छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

40 कृषक शैक्षणिक प्रशिक्षण भ्रमण पर हुए भुवनेश्वर रवाना

 गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री कृषि सिचाई योजना अंतर्गत जलग्रहण घटक के तहत जिला गरियाबंद से टोनही नाला जलग्रहण परियोजना गरियाबंद व खडकानाला जलग्रहण परियोजना देवभोग के 40 प्रशिक्षणार्थी कृषक शैक्षणिक भ्रमण व प्रशिक्षण के लिए 21 सितम्बर को जिला मुख्यालय गरियाबंद से भुवनेश्वर रवाना हुए। 

सहायक संचालक कृषि नरसिंह ध्रुव नेतृत्व में प्रशिक्षणार्थी कृषकों के दल को जिला पंचायत कृषि स्थाई समिति के सभापति लोकेश्वरी नेताम और उप संचालक कृषि संदीप कुमार भोई ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया गया। इस दौरान सभापति लोकेश्वरी नेताम की ओर से सभी 40 प्रशिक्षणार्थियों को शुभकमनाये देते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्नत तकनीकियों को अपने अपने जलग्रहण क्षेत्र में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत तकनीकियों और कृषि संबंधी नई खोज से अवगत कराने के लिए समय-समय पर कृषक प्रशिक्षण व शैक्षणिक भ्रमण कराया जाना चाहिए। 

 
 

उप संचालक कृषि संदीप कुमार भोई की ओर से बताया गया कि जिले में दो नई जलग्रहण परियोजना विकासखंड गरियाबंद व विकासखंड देवभोग में संचालित है जिसके प्रथम चरण में जलग्रहण समितियों के अध्यक्ष व किसानों का प्रशिक्षण एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसके तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की संस्थान भारतीय जल प्रबंधन संस्थान भुवनेश्वर में 22 से 24 सितम्बर तक तीन दिवसीय जलग्रहण क्षेत्र में जल संचयन व जल प्रबंधन तथा मृदा संरक्षण विषय पर राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा भुवनेश्वर के जलग्रहण क्षेत्र में भ्रमण करवा कर वहा पर अपनाई जा रही मृदा व जल संरक्षण गतिविधियों व संरचनाओं का अवलोकन करेंगे तथा जल प्रबंधन संस्थान में किये जा रहे नई खोज व तकनीकियों का वहा के वैज्ञानिकों की ओर से प्रशिक्षणार्थियों को अनुसंधान केन्द्र में अवगत कराया जाएगा।

 
और भी

आंगनबाड़ी में लगी मासिक धर्म स्वच्छता की पाठशाला

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुढ़ियारी सेक्टर में आगनाबाड़ी केंद्र पर किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी के लिए एक पाठशाला का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र की किशोरियों ने भाग लेते हुए कई प्रश्न भी पूछे जिसका उत्तर गुढ़ियारी सेक्टर की पर्यवेक्षक रीता चौधरी द्वारा दिया गया। उन्होंने किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, यौन शिक्षा के साथ-साथ पोषण आहार के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी ।


इस सम्बन्ध में गुढ़ियारी सेक्टर की पर्यवेक्षक रीता चौधरी ने बताया: ‘’पोषण माह के अंतर्गत किशोरियों के लिए मासिक धर्म एवं स्वच्छता पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। खानपान पर भी किशोरियों को को जानकारी देने के लिए पौष्टिक थाली की प्रदर्शनी रखी गई । इस मौके पर उनको बताया गया कि प्रतिदिन अपने भोजन में दाल, चावल, रोटी, सब्जी भाजी का आवश्यक रूप से प्रयोग करें ताकि स्वास्थ्य अच्छा रहे। इस दौरान किशोरियों के लिए सेल्फी जोन भी बनाया गया था । जहाँ पर किशोरियों ने बड़े उत्साह से अपने फोटो लिए।“

 



स्वच्छता पाठशाला में किशोरियों को माहवारी से संबंधित जानकारी भी दी गई। इस दौरान किशोरियों को बताया गया कि गंदे कपड़े के इस्तेमाल के कारण खुजली, जलन और कई बार माहवारी के अनियमित होने की समस्या भी आ सकती है । मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता व्यवहार न अपनाने पर आगे चल कर सर्वाइकल कैंसर या गर्भाशय से संबंधित दिक्कतें भी आ सकती हैं। माहवारी के दौरान सेनेटरी पैड के इस्तेमाल से 90 फीसदी संक्रमण का खतरा कम रहता है। साथ ही सेनेटरी पैड हर चार घंटे में बदलना चाहिए। किशोरियों को उनके अधिकार जानने और इस उम्र में होने वाले शारीरिक बदलाव तथा इस दौरान किशोरियों को किन-किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है के बारे में बताया गया।

 



किशोरियों को सही पोषण, यौन और प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, चोट एवं लैंगिक हिंसा तथा मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के महत्व के विषय में जागरूक किया गया। किशोरियों के प्रश्नों के माध्यम से आयी समस्याओं और भ्रांतियों का निराकरण भी किया गया ।

 



कार्यक्रम के दौरान सुनीता (बदला हुआ नाम) ने पूछा कि माहवारी के दौरान संक्रमण से कैसे बचा जा सकता है? वहीं अनीता (बदला हुआ नाम) ने पूछा माहवारी के समय जो दर्द होता है क्या वह शरीर के लिए नुकसानदायक होता है? इस पर रीता चौधरी ने माहवारी के दौरान सेनेटरी पैड का प्रयोग करने पर जोर दिया क्योंकि इसके प्रयोग से संक्रमण की संभावना नहीं रहती है। वहीं माहवारी के दौरान दर्द होना एक सामान्य प्रक्रिया है किन्तु अत्यधिक दर्द होने पर डॉक्टरी सलाह अवश्य लेनी चाहिए।

इस दौरान किशोरियों को आयरन के महत्व के बारे में समझाया गया। एनीमिया से निपटने के लिए भी जागरूक किया गया है। 11 से 19 वर्ष तक के किशोरियों को सही पोषण आहार के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता की जानकारी, यौन शिक्षा की आवश्यकता, किशोरावस्था के बारे में पूर्ण जानकारी होना जरूरी है। किशोरियों-बालिकाओं को फोलिक एसिड की गोलियां भी डॉक्टर की सलाह से लेना चाहिए। इस दौरान किशोरियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

पौष्टिक भोजन जरूरी
मासिक धर्म के दौरान आराम और पौष्टिक भोजन का सेवन करना चाहिए। पीरियड्स के समय कई बार शरीर में दर्द होता है। इसलिए गर्म पानी से नहाएं, खानपान का ख्याल रखें पाचक आहार का सेवन करें। साफ सफाई न अपनाने से यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन, ल्यूकोरिया जैसी बीमारी के साथ-साथ कई प्रकार के संक्रमण हो सकते हैं।

क्यों जरूरी है आयरन
इस मौके पर आयरन के महत्व के बारे में भी समझाया गया। और एनीमिया से निपटने के लिए भी जागरूक किया गया है। 11 से 19 वर्ष तक के किशोरियों को सही पोषण आहार के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता की जानकारी, यौन शिक्षा की आवश्यकता, किशोरावस्था के बारे में पूर्ण जानकारी होना जरूरी है। किशोरियों-बालिकाओं को फोलिक एसिड की गोलियां भी डॉक्टर की सलाह से लेना चाहिए।

 

 

 
और भी

जगदीशपुर में हुआ विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

 अम्बिकापुर(छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बिकापुर के अध्यक्ष आर.बी. घोरे के निर्देश एवं सचिव अमित जिन्दल के मार्गदर्शन में पी. एल.वी राजकुमार रजक ने बुधवार को ग्राम पंचायत जगदीशपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ धर्म-स्वातन्त्रय अधिनियम 1968 की धारा 3 के अनुसार कोई भी व्यक्ति बल प्रयोग द्वारा या प्रलोभन द्वारा या किसी कपटपूर्ण साधन द्वारा किसी भी व्यक्ति को एक धर्म से किसी अन्य धर्म में प्रत्यक्षतः या अन्यथा संपरिवर्तित नहीं करेगा या प्रत्यक्षतः या अन्यथा संपरिवर्तित करने का प्रयत्न नहीं करेगा और न ही कोई व्यक्ति किसी ऐसे संपरिवर्तन का दुष्प्रेरण करेगा।

यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता है तो अधिनियम की धारा 4 के अनुसार किसी सिविल दायित्व पर प्रतिकूल प्रभाव डाले बिना कारावास से, जो एक वर्ष का हो सकेगा, या जुर्माने से, जो पाँच हजार रूपये तक का हो सकेगा, या दोनों से दण्डनीय होगा परंतु उस दशा में जबकि अपराध किसी अप्राप्तवय किसी स्त्री या अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के किसी व्यक्ति के संबन्ध में किया गया हो तो दण्ड दो वर्ष का कारावास और दस हजार रूपये तक का जुर्माना होगा तथा कहा कि धारा 05 के अनुसार जो कोई किसी व्यक्ति का एक धर्म से किसी अन्य धर्म में संपरिवर्तन ऐसे धर्म-संपरिवर्तन के लिये आवश्यक संस्कार धार्मिक पुरोहित के रूप में स्वयं करके या ऐसे संस्कार में प्रत्यक्षतः या अप्रत्यक्षतः भाग लेकर करेगा, वह उस संस्कार के पश्चात ऐसी कालावधि के भीतर, जैसी कि विहित की जाय, उस जिले के, जिसमें वह संस्कार हुआ हो, जिला मजिस्ट्रेट को ऐसे प्ररूप में, जैसा कि विहित किया जाय, ऐसे धर्म-संपरिवर्तन के तथ्य की प्रज्ञापना भेजेगा तथा यदि कोई व्यक्ति उपधारा (1) में अन्तर्विष्ट उपबन्धों का अनुपालन करने में पर्याप्त कारण के बिना असफल रहेगा, तो वह कारावास से, जो एक वर्ष का हो सकेगा, या जुर्माने से, जो एक हजार रूपये तक का हो सकेगा, या दोनों से दण्डनीय होगा।

 

 

और भी

धरमजीत पर रेणु ने लगाया बड़ा आरोप, कहा...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस नेता धरमजीत सिंह को पार्टी से निकालने के बाद पार्टी सुप्रीमो रेणु जोगी ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, मुझे दुख है कि मेरी ही कलम से उनका निष्कासन हुआ है। रेणु जोगी ने धरमजीत सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा, धरमजीत सिंह स्व. अजीत जोगी के सपनो और पार्टी को खत्म करने की साजिश में शामिल हो गए थे। 

ऑपरेशन लोटस के जरिए भाजपा जनता कांग्रेस जोगी को ख़त्म करने की साजिश रच रही थी। क्षेत्रीय दलों को भाजपा खत्म करना चाहती है। भाजपा एक दलीय व्यवस्था चाहती है इसलिए जनता दल (यू) और शिवसेना के साथ जो किया वो हमारे साथ करने की तैयारी थी। 

रेणु जोगी ने कहा, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से हमारे दो विधयको ने मुलाकात की। दोनों विधायक दिल्ली भी गए, तो में बीमार थी। मुझसे मिलना तक मुनासिब नही समझा। इस दौरान उनकी मुलाकात भाजपा प्रभारी डी पुरंदेश्वरी से होती रही। मुझे भारी मन से ये फैसला लेना पड़ा कि मुझे अपने छोटे भाई धर्मजीत को पार्टी से निकालना पड़ा। मेरे जीवित रहते मैं अपनी पार्टी को भाजपा में विलय नही करूंगी। मेरे पास  कोई विकल्प नहीं था।

 

 

और भी

लम्पी स्किन डिजीज से सुरक्षित है छतीसगढ़, रोग के नहीं पाये गए लक्षण...

 एहतियात के तौर पर जिलों में पशु हाट-बाजारों पर अस्थायी रूप से रोक

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हाल ही में भारत के कुछ राज्यों में पशुओं में गांठदार त्वचा रोग (लम्पीस्कीन रोग) के लक्षण देखने को मिले हैं। यह रोग गौवंशी तथा भैंसवंशी पशुओं में गाँठदार त्वचा रोग वायरस के संक्रमण के कारण होता है। इस रोग का मुख्य वाहक मच्छर, मक्खी एवं किलनी हैं, जिसके माध्यम से स्वस्थ पशुओं में यह संक्रमण फैलता है।

वर्तमान मंे प्रदेश में इस रोग के कोई भी लक्षण नहीं पाये गये है। एहतियात के तौर पर जिलों मे कलेक्टर द्वारा पशु हाट-बाजारों के आयोजन पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। साथ ही विभाग द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के ग्रामो मे अस्थायी रूप मे चेकपोस्ट बनाया गया है, ताकि पड़ोसी राज्यों से प्रवेश करने वाले पशुओं को रोका जा सके। पशुधन विकास विभाग द्वारा सीमावर्ती ग्रामों में पशुओं को इस रोग के संक्रमण से बचाने हेतु गोट-पाक्स वैक्सीन से प्रतिबंधात्मक टीकाकरण किया जा रहा है। सीमावर्ती ग्रामों में इस रोग के लक्षण एवं रोकथाम के उपाय से अवगत कराये जाने हेतु के पशुपालकों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

इस रोग के निगरानी हेतु विभागीय अमलों को ग्रामों मे सतत् भ्रमण कर पशुपालकों से निरंतर संपर्क किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है, तथा पशुओं के रोगग्रस्त होने की स्थिति मे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पर्याप्त मात्रा मे औषधियों की व्यवस्था क्षेत्रीय संस्थाओं में की गई है। इसके अतिरिक्त विषम परिस्थिति से निपटने के लिये जिलों में पर्याप्त बजट उपलब्ध करा दी गई है, ताकि टीकाद्रव्य एवं अन्य सामग्री समय पर क्रय कर अन्य ग्रामों के पशुओं मे प्रतिबंधात्मक टीकाकरण का कार्य त्वरित रूप से किया जा सके। पशुओं के आवास में जीवाणुनाशक दवा का छिड़काव एवं पशुओं मे जू कीलनीनाशक दवा का छिड़काव हेतु सलाह दी गई है, ताकि इस रोग के मुख्य वाहकों पर नियंत्रण पा सकें।

गौरतलब है कि लम्पी स्कीन से रोगग्रस्त पशुओं में 02 से 03 दिन तक मध्यम बुखार के लक्षण मिलता है, इसके बाद प्रभावित पशुओं की चमड़ी मे गोल-गोल गांठें परिलक्षित होते है। लगातार बुखार होने के कारण पशुओं के खुराक पर विपरित प्रभाव पड़ता है, जिसके वजह से दुधारू पशुओं में दुग्ध उत्पादन एवं भारसाधक पशुओं की कार्यक्षमता कम हो जाती है। रोगग्रस्त पशु दो से तीन सप्ताह मे स्वस्थ हो जाते है, परंतु शारीरिक दुर्बलता के कारण दुग्ध उत्पादन कई सप्ताह तक प्रभावित होता है।

और भी

नवीन अंशदायी पेंशन योजना के अंतिम आहरण पर रोक

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुरानी पेंशन योजना बहाल किए जाने के मद्देनजर नवीन अंशदायी पेंशन योजना के अंतिम आहरण पर  रोक लगायी गयी है।

वित्त विभाग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा पुरानी पेेंशन योजना लागू होने के बाद अंशदायी पेंशन योजना के अंतर्गत आहरण किया जाना अनुचित है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 1 नवम्बर 2004 से लागू नवीन अंशदायी पेंशन योजना (सीपीएस) के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही शासकीय सेवकों के अप्रैल माह के वेतन से नियमानुसार सामान्य भविष्य नीधि की कटौती किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

और भी

सड़क में मवेशी पाए जाने पर उसके मालिक को जारी किया जाए नोटिस : पीएस एल्मा

 धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सड़कों में मवेशियों के खुले में घूमने से जहां यातायात प्रभावित होती है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसके मद्देनजर पिछले दिनों कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने इस संबंध में बैठक भी ली थी। मंगलवार को पुनः कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि मवेशी अगर सड़कों पे पाए जाते हैं, तो उसके मालिक को नोटिस ज़ारी किया जाए। इसमें ढील और कोताही बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आहूत समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने उक्त निर्देश उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, आयुक्त नगर निगम को दिए हैं।

बैठक के दौरान पोर्टल में गिरदावरी, धान के बदले अन्य फसल और धान के बदले वृक्षारोपण की सही तरीके से पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को दिए। मौके पर उप संचालक कृषि ने बताया कि ऐसे किसान जो जलसंसाधन की भूमि लीज में लेकर धान लगाते हैं, उनकी धान खरीदी तो की जाती है मगर उन्हें राजीव गांधी किसान न्याय योजना से लाभान्वित नहीं किया जा सकता। इसके मद्देनजर ऐसे किसानों की सूची कृषि विभाग को उपलब्ध कराने कहा गया जिन्हे लीज पर भूमि दी गई है। कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर किसानों को जागरूक करने व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश भी दिए, जिससे किसान बेवजह परेशान ना हों।

बैठक में कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता को सख्त निर्देश दिए कि अपने मैदानी अमले को सड़कों की वस्तु स्थिति का जायजा लेने भेजें, ताकि जरूरत के हिसाब से उसका रख रखाव और मरम्मत किया जा सके। उन्होंने इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.के.तुर्रे से संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण आदि की जानकारी ली। डॉ.तुर्रे ने बताया कि जिले में 98 प्रतिशत संस्थागत प्रसव किया गया है और नियमित टीकाकरण किया जा रहा है। बैठक में कलेक्टर ने उच्च कार्यालयों से मिले पत्र, मुख्यमंत्री जन चौपाल, कलेक्टर जन चौपाल सहित समय सीमा के विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्रीमती प्रियंका महोबिया सहित ज़िला स्तरीय अधिकारी और स्वान के वीसी से संबंधित एसडीएम सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।

और भी

कश्मीर की वादियों में गूंजा बस्तर का नाम

जगदलपुर के डॉक्टर छाया शोरी, प्राध्यापक उत्कर्ष अभिज्ञान सम्मानित 

 जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कश्मीर के पहलगाम शहर में आयोजित 12 वें राष्ट्रीय कम्यूनिटी  नेत्र रोग चिकित्सक संघ एवं अंतर्राष्ट्रीय नेत्र चिकित्सक सभा एकोईन-2022 में स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति मेडिकल कॉलेज जगदलपुर ने शानदार उपस्थिति दर्ज की। यहां देश के साथ ही श्रीलंका, नेपाल,  बांग्लादेश जैसे कई देशों के नेत्र रोग विशेषज्ञ भी शामिल थे।

स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति मेडिकल कॉलेज जगदलपुर की नेत्र रोग विभाग की पीजी अंतिम वर्ष की छात्रा एवं रेसिडेंट डॉक्टर डॉ.अनुषा ने बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें डॉक्टर अनुषा सिंह को रिसर्च पेपर प्रस्तुतीकरण में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। साथ ही गोल्ड प्लेट मेडल, ट्रॉफी, मोमेंटो, 3000 नगद इनाम और अंतर्राष्ट्रीय सर्टिफिकेट से पुरस्कृत किया गया। साथ ही रैपिड फायर सेशन में मेरिट पुरस्कार के साथ मोमेंटो भी जीता।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस कॉन्फ्रेंस में स्वर्गीय  बलिराम कश्यप स्मृति मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल जगदलपुर के नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉक्टर छाया शोरी को विशिष्ट भारतीय नेत्र रोग प्राध्यापक उत्कर्ष अभिज्ञान फलक से सम्मानित किया गया। साथ ही डॉक्टर छाया शोरी और डाक्टर राकेश शोरी को विशिष्ट नेत्र रोग प्राध्यापक कपल पुरस्कार प्रदान किया गया।

और भी

’जल जीवन मिशन से शशिपुर ग्राम को मिली बर्तन के बोझ से मुक्ति

 सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल, हर नल से जल प्रदाय होना है। इसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाना है। इसी उद्देश्य से जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा किया जा रहा है। जिसमें से जिले के विकासखण्ड सूरजपुर के ग्राम पंचायत तेलाईकछार आश्रित ग्राम शशिपुर में लगभग 8 परिवार निवासरत है, जिसमें जल जीवन मिशन के तहत 08 परिवारों में जल जीवन मिशन योजनांतर्गत नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। विभाग द्वारा ग्राम पंचायत में सभा आयोजित कर ग्रामवासियों से चर्चा की गई, जिसमें ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि पूर्व में पेयजल हेतु ग्राम में स्थित कुआं, डबरी एवं अन्य ग्रामों के पेयजल स्त्रोतों से पेयजल प्राप्त किया जा रहा था। जिससे आये दिन ग्रामवासियों में बीमारियों का भय बना रहता था। परंतु जल जीवन मिशन के आने से ग्राम में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल प्राप्त हो रहा है। जिससे ग्रामवासी बहुत प्रसन्न है। ग्रामपंचायत तेलाईकछार के आश्रित ग्राम शशिपुर के हितग्राहीयों ने बताया कि उनके घर में जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन लग जाने से, उन्हे पानी लेने कुएं, डबरी एवं पेयजल के लिए किसी दूसरे ग्रामों में जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। गांव महिलाओं ने बताया कि पहले दूसरे गांव में बर्तन लेकर पानी लेने जा पड़ता था, अब हम बर्तन के बोझ से मुक्त हो गये है। अब उनके पानी की समस्या दूर हो गई है और अब जो समय बचता है, उसमें वह दूसरा कार्य कर लेती है। ग्राम पंचायत तेलाईकछार के आश्रित ग्राम शशिपुर में जल जीवन मिशन योजना के तहत स्कूल एवं आंगनबाडी केन्द्रों में भी शत् प्रतिशत नल से जल प्रदाय किया गया।

और भी

आयोग ने आदिवासियों को प्रताड़ित करने वाले अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

 पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने राज्य महिला आयोग ने की बीजापुर में की सुनवाई

बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉक्टर किरणमयी नायक एवं सदस्य श्रीमती नीता विश्वकर्मा, श्रीमती अर्चना उपाध्याय की उपस्थिति में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई हुई। जिले से प्राप्त तीन प्रकरणों की सुनवाई की गई, जिसमें एक प्रकरण मानसिक प्रताड़ना का था। आवेदिका सहायक ग्रेड -2 कार्यरत संस्थान उप संचालक पशुचिकित्सा विभाग बीजापुर द्वारा अनावेदक पत्रकारगण के विरूद्ध मानसिक प्रताड़ना व मानहानि का आरोप लगाया। अनावेदक पक्ष ने सूचना के अधिकार के तहत आवेदिका के विरूद्ध सिविल सेवा आचरण अधिनियम के विरूद्ध कार्य करने पर कलेक्टर को शिकायत करने की बात कही। उभय पक्षों के बयान के आधार पर आवेदिका के विरूद्ध विभागीय जांच प्रक्रियाधीन होने की दशा में अध्यक्ष द्वारा विभागीय जांच पूर्ण होने तक प्रकरण को लंबित रखने की बात कही। जांच में आवेदिका निर्दाेष सिद्ध होने की दशा में अनावेदक के विरूद्ध दीवानी और अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की समझाईश आवेदिका को दी गयी।


अन्य प्रकरण कार्यस्थल पर प्रताड़ना के तहत आवेदिका ने अनावेदक जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण जिला बीजापुर के ऊपर गंभीर आरोप लगाए। आवेदिका ब्लाक समन्वयक के पद पर कार्यरत थी। अनावेदक के द्वारा मानसिक प्रताड़ना अभद्र भाषा का उपयोग करने के कारण पद से इस्तीफा दे चुकि है। आवेदिका के अलावा अन्य सात कर्मचारी जिनमें से तीन कर्मचारी ने इस्तीफा दे चुके हैं और चार कार्यरत कर्मचारियों द्वारा अनावेदक के उपर आरोप लगाया गया है। कि उनके द्वारा कर्मचारियों के प्रति गाली गलौच और दुर्व्यवहार एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। इन्हीं कारणों से अनावेदक के कार्यकाल के दौरान सन 2016 से 2022 तक कुल 17 लोगों ने  काम छोड़े। कुछ ने इस्तीफा दिया तो कुछ लोगों को काम से निकाला गया। बयान देने वाले कर्मचारीगण एवं एक कर्मचारी से विडियों कॉल के माध्यम से अपना बयान दर्ज करवाया। सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष डॉ किरणमयी नायक ने इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कहा की बीजापुर जिले के गरीब आदिवासी जो अपने जीवन यापन करने के लिए रोजगार कर रहे हैं, उनको बार बार अभद्र व्यवहार कर प्रताड़ित कर रहे हैं और उन्हें बार बार प्रताड़ित करना गम्भीर है। इस जिले के कोई भी अधिकारी यहां के स्थानीय लोगो से सभ्यता और सौम्यता से पेश आएं उनके जीवन यापन को ऊपर लाने की दिशा में प्रयास करने के निर्देश भी दिए। इस प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर रखते हुए अनावेदक के नियोक्ता सीईओ जिला पंचायत का प्रतिवेदन आवश्यक है, सीईओ जिला पंचायत से विस्तृत प्रतिवेदन प्राप्त करने के पश्चात प्रतिवेदन के आधार पर निर्णय पर विचार किया जायेगा। निर्णय की जानकारी जिला कलेक्टर को उपलब्ध कराते हुए पक्षकारों को सूचना दी जायेगी। एक अन्य प्रकरण में मानसिक प्रताड़ना अंतर्गत आवेदिका (स्टाफ नर्स) विरूद्ध अनावेदक (स्टाफ नर्स) कार्यरत संस्थान जिला चिकित्सालय बीजापुर के प्रकरण को आपसी रजामंदी के तहत नस्तीबद्ध किया गया।
इस दौरान राज्य महिला आयोग के सदस्य सहित जिले के सभी अनुभाग के एसडीएम एवं एसडीओपी, जिला महिला बाल विकास अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

महिलाओं की शिकायत पर कार्रवाई :10 दिनों में 140 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त

 बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिलें के कई ग्रामो के महिलाओं द्वारा अवैध शराब बिक्री का गंभीर शिकायत मिली थी। जिस पर कलेक्टर रजत बंसल ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। कार्रवाई के तहत विगत 10 दिनों के भीतर कुल 140.38 लीटर अवैध शराब जप्त कर कार्रवाई की गई।


कार्रवाई के तहत ग्राम-बनगबौद, अर्जुनी, बांसुरकुली, भटगांव, बाजार पारा कसडोल, मुढ़ीपार, डमरू में 07 प्रकरण कायम कर आरोपियों के विरूद्ध कुल 51.6 बल्क लीटर महुआ शराब एवं 19.26 बल्क लीटर देशी मसाला तथा अन्य प्रान्त की 45 ब.ली. मध्यप्रदेश निर्मित गोवा शराब जप्त कर निर्धारित कानूनों के धारा 34(1) (क),34(2),59(क) के तहत प्रकरण कायम कर जेल भेज दिया गया। इसी तरह ग्राम छांछी,डमरू, तेन्दुमुड़ी, वार्ड न.7, बिलाईगढ़, मोहतरा, वार्ड 12 बिलाईगढ़, टेढ़ी भद्रा में 8 प्रकरण कायम कर आरोपियो के विरूद्ध कुल 20 बल्क लीटर महुआ शराब एवं 2.16 बल्क लीटर  देशी मसाला तथा अन्य प्रान्त की 2.16 ब. ली. मध्यप्रदेश निर्मित गोवा शराब जप्त कर 34(1) (क),(ख) के तहत प्रकरण कायम किया गया। पलारी एवं कसडोल में 2 प्रकरण कायम कर आरोपियों के विरूद्ध कुल 0.20 ली. देशी मदिरा जप्त कर 36(सी) के तहत प्रकरण कायम किया गया। इस प्रकार कुल 17 प्रकरण कायम किये गये, जिसमें अन्य राज्य की मदिरा के 03 प्रकरण,कुल जप्ती मदिरा 71.6 ब.ली. महुआ शराब एवं 21.62 ब.ली. देशी तथा 47.16 मध्यप्रदेश निर्मित गोवा शामिल है

 

 

और भी

कार्यशाला में किशोरियों को एनीमिया का जानकारी दी

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में राष्ट्रीय पोषण माह 2022 के अंतर्गत कुपोषण एवं एनीमिया के स्तर में कमी लाने के उद्देश्य से जन समुदाय के स्वास्थ्य पोषण में प्रभावी व्यवहार परिवर्तन के लिए जनआन्दोलन के रूप में एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन जिला ग्रंथालय में किया गया, कार्यशाला में स्कूली व महाविद्यालय के छात्राओं द्वारा कुपोषण एवं एनीमिया थीम पर चित्रकला तैयार कर कार्यशाला में प्रदर्शनी लगाकर किशोरी बालिकाओं को एनीमिया के रोकथाम, पोषण आहार, आयरन युक्त भोजन के सेवन के लिए जनसमुदाय को संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग से गीदम विकासखण्ड परियोजना अधिकारी रितेश टंडन, जिला समन्वयक सेंटर फाँर कैटेलाईजिंग चेंग सी-3 से विनोद साहू, बापी न उवाट परियोजना के जिला समन्वयक भुनेश्वरी ठाकुर द्वारा वक्ता के रूप में उपस्थित किशोरी बालिकाओं को एनीमिया के लक्षण, रोकथाम, पोषण आहार, आयरन युक्त भोजन, किशोरावस्था में ध्यान देने वाली विशेष बातों के साथ माहवारी स्वच्छता के बारे में जागरूक किया गया। एक दिवसीय कार्यशाला में दंतेश्वरी पी.जी कालेज, आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, हाई स्कूल दंतेवाड़ा एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालय की किशोरी बालिकायें शामिल हुए, साथ ही वर्ड विजन जिला समन्वयक, बापी ब्लॉक समन्वयक एवं नायक-नायिका, बचपन बनाओ के जिला समन्वयक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी कार्यशाला में सहभागिता दिखाई।

और भी

बैठक में अनुपस्थित 3 सब इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस

 कामकाज में सुधार लाने के दिए निर्देश दिए कलेक्टर ने

बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर रजत बंसल ने सँयुक्त जिला कार्यालय के सभागार में आज ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं पंचायत विभाग के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 3 सब इंजीनियर अनुपस्थित मिले। जिस पर कलेक्टर रजत बंसल ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए तीनों अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस जारी करतें हुए 3 दिनों के भीतर जवाब तलब किया गया है। तीनों सब इंजीनियर अरूण कुरूवंशी, दुष्यंत आडिल एवं रामप्रसाद जोशी कसडोल जनपद पंचायत कसडोल में पदस्थ है। साथ ही कलेक्टर ने विभाग के कामकाज से अप्रसन्नता जाहिर करते हुए कामकाज में सुधार एवं तेजी लाने के निर्देश दिए है। उक्त बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यो गौठान में बन रहे अधोसंरचना पंचायत विभाग के गौठानों में किये जा रहे निर्माण कार्यो सहित गोबर खरीदी एवं अन्य कार्यो की विस्तृत समीक्षा की है। उक्त बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा,अतिरिक्त सीईओ हरिशंकर चौहान सहित ईई अशोक देवांगन, जिला सांख्यिकीय अधिकारी सुमीत मेरावी,सभी जनपद पंचायत सीईओ,एसडीओ,सब इंजीनियर, तकनीकी सहायक उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री के दौरे के पहले कर निराकृत करें लंबित प्रकरण : जितेंद्र शुक्ला

 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के दिशा-सभाकक्ष मे साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। इस दौरान उन्होने विभागवार लंबित आवेदनों की जानकारी ली और समय सीमा के भीतर लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधीश ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रदेश व्यापी विधानसभा क्षेत्रवार रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रदेश के विभिन्न जिलों में जारी है। इस परीपेक्ष्य में कलेक्टर ने अधिकारियों को आवयश्क कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में वर्तमान वस्तुस्थिति का विवरण/गतिविधियों का निरीक्षण कर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने अधिकारियों/कर्मचारियों को पंचायतों का भ्रमण कर पंचायतों में पटवारियों की उपस्थिति एवं उनसे संबंधित कार्याें का पर्यवेक्षण, स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की स्थिति, शासकीय स्कूल खुलनें एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, राशनकार्ड/राशन दुकान खुलने एवं राशन वितरण की स्थिति, हेण्ड पम्पों की संख्या, नलजल योजना की स्थिति, हाट बाजार क्लीनिक की स्थिति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान, आंगनबाड़ी केन्द्रों के खुलने एवं पूरक पोषण आहार वितरण की स्थिति, मनरेगा के अन्तर्गत मजदूरी भुगतान की स्थिति एवं पंचायतों में सचिव की उपस्थिति आदि के संबंध में जानकारी निर्धारित प्रपत्र में एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।

 
उन्होने राजस्व अधिकारियों से गिरदावरी कार्य की प्रगति, जिले में वर्षा एवं फसलों की स्थिति की जानकारी ली। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के अन्तर्गत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियां, मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व राजस्व प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व पुस्तक परिपत्र (आर.बी.सी.) 6-4 के तहत लंबित मुआवजा राशि का भुगतान, कोविड-19 के अन्तर्गत अर्थिक सहायता राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए।
 
जिलाधीश ने गौठानो को स्वावलंबी बनाने एवं आजीविका गतिविधियों को और अधिक तेजी प्रदान करनें के लिए गौठानों का निरीक्षण करने के निर्देश अधिकारियों दिए। उन्होंने गौठानो को ग्रामीण आजीविका का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने को कहा। हमें इस हिसाब से भविष्य की योजना बनाकर समय सीमा के भीतर क्रियान्वयन करना होगा। उन्होंने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पंहुचाने के निर्देश दिए है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती लीना मंडावी, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बेमेतरा युगल किशोर उर्वशा, साजा धनराज मरकाम, बेरला संदीप ठाकुर, नवागढ़ प्रवीण तिवारी, डिप्टी कलेक्टर विश्वास राव मस्के, हीरा गवर्ना, सीएमएचओ, नगरीय निकाय के सीएमओ एवं जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
और भी

50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण असंवैधानिक : हाईकोर्ट

 बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हाईकोर्ट ने 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण को असंवैधानिक करार दिया है। यह मामला 2012 में राज्य सरकार द्वारा सरकारी नियुक्तियों और मेडिकल, इंजीनियरिंग व अन्य कॉलेजों में एडमिशन पर 58 फीसदी आरक्षण के फैसले से जुड़ा है। इस पर फैसला सुनाते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस पीपी साहू की डिविजन बैंच ने 58 फीसदी आरक्षण को रद्द कर दिया है।


2012 में तत्कालीन सरकार ने 58 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया था। इससे क्षुब्ध होकर डॉ. पंकज साहू एवं अन्य, अरुण कुमार पाठक एवं अन्य ने अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी, विनय पांडेय एवं अन्य के जरिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। याचिकाकर्ताओं ने निवेदन किया था कि 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों के विरुद्ध और असंवैधानिक है। इन सभी मामलों की सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस पीपी साहू की डिविजन बैंच ने फैसला सुरक्षित कर लिया था। इस पर सोमवार को फैसला सुनाते हुए यह आदेश दिया है कि 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण का प्रावधान असंवैधानिक है। इसे रद्द करते हुए डिविजन बैंच ने याचिकाओं को स्वीकृत कर लिया है।

 

 

और भी

राजमार्ग की जर्जर स्थिति की शिकायत केंद्रीय मंत्री गडकरी से...

रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इन दिनों जशपुर जिले के सड़कों की जर्जर स्थिति सोशल मिडिया में जमकर वायरल हो रही है। इन सड़कों में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रास्तों से होकर गुजरने को मजबूर है। आए दिनों  बरसात की वजह से सड़कों में बड़े बड़े गड्ढों बन जाते है। जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, एवं वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इन सड़कों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक एवं यात्री बसें सहित अन्य वाहन अन्य राज्य को जाती है। जर्जर सड़कों के कारण लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी होती है। जिससे सड़कों में तालाबनुमा गड्ढों से लोगों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से जूझना पड़ रहा है। वहीं जशपुर भाजयुमो के जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता व सौरभ शर्मा ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन जयराम गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात कर सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा है। 

लिखित आवेदन के अनुसार कटनी से गुमला तक को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे 43 के सड़क का कार्य रुका हुआ है। पत्थलगांव से अम्बिकापुर को जोड़ने वाली एचएच. 43 सड़क का पत्थलगांव शहर से लेकर फुलेता चौक तक जो लगभग 3 किलोमीटर की स्थिति बहुत ही जर्जर हो गई है। सड़क पर विगत 2- 3 वर्षों से बरसात के दिनों में हर 2-3 दिन में 10-10 घंटे की जाम लग रही है। साथ ही पत्थलगांव शहर से जशपुर को जोड़ने वाली एच. एच. 43 की सड़क भी पत्थलगांव शहर से लेकर पत्थलगांव शासकीय महाविद्यालय तक जिसकी दूरी लगभग 2 किलोमीटर है जो कि बहुत ही जर्जर अवस्था में है लगभग 2-3 वर्षों से बरसात के दिनों में हर दो तीन दिन बाद जाम की स्थिति बनती है।

शहर के इन दोनों मुख्य मार्गों के जर्जर स्थिति के कारण कई अप्रिय घटना घट चुकी है, और कई लोग अपने जान गवा चुके है। दोनों मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति होने के कारण पत्थलगांव शहर में आये दिन घंटो जाम लगता है। साथ ही पत्थलगांव शहर का जिला मुख्यालय जशपुर है जो कि पत्थलगांव से 113 कि.मी. पर स्थित है। सड़क के जर्जर स्थिति के कारण जिले से जुड़े किसी भी शासकीय कार्य के लिए वहां पहुंचने में 5 से 6 घंटा का समय लगता है। शहर के दोनों मुख्य मार्गों के खराब होने के कारण स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में विलम्ब होता है जिससे उनके भविष्य खराब होने की चिन्ता बनी रहती है । साथ ही पत्थलगांव शहर से रायगढ़ की दूरी 110 कि.मी. है, इस सड़क की स्थिति की बहुत ही जर्जर है, और स्वास्थ्य से जुड़े गम्भीर मामलों में भी बड़े शहरों के अस्पतालों में पहुचना असंभव लगता है । इन सभी मसलों को लेकर यहां के ग्रामीणों में सरकारों के प्रति भारी आक्रोश है। इन तीनों मुख्य मार्गो के अलावा पत्थलगांव वासियों का अन्य कोई भी आवागमन का साधन नहीं है। लोगों की जान की सुरक्षा को देखते हुये इस सड़क का कार्य जल्द से जल्द कराने को लेकर मांग की है।

वहीं भाजयुमो जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वाशन दिया है कि कुछ समस्याओं को वजह से सड़क का कार्य रुका हुआ था जल्द ही सड़क का कार्य तीव्रता से शुरू किया जाएगा। जिससे जर्जर सड़कों से निजात मिलेगी। फिलहाल उन्होंने सड़क के सुधारीकरण का आश्वाशन दिया है।

और भी

संदिग्ध हालत में मिली लापता महिला की लाश, शव को बाहर निकालकर जांच में ऊटी पुलिस

 रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बड़े अतरमुड़ा-माझापारा क्षेत्र में रविवार को सुबह एक महिला का शव जमीन में गड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति बन गई थी, वहीं पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर घर के आंगन में जमीन के अंदर मानव अंग देखते ही मौका मुआयना कर कानूनी प्रक्रिया के तहत खुदाई किया गया तो करीब तीन फीट नीचे एक महिला की सड़ी-गली लाश बरामद किया गया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के टीवी टावर-बड़े अतरमुड़ा-माझापारा निवासी शांति यादव (42 वर्ष) जिला जशपुर थाना पत्थलगांव ग्राम कंडोला की रहने वाली है। महिला कुछ साल पहले अपने पति को छोडक़र अतरमुड़ा में रहती थी। शांति यादव के 2 बेटे व एक बेटी है जिसमें बेटी बड़ी होने के चलते उसका विवाह हो चुका है।

वहीं मृतिका के बेटे व स्वजनो ने पुलिस को बताया कि महिला जशपुर जिला के लोटापानी निवासी अजय उर्फ खगेश्वर के साथ उक्त निवास में लम्बे समय से दम्पति की तरह रह रही थी। वही उसके घर में दोनों बेटे का आना जाना व फोन पर सम्पर्क भी होता था। किन्तु विगत 1 सितंबर से महिला के बहन व बेटे जब उससे संपर्क करते तो उसका मोबाइल बंद मिलता था एवं खगेश्वर के पास जब उसकी सुध लेते तो वह उन्हें गुमराह कर रायपुर में किसी रिश्तेदार के यहां होना बताता था। इस दरमियान 2 दिन पहले मृतिका का मंझला बेटा उसके घर आया और देखा कि घर में कई तरह के बदलाव नजर आया, साथ ही आंगन में घास व मक्के की खेती हुई थी। वहीं एक जगह में मिट्टी भी उधड़ी नजर आई लेकिन वह उसे नजर अंदाजकर वहां रहने लगा, लेकिन बीती रात जब वह लघुशंका के लिए बाहर आया तो मक्के के खेत के करीब मिट्टी के पास कुछ संदेहास्पद मानव अंग नजर आया। जिसके बाद वह वापस घर आकर सो गया। ततपश्चात सुबह फिर से उक्त स्थल में गया तो पाया कि वहां मानव अंग बारिश के चलते बाहर आ गया था। जिससे महिला के बेटे ने अपने परिजनों को बताते हुए चक्रधर नगर पुलिस को भी अवगत कराया। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी में छनबीन की गई तो मानव अंग मिला। ततपश्चात न्यायीक दण्डाधिकारी को अवगत कराते हुए खुदाई का आदेश लिया गया और उनके ही समक्ष खुदाई की गई तो उक्त लापता महिला की लाश मिट्टी के अंदर मिली। जिससे महिला के रिश्तेदार व पुत्र ने शिनाख्त किया, जिसके बाद शव का पीएम उपरांत परिजनेां को सौंप दिया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

महिला की हत्याकांड को लेकर पुलिस ने जहां मर्ग कायम कर ली है तो वहीं हत्या का जुर्म दर्ज करने में रविवार दिन भर जुटी रही। इन सभी वस्तु स्थिति के मध्य चक्रधर नगर पुलिस संवेदनशील प्रकरण मानते हुए हर पहलुओं में पड़ताल कर रही है, साथ ही मृतिका के रिश्तदार, पुत्र व आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है।

और भी

इस बार 102 फीट के रावण, 70-70 फीट के मेघनाथ, कुंभकरण का होगा दहन

डब्ल्यू.आर.एस. दशहरा उत्सव की तैयारियां जोरों पर, रावण का पुतला बनना शुरू

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर के प्रसिद्ध डब्ल्यू. आर. एस. दशहरा उत्सव में इस बार एक सौ फीट से अधिक ऊंचे रावण और लगभग 70-70 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले जलेंगे। डब्ल्यू. आर. एस मैदान पर दशहरा उत्सव की तैयारियां जोरों पर है। यहां बडे़-बडे़ बांसों से रावण का पुतला भी बनना शुरू हो गया है।

आज दोपहर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने छ.ग. गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष व विधायक कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर और दशहरा समिति के पदाधिकारियों के साथ डब्ल्यू.आर.एस. मैदान पर विजयदशमी के ऐतिहासिक दशहरा उत्सव के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। नगर निगम कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी सहित पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी इस दौरान साथ रहे।

कलेक्टर डॉ. भुरे ने आज इस आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया एवं अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों की उन्हें विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस गरिमामय आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं एवं जन सुविधा, लोक सुरक्षा, आवागमन, पेयजल, साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें। 

डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान पर रावण का पुतला बनना शुरू हो गया हैं। बडे़-बडें़ बांसो को नारियल की गीली रस्सी से बॉधकर भव्य पुतला खड़ा करने के काम में 15 से अधिक कारीगर लगें हैं। दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुतले बनने के लिए पश्चिम बंगाल के खड़गपुर के कारीगरों की मदद ली जा रही है। बांस की उपयुक्त कटाई, छटाई और पतली-लम्बी खपच्चियां बनाने के काम में गंडई से आए बांस कला में पारंगत कंडरा समाज के लगभग 10 कारीगर लगें है। दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने अगले 2-3 दिनों में तीनों पुतलों के ढ़ांचे पूरे हो जाने की उम्मीद जताई है। इसके बाद ढ़ांचो को रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के अनूरूप सजाने का काम शुरू होगा। इस वर्ष दशहरा उत्सव के दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम होंगे। 

राजधानी रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान पर पिछले 52 वर्षों से लगातार ऐतिहासिक दशहरा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी इस ऐतिहासिक आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने की उम्मीद है। डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान में इस वर्ष दशहरा उत्सव में प्रसिद्ध टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम और सीता की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल एवं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया भी शामिल होगी। आयोजन समिति द्वारा शोभायात्रा, आकर्षक आतिशबाजी के साथ पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर अंचल में विशेष उत्साह रहता है एवं लाखों की संख्या में शहरवासी रावण वध देखने इस मैदान में एकत्र होते हैं।

और भी