगी के साथ स्वादिष्ट और छत्तीसगढ़िया भोजन का स्वाद लिया। कुम्हार परिवार ने पूरी आत्मीयता से मुख्यमंत्री को मिट्टी के पात्र में चावल पकाकर परोसते हुवे भोजन कराया। उल्लेखनीय है की श्री मुकुंदराम के घर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी सोनिया गांधी सहित सन् 1985 में आए थे। मुख्यमंत्री के साथ श्री मुकुंदराम की पत्नी श्रीमती हीराबाई ने भी भोजन किया। मुख्यमंत्री का उनके घर पर स्वयं आने और अपने बीच बैठकर भोजन करता पाकर परिवारजन खुशी से गदगद दिखाई दिए। 

भोजन के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बघेल का कुम्हार श्री मुकुंदराम के परिवारजनो ने अपने घर के मुख्य द्वार पर  चंदन, आरती कर और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। कुम्हार परिवार ने मुख्यमंत्री को भोजन में चावल, दाल, रोटी सहित क्षेत्र की चनौरी भाजी, अमारी फूल की चटनी और लोकप्रिय चिरपोटी पताल की चटनी खिलाया। इसके साथ ही उनके भोजन मे ईढहर, चना दाल सहित भथवा भाजी, मुनगा रखिया बड़ी आलू, बटराली सेमी, जिमी कांदा, उड़द दाल का बड़ा, खट्टा वाला लंबा मिर्च, बीजौरी, पापड़ और सलाद आदि शामिल थे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल के साथ ही घर के 90 वर्षीय मुखिया श्री मुकुंदराम की पत्नी श्रीमती हीराबाई,, स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, लोकसभा क्षेत्र कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, कटघोरा विधायक श्री पुरुषोत्तम कंवर, पाली तानाखार विधायक श्री मोहितराम केरकेट्टा , महापौर राजकिशोर प्रसाद ने भी भोजन किया। मुख्यमंत्री ने स्वादिष्ट और छतीसगढिया भोजन के लिए श्री मुकुंदराम एवं उनके परिवार को धन्यवाद दिया साथ ही उपहार भी भेंट किये।
और भी

ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पारित होने पर जाति प्रमाण पत्र और वन अधिकार पट्टे के प्रकरणों का हो तत्काल निराकरण: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज कोरबा जिले की कटघोरा विधानसभा के ग्राम नोनबिर्रा में भेंट-मुलाकात के दौरान अधिकारियों से कहा कि ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद ग्रामीणों के जाति प्रमाण पत्र और वन अधिकार पट्टे के प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। राज्य शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को मिले, लोगों की आय बढ़े। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। भेंट-मुलाकात में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, लोकसभा संासद श्रीमती ज्योत्सना महंत, विधायक श्री मोहित राम केरकेट्टा और श्री पुरूषोत्तम कंवर, पूर्व विधायक श्री बोधराम कंवर भी उपस्थित थे।

            भेंट-मुलाकात में तिवरता (हरदी बाजार) के किसान रमेश कुमार जांगड़े ने वन अधिकार पट्टा अब तक नहीं मिलने की बात कही, उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभा में तीन पीढ़ी से भूमि पर काबिज होने का साक्ष्य सिद्ध हो गया है, इसके बावजूद भी पट्टा नहीं मिला। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने कल तक उन्हें वन अधिकार पट्टा देने के अधिकारियों को निर्देश दिए और पंचायत सचिव अनिल कुमार केंवट को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा जाति प्रमाण पत्र के बारे में पूछे जाने पर उर्तला गांव की आरती चौहान ने बताया कि उसका सर्टिफिकेट नहीं मिल पा रहा, इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रकरण को देखकर जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। 
          ग्राम नोनबिर्रा के किसान देवीप्रसाद पटेल ने बताया कि उन्होंने 75 क्विंटल धान बेचा, जिसके एक लाख रुपए खाते में आए हैं। उन्होंने बताया सब्जी का धंधा भी करता हूं। शासन की योजनाओं का लाभ ले रहा हूं। मुख्यमंत्री के पूछे जाने पर देवीप्रसाद ने कहा कि पत्नी और बहू के लिए दो-दो तोला सोना लिया है। ग्राम छिंदपुर के किसान देवसिंह राठौर ने बताया कि उनका 50 हजार रुपए ऋण माफ़ हुआ है। मुख्यमंत्री ने पूछा कि ऋणमाफी से बचे हुए पैसों का क्या किया, इस पर देवसिंह ने बताया कि उनका उपयोग घर खर्चे में किया है। उन्होंने बताया कि उनके गांव में ज्यादा बिजली बिल आने की समस्या आ रही है। मुख्यमंत्री  ने बिजली बिल अनियमितता की शिकायत के संबंध में संबंधित अधिकारी से कारण पूछा और जल्द से जल्द इस समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
         भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सभी परिवारों के राशन कार्ड बनवाए हैं, चाहे बीपीएल परिवार हो या एपीएल परिवार हो। राशन कार्ड बनने के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा पूछे जाने पर छीर पानी की रहने वाली सुनीता पटेल ने बताया कि खाद्यान्न योजना के अंतर्गत पर्याप्त राशन मिल रहा है। मुफ्त में नमक भी मिल रहा है। सुनीता ने गैस के दाम कम करने की बात कही, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस के दाम केंद्र सरकार तय करती है। सुनीता ने मुख्यमंत्री से गांव के आंगनबाड़ी में मितानिन न होने की जानकारी देते हुए मितानिन पदस्थ करने का आग्रह किया। ग्राम दमिया की रहने वाली चंद्रवती जगता और उनकी मां ने बताया कि उन्हें 30 साल से पट्टा नहीं मिला। जिसे सुनकर मुख्यमंत्री ने प्रकरण की जांच करने एसडीएम को निर्देशित किया।
           भेंट-मुलाकात में गोधन न्याय योजना के बारे में पूछे जाने पर निर्मला बाई कंवर ने बताया कि उन्होंने ढाई सौ क्विटंल गोबर बेचकर 50 हजार रूपये की आमदनी हुई है। यह सुनकर मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना की। सैलागांव की रहने वाली रेखा विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि 300 क्विंटल से ज्यादा खाद बनाया, इससे हुई आमदनी से सभी सदस्यों ने 26-26 हजार रुपए बांटा और उन्होंने सोने का झुमका लिया। सरोज करपे ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत हर सोमवार को गाड़ी आती है, फ्री में इलाज होता है। ग्राम भेलवाडोंगरी के श्री पोर्ते ने बताया कि उन्हें हाट बाजार क्लिनिक में बीपी की जानकारी मिली, जिसका इलाज करा रहे हैं। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के संबंध में एक किसान ने बताया कि ग्राम पंचायत बांधाखार के 78 लोगों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। मानिकपुर के समूह की महिला ने गौठान की मांग की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गांव में गौठान देने के लिए कहा।
          तेंदूपत्ता संग्रहण के बारे में पूछे जाने पर मनशीला पैकरा ने बताया कि बेटे के 12वीं में फर्स्ट डिवीजन आने पर प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रवृत्ति मिली। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा देवांशी ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। कक्षा 8वीं की छात्र संध्या कंवर ने बताया पहले मैं दीपका के सेंट थॉमस स्कूल में पढ़ती थी। कक्षा 8वीं से मैंने आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में एडमिशन लिया। संध्या ने बताया कि यहां निःशुल्क अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा दी जाती है। स्कूल में मिड-डे मील भी दिया जाता है इसके साथ-साथ स्कूल में प्ले ग्राउंड, लैब और लाइब्रेरी आदि की बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा अनुष्का राठौर ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से अंग्रेजी में बात की और स्कूल में चल रही पढ़ाई एवं सुविधाओं के बारे में बताया। 
हरिबोल महिला समूह ने वनौषधि बेचकर कमाए 25 लाख, ’एक करोड़ का मिला आर्डर, हवाई जहाज से सिंगापुर की यात्रा की
           भेंट-मुलाकात में हरि बोल स्व सहायता समूह वन धन विकास केंद्र डोंगानाला की सरोज पटेल और फूलबाई नरेटी ने बताया कि उनका समूह जड़ीबूटी से वनौषधि तैयार करता है। फूलबाई ने बताया कि पिछले साल 47 लाख का टर्न ओवर था जिसमे 20 लाख की आमदनी हुई थी। सरोज ने बताया कि अब तक 75 लाख की दवाइयां बेची है, जिससे  25 लाख की आमदनी हुई है। फूलबाई ने बताया कि शुगर, बी पी गठिया आदि की दवाइयां बना रही है। अभी आयुष विभाग द्वारा 1 करोड़ की दवाइयों का ऑर्डर मिला है। हमने अभी सिंगापुर की भी यात्रा की। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए कहा हमारे गांव की बेटी ने अपने मेहनत के बल पर विदेश घूमने का भी सौभाग्य प्राप्त किया।

नोनबिर्रा में मुख्यमंत्री की घोषणाएं-

मुख्यमंत्री ने ग्राम नोनबिर्रा में भेंट-मुलाकात के दौरान अनेक घोषणाएं की। उन्होंने ग्राम नोनबिर्रा में नई आदिमजाति सेवा सहकारी समिति (लैम्प्स) प्रारंभ करने, पूर्व माध्यमिक शाला मुड़पार का उन्नयन, ग्राम नोनबिर्रा में 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, नोनबिर्रा के खलारी जलाशय का जीर्णाेद्धार, नोनबिर्रा के शिवसागर तालाब का उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण, शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय को स्नातकोत्तर महाविद्यालय का दर्जा देने, ग्राम बोइदा में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन निर्माण, विधानसभा कटघोरा क्षेत्र में 25 देवगुड़ी (ठाकुर देव) के निर्माण और चौरा रानी में अहाता निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण की घोषणा की।
और भी

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक से बन रही प्रदेश की एक नई पहचान

स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में दौड़ और लम्बी कूद में प्रतिभागियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा  

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक केवल खेल नहीं यह है हमारे छत्तीसगढ़ के युवक-युवतियों की पहचान। आज राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल में भरपूर उत्साह के साथ भाग लेते हुए खिलाड़ियों ने यह बात कही। 


इसके तहत 8 जनवरी से 10 जनवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में आज पहले चरण में स्वामी विवेकानन्द स्टेडियम कोटा में 3 चरणों में शून्य से 18 वर्ष के लड़के और लड़कियों ने 100 मीटर की दौड़ में भाग लिया। इसके पश्चात 18 से 40 वर्ष के युवक एवं युवतियों ने 100 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस 100 मीटर दौड़ में 40 से अधिक वर्ष के महिला एवं पुरूषों दोनों ही वर्ग के प्रतिभागी शामिल हुए। इसके साथ दूसरा आयोजन लम्बी कूद का था। जिसमें शून्य से 18 वर्ष के बालक-बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। 


आज यह गौरव का दिन था। गौरव इसलिए भी क्योंकि आज के 100 मीटर दौड़ में जिन महिला-पुरुषों ने भाग लिया। वे कई ऐसे थे जो 40 वर्ष की उम्र को पार करने जा रहे थे पर उन्हें जीवन में किन्हीं कारणों से कभी खेलने-कूदने का अवसर नहीं मिला था। वे आज सब बेहद खुशी से अपनी प्रतिभा से लोगों को वाकिफ करवा रहे थे।


आज के 100 मीटर दौड़ में कई ऐसी गृहणियां थी जो केवल घर का चूल्हा-चौका संभालती आ रही थी आज उनके चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। राज्य सरकार के इस छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों के आयोजन ने उन्हें अपने चूल्हे-चौके से निकालकर एक ऐसा मंच दिया, जिससे वे अपने भीतर दौड़ने की प्रतिभा को पहचान पाईं।


आज स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में लम्बी कूद और 100 मीटर दौड़ के जिन प्रतिभागियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनके नाम इस तरह से हैं-लम्बी कूद महिला 0 से 18 वर्ष में विजयी प्रतिभागी बस्तर से तारणिका सीता, द्वितीय दुर्ग से चंचल, तीसरे स्थान पर सरगुजा से शिक्षा सिंह। लम्बी कूद पुरूष में दुर्ग से प्रभात कुमार, सरगुजा से सलीम टोप्पो, बस्तर से तुषार सीता। 


इसी तरह 100 मीटर दौड़ में 0 से 18 वर्ष के बालकों में प्रथम स्थान बिलासपुर आर्यन भारती, द्वितीय रायपुर पारस तारक, तृतीय बस्तर तुषार तेता। 100 मीटर दौड़ बालिकाओं में 0 से 18 वर्ष प्रथम बस्तर से तारणिका तेता, द्वितीय रायपुर रोशनी नेताम, तृतीय सरगुजा शिक्षा सिंह। 18 से 40 वर्ष 100 मीटर दौड़ में पुरूषों में प्रथम स्थान रायपुर से मुकेश भोई, द्वितीय दुर्ग से बिसाहू, तृतीस सरगुजा के राकेश कुमार। महिलाओं में 18 से 40 वर्ष में 100 मीटर दौड़ में प्रथम प्रतिभागी रही रायपुर से नबोनीता बेरा, द्वितीय स्थान दुर्ग रामकली पटेल, तृतीय बस्तर से योगिता नेताम। 100 मीटर दौड़ में 40 वर्ष से अधिक उम्र में प्रथम स्थान  प्राप्त किया है दुर्ग से जी. कामेश्वर, द्वितीय रायपुर से रामावतार सिंह, तृतीय स्थान बिलासपुर से प्रहलाद कैवर्त्। 100 मीटर दौड़ में 40 वर्ष से अधिक उम्र में महिला प्रतिभागियों में प्रथम स्थान दुर्ग से इंगला बाई, द्वितीय बिलासपुर से कविता चौहान, तृतीय बस्तर से जयंती मण्डावी रहे।

और भी

हरिद्वार में विसर्जित हुईं पीएम मोदी की माँ की अस्थियां...

बड़े भाई सहित परिवार के कुछ सदस्य पहुंचे  

हरिद्वार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की माता हीराबेन की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार विसर्जित की गई। वीआईपी घाट पर पीएम नरेंद मोदी के भाई पंकज मोदी परिवार के कुछ सदस्यों के साथ अस्थियां लेकर आए। बिना प्रोटोकॉल के अस्थियां लाई गई। स्थानीय पुलिस-प्रसाशन को इसकी भनक तक नहीं लगी।


पीएम मोदी की मां हीराबेन का निधन 30 दिसंबर को तड़के अहमदाबाद के अस्पताल में हो गया था। हीराबेन की उम्र 100 साल थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की तबीयत बिगड़ने पर  उन्हें अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। आज हरिद्वार में पीएम मोदी के बड़े भाई माता हीराबेन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे।

 

 

और भी

सांसद महंत ने गृहमंत्री शाह से मांगा आईसीएमआई...

 कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केन्द्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह के कोरबा प्रवास पर क्षेत्रीय सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने मां सर्वमंगला की पावन भूमि पर अभिवादन करते हुए मांग की है। क्षेत्रीय सांसद श्रीमती महंत ने छत्तीसगढ़ राज्य सहित औद्योगिक जिला कोरबा में सहकारिता संरचना के विकास के लिए प्रेषित ज्ञापन में आग्रह किया है कि सहकारिता संरचना हेतु इंडियन को-आपरेटिव मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आईसीएमआई) की राज्य स्तर पर स्थापना कराई जाए। छत्तीसगढ़ राज्य के प्रत्येक जिला स्तर पर संयुक्त सहकार भवन की स्थापना कराई जाए साथ ही जिला खनिज न्यास मद से 2 प्रतिशत की भागीदारी (सहकारिता अधोसंरचना एवं कार्यशील पूंजी) की स्थापना करने हेतु निर्देशित करें। कोरबा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचीं सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत स्थानीय अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुईं।

और भी

मुख्यमंत्री की घोषणा पर त्वरित अमल : श्रमिक सियान सहायता के तहत अब 20 हजार की राशि मिलेगी एक मुश्त

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नववर्ष पर रायपुर के गांधी मैदान में श्रम विभाग द्वारा संचालित शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के हितग्राही श्रमिकों सें भेंट की थी। इस अवसर पर उन्होंने सियान श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत एक मुश्त दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को दस हजार रूपए से बढ़ाकर बीस हजार रूपए करने की घोषणा की थी। श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के अनुरूप अधिसूचना जारी कर मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना की राशि में वृद्धि कर दी है। 


श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में संचालित पंजीकृत निर्माण श्रमिकों हेतु 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके निर्माण श्रमिकों की मंडल की सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है, ऐसे निर्माण श्रमिक जो मंडल की सदस्यता से निवृत होने वाले है, उन्हें सदस्यता से निवृत होने के पूर्व बेहतर जीवन यापन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत एक मुश्त राशि प्रदान की जाती है। योजना के तहत निर्माण श्रमिक के रूप में कम से कम विगत तीन वर्ष से मंडल में पंजीकृत होना चाहिए तथा निर्माण श्रमिक की न्यूनतम आयु 59 वर्ष एवं अधिकतम 60 वर्ष होना चाहिए। श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र श्रमिक आवेदन श्रम विभाग के विभागीय पोर्टल cglabour.nic.in पर आनलाईन प्रारंभ किया गया है। श्रमिक स्वयं आनलाईन के माध्यम से या श्रमेव जयते मोबाईल एवं संबंधित जिले के श्रम कार्यालय में या किसी भी लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से आवेदन कर सकते है।
और भी