छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

आदिवासी संग्रहालय में लगेंगी छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पेंटिंग

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नवा रायपुर में बनने जा रहे आदिवासी संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और जननायकों की आकर्षक पेंटिंग लगेगी। शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कलाकारों की चयनित पेंटिंग का उपयोग किया जाएगा।


राजधानी रायपुर में 10 दिसंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयुक्त सह संचालक आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान शम्मी आबिदी ने कलाकारों को संबोधित करते हुए उक्त आशय के विचार व्यक्त किए। इस चित्रकला प्रतियोगिता में 166 कलाकारों ने हिस्सा लिया।

शम्मी आबिदी ने शहीद वीर नारायण सिंह की शहादत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों का बहुमूल्य योगदान है। आदिम जाति एवं अनुसंधान प्रशिक्षण संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘आदि विद्रोह’ में आदिवासी जननायकों के इतिहास और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।

यह चित्रकला प्रतियोगिता दो विधाओं-केनवास पेंटिंग और ड्राईंग सीट पेंटिंग में आयोजित की गई। केनवास पेंटिंग प्रतियोगिता-16 से 25 आयु वर्ग में रूपेन्द्र साहू ने प्रथम, गौरव कुमार ने द्वितीय और दियांशु देवांगन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दीपक जुर्री, सूर्यकांत भोई, गौरव कुमार पटेल, मुकेश कुंजाम और सतीश साहू ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।

केनवास पेंटिंग प्रतियोगिता-25 आयु वर्ग से अधिक में  प्रकाश चंद्र सिंह ने प्रथम, पंकज यादव ने द्वितीय और हरिश कुमार गोंड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कु. सुरभी वर्मा, हेमंत कुमार धु्रव, कु. प्रशंसा वर्मा, अजय देशकर,दीपक कुमार शर्मा ने सांत्वना प्राप्त किया।

केनवास पेंटिंग प्रतियोगिता 16 से 25 आयु वर्ग एवं 25 से अधिक आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रूपये, द्वितीय को 8 हजार रूपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 6 हजार रूपये की सम्मान राशि, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए। सांत्वना पुरस्कार में 5-5 प्रतिभागियों को एक-एक हजार रूपये की सम्मान राशि और प्रमाण पत्र दिया गया।  

ड्राईंग सीट पेंटिंग प्रतियोगिता-12 से 18 आयु वर्ग में उग्रेश बंजारा ने प्रथम, प्रयाग खलखो ने द्वितीय और अमृतांश एस.नाथ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कु. नैन्सी महिलांगे, कु. सानिया कमार, पंकज कुमार नेताम, कु. एस. तान्या देवी और तर्ण कुर्रे ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। ड्राईंग सीट पेंटिंग प्रतियोगिता 18 से 30 आयु वर्ग में गिरजा शंकर साहू ने प्रथम, कु. पुष्पा नेताम ने द्वितीय और पुनाराम निषाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। त्रिलोक ठाकुर, कु. सुरभि अग्रवाल, अमित अनंत, ओंकेश्वर और प्रेमलाल पाईक ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।

ड्राईंग सीट पेंटिंग प्रतियोगिता-12 से 18 आयु वर्ग एवं 18 से 30 आयु वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 3 हजार रूपये और तृतीय पुरस्कार 2 हजार रूपये की सम्मान राशि, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया। प्रत्येक वर्ग में 5-5 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक-एक हजार रूपये की सम्मान राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अध्यक्ष कला अकादमी छत्तीसगढ़ योगेन्द्र त्रिपाठी, वरिष्ठ चित्रकार  हुकुम लाल वर्मा एवं इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के सहायक प्राध्यापक फाईन आर्ट चित्रकला विभाग  संदीप किण्डो शामिल थे। निर्णायक मंडल के  योगेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि सभी कलाकृतियां अपने आप में बेहद खूबसूरत थी। इनमें से किसी एक को चुनना बहुत मुश्किल था।

उन्होंने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अपर संचालक  ए.के. गढ़ेवाल और उपायुक्त  प्रज्ञान सेठ ने भी संबोधित किया।
 
और भी

लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दुर्ग के एकेबी इंजीनियरिंग के प्रोपराईटर से 58.50 लाख रुपए का ठगी करने वाला आरोपी सी.पी.डी.एल सर्विसेज प्रा.लिमिटेड फर्म के निदेशक देव सिन्हा उर्फ वकील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसमे संलिप्त आरोपी सूरज विश्वकर्मा अभी फरार है, उसकी भी गिरफ्तारी करने के लिए पतासाजी पुलिस कर रही है।

खबरें और भी : मेडिकल कॉलेज में दाखिला के नाम पर 35 लाख की ठगी

अनिल कुमार बंछोर ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज करया कि उसका भिलाई दुर्ग में ए के बी इंजीनीयरिंग नाम से रजिस्टर्ड फर्म है तथा वह पेशे से इंजीनियर है। प्रार्थी का टिकरापारा क्षेत्र के रियो कॉम्प्लेक्स स्थित सी.डी.पी.एल सर्विसेज प्रा. लिमिटेड के निदेशकों सूरज विश्वकर्मा एवं देव सिन्हा से जिला-कोरिया छत्तीसगढ़ में ऑप्टिकल फाईबर केबल बिछाने (1000 किमी. 225 रूपये प्रति मीटर) की दर से 22 करोड़ 50 लाख रूपये का अनुबंध दिनांक 21.10.2020 को हुआ था जिसके अनुसार प्रार्थी द्वारा 18,00,000/- रूपये सिक्युरिटी डिपोजिट किया गया था।

प्रार्थी द्वारा उक्त अनुबंध अनुसार लगभग 40,50,000/- का कार्य करने के पश्चात् किये गये कार्य के भुगतान करने की बात कही गई। जिस पर उक्त फर्म सी.डी.पी.एल सर्विसेज प्रा. लिमिटेड के निदेशकों द्वारा किये गये कार्य का भुगतान न करते हुए प्रार्थी को गोलमोल जवाब देने के साथ-साथ प्रार्थी के द्वारा फोन करने पर फोन रिसीव नही किया जाने लगा। इस प्रकार उक्त फर्म के निदेशक सूरज विश्वकर्मा एवं देव सिन्हा द्वारा प्रार्थी के साथ कुल 58,50,000/- रूपयों का ठगी किया गया।

खबरें और भी : करोड़ो की ठगी करने वाला फर्जी वकील गिरफ्तार

जिस पर आरोपियों कि विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 755/22 धारा 420, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटना की जानकाीर मिलते ही इस घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा अतिरित पुलिस अधीक्षक पश्चिम देव चरण पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश चौधरी तथा थाना प्रभारी टिकरापारा निरीक्षक अमित बेरिया को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।

जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी टिकरापारा के नेतृत्व में थाना टिकरापारा पुलिस की टीम द्वारा प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी देव सिन्हा उर्फ वकील निवासी रायपुर को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर आरोपी देव सिन्हा उर्फ वकील द्वारा सूरज विश्वकर्मा निवासी रायपुर के साथ मिलकर उक्त ठगी की घटना को कारित करना स्वीकार किया गया है। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी देव सिन्हा उर्फ वकील को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध कार्यवाही की गई।

 

और भी

सीएम भूपेश बघेल हेलीपेड से बसना के लिए रवाना

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर पुलिस लाईन हेलीपेड से महासमुंद जिले के ग्राम गोपालपुर के लिए रवाना हो गए है ।

मुख्यमंत्री आज बसना विधानसभा के ग्राम गोपालपुर और ग्राम पिरदा में आम जनता से भेंट-मुलाकात करेंगे। बसना में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण एवँ शिलान्यास करेंगे तथा प्रतिनिधि मंडलों से भी करेंगे मुलाकात।

 

 

और भी

गौठानों में सभी आवश्यक पंजियों का संधारण अनिवार्य रूप से करें : कलेक्टर

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गोधन न्याय योजना के तहत जिले के गौठानों में पशुपालकों से गोबर खरीदकर उससे वर्मी खाद तैयार करने तथा उसका विक्रय किया जा रहा है। इसके क्रियान्वयन की समीक्षा करने कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने संबंधित अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी सक्रिय गौठानों में गोबर खरीदी में तेजी लाने के साथ-साथ सभी जरूरी पंजी जैसे वर्मी उत्पादन, गोबर खरीदी, आगंतुक एवं निरीक्षण पंजी आदि का संधारण अनिवार्य रूप से करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही सभी आय-व्यय का ब्यौरा स्पष्ट तौर पर करने के लिए कहा। बैठक में उन्होंने सभी विकासखण्ड में स्थित सक्रिय गौठानों में गोबर खरीदी, कम्पोस्ट निर्माण और विक्रय की सिलसिलेवार जानकारी ली।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में  सुबह 9.30 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने नगरी विकासखण्ड में स्थित गौठानों औसत से कम गोबर खरीदी पर असंतोष प्रकट करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गोबर बेचने को तैयार हैं किन्तु उनसे नियमित रूप से गोबर नहीं खरीदा जा रहा। कलेक्टर ने गोबर बेचने में रूचि लेने वाले पशुपालकों का पंजीयन कर उनसे तत्काल गोबर खरीदने के निर्देश जनपद पंचायत नगरी के सी.ई.ओ. को दिए। साथ ही यह भी कहा कि अगर किसी गौठान का समूह सक्रिय नहीं है तो उसे बदलकर गोबर खरीदें।

उन्होंने कहा कि गत सप्ताह नगरी ब्लॉक के 27 गौठानों में औसत से भी कम गोबर की खरीदी हुई है, जो उचित नहीं है। इसके अलावा ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में स्थित सक्रिय गौठानों में गोबर खरीदने के साथ-साथ वर्मी कम्पोस्ट निर्माण और उसके विक्रय में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया ने ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) के तहत चयनित गौठानों में जल्द से जल्द कार्य प्रारम्भ कराने और आयमूलक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और मछलीपालन विभाग के अधिकारियों को दिए।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 367 सक्रिय गौठान हैं जिनमें धमतरी विकासखण्ड में 95, कुरूद में 114, मगरलोड में 72 तथा नगरी विकासखण्ड में 78 गौठान शामिल हैं। इनमें 311 ग्रामीण क्षेत्र में और 48 आवर्ती चराई गौठान हैं। इसी प्रकार नगरीय निकायों में कुल 08 गौठान हैं जिनमें नगर निगम धमतरी में 03 तथा शेष पांचों नगर पंचायतों में एक-एक गौठान स्थापित हैं। यह भी बताया गया कि योजना की शुरूआत से अब तक कुल 4 लाख 67 हजार 886 क्विंटल गोबर खरीदकर 84 हजार 927 क्विंटल वर्मी खाद उत्पादित कर 61 हजार 901 क्विंटल खाद का विक्रय क्रिया जा चुका है।

इसी तरह धमतरी विकासखण्ड के भटगांव और सारंगपुरी गौठान में गोमूत्र क्रय किया जा रहा है। इन गौठानों में अब तक कुल 2185 लीटर गोमूत्र खरीदा जा चुका है जिसका मूल्य 8740 रूपए है। इसके अलावा जिले के 215 गौठानों में बाड़ी विकास, 15 में सब्जी उत्पादन, 50 में बकरीपालन, 63 में मुर्गीपालन, 39 में मछलीपालन, 87 में मशरूम उत्पादन तथा शेष 80 में विभिन्न प्रकार की आयमूलक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मछलीपालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

 

 

और भी

ऑनलाइन सट्टा पर कार्रवाई, दो सटोरिए गिरफ्तार...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन करने वाले 2 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को सिविल लाईन पुलिस और एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट ने अंजाम दिया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाईल फोन, नगदी रकम और सट्टा का हिसाब जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ अज्ञात सटोरियों द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के माध्यम से ऑन-लाईन सट्टा खिलाने हेतु वेबसाईट का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है एवं उनके द्वारा लोगों को ऑन-लाईन सट्टा खेलने हेतु आई.डी. भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सूचना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, थाना प्रभारी सिविल लाईन एवं प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को सोशल मीडिया एप में ऑन-लाईन सट्टा का प्रचार-प्रसार करने एवं सट्टा खिलाने हेतु आई.डी. उपलब्ध कराने वाले अज्ञात सटोरियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त संबंध में कार्य करना प्रारंभ किया गया। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की साईबर विंग द्वारा तकनीकी विश्लेषण के दौरान पाया गया कि अज्ञात सटोरियों द्वारा raipurbook.in वेबसाईट के माध्यम से लोगों को आई.डी. उपलब्ध कराकर सट्टा का संचालन किया जा रहा है। जिस पर साईबर विंग द्वारा raipurbook.in वेबसाईट के संबंध में जानकारी एकत्र किया जाकर उक्त वेबसाईट में लिंक मोबाईल नंबरों की जानकारी प्राप्त की गई। प्राप्त मोबाईल नंबरों का पुनः विश्लेषण करने पर पाया गया कि मोबाईल नंबर जिला महासमुंद के बागबहरा में 02 अलग -अलग व्यक्ति जो बागबहरा के निवासी है, के द्वारा संधारित किया जाकर लोगों को ऑन-लाईन सट्टा खिलाने हेतु वेबसाईड के माध्यम से आई.डी. उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम महासमुंद के बागबहरा रवाना होकर दोनों व्यक्तियों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम अभिषेक शर्मा एवं कुशवंत छाबड़ा निवासी बागबाहरा महासमुंद का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके मोबाईल फोन की जांच करने पर दोनों के मोबाईल फोन के नंबर raipurbook.in वेबसाईट में लिंक होना पाये जाने के साथ ही वेबसाईट में दिखने वाले अन्य मोबाईल नंबर भी उनके मोबाईल फोन में पाये गये। पूछताछ में दोनों सटोरियों ने बताया कि उनके द्वारा उक्त वेबसाईट को हैदराबाद की एक निजी कंपनी आकृति वेब साफ्टवेयर से बनवाया गया है तथा उनके द्वारा 03 दिवस पूर्व ही ऑन लाईन सट्टा खिलाना प्रारंभ किया गया था।

रायपुर पुलिस को उक्त संबंध में सूचना प्राप्त होते ही ऑन लाईन सट्टा संचालन करने वाले दोनों संचालकों को पकड़ा गया तथा सटोरियों द्वारा सोशल मीडिया के जिन प्लेटफार्मो में उक्त वेबसाईट के माध्यम से ऑन लाईन सट्टा खिलाने प्रचार-प्रसार किया जा रहा था, उन संबंधित प्लेटफार्मो के कंपनी को उक्त वेबसाईट के प्रचार-प्रसार को बंद करने ई-मेल किया गया है तथा वेबसाईट बनाने वाली हैदराबाद की कंपनी को भी इस संबंध में नोटिस जारी किया गया है। दोनों सटोरियों द्वारा ऑन - लाईन सट्टा का पूरा नेटवर्क महासमुन्द के बागबाहरा से संचालित किया जा रहा था। दोनों सटोरियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 779/22 धारा 4क जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया जाकर सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 नग मोबाईल फोन, नगदी रकम 19,500 रूपये एवं सट्टा का हिसाब जप्त कर कार्यवाही किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
अभिषेक शर्मा पिता प्रदीप शर्मा उम्र 31 वर्ष निवासी मेन रोड बागबाहरा, मकान नं0 34 जिला महासमुन्द।
कुशवंत छाबड़ा पिता स्व निरंजन सिंग छाबड़ा उम्र 29 वर्ष निवासी वार्ड नं0 09 कर्रा पारा बागबाहरा जिला महासमुन्द।

और भी

जब सरकारी अस्पताल के बिस्तर पर आराम फरमाते दिखा लावारिस कुत्ता, देखें वीडियो...

 बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आम इंसानों के लिए सरकारी हॉस्पिटल में बेड मिल पाना मुनासिब नहीं हो पाता । मगर एक ऐसा ही दृश्य शासकीय हॉस्पिटल में देखने को मिला है जहाँ एक लावारिस कुत्ता बेड  में आराम फरमाते नजर आया।

दरअसल यह मामला बिलाईगढ़ के सारंगढ़ में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां एक लावारिस कुत्ता बड़े ही आराम से बेड पर अपनी नींद पूरी कर रहा है। मगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारीयों की नजर इस पर नहीं पड़ी। जिसे यदि हम विडंबना कहे या सरकारी अस्पताल का दुर्भाग्य तो भी गलत नहीं होगा। जहां मरीजों को उनके इलाज के लिए बेड सही समय पर नहीं मिल पाता ऐसे में यह नजारा सरकारी सिस्टम पर कई बड़े सवाल खड़े होने लगते है। इसे यहां के जिम्मेदार अधिकारी या ड्यूटी पर तैनात कर्मचारीयों की घोर लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है।

इधर इस मामलें में हमारी टीम ने जब स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ आर एल सिदार से फोनकर जानकारी हासिल करना चाहा तो उनके द्वारा इस मामलें में कुछ भी नहीं कहने की बात करके अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।

और भी

भेंट-मुलाकात : विधानसभा बसना, ग्राम गोपालपुर

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भेंट मुलाकात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हर वर्ग के लिए अलग-अलग योजनाएं बनाई गयी हैं, ताकि हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित हो।

हम विधानसभा में नीति-कानून बनाते हैं, उसका क्रियान्वयन हो रहा या नहीं पता करने आये हैं। उन्होंने कहा कि हम हितग्राहियों से मिलकर सुख-दुख के गोठ करते हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हैं।

 

 

और भी

भाजपा आरक्षण विधेयक पर साइन रूकवाने जाती है राजभवन : कांग्रेस

भाजपा क़ी आदिवासी आरक्षण पर चिन्ता मात्र भानुप्रतापपुर उपचुनाव तक, चुनाव खत्म- चिंता खत्म

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर होने में राजभवन में हो रही देरी पर बयानबाजी कर रहे भाजपा नेताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की आदिवासी आरक्षण बहाली की चिंता मात्र भानूप्रतापपुर उपचुनाव तक था।  उपचुनाव में करारी हार के बाद भाजपा की आरक्षण बहाली की चिंता की पोल खुल गई है। अब भाजपा नेता राजभवन जाकर आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर नही करने की मांग करते है। न्यायालय के फैसले के बाद कम हुई आदिवासी आरक्षण की बहाली की मांग को लेकर 15 अक्टूबर को भाजपा के नेता एकात्म परिसर से राजभवन मार्च किए थे। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने प्रदेश के आदिवासी ओबीसी एससी और ईडब्ल्यूएस वालों को आरक्षण का कानूनी अधिकार दे रही है आदिवासी वर्ग के 32 प्रतिशत आरक्षण की बहाली हो रही है तब भाजपा के नेता एकात्म परिसर के भीतर बैठकर विधेयक में हस्ताक्षर ना हो इसके लिये भाजपा नेता के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल भेजकर विधेयक पर हस्ताक्षर रूकवाने का षडयंत्र रच रहे है। भाजपा नेताओं का यह आरक्षण विरोधी चरित्र आरक्षित वर्गो के आगे बेपर्दा हो गया है। अब आरक्षित वर्ग समझ गया कि आखिर पूर्व रमन सरकार ने अपने आरक्षण विरोधी मंसूबे को पूरा करने के लिये 32 प्रतिशत आरक्षण का आधार बताने गठित नंनकीराम कमेटी का जिक्र न्यायलय में दिये गये हलफनामा में नही किया था। न्यायलय के समक्ष नंनकीराम कंवर कमेटी एवं सीएस के अध्यक्षता में गठित 32 प्रतिशत आरक्षण का आधार बताने वाले रिपोर्ट को भी आरक्षण विरोधी षडयंत्र के तहत ही प्रस्तुत भी नही किया। पूर्व रमन सरकार ने एक ओर जहां आदिवासी समाज को गुमराह किया था दूसरी ओर 32 प्रतिशत के आधार बताने के मामले में न्यायलय को भी अंधेरे में रखा था।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र में मोदी भाजपा की सरकार बनने के बाद पूरा देश ने देखा है किस प्रकार से राजभवन के कार्यों में भी केंद्र सरकार अनैतिक रूप से दबाव डालती हैं। महाराष्ट्र गोवा मध्य प्रदेश की राजभवन कि घटना किसी से छुपी नहीं है किस प्रकार से राजभवन राजनीति का अखाड़ा बन गया था वही स्थिति छत्तीसगढ़ में भी उत्पन्न हो रही है ऐसा लगता है कि केंद्र की भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ के आदिवासी आरक्षण विधेयक को रुकवाने में तुली हुई है और भाजपा के नेता यहां राजनीतिक बयानबाजी कर उस षड्यंत्र से जनता का पर्दा हटाने में लगे हुए हैं।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा का चरित्र आदिवासी ओबीसी एससी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के बीच उजागर हो चुका है पूर्व रमन सरकार के दौरान आदिवासी वर्ग को 32 प्रतिशत आरक्षण दिया गया तब एससी वर्ग के आरक्षण में 4 प्रतिशत की कटौती किया गया और दो वर्गों के बीच में विवाद उत्पन्न कर आरक्षण को खत्म करने का षड्यंत्र रचा गया। आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार सभी वर्गों को उनके जनसंख्या के आधार पर आरक्षण दे रही है तो कहीं ना कहीं भाजपा को इसे पीड़ा हो रही है क्योंकि आर एस एस और भाजपा के नेता कई बार सार्वजनिक मंचों से आरक्षण को खत्म करने की बात कर चुके हैं।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल को 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक पर बिना शंका के हस्ताक्षर करना चाहिए राज्य सरकार ने सभी पहलुओं पर गंभीरता पूर्वक विचार कर 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक को विधानसभा में पास करवाया है और उसे सुरक्षा कवच देने के लिए लोकसभा के नौवीं अनुसूची में शामिल करने का भी संकल्प पारित किया है लोकसभा के नौवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए भेज भी दिया गया है ऐसे में राज्यपाल महोदय जी को प्रदेश के आदिवासी ओबीसी एससी और पुलिस वालों के हित में तत्काल इस विधेयक पर साइन करना चाहिए।

 

 

और भी

रायपुर भाजपा की बैठक आहूत, आगामी कार्यक्रमों पर किया गया मंथन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला की आवश्यक बैठक आहूत की गई जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के नेतृत्व में आहूत बैठक में आगामी 16 तारीख से 21 तारीख तक प्रदेश नेतृत्व के आव्हान पर सांसद प्रवास योजना के तहत राजधानी रायपुर में महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश महामंत्री भाजपा छ.ग. केदार कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक अलग अलग तिथि पर विधानसभा वार पदाधिकारियो की बैठक लेंगे।  नुक्कड़ सभाएँ करेंगे एवं स्थानीय कार्यकर्ता के यहाँ भोजन का कार्यक्रम तय है, जिससे कार्यकर्ताओ एवं शीर्ष नेतृत्व के बीच सीधा संवाद एवं समन्वय स्थापित हो सके ।

आज की बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल ने सभी जिला पदाधिकारियो को सांसद प्रवास योजना कि विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में हमने बढ़े हुए बिजली दरों के खिलाफ विधानसभा वार आंदोलन किए जिस कड़ी में कल पश्चिम विधानसभा में भव्य आंदोलन किया जाएगा सभी विधानसभा के सफल कार्यक्रम के पीछे आप सभी जिला पदाधिकारियो की मेहनत थी। हमे इसी तरह आगामी सांसद प्रवास योजना कार्यक्रम में अपना पूर्ण योगदान देना है जिससे कार्यक्रम पूर्ण रूप से सफल हो सके इस निमित्त विधानसभावार प्रभारी नियुक्त किये जा रहे है – जिसके तहत दिनांक 16 दिसंबर  को ग्रामीण विधानसभा में पहला प्रवास होगा ग्रामीण विधानसभा प्रभारी के रूप में श्यामा प्रसाद चक्रवर्ती, खेम कुमार सेन, राज कुमार राठी को दायित्व दिया गया 17 दिसंबर को रायपुर उत्तर विधानसभा में दूसरा प्रवास होगा जिसके प्रभारी हरीश ठाकुर, राजीव मिश्रा, रायपुर दक्षिण विधानसभा में तीसरा प्रवास होगा जिसमे प्रभारी रमेश सिंह ठाकुर, मुरली शर्मा एवं चौथा प्रवास रायपुर पश्चिम विधानसभा में होगा जिसके प्रभारी आशू चन्द्रवंशी, बजरंग खंडेलवाल, गोपी साहू होंगे |   

भाजपा रायपुर शहर जिला द्वारा आहूत बैठक में विशेष रूप से जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल , महामंत्री रमेश ठाकुर , उपाध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा , बजरंग खंडेलवाल , श्यामा चक्रवर्ती , मनीषा चंद्राकर , आशु चंद्रवंशी , जिला मंत्री रमेश मिर्घानी , अकबर अली , गोपी साहू , हरीश ठाकुर , जितेंद्र गोलछा , राजीव मिश्रा , वंदना राठौड , राजकुमार राठी, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल नायक , अनिल सोनकर , रविन्द्र ठाकुर , अर्चना शुक्ला , जितेंद्र धुरंधर वर्मा , मुकेश पंजवानी , होरीलाल देवांगन ,संदीप जंघेल,  राजू बिरनानी  सहित बड़ी संख्या में जिला एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित थे ।।

 

 

और भी

ऑल इंडिया क़ौमी तंजीम के रायपुर जिलाध्यक्ष बने मोहम्मद सिद्दीक

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ऑल इंडिया क़ौमी तंजीम के अध्यक्ष तारिक़ अनवर की अनुमति से व राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद अहमद की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कौमी तंजीम के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल हैदर ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी है। जारी सूची के अनुसार रायपुर जिला अध्यक्ष की कमान युवा नेता मोहम्मद सिद्दीक को सौंपी गई है।

 

 

और भी

अधिक दुर्घटनाओं वाली 10 सड़कों में रोज होगी चेकिंग, चेक प्वाइंट में देखे जाएंगे ये पांच बिन्दु

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिन सड़कों में अधिक संख्या में दुर्घटनाएं हो रही हैं उनका चिन्हांकन कर सबसे ज्यादा दुर्घटना वाली दस चिन्हांकित सड़कों पर चेक प्वाइंट लगाए जाएंगे। यहां पुलिस और रेवेन्यू के अधिकारी मौजूद रहेंगे और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। चेक प्वाइंट में सुरक्षा संबंधी पांच बिन्दु देखे जाएंगे। वाहन चालक ने हेलमेट पहना है या नहीं, सीट बेल्ट लगाई है या नहीं, वाहन चालक नाबालिक तो नहीं है और वाहन चालक नशे में तो नहीं है। यह निर्देश सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा एवं एसपी डा. अभिषेक पल्लव ने अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि चेक प्वाइंट पर ट्रैफिक का उल्लंघन करने वाले सभी पर कार्रवाई हो। साथ में उन्हें समझाइश भी दी जाए ताकि भविष्य में ट्रैफिक नियम तोड़ने से बचें और सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक सजग हों। इसके साथ ही राजस्व एवं पुलिस के अधिकारी शाम ढलने पर सड़कों का निरीक्षण भी करेंगे और जिन जगहों पर खतरा है वहां पर आवश्यक सुरक्षा के इंतजाम करेंगे। 

हेलमेट पहनने पर ही दिया जाएगा प्रवेश

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्कूल प्रबंधकों, महाविद्यालय के प्रबंधन को तथा शासकीय विभागों एवं पीएसयू आदि में प्रवेश के लिए हेलमेट अनिवार्य रखा जाए। इसे लागू नहीं करने की दशा में संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी। नाबालिक बच्चों के हाथ में गाड़ी न आये, इसके लिए स्कूल के समय में पेट्रोलिंग की जाएगी और अभिभावकों को चेतावनी दी जाएगी तथा अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यू टर्न आदि में रेडियम पेड़ों पर भी, मकानों में भी

अधिकारियों ने कहा कि सबसे ज्यादा दुर्घटना की आशंका यू टर्न, एस टर्न आदि में होती है। इन चिन्हांकित जगहों पर रेडियम पेड़ों में भी और मकानों की ऊंचाई में भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही ऐसी जगहों पर रंबल स्ट्रिप, कैट आई आदि लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी। ग्रामीण सड़कों में जहां मुख्य सड़कों से छोटी सड़कें निकलती हैं वहां सभी जगहों में लाइटिंग सुनिश्चित की जाएगी।

फ्लाइओवर के आसपास सुरक्षा संबंधी रखें विशेष ध्यान

कलेक्टर एवं एसपी ने सभी अधिकारियों को फ्लाइ ओवर के आसपास विशेष सुरक्षा का ध्यान रखने कहा। यहां पर सर्विस रोड में जहां दिक्कत है वहां मरम्मत आदि कराने के निर्देश दिये। जिन सड़कों का निर्माण चल रहा है वहां संकेतक लगाने और ट्रैफिक स्टाप करने विशेष प्रावधान करने के निर्देश दिये। साथ ही यह भी कहा गया है कि ऐसे सभी जगह जहां निर्माणाधीन सड़क में आगे कुछ दूर जाकर एंट्री की जा सकती है वहां बैरीकेड लगाए जाएं तथा संकेतक भी लगाए जाएं। निर्माणाधीन सड़कों में सड़क सुरक्षा की रोज मानिटरिंग की जाए।

 

 

और भी

मकई तालाब में मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मकई तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मकई तालाब ऐसा जगह है, जो शहर के बीच स्थित है जहां पास में ही मकई गार्डन भी है वहां लोगों का आना जाना लगा रहता है। गार्डन से लगे मकेश्वर वार्ड भी है जहां दिन भर लोगों की चहल पहल रहती है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंच गई।

मिली जानकारी के अनुसार कुछ व्यक्ति तालाब में हाथ धोने के लिए गये थे। हाथ धोने के लिए तालाब में उगे घास को हटाया तो अचानक  तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव दिखा। आसपास के लोगों ने भी जाकर देखा तो लाश मिलने की बात आग की तरह फैल गई। डीएसपी शेर सिंह बंदे ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मकई तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जिसको निकलवा कर  पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शव लगभग 2 से 3 दिन पुराना हो चुका है। शव सड़-गल गया है। गले में धारदार हथियार से रेतकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया हत्या ही लग रहा है, जिसकी जांच हर पहलू पर की जा रही है। इधर मकई तालाब से लगे मकेश्वर वार्ड में  हड़कंप मच गया है। चर्चा हो रही है कि यह लाश किसका होगा।  सायबर सेल प्रभारी नरेश बंजारे की टीम भी अपनी जांच शुरू कर दी है।आस पास लगे लगे सीसी टीवी भी चेक किया जा रहा है। ज्ञात हो कि अक्सर मकई तालाब के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। चौपाटी वाले भी कई बार इसकी शिकायत कर चुके हैं।बहरहाल समाचार लिखे जाने तक लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

और भी

अपर कलेक्टर ने किया छात्रावास का निरीक्षण, छात्राओं से की चर्चा

 जांजगीर-चाम्पा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर सिन्हा की ओर से अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के तहत अपर कलेक्टर एस पी वैद्य ने बम्हनीडीह ब्लॉक के बिर्रा में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शौचालय में साफ-साफाई व्यवस्था, छात्राओं को भोजन के रूप में दिए जाने वाले चावल व सब्जी की गुणवत्ता की भी जांच की। अपर कलेक्टर ने मेनू के अनुसार छात्राओं को पोषक आहार से संबंधित सब्जियां व समय पर नाश्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बिर्रा का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे अपर कलेक्टर वैद्य ने विद्यार्थियों से चर्चा कर छात्रावास में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को बताया कि माता-पिता अपने बच्चों से बहुत उम्मीद रखते हैं। यहां आप लोगों को रहने तथा भोजन आदि की व्यवस्था दी जा रही है। आप लोग भी यहां के अनुशासन का पालन करते हुए ध्यान लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। उन्होंने छात्राओं के खेल-कूद सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। अपर कलेक्टर ने छात्रावास में किचनगार्डन विकसित करने के साथ छात्राओं के सुरक्षा व स्वास्थ्य पर उचित ध्यान देने के निर्देश अधीक्षिका पुष्पा पटेल को दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार आस्था चन्द्राकर भी उपस्थित थी।

 
और भी

सीएम बघेल 13 को महासमुंद जिले में करेंगे करेंगे भेंट-मुलाकात...

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान की अगली कड़ी में 13 दिसंबर को महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आमजनों से संपर्क और संवाद के साथ भेंट-मुलाकात करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। वहीं आमजनता की समस्याओं पर उनसे सीधे बातचीत करेंगे साथ ही विभिन्न संगठनों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जानेंगे। गौरतलब है कि भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आमजनता को प्रदेश के मुखिया से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलता है।

निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11.30 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 12.05 बजे से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री गोपालपुर हेलीपेड से दोपहर 1.40 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा पिथौरा तहसील के ग्राम पिरदा के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 2.35 बजे से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में ग्रामीणों से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री ग्राम पिरदा से शाम 4.10 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा हाई स्कूल मैदान बसना के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 4.35 बजे बसना में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे तथा शाम 5 बजे से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भेंट करने के बाद रात्रि 8 बजे रायपुर लौट आएंगे।

 

और भी

गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में

 बेमेतरा : कलेक्टर ने किया जल जीवन मिशन के चार दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ

कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा है कि शहरों की भांति गांवों में भी अब स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। शासन द्वारा पीने की पानी का सप्लाई प्रत्येक घर में किया जाना है, प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर में पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है। इस आशय के उद्गार उन्होने लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग, बेमेतरा जल जीवन मिशन के तहत चार दिवसीय आवासीय केआरसी लेवल-3 के प्रशिक्षण के दौरान व्यक्त किए।

 

कोरिया : स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सख्त तो वहीं बच्चों से बेहद सौम्यता से मिले कलेक्टर

 

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सोनहत विकासखंड में रजौली ग्राम के आंगनबाड़ी उपरपारा और प्राथमिक तथा हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर कलेक्टर सख्त दिखे तो वहीं बच्चों से बेहद विनम्रता से मिले। कलेक्टर का बेहद सौम्य अंदाज देख बच्चे भी खुश हुए। 

कोरिया : कलेक्टर लंगेह ने किया धान खरीदी केंद्र सोनहत तथा रजौली का औचक निरीक्षण

 

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आज धान खरीदी के सुचारू संचालन का जायजा लेने विकासखंड सोनहत के अंतर्गत सोनहत तथा रजौली धान खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का सघनता से अवलोकन किया। हर पंजी का बारीकी से अवलोकन कर ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड का निरीक्षण किया।

महासमुंद : मुख्यमंत्री बसना विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ 13 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 14 दिसम्बर को बसना विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ 13 लाख 92 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। इसमें 32 करोड़ 64 लाख 09 हजार रुपए के 37 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 32 करोड़ 59 लाख 83 हजार रुपए के 23 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

कांकेर : जिले के कौशल प्रशिक्षित होनहार युवाओं को रोजगार में मिली सफलता

जिले के बेरोजगार युवकों के भविष्य को बेहतर बनाने व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कांकेर जिले में उपलब्ध संसाधन व रोजगार की संभावनाओं से युवाओं को सक्षम बनाने तथा युवाओं में रोजगार एवं स्व-रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने का पूरा प्रयास जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। 

 

अम्बिकापुर : खाद्य मंत्री ने 215 छात्राओं को किया सायकल वितरण

 

छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत सोमवार को बतौली जनपद के बेलकोटा में एसडब्ल्यूएस के नवनिर्मित गोदाम का आकस्मिक निरिक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल्द से जल्द शेष बचे कार्यों को पूर्ण कराने अधिकारियों को निर्देशित किया।

बलरामपुर : तीन दिवसीय संभाग स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक व युवा महोत्सव का हुआ शुभारंभ

संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में संभाग स्तरीय तीन दिवसीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक तथा युवा महोत्सव का शुभारंभ पीजी कॉलेज ग्राउण्ड में हुआ, संभाग स्तरीय इस आयोजन के प्रथम दिन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रतिभागियों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में गेंड़ी दौड़, रस्सा-कसी, लोकनृत्य जैसी विधाओं में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर जिले का नाम गौरान्वित किया है,

बिलासपुर : बिलासपुर में संभाग स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का रंगारंग शुभारंभ

 

संभाग स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक खेल आज स्वर्गीय बी.आर.यादव स्मृति स्टेडियम बहतराई में उत्साह के साथ शुरू हुआ। पहले दिन आज महिला खिलाडिय़ों के बीच प्रतिस्पर्धाएं हुई। विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरित किया गया। राज्य स्तरीय टीम में चयन की घोषणा भी की गई।

कवर्धा : आशियाना का अधिकार : कैबिनेट मंत्री ने 126 परिवारों को किया आवासीय पट्टा प्रदान 

कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज कलेक्टर कार्यालय में 126 परिवारों को आवासीय पट्टा व 9 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मकाने बनाने की स्वीकृति पत्र का वितरण किया। कैबिनेट मंत्री मो. अकबर, नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा व उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने हाथों से आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री स्वीकृति पत्रक वितरण कर बधाई व शुभकामनाएं दी।

दुर्ग : भिलाई में 13 दिसंबर को संभागीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आगाज

संभाग स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन 13 दिसंबर को बी.एस.पी. सेक्टर -2 व बी.एस.पी. सीनियर सेकेण्डरी सेक्टर -7 विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा । इसी दिन बी.एस.पी. सेक्टर -2 भिलाई विद्यालय में छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का उद्घाटन भी संपादित होगा। 

बेमेतरा : बेमेतरा जिले में ई-तकनीक टैम्प्रेचर लॉगर से वैक्सीन की उचित तापमान की निगरानी

आज के बदलते दौर में प्रत्येक तकनीक, ऑफ लाईन से बदलकर ऑनलाईन माध्यम की ओर तेजी से उन्नती कर रहा है, जिला बेमेतरा में कुछ इसी प्रकार टीकाकरण कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को विभिन्न बिमारियों व संक्रमण से बचाव के लिए लगाये जाने वाले वैक्सीन (टीके) को उचित तापमान में रखा जाता है।

कवर्धा : राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को धान का मिल रहा सही दाम : मंत्री अकबर

प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर आज जिले के बिड़ौरा और कुरूवा सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री अकबर आज ग्राम बिड़ौरा में नेतराम जंघेल और कुरूवा में झूलाराम साहू के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री अकबर ने नवनियुक्त अध्यक्ष को पदभार ग्रहण करने पर बधाई और शुभाकानाएं दी।

 

 

और भी

हेलीकॉप्टर के टेकऑफ में हुई परेशानी, सड़क मार्ग से रायपुर लौटे सीएम बघेल...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हेलीकॉप्टर में तकनीकी ख़राबी आ गई है। हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने में ख़राबी आई है। तकनीकी खराबी आने की वजह से सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री बघेल रायपुर पहुंचे। सकरी स्थित जैन इंटरनेशनल स्कूल से रायपुर के लिए हेलीकॉप्टर को उड़ान भरना था। टेकऑफ में परेशानी होने की संभावना से सीएम सिक्युरिटी ने रिस्क नहीं लिया। सीएम भूपेश बघेल निजी प्रवास पर बिलासपुर आये थे। करीब 2 घण्टे शहर में रुकने के बाद मुख्यमंत्री बघेल सड़क मार्ग से रायपुर लौट गए।

 

 

और भी

भ्रमित कर बैंक में जमा राशि को म्यूचुअल फंड और पॉलिसी में लगा दिया, ग्राहक पहुंचा जनदर्शन

 दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पैतृक जमीन बेचकर कुछ पैसे इकट्ठा किये ताकि जरूरत के समय बुढ़ापे का सहारा बन सके। लेकिन जिस बैंक की शाखा में आवेदक ने पैसे जमा कराये, उस बैंक शाखा के अधिकारी ने बिना अनुमति के भ्रम में रखकर आवेदक को गुमराह किया। आवेदक का कहना था कि अपने पैसों की सुरक्षा के लिए वो बैंक को सबसे ज्यादा कारगार समझता था। परंतु इस घटना से उसके विश्वास में कमी आई। यह मामला चंदखुरी शाखा के एक्सिस बैंक का है जिसमें आवेदक के कथनानुसार उसकी जानकारी के बिना उसके जमा राशि से बैंक के कर्मचारी द्वारा कमीशन व टारगेट पूरा करने के लिए खिलवाड़ किया गया।

आवेदक ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उसके द्वारा उसकी पैतृक संपत्ति का विक्रय किया गया था जिससे प्राप्त राशि में से 22 लाख रुपए उसने एक्सिस बैंक में जमा किए थे। आवेदक ने आगे बताया कि वह आज के नवीनतम टेक्नोलाजी से ज्यादा परिचित नहीं है उसके मोबाइल में बैंक से राशि कटने से संबंधित एसएमएस तो आते थे परंतु उसका ध्यान उस ओर नहीं गया था। एक दिन अचानक आवेदक को बड़े राशि की आवश्यकता पड़ी। बैंक पहुंचने पर उसे पता चला कि उसके पैसे म्यूचुअल फंड और विभिन्न पॉलिसी में लगा दिए गए हैं। म्यूचुअल फंड में लगभग 6 लाख 50 हजार रुपए और 4 पॉलिसी पर लगभग 12 लाख 50 हजार रुपए की राशि बैंक द्वारा भ्रमित कर लगा दी है। इसकी शिकायत उन्होंने बैंक के शिकायत शाखा में भी की, परंतु उन्हें कोई सकारात्मक व संतोषजनक परिणाम नहीं मिला।

 
 
 

आवेदक की स्थिति यह है कि विषम परिस्थिति के लिए उसकी खुद की जमा पूंजी बैंक में फंस गई है। म्यूचुअल फंड व पॉलिसी भुनाने की स्थिति में 1 लाख रुपए प्रति पॉलिसी व फंड में घाटे के सामना करना पड़ेगा। इसलिए म्यूचुअल फंड व पॉलिसी को निश्चित तिथि तक रखने के लिए वह बाध्य है।

उसका कहना है कि बैंक के अधिकारी के द्वारा किए गए इस स्कैम से उसे मानसिक क्षति का भी सामना करना पड़ रहा है। इसलिए कलेक्टर से आवेदक का विशेष अनुरोध है कि एक्सिस बैंक के उस संबंधित कर्मचारी पर उचित कार्यवाही के साथ-साथ उसकी राशि उसे वापस दिलाई जाए। कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए लीड बैंक ऑफिसर को निर्देशित किया।

 
 
 

यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए भी जनदर्शन में आवेदन आया था। जिसमें हाईपॉवर वाले लाईट, हॉर्न, साइलेंसर एवं नियमानुरूप नंबर प्लेट पर गाड़ी क्रमांक अंकित न करने वाले वाहन मालिक पर कार्रवाई करने के लिए आवेदक द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदक ने बुलेट गाड़ी का विशेष जिक्र किया था। जिसमें असामाजिक तत्वों के द्वारा पटाखे की तरह आवाज करने वाला साइलेंसर लगाया जाता है। उसका कथन था कि इस प्रकार के साइलेंसर से हृदयरोगी और गर्भवती महिलाओं को नुकासान पहुंच सकता है और ऐसे चालक सामान्यतः बी.एस.पी. स्कूल भिलाई के पास सड़क नंबर 18 में उत्पाद करते देखने को भी मिलते हैं। इसलिए कलेक्टर से आवेदक ने निवेदन किया कि बुलेट व अन्य गाड़ियां जिनमें नियम का उल्लंघन किया जाता है उन पर कार्रवाई कराई जाए।

 
 
 

कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव को आवेदन प्रेषित किया और संबंधित क्षेत्र के अधिकारी को नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे उपद्रवी तत्वों को रोकने के लिए समय-समय पर पेट्रोलिंग कराने के निर्देश भी दिए ताकि इस प्रकार की गतिविधियों में कमी लाई जा सके। 

इसके अलावा जनदर्शन में चिटफंड कंपनियों से संबंधित मामले भी आ रहे हैं। जिस पर कलेक्टर द्वारा गंभीरता पूर्वक संज्ञान लिया जा रहा है और इससे संबंधित मामलों को चिटफंड कार्रवाई के लिए बनाई गई शाखा में प्रेषित किया जा रहा है। जिसमें जो चिटफंड कंपनियां सूची में शामिल नहीं है, उनके नाम को दर्ज कराकर आवेदकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाने की दिशा में कार्य करने का प्रयास जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। जनदर्शन में आज 89 आवेदन प्राप्त हुए।

 

 

और भी

कृत्रिम हाथ लगाकर पेन-पेंसिल से लिख भी सकेंगे दिव्यांग...

17 से 22 दिसम्बर तक आयोजित शिविर में जैन समाज द्वारा 50 दिव्यांगों को लगाए जाएंगे कृत्रिम लखनवी हाथ

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति द्वारा 17 से 22 दिसम्बर तक सुराना भवन, नल घर चौक में हाथ कटे विकलांगों का परीक्षण व निःशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा ने बताया कि 50 दिव्यांगों को लखनवी हाथ लगाए जाएंगे। मंगलम लखनऊ से 8 विशेषज्ञ कारीगरों की टीम 16 दिसम्बर को रायपुर पहुंच जाएगी। सुराना भवन में अस्थायी वर्कशॉप तैयार की जाएगी, जिसमें हाथ कटे व्यक्ति का नाप लिया जाएगा। फिर उच्च तकनीक से हाथों का निर्माण किया जाएगा। विकलांग को हाथ लगा कर उपयोग की प्रैक्टिस कराई जाएगी।


अध्यक्ष कोचर ने आगे बताया कि कृत्रिम हाथ लगाकर अनेक विकलांग साइकिल, मोपेड़ चला रहे हैं। चम्मच पकड़कर भोजन कर सकते हैं, प्रेक्टिस कर पेन पेंसिल से लिख भी सकते हैं। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एलिम्को कम्पनी द्वारा निर्मित पंजों का उपयोग इन कृत्रिम हाथों में किया जाता है जोकि काफी उपयोगी साबित होता है। जैन संवेदना ट्रस्ट के विजय चोपड़ा , अरुण कोठारी व महावीर कोचर ने बताया कि शिविर में पहली बार फूटी आंख की कुरूपता को दूर करने कृत्रिम आँख लगाई जा रही है। जिनकी एक आंख पूर्णरूप से खराब हो गई है ऐसे दिव्यांगों की जांच उदयाचल राजनांदगांव के विशेषज्ञ डॉक्टर की टीम करेगी व चयनित लोगों को उदयाचल राजनांदगांव के नेत्र हॉस्पिटल में सिंथेटिक कृत्रिम आंख लगाई जाएगी। शिविर में पैर कटे विकलांगों को जयपुर पैर दिये जाएंगे।

 
 
 



विनय मित्र मण्डल अध्यक्ष महावीर मालू व सचिव आकाश गोलछा ने बताया कि सुराना भवन में जयपुर पैर का वर्कशॉप लगाया जाएगा । विशेषज्ञ कारीगर अब्दुल वहीद कुरैशी द्वारा विकलांगों की जांच की जाएगी व नाप लेकर जयपुर पैर बनाए जाएंगे । समिति के महासचिव मनोज कोठारी कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी व मुख्य सलाहकार कमल भंसाली ने बताया कि गूंगे बहरे बच्चों व बुजुर्गों की ऑडियोमेट्री जांच कर श्रवण यन्त्र दिए जाएंगे। साधुमार्गी जैन समता युवा संघ के अध्यक्ष विकास धाड़ीवाल व सिद्धार्थ डागा ने बताया कि विकलांगों के आवास व भोजन की व्यवस्था समिति द्वारा की गई है।

 

 

 
और भी