छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

हाईकोर्ट से एडीजी मुकेश गुप्ता को बड़ा झटका, डिमोशन सहीं...

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आईपीएस मुकेश गुप्ता के प्रमोशन निरस्त करने के मामलें में हाईकोर्ट की डिवीजन बैंच में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद प्रमोशन निरस्त करने के सरकार के फैसले को सही ठहराया गया है। कैट फिर सिंगल बैंच के द्वारा मुकेश गुप्ता के पक्ष में आदेश जारी किया गया था। जिसके खिलाफ शासन ने डबल बैंच में अपील की थी।

6 अक्टूबर 2018 को आचार सहिंता लगने के कुछ ही घण्टे पहले पूर्ववर्ती सरकार ने आदेश जारी कर आईपीएस मुकेश गुप्ता समेत अन्य दो आईपीएस को एडीजी से डीजी के पद पर प्रमोशन दे दिया था। फिर आर्थिक अनियमितता व गड़बड़ियों के चलते मुकेश गुप्ता को निलंबित कर उनका प्रमोशन निरस्त कर दिया गया था। जिसके खिलाफ मुकेश गुप्ता ने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण( कैट) में अपील की थी। जहां मुकेश गुप्ता के पक्ष में फैसला आया था और उनके प्रमोशन निरस्त करने के सरकार के आदेश को गलत माना गया था।

राज्य शासन कैट के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट चले गई थी। जहां सिंगल बैंच में हुई सुनवाई में कैट के फैसले को सही ठहराया गया था। राज्य सरकार ने सिंगल बैंच के फैसले के खिलाफ डबल बैंच में अपील कर दी थी। जिसकी चीफ जस्टिस अरुप कुमार गोस्वामी व जस्टिस दीपक तिवारी की डिवीजन बैंच में हुई सुनवाई में फैसला सुरक्षित कर लिया गया था। आज हुई सुनवाई में आदेश सार्वजिनक किया गया। शासन की ओर से उप महाधिवक्ता जितेंद्र पाली उपस्थित थे। जिन्होंने अदालत को बताया था कि डीजी पद पर प्रमोशन से पहले केंद्र सरकार की अनुमति लेनी होती है जो कि नही ली गयी थी। लिहाजा नियमतः गुप्ता का प्रमोशन नियम विरुद्ध है। जिसके बाद डिवीजन बेंच ने सरकार के फैसले को सही ठहराते हुए मुकेश गुप्ता को रिवर्ट करने के फैसले को सही माना और कैट और सिंगल बेंच द्वारा गुप्ता के पक्ष में दिए गए फैसले को निरस्त कर दिया। इसकी पुष्टि महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा ने भी एनपीजी से चर्चा के दौरान की है।

आईपीएस मुकेश गुप्ता को पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने दिनांक 6 अक्टूबर 2018 को आचार संहिता लगने के कुछ ही घंटो पहले प्रमोशन देते हुए एडीजी से डीजी के पद पर प्रमोशन किया था। उनके साथ उन्ही के बैच के दो अन्य अफसरों को भी प्रमोशन दिया गया था। चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार राज्य में बनने के 8 फरवरी 2019 को अवैध फोन टैपिंग को लेकर आईपीएस मुकेश गुप्ता व एसपी नारायणपुर रजनेश सिंह के खिलाफ acb-eow में एफआईआर दर्ज की गई। मामला 2015 का है। तब मुकेश गुप्ता acb-eow के चीफ हुआ करते थे और रजनेश सिंह एसपी थे। तब नागरिक आपूर्ति निगम (नान) में घोटाले के नाम से कई नान अफसरों पर छापे पड़े थे। मामले में कई लोगों के गैर कानूनी ढंग से फोन टैपिंग किए गए थे। फोन टैपिंग मामलें में राज्य बनने के बाद यह पहला एफआईआर था। एफआईआर के दूसरे दिन 9 फरवरी 2019 को मुकेश गुप्ता व रजनेश सिंह को निलंबित कर दिया गया था।

मुकेश गुप्ता पर दूसरी एफआईआर एमजीएम ट्रस्ट में हुई आर्थिक अनियमितता के चलते हुई थी। एमजीएम ट्रस्ट ने गरीबों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने, शासकीय कर्मचारियों को विशिष्ट चिकित्सा सुविधा का लाभ देने, मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण देने के नाम पर साल 2006 में दो करोड़ और 2007 में एक करोड़ रुपये का अनुदान राज्य सरकार से प्राप्त किया था। बाद में इस राशि का दुरुपयोग करते हुए ट्रस्ट के बैंक कर्ज अदा करने में इस्तेमाल के आरोप में एमजीएम के मुख्य ट्रस्टी मुकेश गुप्ता के पिता जयदेव गुप्ता, डायरेक्टर, डॉक्टर दीपशिखा अग्रवाल के विरुद्ध भादवि की धारा 420, 406,120 (बी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धाराओं के तहत acb-eow में एफआईआर दर्ज की गई थी।

तीसरी एफआईआर दुर्ग जिले के सुपेला थाने में जमीन घोटाले की हुई थी। मुकेश गुप्ता को 9 फरवरी 2019 को निलंबित कर दिया गया था जिनकी बहाली 17 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने की थी।

और भी

राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र में दशहरा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से

रायपुर ग्रामीण बोरियां खुर्द पानी टंकी खेल मैदान में दशहरा महोत्सव समिति और नगर वासियों के सहयोग से आयोजित होने वाले भव्य दशहरा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। जिसके लिए समिति के नवजवान, जुझारु सदस्य गण और नगरवासी तन,मन,धन से सहयोग कर रहे हैं।

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर ग्रामीण बोरियां खुर्द पानी टंकी खेल मैदान में दशहरा महोत्सव समिति और नगर वासियों के सहयोग से आयोजित होने वाले भव्य दशहरा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है जिसके लिए समिति के नवजवान, जुझारु सदस्य गण और नगरवासी तन,मन,धन से सहयोग कर रहे हैं।

दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष  गजेन्द्र तिवारी ने बताया कि प्रथम बार आयोजित होने वाले भव्य दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में पचास फिट का रावण,तीस-तीस फिट के कुंभकरण, मेघनाथ के पुतले और एक से डेढ़ घंटे तक चलने वाले रोमांचकारी आतिशबाज़ी, बच्चों के लिए पतंगबाजी, रामलीला मंचन और रात्रि कालीन छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उक्त ऐतिहासिक,गौरवपूर्ण आयोजन की तैयारी के लिए दशहरा स्थल पर ही सदस्यों के साथ बैठक कर मैदान की सफाई व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था आदि विषयों पर गहन चर्चा किया गया ताकि दर्शक मैदान में पुरी सुविधाओं के साथ का आनन्द ले सकें।
आज नवरात्री पर्व के शुभारंभ के दिन दशहरा स्थल में भूमि पूजन कर मैदान की सफाई, समतलीकरण आदि महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किया। जिसमें समिति के अध्यक्ष गजेन्द्र तिवारी सहित मोहन साहू, श्री एन.के. शुक्ला, लच्छुराम निषाद, रुद्र साहू,लेखराम, रोशन साहू,दूजराम ,जानूराम साहू ,राजू देवांगन, मोहित सेन, देवेन्द्र निषाद, दिव्यानंद साहू सक्रिय सदस्य सम्मिलित हुए। 
और भी

’1 नवम्बर से शुरू होगी धान खरीदी

 कलेक्टर ने तैयारियों का जायजा लेने केन्द्रों का किया निरीक्षण’

कोरिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 1 नवम्बर से शुरू किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आज जिले में धान खरीदी से पूर्व तैयारियों का जायजा लेने विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के खरीदी केंद्र सरभोका तथा पटना का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों से किसानों के पंजीयन, बारदानों की उपलब्धता, चबूतरों, टोकन व्यवस्था आदि के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने राजस्व विभाग को समय पर किसानों के रकबा सत्यापन का कार्य शुरू कर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने  कहा की धान ख़रीदी शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। इस कार्य में लापरवाही तथा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केन्द्रों में आर्द्रतामापी यंत्रों, तौल मशीन, पेयजल, विद्युत, तिरपाल आदि की पर्याप्त व्यवस्था तथा कोचियों-बिचौलियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री शर्मा ने इस दौरान ग्राम तेन्दुआ में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन सड़क का अवलोकन किया। बताया गया कि तेन्दुआ बाजार चौक से झिम्मापारा तक निर्माणाधीन सड़क में 11 पुल-पुलियों सहित सड़क की लम्बाई कुल 3.2 किलोमीटर है, जिसमें 4 पुलियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में धीमी गति पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगायी तथा समय पर कार्य पूर्ण नहीं किए जाने पर ईई पीडब्ल्यूडी को प्रतिसप्ताह पैनाल्टी लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्षमता बढ़ाते हुए जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण करें।

 

 

और भी

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना में अब तक 16,538 लोगों का उपचार

 उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजनांतर्गत जिले में अब तक 16,538 लोगों का उपचार कर 11986 लोगों को निःशुल्क दवाई वितरण किया गया। जिले में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ 1 अप्रैल  से किया गया है, जिसमें जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में 3557 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 41 प्रकार के लैब टेस्ट निःशुल्क किया गया है।

नगरपालिका परिषद कांकेर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी  दिनेश यादव ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री मोबाईल यूनिट के माध्यम से नगरपालिका परिषद कांकेर में 76 स्थानों में कैम्प लगाकर 4361 मरीजों का उपचार कर 3133 मरीजों को निःशुल्क दवाई वितरण किया गया तथा 949 मरीजों का स्वास्थ्य जांच किया गया है। इसी प्रकार नगर पंचायत नरहरपुर में 53 स्थानों पर कैम्प लगाकर 1273 मरीजों का उपचार कर 865 मरीजों को निःशुल्क दवाई वितरण किया गया तथा 178 मरीजों का स्वास्थ्य जांच किया गया। नगर पंचायत चारामा में 77 स्थानों पर कैम्प लगाकर 2987 मरीजों का उपचार कर 2194 मरीजों को निःशुल्क दवाई वितरण तथा 609 मरीजों का स्वास्थ्य जांच किया गया। नगर पंचायत भानुप्रतापपुर में 56 स्थानों पर कैम्प लगाकर 2644 मरीजों का उपचार कर 1905 मरीजों को निःशुल्क दवाई वितरण तथा 734 मरीजों का स्वास्थ्य जांच किया गया। नगर पंचायत अंतागढ़ में 57 स्थानों में पर कैम्प लगाकर 2800 मरीजों का उपचार, 2006 मरीजों को निःशुल्क दवाई वितरण तथा 571 मरीजों का स्वास्थ्य जांच और नगर पंचायत पखांजूर में 54 स्थानों पर कैम्प लगाकर 2473 मरीजों का उपचार कर 1883 मरीजों को निःशुल्क दवाई वितरण तथा 516 लोगों का स्वास्थ्य जांच किया गया।

और भी

महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ खोला मोर्चा

अवैध बिक्री पर रोक लगाने एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन

 खरसिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ग्राम खड़गांव की महिलाओं ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गांव की महिलाएं एकत्र होकर एसडीओपी कार्यालय पहुंची और अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। एक के बाद एक गांवों में महिलाएं शराब के खिलाफ आवाज उठा रही है। मंगलवार को गांव की महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्र होकर एसडीओपी कार्यालय पहुंची, जहां एसडीओपी निमिषा पांडेय को  शिकायत कर बताया कि - बरगढ़ खोला अंतर्गत ग्राम खड़गांव में महुआ दारू बनाया जा रहा है, जो बरगढ़ खोला का दारू भट्ठा कहलाता है। आस पास के ग्रामीण दारू पीने जाते हैं, प्रत्येक गाँव से नवयुवक लोग ज़्यादातर पी रहे हैं। नशा की आदि होने के कारण कई नवयुवकों की मृत्यु हो चुकी है तथा कई व्यक्तियों के पास दारू पीने हेतु पैसा न होने के कारण आस पास में चोरी एवं बदमाशी की घटना बदती रही है। 

वहीं उन्होंने कहा कि आने वाली पीड़ी को देखते हुए ग्राम खड़गांव में बन रहे महुआ दारू को बंद कराया जावे एवं आवश्यक कार्यवाही नहीं होने पर हम महिलाओं द्वारा अपने स्तर पर उग्र कार्यवाही हेतु मजबूर होना पड़ेगा ।

 

 

और भी

मंत्री अकबर करेंगे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

 

कैबिनेट मंत्री आज कबीरधाम जिले के प्रवास पर पहुंचे है।वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का 30 सितंबर को इंदौरीऔर कुकदुर प्रवास के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे।

कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कैबिनेट मंत्री  आज  कबीरधाम जिले के प्रवास पर पहुंचे है।वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का 30  सितंबर को इंदौरीऔर कुकदुर प्रवास के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। वे आज शाम छह बजे कुकदूर में रहकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  के कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की अधिकारियों से जानकारी लेंगे । कैबिनेट मंत्री  अकबर शाम सात बजे इंदौरी पहुचेंगे।

 

और भी

झारखण्ड में डायन के सन्देह 3 महिलाओं सहित 4 को प्रताड़ना

जादू-टोने की मान्यता सिर्फ अंधविःडॉ.दिनेश मिश्र

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ दिनेश मिश्र ने कहा झारखंड के दुमका के असवारी गाँव से डायन के संदेह में 3 महिलाओं सहित 4 लोगों को मल मूत्र खिलाने, मार पीट करने ,उन्हें गर्म रॉड से दागने की घटना,अत्यंत निंदनीय,शर्मनाक और अमानवीय घटना है.

कोई नारी डायन नहीं होती. सभी दोषियों पर कड़ी कार्यवाही हो.यह एक विडम्बना ही है कि जब पूरे देश में मातृ शक्ति के प्रतीक  नवरात्रि मनाने की शुरुआत की जा रही थी,तब  वहीं दूसरी ओर  झारखण्ड में ये निर्दोष महिलाएं अंधविश्वास के कारण नर्क जैसी यातनाएं भुगतने को मजबूर थीं. डॉ दिनेश मिश्र ने कहा जादू टोना जैसे अंधविश्वास के कारण  हुई यह घटना अत्यंत निर्मम और शर्मनाक है। दोषी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर  कर उस पर कड़ी कार्यवाही होना चाहिए.

डॉ. दिनेश मिश्र ने जानकारी दी  झारखंड  के  दुमका  के सरैयाहाट  अंतर्गत असवारी गांव के दबंगों ने  चार व्यक्तियों कोजिनमें 3 महिलाएं हैं,डायन का आरोप लगाया,मारपीट की, जबरन मल-मूत्र पिलाया और उन्हें लोहे की गर्म छड़ों से दागा. दबंगों के खौफ से प्रताड़ित लोग घंटों तक दर्द से तड़पते रहे, वो ना तो पुलिस के पास जाने की हिम्मत जुटा सके और ना ही किसी को इस बारे में बता पाए. बाद में चारों लोगों को पहले सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. इसके बाद इनकी गंभीर हालत को देखते हुए देवघर स्थित अस्पताल ले जाया गया. 

बताया गया कि शनिवार की रात ज्योतिन मुर्मू नाम के व्यक्ति ने गांव के लोगों की बैठक बुलाई थी. इसमें श्रीलाल मुर्मू के घर की 3 महिलाओं को डायन करार दिया गया. कहा गया कि इनके जादू-टोने की वजह से गांव के पशु और बच्चे बीमार हो रहे हैं. इसके बाद करीब दर्जन भर लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर श्रीलाल मुर्मू के घर पर हमला कर दिया. 

लाठी-डंडों और हथियारों से लैस लोगों ने परिवार की 3 महिलाओं सोनामनी टुडू, रसी मुर्मू, कोसा टुडू के साथ-साथ श्रीलाल मुर्मू की बुरी तरह पीटा. इसके बाद इन चारों को पकड़कर उनके मुंह में जबरन मल-मूत्र डाला गया. हमलावरों ने उन्हें गर्म छड़ों से भी दागा. चारों लोग चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन गांव का कोई भी व्यक्ति उन को बचाने नही आया. पूरी घटना अत्यंत अमानवीय, और दिल दहला देने वाली है.

डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा जादू टोने का कोई अस्तित्व नहीं है,इसलिए जादू टोने से किसी भी व्यक्ति को बीमार करने,नुकसान पहुंचाने की धारणा मिथ्या है ,इस अंधविश्वास के कारण किसी भी महिला,या किसी भी ग्रामीण को प्रताड़ित करना अनुचित, गैरकानूनी है. कोई महिला टोनही नहीं होती.   डायन/टोनही के सन्देह में हुई  प्रताड़ना के लिए दोषी व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए. ग्रामीणों से अपील है ,वे अंधविश्वास में पड़कर कानून अपने हाथों में न लें.

वैज्ञानिक जागरूकता के विकास से विभिन्न अंधविश्वासों का निर्मूलन संभव 

हमारे देश में अनेक जाति, धर्म के लोग हैं जिनकी परंपराएँ व आस्था भी भिन्न-भिन्न है लेकिन धीरे धीरे कुछ परंपराएँ, अंधविश्वासों के रूप में बदल गई है। जिनके कारण आम लोगों को न केवल शारीरिक व मानसिक प्रताडऩा से गुजरना पड़ता है

डॉ. मिश्र ने कहा देश के अनेक प्रदेशों में डायन/ टोनही के सन्देह में  प्रताडऩा की घटनाएँ आम है ,जिनमें किसी महिला को जादू-टोना करके नुकसान पहुँचाने के संदेह में हत्या, मारपीट कर दी जाती है जबकि कोई नारी टोनही या डायन नहीं हो सकती, उसमें ऐसी कोई शक्ति नहीं होती जिससे वह किसी व्यक्ति, बच्चों या गाँव का नुकसान कर सके। जादू-टोने के आरोप में  प्रताडऩा रोकना आवश्यक है। अंधविश्वासों के कारण होने वाली टोनही प्रताडऩा/बलि प्रथा जैसी घटनाओं से भी मानव अधिकारों का हनन हो रहा है।

 डॉ. मिश्र ने कहा समाज में जादू-टोना, टोनही आदि के संबंध में भ्रमक धारणाएँ काल्पनिक है, जिनका कोई प्रमाण नहीं है। पहले बीमारियों के उपचार के लिए चिकित्सा सुविधाएँ न होने से लोगों के पास झाड़-फूँक व चमत्कारिक उपचार ही एकमात्र रास्ता था, लेकिन चिकित्सा विज्ञान के बढ़ते कदमों व अनुसंधानों ने कई बीमारियों, संक्रामकों पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया है तथा कई बीमारियों के उपचार की आधुनिक विधियाँ खोजी जा रही है। बीमारियों के सही उपचार के लिए झाड़-फूँक, तंत्र-मंत्र की बजाय प्रशिक्षित चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।अभी कोरोना काल में चिकित्सा विज्ञान के कारण महामारी के नियंत्रण में सफलता मिली है और वैक्सीन के बनने और लगने से काफी प्रभाव पड़ा है.

और भी

संभाग स्तरीय आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता करमा में जशपुर व शैला में सूरजपुर ने मारी बाजी

 कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के अंतर्गत संभाग स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को राजमोहिनी भवन में किया गया।

अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर  कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के अंतर्गत संभाग स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को राजमोहिनी भवन में किया गया। आदिवासी विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के 7 नर्तक दल शामिल हुए जिसमें से करमा नृत्य में जशपुर व शैला नृत्य में सूरजपुर जिले के नर्तक दलों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर पुरस्कार अपने नाम किया।  चयनित दोनों जिलों के नर्तक दल  1 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपने नृत्य कला का प्रदर्शन दिखाने का अवसर मिलेगा।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जे.आर. नागवंशी ने बताया कि संभाग स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में प्रतियोगिता में संभाग के जिलों से पहुंचे नर्तक दलों ने करमा और शैला नृत्य का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले के आदिवासी लोक कला संगम शैला नर्तक दल कृष्णपुर, और जशपुर जिले के जय मातादी करमा पार्टी टांटीडाँड़, कांसाबेल का चयन राज्यस्तरीय नृत्य प्रतियोगिता के लिए किया गया।

कार्यक्रम में निर्णायक और मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर गुप्ता, रंजीत सारथी, अनुसंधान अधिकारी  डीपी नागेश तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी, नर्तक दल और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

और भी

सघन, खुरहा, चपका, टीकाकरण अभियान की शुरूआत 2 अक्टूबर से

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश के सर्वांगीण ग्रामीण विकास में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश के किसान कृशि कार्य के साथ-साथ दुग्ध व्यावसाय के लिए पशुपालन करते हैं। इन पशुओं में विभिन्न प्रकार के विशाणु जनित रोग होने के कारण जहां एक ओर कृशि कार्य प्रभावित होता है, दुधारू पशु दूध देना कम कर देते हैं। इसके अलावा छोटे उम्र के बछड़े और बछिया की मृत्युदर भी बढ़ती है। इन रोगों से छुटकारा दिलाने के लिए शासन की मंशा के अनुपरूप जिले में सघन, खुरहा, चपका, टीकाकरण अभियान आगामी दो अक्टूबर से प्रारंभ होगा। इस संबंध में कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में सघन टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। इस संबंध में जिले के पशुपालन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देशा दिये गये हैं। 

उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवायें श्री पड़ौती ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टीकाकरण अभियान अंतर्गत जिले के शत प्रतिशत पशुओं में कृमिनाशक दवापान, बाहय परजीवी नाशक दवापान छिड़काव के पश्चात् शत प्रतिशत पशुओं में टीकाकरण सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि खुरहा चपका एक संक्रामक बीमारी है, जिसमें मृत्यु दर नहीं होने के पश्चात पशु की कार्यक्षमता में कमी होने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान होता है। इस कार्य हेतु ग्राम स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। अभियान के प्रति पशुपालकों को जागरूक करने हेतु क्षेत्र के जन प्रतिनिधि एवं शासन स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। 

सघन टीकाकरण अभियान हेतु जिले में नोडल अधिकारी, विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी एवं टीकाकरण दल प्रभारी एवं सदस्यांे की नियुक्ति की गयी है। जिले में टीकाकरण अभियान के सुचारू संचालन हेतु डॉ दीपेश रावटे को नोडल अधिकारी, विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ जागृति कृशान और डा. संध्या कश्यप को बनाया गया है। टीकाकरण हेतु 10 सेंटर बनाये गये है, जिनमें नारायणपुर, बेनूर, एड़का, सोनपुर, फरसगांव, रेमावंड, छोटेडोंगर, पल्ली, ओरछा और कोहकामेटा शामिल है। 

 

 

और भी

जिला पंचायत सीईओ ने की गोधन न्याय योजना की समीक्षा

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  देवेश कुमार ध्रुव ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में गोधन न्याय योजना अंतर्गत समस्त लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारी/कर्मचारियो संबंधित, नोडल अधिकारी एवं सचिव सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर एवं जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों की बैठक लेकर योजना की गहन समीक्षा की ।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने योजनांतर्गत अब तक किये गये कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने गोधन न्याय योजना अंतर्गत खरीदे गए गोबर को खाद बनाने की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली।  ग्राम पंचायतों में गोबर से खाद बनाने की प्रक्रिया में कमी पाई गई, जिसके संबंध में उन्होंने अधिकारियों को समय रहते हुए खाद बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य अनुपरूप एक माह में गोबर से खाद बनाने के कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिये।

और भी

कांग्रेस का जवाब : रमन सिंह झूठ बोल रहे...उन्होंने 60 हजार किमी सड़क बनाई... छग में कुल 32800 किमी ही सड़क

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पत्रकारों से चर्चा करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन सिंह आजकल सत्ता प्राप्ति के लिये झूठ का सहारा लेना चालू कर दिये है। सत्ता जाने के बाद 15 साल मुख्यमंत्री रहे हुये रमन सिंह इतना ज्यादा बौखला जायेगे कि वे झूठ बोलना शुरू कर दिये है वे दावा कर रहे कि 15 साल में उन्होंने 60 हजार किमी सड़के बनाई छत्तीसगढ़ में। जबकि आज की तारीख में छत्तीसगढ़ में कुल 32 हजार 833 किमी सड़के है। राष्ट्रीय राजमार्गो की लंबाई 3510 कि.मी. प्रांतीय राजमार्गो की लंबाई 4176 कि.मी. जिला सड़को की लंबाई 11243 कि.मी. और ग्रामीण सड़को की लंबाई 13902 कि.मी. है। रमन सिंह के पहले, 2003 के पहले भी छत्तीसगढ़ में भी सड़क थी। ऐसा नही कि तब लोग पगडंडी में चलते थे। 2018 के बाद भी सड़क बनाई गयी है। इन सबके बाद भी छत्तीसगढ़ में कुल 32 हजार 833 किमी सड़क है। रमन सिंह ने 60 हजार कि.मी. सरकार कहां बनाई यह पूरी तरह झूठ है।


प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि रमन सिंह खुद अपने भ्रष्टाचार की स्वीकारोक्ति कर रहे है। 2016, 2017, 2018 में जो सड़के बनाये गयी थी वे कंडम हो गयी है तो इस बात का सबूत है कि रमन सिंह ने सड़क बनाने में भ्रष्टाचार किया था और उनके भ्रष्टाचार के कारण ही जिन सड़को की आयु 12 से 15 साल होनी चाहिय वे सड़के आज खराब स्थिति में है। 3 से 5 साल की बीच सड़क बर्बाद हो गयी है।


प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 15 साल मुख्यमंत्री रहा व्यक्ति सत्ता की तड़फ में इतना झूठ बोलेगा किसी ने कल्पना नहीं किया था। वे कांग्रेस के घोषणा पत्र के सारे वायदो को गंगाजल की कसम से जोड़कर झूठ बोलते है। रमन सिंह पहले गंगाजल का नाम लेकर झूठ बोल रहे है अब बेशर्मी पूर्वक पवित्र गीता का नाम ले रहे और हद तो तब हो गयी कि मां बम्लेश्वरी का नाम भी अपने झूठ में शामिल कर रहे। यह शर्मनाक है कि जिस उम्र में सनातन धर्म के लोग तीर्थ यात्रा करते उस उम्र में रमन सिंह गंगाजल क नाम पर झूठ बोल रहे।


प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है इन दिनों भाजपा नेताओं में झूठ बोलने की अघोषित प्रतियोगिता चली रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, नड्डा तो लगातार झूठ बोलते ही थे, उनकी नकल करते हुये राजनीति के परिदृश्य से बाहर कर दिये गये। रमन सिंह, सरोज पाण्डेय सहित छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता भी झूठ बोलना शुरू कर चुके है। पूरे देश में 32800 कि.मी. सड़क है रमन सिंह दावा कर रहे 60000 बनाया मतलब उनके समय, 27200 कि.मी. सड़क कागज पर बनी है। उस कागजी सड़क को बनाने का महा घोटाला रमन सिंह ने किया उसका पैसा कहां गया। गुजरात गया या दिल्ली गया रमन बताये। 1 कि.मी. सड़क बनाने में 3 करोड़ की लगभग लागत आती है। रमन सिंह के समय गायब 27200 कि.मी. सड़को के बनाने में 81600 करोड़ का घपला हुआ यह बात रमन ने अपने प्रेस कान्फ्रेस में माना।


प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं भाजपा के नेता लगातार झूठे और मनगढ़त आरोप लगा रहे है। सच्चाई यह है कि रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में सड़को की हालत खराब थी। जनता की समस्या को प्रदेश के अखबारो ने प्रमुखता से उठाया था उस दौरान के अखबारो की खबरे आप को दिखा रहा हूं।


प्रेस से चर्चा के दौरान कृषि कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, आईटी सेल के राष्ट्रीय समन्वयक आयुष पाण्डेय, मीडिया समन्वयक विकास बजाज, मणी वैष्णव उपस्थित थे।

और भी

एलएसके व सीएससी के ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर शुक्ला के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ लीना मंडावी व अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी की अध्यक्षता में बीते दिनों लोक सेवा केन्द्र व सीएससी ऑपरेटर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य शासन की ओर से लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के तहत आने वाली ऑनलाईन सेवाओं, सी.एस.सी. पोर्टल में दी जाने वाली सेवाओं में प्रगति व गुणवत्ता लाने के लिए लोक सेवा केन्द्र व सीएससी ऑपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्देशित किया गया कि ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से दी जाने वाली लोक सेवा गारंटी की मूलभूत डिजिटल सेवाओं में आय, जाति, निवास व हितग्राहियों दी जाने वाली अन्य सेवाओं का समय सीमा में निराकरण हो। जिले के समस्त लोक सेवा केन्द्र व सीएससी ऑपरेटर्स को कार्य में नियमितता बरतने के साथ-साथ उचित व सटीक दस्तावेज अपलोड करने की जानकारी दी गई। सभी ऑपरेटर्स को अपने कार्य स्थल उपलब्ध सेवाओं व शुल्क संबंधी लिस्ट के साथ-साथ अवश्यक दस्तावेजों की जानकारी चस्पा करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में आयुष्मान कार्ड पंजीयन कार्य में प्रगति लाने व समय सीमा में पंजीयन कार्य पूर्ण करने के लिए सभी ऑपरेटर्स को निर्देशित किया गया। इसके लिए 15 अक्टूबर तक सभी सीएससी/बीएलई को डोर-टू-डोर कार्यक्रम कर पंजीयन को पूर्ण करने को कहा। इसके अलावा डीजी पेय, बैंकिंग सेवाओं व ई-श्रम पंजीयन कार्य का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में मतदाता परिचय पत्र का आधार से लिंक करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण देने के लिए ई-जिला प्रबंधक महेन्द्र वर्मा, तहसीलदार आशुतोष गुप्ता, नवागढ़ तहसीलदार केशवराम वासनिक, नायब तहसीलदार रोशन साहू, नीलम पिस्दा, जयेश कंवर व ई-डिस्ट्रिक्ट टेक्निकल मैनेजर जागेश्वर वर्मा, आयुष्मान कार्ड व डिजिटल सेवा संबंधित प्रशिक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग के जिला समन्वयक मनोज साहू व राजस्व कार्यालय से शिशिर देशमुख, रविन्द्र देशमुख, जिला सीएससी मैनेजर दीपेश परिहार उपस्थि थे।

 
और भी

भाजपा के 9 सांसद मिलकर भी नवरात्रि में दर्शनार्थियों के लिए ट्रेन शुरू नहीं करा पाए

मोदी सरकार के तुगलकी फरमान के चलते देश में उत्पन्न हुआ है कोयला संकट, बंद हुई है यात्री ट्रेन

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे के द्वारा कोयला संकट के चलते बीएसपी के प्लांट बंद होने की सूचना पर अनभिज्ञता जाहिर करने पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेत्री एवं राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे को भिलाई स्टील प्लांट में जाकर वीडियो बनाना चाहिए जहां बीते 6 दिनों से कोयला नहीं होने के चलते  प्लांट में उत्पादन बंद है एवं मोदी सरकार ने अडानी प्रेम में  मनमानी करते हुए मात्र कोयला ढुलाई के लिए बीते कई माह से लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों को बंद कर दिया है और वो लोकल ट्रेन स्टेशन में जंग खाते हुए खड़ी है और जनता नवरात्रि के पावन पर्व पर देवीदर्शन करने के लिए ट्रेन ढूंढ रही है।


प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने अडानी प्रेम के चलते विदेश से आयातित महंगे कोयले को उद्योगों को इस्तेमाल करने का जो तुगलकी फरमान जारी किया है जिसके चलते भारत के नवरत्न कंपनियों एवं निजी क्षेत्र के कंपनियों में तालाबंदी की स्थिति निर्मित हुई है और जनता को यात्रा करने के लिए ट्रेन भी नहीं मिल रहा है  100 से अधिक पावर प्लांट जो बिजली उत्पादन करते थे वह भी अब महंगे कोल के चलते उत्पादन को बंद कर दिये है ।जबकि देश के पास अकूत मात्रा में कोल का भंडारण है उसके बावजूद सिर्फ कोल किंग अपने मित्रों को फायदा पहुँचाने विदेश के महंगा कोयला को इस्तेमाल करने का दबाव डाला जा रहा है और इसके लिए अनैतिक तरीका इस्तेमाल कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने भाजपा को 9 सांसद दिए हैं जिनमें से एक मंत्री का दायित्व भी निर्वहन कर रहे हैं एक राज्यसभा के सदस्य हैं लेकिन भाजपा सांसदों का रवैया और निष्क्रियता का नुकसान छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ जनता को हो रहा है भाजपा के सांसद अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे है। बीते कई माह से प्रदेश की जनता को ट्रेन की सुविधा नहीं मिल पा रही है बिना किसी सूचना के बिना किसी कारण के यहां से होकर गुजरने वाली एवं यहां स्थानीय स्तर पर चलने वाली लोकल ट्रेनों को बंद कर दिया गया है और जनता परेशान है और भाजपा के सांसद गधे के सिर से सिंग की तरह गायब है।

और भी

डेंगू नियंत्रण व रोकथाम के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की हुई बैठक

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशन व मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी  पी.एस. सिसोदिया के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत् डेंगू नियंत्रण व रोकथाम के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में सोमवार को हुई।

राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डीएमओ राजेश गुप्ता ने बताया की डेंगू वायरस से होने वाली बीमारी है, जिसके नियंत्रण व रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों की सहभागिता अति आवश्यक है। डेंगू रोग एडिस एजिप्टी नामक मच्छर के द्वारा फैलता है। यह मच्छर दिन के समय काटती है तथा रूके हुये साफ पानी में अण्डे देती है। इससे बचाव हेतु अपने घर के आस-पास गड्ढे व कूलर, गमले, फ्रिज ट्रे, टायर व अनुपयोगी बर्तनों में पानी जमा ना होने दें। निस्तारी योग्य पानी में लार्वीसाइड का उपयोग करें। डेंगू के प्रारंभिक जांच के लिए जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आर डी टेस्ट किट द्वारा निशुल्क जांच की जाती है तथा डेंगू प्रकरण की पुष्टि के लिए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर में एलाईजा जांच की सुविधा भी उपलब्ध है।

समन्वय समिति की बैठक में पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, मत्स्य विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, उद्योग विभाग के अधिकारी तथा मितानिन उपस्थित थे। 

और भी

जिले के सरहदी गांवो में अज्ञात बीमारी व महामारी जैसी कोई स्थिति नहीं है : सीएमएचओ

 नारायणपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मीडिया में प्रकाशित खबर अज्ञात बीमारी से लोगों की मृत्यु के संदर्भ में कलेक्टर के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से गठित स्वास्थ्य अमला बीते दिनों स्थिति का जायजा लेने घने जंगलो, नदी-नालों व उबड़-खाबड़ रास्तों पगडंडियों से होकर नक्सल प्रभावित गांव पीडियाकोट, रेकावाया, डंूगा, घोट और लंका गांव पहुंचा। वहां पहुंचकर स्वास्थ्य अमले ने लोगों से वास्तविक स्थिति की जानाकरी ली और अन्य बीमारियों से पीडि़त ग्रामीणों का उपचार किया और आवश्यक दवाईयां दी। इसके अलावा विभिन्न मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय सुझाये। स्वास्थ्य टीम की ओर से इन गांवों में शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। 

अज्ञात बीमारी से मृत्यु के संदर्भ में जानकारी लेने पर मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के इन गांवों में ऐसी किसी भी अज्ञात बीमारी से किसी भी ग्रामीण की मृत्यु नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि बीते जून माह में 4 ग्रामीणों की मृत्यु हाथ पैरों में सूजन, कमजोरी, एक सप्ताह से बीमार, अचानक मृत्यु के कारण हुई है। वहीं माह जुलाई में 2 ग्रामीणों की मृत्यु हुई, जिसमें लंबे समय से बीमार और कमजोर और बुजुर्ग होने के कारण हुई है। एक व्यक्ति की मृत्यु अगस्त में हुई जो कि कैंसर से पीडि़त था। इसके अलावा 4 व्यक्तियों की मृत्यु सितम्बर माह में हुई है, जिनमें एक उम्रदराज होने के कारण, एक पानी में डूबने से और एक के द्वारा आत्म हत्या करने तथा एक व्यक्ति की मृत्यु निमोनिया से हुई है। 

स्वास्थ्य अमले की ओर से गांवों में पहुंचकर 110 ग्रामीणों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण : 

मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से गठित दल ने पीडियाकोट, रेकावाया, डंूगा, घोट और लंका गांव पहुंचकर गांवों में प्रत्येक घरों में दस्तक देकर वहां किसी भी प्रकार की बीमारी से पीडि़त व्यक्ति की जानकारी ली। जिन घरों में बीमार ग्रामीण पाये गये उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान 9 मलेरिया पॉजिटिव व्यक्ति भी मिले। स्वास्थ्य अमले की ओर से लगाये गये, इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 110 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें सर्दी-खांसी, बुखार, दस्त, सूजन, कमजोरी जैसे मरीज मिले मरीजों का स्वास्थ्य जांच करते हुए आवश्यक दवाईयां व स्वास्थ्य सलाह दी गई। अज्ञात बीमारी से ग्रसित व्यक्ति की सूचना मिलने पर उन व्यक्तियों की जांच से पता चला कि किसी भी ग्रामीण को अज्ञात बीमारी नहीं है।

और भी

लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण करें : कलेक्टर

 खैरागढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर सोनकर ने मंगलवार को जिला कार्यालय (कलेक्टोरेट) के सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए, उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से ली जाने वाली कलेक्टर कॉन्फ्रेंस की जानकारी विभागवार फोल्डर में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जिलाधीश ने कहा कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एक नया जिला है, जिले के विभागीय अधिकारी परस्पर समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ आम जनों तक पहूंचाने की दिशा में तत्पर्तापूर्वक कार्य करें। हमें नवा जिला-नवा संकल्प लेकर कार्य करना है। जिलाधीश ने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग के एक नोडल अधिकारी का नाम नामांकित करते हुये कलेक्टर कार्यालय को अवगत करायें।

कलेक्टर डॉ सोनकर ने बैठक के दौरान गिरदावरी के अन्तर्गत बोए गये खरीफ फसल के रकबे का आंकलन की जानकारी ली। गो-धन न्याय मिशन के अन्तर्गत गोबर व गौ-मूत्र क्रय पर विपणन, गौठान, जैविक खेती को प्रोत्साहन की जानकारी ली। आश्रम छात्रावास का शतप्रतिशत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा में राजस्व प्रकरणों का निराकरण, भूमि व्यवस्थापन, आवंटन व नवीनीकरण, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, जर्जर सड़कों और शासकीय भवनों की मरम्मत और संधारण, स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्रों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि आवेदन जो आम जनता की ओर से मुख्यमंत्री जनचौपाल, कलेक्टर शिकायत शाखा, केन्द्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निवारण प्रणाली (सीपी ग्राम्स), जन शिकायत पीजीएन व लोक सेवा गारंटी आदि के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। उन्होंने राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों व योजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा साथ ही मुख्यमंत्री की घोषण पर अमल, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल निर्माण/अधोसंरचना की प्रगति, राजीव युवा मितान क्लब, गोधन न्याय योजना, वर्मी कंपोस्ट उत्पादन व विक्रय, चारागाह विकास की जानकारी की समीक्षा की। बैठक में अनुविभागीय अधिकरी राजस्व खैरागढ़ प्रकाश राजपूत, एसडीएम गंडई-छुईखदान सुनील शर्मा, डिप्टी कलेक्टर आभा तिवारी व रेणुका रात्रे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 
और भी

विशेष पिछड़ी जनजातियों संवर रहा जीवन : किराना दुकान, बकरी पालन, मुर्गीपालन बना आजीविका का आधार

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय आजीविका मिशन अंतर्गत विशेेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के लोगों को समाज की मुख्यधारा मे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कोरबा जिले में  उत्थान परियोजना के तहत वह अब खेती, किराना दुकान और पशुपालन को आजीविका के रूप मे अपना रहे है। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर जाति के परिवारों के उत्थान, विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवार की महिलाएं विभिन्न गतिविधियां अपनाकर आजीविका संवर्धन कर रही है। आजीविका संवर्धन में उत्थान परियोजना की अहम भूमिका है।

एरिया कार्डिनेटर एनआरएलएम श्रीमती अलका आदिले ने बताया कि श्रीराम महिला स्व सहायता समूह तीतरडांड ग्राम पंचायत सिमकेंदा को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश कोष की राशि दी गयी, जिससे वह किराना दुकान, बकरी पालन, सुअर पालन का कार्य कर रही है। किराना दुकान में महुआ फूल खरीदने से 10 हजार रूपये का फायदा हुआ है। जिससे यह कोरवा महिलाएं अपनी आजीविका गतिविधि आगे बढ़ा रही है। फुलवारी स्वसहायता समूह की तीतरडांड की महिलाएं बकरी पालन एवं सुअर पालन कर रही है, जिससे उन्हें पांच हजार रूपये का आर्थिक लाभ हुआ है। समूह की महिलाएं आपस में 10 रूपये प्रति सप्ताह बचत भी कर रही है। श्यांग की एफएलसीआरपी लता मरकाम ने बताया कि हरियाली स्वसहायता समूह की महिलाएं चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश कोष से प्राप्त राशि से बकरी पालन, मुर्गी पालन कर रही है। विगत माह मुर्गी बेचकर उन्होंने एक हजार 800 रूपये की आय अर्जित की है।
कोरबा कलेक्टर संजीव झा द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर जाति के परिवारों के उत्थान, विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। कलेक्टर ने विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्र छातासरई, गढ़उपरोड़ा, नकिया, देवपहरी, लेमरु मे सघन दौरा करके उनके बीच जा कर चौपाल लगा कर, उन्हें मिलने वाली सुविधाओ की बेहतरी के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। जिसके फलस्वरूप प्रथम चरण मे कोरबा विकासखण्ड में विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों की महिलाओं को स्वसहायता समूह से जोड़ा गया है। दूसरे चरण मे शासकीय योजनाओ का लाभ दिलाने के लिए आधारकार्ड, वोटर आईडी कार्ड, राशनकार्ड, प्राथमिकता से उपलब्ध कराए गये है। अब इन परिवारों को बिहान से चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश कोष, बैंक लिंकेज, ऋण उपलब्ध कराकर आजीविका गतिविधियो बकरीपालन, मुर्गी पालन, किराना दुकान, सूअरपालन आदि से जोड़ा जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की 08 महिलाओं का सक्रिय महिला के रूप मे चयन किया गया है, ताकि वे उनकी वास्तविक परिस्थिति के अनुरूप कार्य कर सकें। इन महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है। अब यह सक्रिय महिलाएं समुदाय के अन्य महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रही है, ताकि उनका विकास हो सके।
और भी

धान खरीदी की सभी तैयारियां 20 अक्टूबर तक पूरा कर ली जाएं : कलेक्टर

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक हुई। बैठक कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित थी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो रही है। इस बीच दीपावली त्यौहार भी है। इसलिए धान खऱीदी संबंधी सभी तैयारियां 20 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएं। जिन नए धान उपार्जन केंद्रों, संग्रहण केंद्रों में पहुँच मार्ग सही नहीं है या मरम्मत या बनाने की जरूरत है। उनका चिन्हांकन कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को दे दें। ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आप सभी अनुभवी है फिर भी धान की अवैध खरीदी-बिक्री और परिवहन नहीं हो और बिचौलियों तथा कोचियों की ओर से धान की खरीदी और परिवहन को रोकने भी कड़े कदम उठाने होंगे। उन्होंने किसानों के पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने किए गए प्रयास की प्रगति की जानकारी ली। गोबर और वर्मी कंपोस्ट उत्पादन और विक्रय के बारे में पूछा। 

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे के मार्फत बताया कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने जिले में आगामी 06 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 2022-23 का आयोजन किया जाना है। यह आयोजन 6 चरणों में होगा। आयु वर्ग 18 तक, 18 से 40 और 40 आयुवर्ग से अधिक उम्र के लोग भाग ले सकते हैं। 

पहला चरण राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर आगामी 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक होगा। दूसरा जोन बार इसमें आठ क्लब को मिला कर एक ज़ोन होगा। यह 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक होगा। इसके मद्देनजर आज की समय सीमा की बैठक में कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर जि़ला खेल अधिकारी को सभी आवश्यक तैयारियां करने कहा है। साथ ही ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले खेलों के लिए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

मालूम हो कि छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक 14 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन खेल विधाओं में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद की प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्ग में आयोजित की जानी है। इसमें 18 वर्ष तक, 18 से 40 और 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिला व पुरूष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।

राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर 06 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक पहले स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद जोन स्तर पर 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक, विकासखंड/नगरीय क्लस्टर स्तर पर प्रतियोगिताएं 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक की जाएंगी। जिले में चौथा और अंतिम स्तर जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक होगा। इसके बाद यहां के विजेता संभाग स्तर पर 05 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर छठवां स्तर का छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 28 दिसम्बर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा। कलेक्टर ने जिले में आयोजित होने वाले छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक को मुख्यमंत्री मंशा के अनुरूप पूरे उत्साह के साथ आयोजित करने और लोक खेलों के खिलाडिय़ों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया है। कलेक्टर ने प्राप्त पत्र, जनचौपाल, समय सीमा के विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका गुणवत्तापूर्वक निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

और भी