हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

कोरोना अपडेट : नए मामलों में कमी, 24 घंटे में सामने आए 14 हजार मरीज

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश में कोरोना ने मामलों में उतार चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटों में नए मामलों में कमी देखने को मिली है। रविवार को भारत में 14,092 नए मामले मिले हैं। इससे पहले शनिवार को कोरोना वायरस के 15815 नए केस सामने आए थे। इस दौरान 20 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हुए।
इसके बाद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,16.861 हो गई है। इस दौरान 42 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

अब तक 4,36,09,566 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। वहीं, मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,27,037 हो गई है। वहीं, वैक्सीनेशन की बात करें तो अब तक 2,07,99,63,555 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

इससे पहले , शनिवार को कोरोना वायरस के 15,815 नए केस सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान 20,018 लोग ठीक भी हुए। सक्रिय मामलों की संख्या 1,19.264 थी। जबकि डेली पाजिटिविटी रेट 4.36 प्रतिशत था।

और भी

इस घटना के बाद ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा '#अशोक_गहलोत_इस्तीफा_दो'...

 जयपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजस्थान के जालौर जिले के सुराणा गांव में एक दलित छात्र की मौत के बाद ट्विटर पर '#अशोक_गहलोत_इस्तीफा_दो' ट्रेंड कर रहा है। दरअसल 20 जुलाई को एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले दलित छात्र की शिक्षक ने इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। 9 वर्षीया छात्र तीसरी कक्षा में था, और उसका कसूर इतना था कि उसने मटके से पानी पिया था। दलित छात्र के पानी की मटकी छू लेने से नाराज शिक्षक ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। यह घटना 20 जुलाई की है। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। इस घटना  के बाद ट्विटर पर '#अशोक_गहलोत_इस्तीफा_दो' ट्रेंड कर रहा है।

जालौर जिले के सुराणा गांव में दलित छात्र ने स्कूल में पानी की मटकी छू ली तो नाराज शिक्षक ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। पिटाई के कारण छात्र के शरीर के अंदरूनी हिस्से में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। छात्र पिछले तीन सप्ताह से अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती था। चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश भी की,लेकिन शनिवार को उसकी मौत हो गई।


पिता ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट

तीसरी कक्षा में पड़ने वाले मृतक छात्र इंद्र मेघवाल के पिता देवराम ने शनिवार को जालौर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि 20 जुलाई को उसके नौ साल के बेटे ने पानी की मटकी छू ली थी। इससे नाराज शिक्षक छैल सिंह ने इंद्र को इतना मारा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

दलित कहते हुए गाली भी निकाली
पिता ने आगे बताया कि शिक्षक ने उसे दलित कहते हुए गाली भी निकाली। देवराम ने बताया कि अन्य छात्रों ने उन्हे बताया कि शिक्षक ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए इंद्र को मारा था। इस दौरान इंद्र की दाखिनी आंव और कान में गंभीर चोट आई। इस परस्वजनों ने उसे पहले तो उदयपुर के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया । लेकिन वहां से ती सप्ताह पहले अहमदाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। अहमदाबाद में उपचार के दौरान इंद्र की मौत हो गई।

आरोपों की जांच कर रही पुलिस
मामला सुराणा गांव के सरस्वती विद्या मंदिर का है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि शिक्षक छैल सिंह को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ अनुसूचित जाति,जनजाति कानून सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही मृतक बच्चे के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही अधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकेगा। उधर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने भी जांच कमेटी गठित की है।

 

 

और भी

जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी हबीबुल कानपुर से गिरफ्तार...

 कानपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी एटीएस ने कानपुर से जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्ला को गिरफ्तार किया है। सैफुल्ला मूलरूप से बिहार के मोतिहारी का रहने वाला है। वर्तमान में वह यूपी के फतेहपुर जिले में रहता था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह बीते दिनों गिरफ्तार किए गए आतंकी मोहम्मद नदीम से जुड़ा हुआ था और सोशल मीडिया पर उसकी फेक आईडी बनाई थी। आतंकी सैफुल्ला ने स्वीकार किया कि वह नदीम को जानता है और दोनों एक ही आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।

सैफुल्ला वर्चुअल आईडी बनाने में विशेषज्ञ है और इसी ने नदीम सहित कई पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी आतंकियों को लगभग 50 आईडी बनाकर दी थीं। हबीबुल सोशल मीडिया के माध्यमों जैसे टेलीग्राम, वाट्सएप, फेसबुक मैसेंजर के जरिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बैठे हैंडलर्स से जुड़ा हुआ था।

वह सोशल मीडिया पर बने ग्रुप में जेहादी वीडियो बनाकर भेजता था और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करता था। एटीएस को उसके पास एक मोबाइल फोन व एक चाकू बरामद हुआ है। वह वर्तमान में फतेहपुर जिले के मोहल्ला सैय्यदबाड़ा में रह रहा था जबकि स्थायी रूप से बिहार के मोतिहारी का रहने वाला है।

और भी

स्‍वतंत्रता दिवस पर देश के एक हजार 82 पुलिस कर्मियों को पदक के लिए चुना गया

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक हजार 82 पुसिलकर्मियों को पुलिस पदक के लिए चुना गया है। तीन सौ 47 कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक प्रदान किये जायेंगे।

87 कर्मियों को विशिष्‍ट सेवा के लिए राष्‍ट्रपति का पुलिस पदक और 6 सौ 48 कर्मियों को उत्‍कृष्‍ट सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किए जायेंगे। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक सौ नौ और जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस के एक सौ 8 कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक दिए जायेंगे।

सात कर्मियों को उत्‍कृष्‍ट सेवा के लिए राष्‍ट्रपति के सुधार सेवा पदक और 38 कर्मियों को उत्‍कृष्‍ट सेवा के लिए सुधार सेवा पदक प्रदान किए जायेंगे।

 

 

और भी

दुखद ऐतिहासिक घटनाओं को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं मोदी: कांग्रेस

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि 14 अगस्त के दिन विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वास्तविक मंशा सबसे दुखद ऐतिहासिक घटनाओं को अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की है। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि विभाजन की त्रासदी का इस्तेमाल नफरत और पूर्वाग्रह की भावना को भड़काने के लिए नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति हारेगी और कांग्रेस गांधी, नेहरू, पटेल तथा अन्य नेताओं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्र को एकजुट करने का प्रयास जारी रखेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल घोषणा की थी कि लोगों के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त के दिन विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा।

रमेश ने ट्वीट किया, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने के पीछे प्रधानमंत्री की वास्तविक मंशा सबसे दुखद ऐतिहासिक घटनाओं को अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की है। लाखों लोग विस्थापित हुए और जानें गईं। उनके बलिदानों को भुलाया या निरादर नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने लिखा, बंटवारे की त्रासदी का दुरुपयोग नफरत और पूर्वाग्रह की भावना को भड़काने के लिए नहीं होना चाहिए। सच यह है कि सावरकर ने द्वि-राष्ट्र का सिद्धांत दिया और जिन्ना ने इसे आगे बढ़ाया। पटेल ने लिखा था कि मुझे लगता है कि अगर विभाजन स्वीकार नहीं किया गया, तो भारत कई टुकड़ों में बंट जाएगा।

कांग्रेस नेता ने पूछा, क्या प्रधानमंत्री आज जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी याद करेंगे, जिन्होंने शरत चंद्र बोस की इच्छा के खिलाफ बंगाल के विभाजन का समर्थन किया था और वह तब स्वतंत्र भारत की पहली कैबिनेट में शामिल हुए थे जब विभाजन के दर्दनाक परिणाम स्पष्ट रूप से सामने आ रहे थे?

रमेश ने ट्वीट किया, देश को बांटने के लिए आधुनिक दौर के सावरकर और जिन्ना का प्रयास आज भी जारी है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस गांधी, नेहरू, पटेल और अन्य नेताओं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्र को एकजुट करने का प्रयास जारी रखेगी। नफरत की राजनीति हारेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को रविवार को श्रद्धांजलि दी और इतिहास के उस दुखद काल के पीड़ितों के धैर्य और सहनशक्ति की सराहना की। गौरतलब है कि 1947 में भारत के विभाजन के दौरान हुए सांप्रदायिक दंगों में लाखों लोग विस्थापित हुए थे और बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे।

और भी

रिसने लगा निर्माणाधीन बांध, खाली कराए गए धार-खरगोन के 18 गांव

मुंबई-आगरा राजमार्ग पर आवाजाही रोकी

 धार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मध्य प्रदेश के धार जिले में धार-धामनोद मार्ग पर स्थित कारम नदी पर निर्माणाधीन बांध से दूसरे दिन शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे फिर पानी का रिसाव शुरू हो गया था। खतरे को देखते हुए निचले हिस्से में स्थित धार के 12 व खरगोन के छह गांवों को ताबड़तोड़ खाली कराया गया और रहवासियों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया।

बांध के टूट जाने की आशंका को देखते हुए सुबह मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग परधामनोद क्षेत्र के गांव पलाश से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इससे करीब दो हजार से ज्यादा वाहन जाम में फंसे रहे। दोपहर करीब 1.30 बजे रिसाव रोकने में कुछ सफलता मिली तो आवाजाही की इजाजत दी गई थी, मगर देर रात करीब 11 बजे बांध में कई जगह मिट्टी धंसने की समस्या को देखते हुए आवाजाही पर फिर प्रतिबंध लगा दिया गया।

गांव गुजरी के कुछ क्षेत्र को भी खाली करवा लिया गया है। नदी में तीन स्थानों पर पानी की निकासी का रास्ता बनाने और पोकलेन मशीन से रिसाव वाले क्षेत्र में मिट्टी-मुरम डालने के बाद राहत की स्थिति बनी। रिसाव पूरी तरह रुका नहीं है। भोपाल और शिवपुरी से जल संसाधन विभाग की 15 लोगों की टीम आई है, जो बांध को दुरस्त करने में लगी हुई है। एनडीआरएफ की 40 सदस्यीय टीम भी पहुंच गई है।

बता दें कि कोठीदा-भारडपुरा गांव के पास 590 मीटर लंबे और 52 मीटर ऊंचे मिट्टी के बांध का निर्माण जल संसाधन विभाग ने दिल्ली की एएमएस कंस्ट्रक्शन कंपनी से कराया है। इसका 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और अब तब 174 करोड़ रपये व्यय हो चुके हैं। गुरवार को भी दोपहर करीब एक बजे बांध से रिसाव शुरू हो गया था। शाम होते-होते रिसाव को रोक दिया गया था।

सेना के जवानों और इंजीनियरों का दल रवाना
अपर मुख्य सचिव गृह डा. राजेश राजौरा ने बताया कि बांध से रिसाव के खतरे को देखते हुए सेना के जवान और इंजीनियरों का दल देर रात रवाना हो गया है। वहीं, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की तीन अतिरिक्त दल बचाव सामग्री के साथ धामनोद भेजे जा रहे हैं। सेना के दो हेलिकाप्टर भी मदद के लिए तैयार रखे गए हैं। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि बांध की कमजोरी की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है, जो तीन दिनों में रिपोर्ट देगी। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

और भी

सोनिया गांधी कोरोना पॉजिटिव, जयराम रमेश ने ट्विटर पर दी जानकारी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी कोरोना पॉजिटिव आई हैं। इस संबंध में कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी को कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी।

और भी

अपने आवास पर तिरंगा फहराकर सीएम योगी ने की 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर तिरंगा झंडा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव का भागीदार बनने का अपील की।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रिय प्रदेश वासियो! देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश 'आजादी का अमृत महोत्सव' मना रहा है।  हमारी आन-बान-शान का प्रतीक भारत का राष्ट्रध्वज देश के शौर्य, शांति और बलिदान का प्रतीक भी है।

आइए, 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर, हम भी अपने-अपने घर पर तिरंगा फहराकर 'आजादी के अमृत महोत्सव' में भागीदार बनें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प से जुड़ें।

और भी

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में 15 हजार से ज्याद नए मामले, 68 मौत

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश में बीते 24 घंटे में नए कोरोना केस, सक्रिय केस और संक्रमण दर तीनों में गिरावट आई। सक्रिय केस में बीते 24 घंटे में 4271 की गिरावट आई है। हालांकि बीते 24 घंटे में महामारी से 68 मौतें दर्ज हुई हैं। इनमें केरल द्वारा जोड़ी गई 24 मौतें शामिल हैं।

शनिवार सुबह 8 बजे अपडेट आंकड़ों के अनुसार 15,815 नए संक्रमित मिले। इस दौरान 20,018 मरीज कोरोना से उबर गए। देश में सक्रिय केस शुक्रवार की तुलना में और घटकर 1,19,264 हो गई। दैनिक संक्रमण दर 4.36 फीसदी रह गई है।

सक्रिय केस कुल केस की तुलना में घटकर 0.27 फीसदी हो गए हैं। बीते 24 घंटे में 68 मौतों के साथ कुल मौतें बढ़कर 5,26,996 हो गई है। इसी तरह कुल केस बढ़कर 4,42,39,372 हो गए हैं। शुक्रवार को देश में 16,561 नए संक्रमित मिले थे और संक्रमण दर 5.44 फीसदी दर्ज की गई थी। शनिवार को राष्ट्रीय कोविड रिकवरी रेट 98.54 फीसदी दर्ज की गई। शनिवार को साप्ताहिक संक्रमण दर 4.79 फीसदी दर्ज की गई। जबकि मृत्यु दर 1.19 फीसदी।

महामारी से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,35,93,112 हो गई है। देशव्यापी कोविड  टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड वैक्सीन की 207.71 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

 

और भी

नौसेना प्रमुख ने राष्ट्रमंडल खेल के प्रतिभागियों को किया सम्मानित

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हाल ही में संपन्न बाइसवें राष्ट्रमंडल खेल- 2022 में भारतीय नौसेना के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। पदक विजेता कुश्ती (फ्री स्टाइल 74 किग्रा) में नवीन, एजी पीओ (पीटी), एथलेटिक्स (ट्रिपल जम्प) में एल्धोस पॉल, पीओ कॉम (टीईएल), भारोत्तोलन में लवप्रीत सिंह, कॉम आई (टीईएल) (109 किग्रा) और हॉकी में जुगराज सिंह, पीओ कॉम (टीईएल) हैं। यह वास्तव में एक सराहनीय उपलब्धि है कि राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले भारतीय नौसेना के 07 खिलाड़ियों में से 04 खिलाड़ियों ने भारत के लिए पदक अर्जित किए हैं ।

टीम के भारत लौटने पर, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने दिनांक 12 अगस्त 2022 को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में खिलाड़ियों को बधाई दी एवं उनसे बातचीत की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए नौसेना प्रमुख ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को मानते हुए कहा कि उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन ने न केवल राष्ट्र और नौसेना को गौरवान्वित किया है बल्कि उन्हेंने देश के लिए एक आदर्श भी बनाया है। उन्होंने उन्हें आगामी सभी आयोजनों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उनके प्रयासों को मानते हुए नौसेना प्रमुख ने खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन और खेल किट के साथ सम्मानित किया।

और भी

आयुष और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एमओयू पर किए हस्ताक्षर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आयुष ग्रिड परियोजना के तहत आयुष क्षेत्र के डिजिटलीकरण के लिए आयुष मंत्रालय को 3 साल की अवधि के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करने के लिए आयुष मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के बीच एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह एमओयू दरअसल पिछले एमओयू की ही निरंतरता को दर्शाता है, जिस पर वर्ष 2019 में हस्ताक्षर किए गए थे। वैद्य राजेश कोटेचा, सचिव, आयुष और अलकेश कुमार शर्मा, सचिव, एमईआईटीवाई ने इन दोनों ही मंत्रालयों की ओर से इस सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए। यह निर्णय लिया गया कि ये दोनों ही मंत्रालय आपसी सहयोग से काम करना जारी रखेंगे और एमईआईटीवाई के साथ-साथ एमईआईटीवाई के अधीनस्‍थ संगठन भी आयुष ग्रिड परियोजना के लिए आवश्यक सभी तकनीकी सहायता प्रदान करेंगे जिसमें उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाना भी शामिल है।

और भी

प्रधानमंत्री काला जादू जैसी अंधविश्वासी बातें करके पद की गरिमा न घटाएं : राहुल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि काला जादू जैसी अंधविश्वासी बातें करके उन्हें अपने पद की गरिमा घटाना और देशवासियों को भटकाना बंद करना चाहिए।

उन्होंने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री को महंगाई नहीं दिखती? बेरोज़गारी नहीं दिखती? अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए, ‘काला जादू’ जैसी अंधविश्वासी बातें करके पीएम पद की गरिमा को घटाना और देशवासियों को भटकाना बंद कीजिए, प्रधानमंत्री जी।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता के मुद्दों पर जवाब तो देना ही पड़ेगा। गौरतलब है कि कांग्रेस के नेताओं ने महंगाई के विरोध में पांच अगस्त को काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया था। इसे लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग काले जादू में विश्वास करते हैं वे कभी भी फिर से लोगों का विश्वास नहीं जीत पाएंगे।

और भी

रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं पर हमला, 12 नेता-कार्यकर्ता घायल...

 अगरतला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पश्चिम त्रिपुरा के जिले में कांग्रेस नेताओं पर जानलेवा हमला हुआ है। इसमें विधायक सुदीप रॉय बर्मन, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष सुशांत चक्रवर्ती को गंभीर चोटें आई हैं। उन पर यह हमला अज्ञात उपद्रवियों के एक समूह ने किया है।

एक वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ''वारदात को गुरुवार रानीर बाजार इलाके में अंजाम दिया गया।''

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद विधायक सुदीप रॉय बर्मन और पार्टी की एक अन्‍य नेता सुमना साहा को तुरंत यहां स्थित जीबीपी अस्‍पताल में ले जाया गया। इस संबंध में गुरुवार तक कोई भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

उन्‍होंने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की अनुमति के बिना रानीर बाजार में एक रैली का आयोजन किया था। हमले के बाद आनन-फानन में उन्‍हें वहां से निकाला गया। कांग्रेस ने इस हमले का आरोप भाजपा पर लगाया है। हमले में कम से कम पार्टी के 12 नेता और कार्यकर्ता घायल हुए हैं और इस दौरान आठ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी आशीष साहा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ''हम शांतिपूर्ण ढंग से एक रैली कर रहे थे। हमारे नेता और कार्यकर्ता उस समय हमले का शिकार हो गए जब सीआरपीएफ के जवान हमें सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे थे।''

उन्होंने कहा कि पार्टी का कानूनी प्रकोष्ठ शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा।

 

और भी

इटावा लायन सफारी में शेरनी जेनिफर ने शावक को दिया जन्म

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शेर दिवस पर लायन सफारी को खुशियों की सौगात मिली है। बुधवार रात 11 बजकर 8 मिनट पर शेरनी जेनिफर ने एक शावक को जन्म देकर शेर दिवस पर सफारी को तोहफा दिया है। सफारी के गॉडफादर बब्बर शेर मनन की 13 जून को मौत के बाद मायूसी छा गई थी।

28 जुलाई को बब्बर शेर कान्हा से शेरनी जेनिफर और जेसिका के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर सफारी में खुशी की लहर दौड़ गई थी। लगातार दोनों शेरनियों को प्रजनन केंद्र के अलग-अलग सेल में रखकर निगरानी की जा रही थी। उपनिदेशक अरुण कुमार ने बताया कि बुधवार को शेर दिवस के अवसर पर शेरनी जेनिफर ने एक शावक को जन्म दिया है।

13 जून को मनन की मौत के बाद 17 एशियाटिक बब्बर शेरों का कुनबा लायन सफारी में मौजूद है। अगस्त के लास्ट तक जेसिका भी शावक को जन्म दे सकती है। इटावा सफारी में पैदा हुए 9 शावकों में सभी शावक मनन से पैदा हुए थे। जिसमें 5 बब्बर शेर सुल्तान, सिम्बा, बाहुबली, भरत, केसरी शामिल हैं। वहीं 4 शेरनी रूपा, सोना, गार्गी और नीरजा हैं।

इनमें 8 शावक जेसिका तो 1 शावक जेनिफर से पैदा हुआ था। गुजरात के गिर से इटावा लायन सफारी में 2016 को शेर मनन, कान्हा, शेरनी जेसिका, जेनिफर लाए गए थे। मनन की मौत के बाद जेसिका और जेनिफर के साथ कान्हा की मीटिंग प्रजनन केंद्र में कराई गई थी।

 
और भी

अरविंद केजरीवाल की राजनीति झूठ से शुरू हुई थी और झूठ पर बनी हुई है : अनुराग ठाकुर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि झूठ का रिकॉर्ड बनाने का काम किसी ने किया तो वो अरविंद केजरीवाल हैं, जो जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। वो भली भांति जानते हैं कि आपदा के समय भी मनरेगा का बजट बढ़ाकर 1 लाख करोड़ किया गया जो कांग्रेस के समय मात्र 30 हजार करोड़ खर्च होता था। महामारी के समय 80 करोड़ गरीबों को 28 महीने तक मुफ्त राशन दिया।

तो ये कहना कि अनाज को बंद किया गया है, अरविंद केजरीवाल जी का एक और झूठ है। अरविंद केजरीवाल जी की राजनीति झूठ से शुरू हुई थी और झूठ पर बनी हुई है।  

और भी

उच्चतम न्यायालय ने ईवीएम से संबंधित प्रावधान की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उच्चतम न्यायालय ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के उस प्रावधान की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी, जिसके तहत देश में मतदान के लिए मतपत्र की जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के इस्तेमाल की शुरुआत हुई थी।

न्यायमूर्ति एस के कौल और न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश की पीठ ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा-61ए को चुनौती देने वाली याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया, जो चुनावों में ईवीएम के इस्तेमाल से संबंधित है। याचिका दायर करने वाले अधिवक्ता एम एल शर्मा ने संविधान के अनुच्छेद 100 का हवाला दिया और कहा कि यह एक अनिवार्य प्रावधान है। अनुच्छेद 100 सदन में मतदान और रिक्तियों के बावजूद सदन के कार्य करने के अधिकार से संबंधित है।

शर्मा ने कहा, मैंने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-61ए को यह कहते हुए चुनौती दी है कि इसे लोकसभा या राज्यसभा में मतदान के जरिये पारित नहीं किया गया है। पीठ ने पूछा, क्या आप सदन में जो कुछ होता है, उसे चुनौती दे रहे हैं? या आप आम मतदान को चुनौती दे रहे हैं? आप किस चीज को चुनौती दे रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि वह अधिनियम की धारा-61ए को चुनौती दे रहे हैं, जिसमें ईवीएम के उपयोग की अनुमति है, जबकि इसे मतदान के माध्यम से सदन में पारित नहीं किया गया था। पीठ ने कहा, हमें इसमें कोई गुण-दोष नहीं मिला... इसलिए इसे खारिज किया जाता है।

याचिका में केंद्रीय कानून मंत्रालय को एक पक्ष बनाया गया था। इसमें ईवीएम के इस्तेमाल से संबंधित प्रावधान को अमान्य, अवैध और असंवैधानिक घोषित करने का अनुरोध किया गया था।

और भी

विभाजन की त्रासदी हमें अखंड भारत का मूल्‍य समझाती है : देवेंद्र फडणवीस

 हिंदी विश्‍वविद्यालय में विभाजन विभीषिका स्‍मृति प्रदर्शनी का उद्घाटन

वर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय में विभाजन विभीषिका स्‍मृति में आयोजित कार्यक्रम में महाराष्‍ट्र के उपमुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें अखंड भारत का मूल्‍य समझाती है। उपमुख्‍यमंत्री फडणवीस शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्‍मृति प्रदर्शनी के उदघाटन के पश्‍चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

विभाजन विभीषिका दिवस की स्‍मृति में कस्‍तूरबा सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्‍यक्षता विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्‍ल ने की। इस अवसर पर मंच पर वर्धा के सांसद रामदास तड़स, विधायक डॉ. पंकज भोयर, जिलाधिकारी प्रेरणा देशभ्रतार, प्रतिकुलपति द्वय प्रो. हनुमानप्रसाद शुक्‍ल और प्रो. चंद्रकांत रागीट, कुलसचिव क़ादर नवाज़ ख़ान उपस्थित थे।



उपमुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हर घर तिरंगा अभियान को स्‍वाभिमान का अभियान बताते हुए कहा कि इस अभियान के तहत हमें राष्‍ट्रभक्ति की ज्‍वाला को प्रज्‍ज्‍वलित करना है। एक भारत श्रेष्‍ठ भारत को लेकर हमें आगे बढ़ना है। उन्‍होंने कहा कि महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय पर गर्व करते हुए कहा कि आज के समय में ज्ञान के बल पर हम पूरे विश्‍व पर राज कर सकते हैं। उन्‍होंने कहा कि हिंदी भाषा के कारण भारत दुनिया में सबसे आगे बढ़ने वाला राष्‍ट्र है। भाषा अभिव्‍यक्ति ही नहीं अपितु परंपरा और सभ्‍यता की भी वाहक है। नई शिक्षा नीति का संदर्भ देते हुए उन्‍होंने कहा कि इस नीति के कारण काफी बदलाव हो रहे हैं। सभी भारतीय भाषाएं ज्ञान की भाषाएं बनेगी और इस नीति के कारण अपनी भाषा में हम इंजीनियर और डॉक्‍टर बना सकेंगे। नालंदा विश्‍वविद्यालय का उल्‍लेख करते हुए उपमुख्‍यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह विश्‍वविद्यालय ज्ञान का भंडार था। अब हमें भारतीय भाषाओं की मदद से पुरातन ज्ञान को वापस लाना चाहिए। हिंदी विश्‍वविद्यालय को लेकर उनका कहना था कि यह विश्‍वविद्यालय ज्ञान के साथ-साथ संस्‍कृति और सभ्‍यता को पुनर्जिवित करने का काम कर रहा है। अनुवाद प्रोद्योगिकी को विकसित करने में विश्‍वविद्यालय का अहम योगदान है। हिंदी को वैश्विक भाषा बनाने में अनुवाद की महत्‍वपूर्ण भूमिका है। उन्‍होंने आश्‍वस्‍त किया कि विश्‍वविद्यालय को दुनिया का श्रेष्‍ठतम विश्‍वविद्यालय बनाने के लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्‍य सरकार भी सहयोग के लिए तैयार है। इस अवसर पर उपमुख्‍यमंत्री फडणवीस को विश्‍वविद्यालय के आवासीय लेखक प्रो. रामजी तिवारी ने तुलसी रचनावली की प्रति भेंट की।

स्‍वागत वक्‍तव्‍य में कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्‍ल ने कहा कि इस वर्ष विश्‍वविद्यालय अपनी स्‍थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इस वर्ष अनेक महत्‍वाकांक्षी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्‍होंने आश्‍वस्‍त किया कि जितनी उपलब्धियां विश्‍वविद्यालय ने पिछले 25 वर्ष में हासिल की हैं उतनी हम एक वर्ष में अर्जित करेंगे। उन्‍होंने विश्‍वास जताया कि विश्‍वविद्यालय परिवार के सभी सदस्‍यों के समवेत प्रयास से यह उपलब्धी हासिल की जा सकेगी। उन्‍होंने विश्‍वविद्यालय में उज्‍बेकिस्‍तान एवं अन्‍य देशों से आएं अध्‍यापक, विद्यार्थी और अधिकारियों का उल्‍लेख करते करते हुए कहा कि आगामी दिनों में 24 देशों के विद्यार्थी अध्‍ययन के लिए आएंगे। उन्‍होंने कहा कि विश्‍वविद्यालय अपनी अंतरराष्‍ट्रीय भूमिका का निर्वहन कर रहा है और श्रेष्‍ठ भारत के निर्माण में योगदान भी दे रहा है। इस अवसर पर उन्‍होंने उपमुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सांसद रामदास तड़स का स्‍वागत शॉल, स्‍मृतिचिन्‍ह एवं पुष्‍पमाला से किया। मंचासीन अतिथियों का स्‍वागत प्रतिकुलपति प्रो. हनुमानप्रसाद शुक्‍ल, डॉ. सुप्रिया पाठक ने किया। कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव कादर नवाज खान ने किया तथा आभार प्रतिकुलपति प्रो. हनुमानप्रसाद शुक्‍ल ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप दीपन से तथा समापन राष्‍ट्रगान से किया गया।

और भी

प्रधानमंत्री मोदी ने दी रक्षाबंधन की बधाई, जानें देशभर में कैसी चल रही हैं तैयारियां...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षाबंधन का पर्व भाई और बहन के बीच अटूट प्रेम का प्रतीक है। हर साल श्रावण माह की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनके लंबे जीवन की कामना करती हैं। वहीं, भाई अपनी बहन की रक्षा करने का वचन लेते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी हैं।


नारियण पूर्णिमा और कजरी पूर्णिमा क्या है?
रक्षाबंधन को देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। रक्षा बंधन को देश के पश्चिमी भाग में नारियल पूर्णिमा तो उत्तर भारत में कजरी पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। नारियल पूर्णिमा के दिन मछुआरे इंद्रदेव और वरुण देवा की पूजा करते हैं। इस दौरान समुद्र में नारियल फेंके जाते हैं। जबकि कजरी पूर्णिमा के दिन किसान देवी दुर्गा से अच्छी फसल की कामना करते हैं। इस दिन वे खेत में अनाज बोते हैं।

रक्षाबंधन के दिन धारण किया जाता है नया जनेऊ
रक्षा बंधन के दिन दक्षिण भारत में ब्राह्मण नया जनेऊ धारण करते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से भगवान और पितरों का आशीर्वाद मिलता है। इसके साथ ही, बुरे कर्मों से भी मुक्ति मिलती है।

गुजरात में रक्षाबंधन को कहते हैं पवित्रोपन्ना
रक्षा बंधन को गुजरात में पवित्रोपन्ना के नाम से जाना जाता है। इस दिन रूई को पंचगव्य में डुबोकर शिवलिंग के चारों ओर बांधा जाता है।

रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, 11 अगस्त को 8 बजकर 25 मिनट से पहले तक चंद्रमा मकर राशि में रहेगा। इस दौरान भद्राका वास पाताल लोक में होता है। पाताल लोक में भद्रा का वास होने से इसका पृथ्वी पर कोई प्रभाव नहीं रहेगा। यह भी माना जाता है कि होलिका दहन और रक्षाबंधन किसी भी दशा में भद्रा में नहीं हो सकता। इसलिए शुभ मुहूर्त 11 बजे की रात 8 बजकर 15 मिनट से 12 अगस्त की सुबह 7 बजकर 16 मिनट तक है।



रक्षाबंधन को लेकर बाजार सजे

रक्षाबंधन को लेकर देश भर के बाजार सजे हुए हैं। रंग-बिरंगी राखियां लोगों का मन मोह रही हैं। मिष्ठान दुकानें भी सजी हुई हैं। भाई अपने बहनों को देने के लिए उपहार खरीद रहे हैं। इस बार तिरंगा राखी की मांग काफी ज्यादा है। लोग तिरंगा राखी खरीद रहे हैं। इसके अलावा, कार्टून वाली राखी भी का क्रेज लोगों में देखने को मिल रहा है।

उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर बहनों को निशुल्क यात्रा की सुविधा
उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के मौके पर सभी माताओं, बहनों और बेटियों को बुधवार की रात 12 बजे से लेकर 12 अगस्त की रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, प्रदेश सरकार जल्द ही 60 साल से ऊपर की महिलाओं के लिए सरकारी बसों में नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था करने जा रही है।

हिमाचल प्रदेश में इस तरह बनाई जाती है राखी
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ग्रामीण महिलाएं सूखे पाइन सुइयों का उपयोग करके राखी और अन्य उपहार वस्तुएं बनाकर हिमालयी क्षेत्र और पर्यावरण को संरक्षित करने में योगदान दे रही हैं।
 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को महिलाओं ने बांधी राखी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में प्रदेश की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को उनके आवास व मुख्य सेवक सदन सभागार में राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तराखंड के बाजार भी रंग-बिरंगी और देशभक्ति राखियों से सजे हुए हैं। बहनें अपने भाइयों के लिए राखी खरीद रही हैं।
और भी