हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

पीएम मोदी ने पूर्व विधायक धनजी सेंघानी के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली: गुजरात के मांडवी से भाजपा के पूर्व विधायक धनजी सेंघानी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक के निधन की खबर से वह दुखी हैं। करीब 70 साल के सेंघानी का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें हाल ही में लकवा मार गया (पक्षाघात) था। भाजपा नेता 2007 से 2012 के बीच कच्छ जिले के मांडवी से विधायक थे।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'मांडवी के पूर्व विधायक धनजीभाई सेंघानी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। मेरी प्रार्थना है, भगवान उनकी दिव्य आत्मा को अपने पास रखे और उनके परिवार के सदस्यों को इस त्रासदी का सामना करने की शक्ति दें। ओम शांति।' मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब सेंघानी विधानसभा के सदस्य थे।

और भी

टीएमसी नेता के घर छापा मारने गई ईडी की टीम पर हमला...

 कोलकाता: पश्चिम बंगाल के संदेशखली में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम पर हमला किया गया। टीम पर तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां के समर्थकों ने शुक्रवार को हमला बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने उनके वाहनों में भी तोड़फोड़ की।


ईडी के अधिकारी राशन वितरण घोटाले की जांच के संबंध में शाहजहां के उत्तर 24 परगना जिला स्थित आवास पर छापा मारने पहुंचे थे। एक अधिकारी ने बताया कि ईडी के अधिकारी राज्य में 15 स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं और शेख का आवास उनमें से एक है। वहीं, राशन घोटाला मामले में ईडी ने बनगांव में पूर्व बनगांव नगर पालिका अध्यक्ष शंकर आध्या के आवास पर भी छापेमारी की।

अधिकारी ने बताया कि जब ईडी अधिकारी सुबह संदेशखली इलाके में शेख के आवास पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने ईडी अधिकारियों और उनके साथ आए केंद्रीय बलों के जवानों को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शन किया और फिर उन पर हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टीम को वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। शाहजहां को राज्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का करीबी सहयोगी माना जाता है। ज्योतिप्रिय मल्लिक को करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।

वाहनों में भी तोड़फोड़ की
ईडी की टीम पर तृणमूल नेता शाहजहां शेख के आवास के पास हमला किया गया। इस दौरान 200 से अधिक लोगों ने टीम के अधिकारियों और केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों को घेर लिया। भीड़ ने सरकारी अधिकारियों के वाहनों में भी तोड़फोड़ की। हमले के बाद अधिकारियों को भागना पड़ा। इस दौरान भीड़ ने मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया। उनके फोन छीन लिए गए। इस घटना में कई ईडी अधिकारी जख्मी हो गए। कईयों के सिर फट गए हैं। घायलों को स्थानीय कैनिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

12 जगह की छापेमारी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह ईडी ने राशन घोटाला मामले में कोलकाता और उससे सटे उत्तर 24 परगना के करीब 12 जगह पर छापेमारी की। इस दौरान जब टीम जब ईडी की टीम उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में तृणमूल नेता व ब्लाक अध्यक्ष शाहजहां शेख के घर पर छापेमारी करने पहुंची तो ईडी की टीम पर उनके समर्थकों ने हमला बोल दिया।



सूत्रों के मुताबिक, भीड़ ने अचानक हमला बोल दिया, जिसका केंद्रीय बल के जवानों को अनुमान नहीं था। लोगों की संख्या ज्यादा होने के कारण जवान अधिकारियों का बचाव भी नहीं कर सके। तृणमूल समर्थकों ने अधिकारियों को चुन-चुन कर पिटाई की है। तृणमूल नेता के समर्थकों ने जवानों के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय थाने के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। ईडी के अधिकारियों ने जिले के बनगांव में तृणमूल नेता शंकर आढ्य के घर पर भी छापेमारी की। दोनों तृणमूल नेता राशन घोटाले में गिरफ्तार मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के करीबी बताए जा रहे हैं।

ईडी के एक अधिकारी ने बताया, 'मौके पर आठ लोग पहुंचे थे। हम तीन लोग घटनास्थल से चले गए थे। जब हम वाप, आए, तो उन्होंने हम पर हमला किया।'

शाहजहां शेख संदेशखली इलाके का डॉन
ईडी की एक टीम पर हुए हमले पर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा, 'शाहजहां शेख संदेशखली इलाके का डॉन है। वह टीएमसी के नेता भी हैं। उसके खिलाफ हत्या के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती क्योंकि वह टीएमसी नेता हैं। हम घटना की निंदा करते हैं और कार्रवाई की जानी चाहिए।'

क्या है राशन वितरण घोटाला?
कथित राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय के छापे महीनों से चल रहे हैं। ईडी ने पहले खुलासा किया था कि पश्चिम बंगाल में लाभार्थियों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) राशन का लगभग 30 प्रतिशत बाजार में भेज दिया गया था।

जांच एजेंसी ने कहा था कि राशन की चोरी कर मिलमालिकों और पीडीएस वितरकों के बीच बांट दिया था। उन्होंने कहा कि राइस मिलमालिकों ने कुछ सहकारी समितियों सहित कुछ लोगों के साथ मिलकर किसानों के फर्जी बैंक खाते खोले और धान उत्पादकों को दिए जाने वाले एमएसपी को हड़प लिया। प्रमुख संदिग्धों में से एक ने स्वीकार किया है कि चावल मिलों द्वारा अनाज के लिए लगभग 200 रुपये प्रति क्विंटल कमाए गए थे, जिसे सरकारी एजेंसियों द्वारा किसानों से एमएसपी पर खरीदा जाना था।

मंत्री ज्योति प्रियो मलिक गिरफ्तार
पिछले साल 14 अक्तूबर को जांच एजेंसी ने आटा और चावल मिल मालिक रहमान को गिरफ्तार किया था, जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। बाद में कई छापे मारे गए, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री और 1.42 करोड़ रुपये जब्त किए गए थे। जांच एजेंसी ने घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में पश्चिम बंगाल के मंत्री ज्योति प्रियो मलिक को गिरफ्तार किया था। उन्होंने 2011 से 2021 तक खाद्य आपूर्ति मंत्री के रूप में कार्य किया, जिस अवधि के दौरान राशन वितरण में अनियमितताएं हुईं। मलिक को एक स्थानीय अदालत ने छह नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।

 

 

और भी

कानूनी रूप से सही समन आएगा तो मैं पूरा सहयोग करूंगा : केजरीवाल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली  मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने ईडी के समन को गैर कानूनी कहा है।  उन्होंने कहा कि पिछले 2 साल से बीजेपी की सारी एजेंसी शराब घोटाले में कई छापेमारी की और कई गिरफ्तारी की। लेकिन अभी तक एक भी पैसे का हेरफेर नहीं मिला। ऐसे फर्जी केस में कई आप  नेताओं को इन्होंने जेल में रखा हुआ है। अब बीजेपी मुझे गिरफ्तार करना चाहती है। फर्जी समन भेजकर ये लोग मुझे बदनाम करना चाहते हैं। इन्होंने मुझे समन भेजा हुआ है और मेरे वकीलों ने बताया कि वो समन गैर कानूनी है। कानूनी रूप से सही समन आएगा तो मैं पूरा सहयोग करूंगा। बीजेपी का मकसद मुझे लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना है।

और भी

पारंपरिक नागर शैली में बनाया गया है तीन मंजिला राम मंदिर

अयोध्या: अयोध्या में राम मंदिर स्थापत्य कला का अद्वितीय उदाहरण है। परम्परागत नागर शैली में बनाये जा रहे राम मंदिर की लंबाई (पूर्व से पश्चिम) 380 फीट, चौड़ाई 250 फीट तथा ऊंचाई 161 फीट रहेगी। तीन मंजिला राम मंदिर में प्रत्येक मंजिल की ऊंचाई 20 फीट रहेगी। मंदिर में कुल 392 खंभे और 44 द्वार होंगे।

इस निर्माण का अनोखापन यह है कि इसके जमीन से ऊपर के ढांचे में कहीं भी लोहे का इस्तेमाल नहीं हुआ है। हालांकि, मंदिर के नीचे 14 मीटर मोटी रोलर कॉम्पेक्टेड कंक्रीट (आरसीसी) बिछाई गई है। इसे कृत्रिम चट्टान का रूप दिया गया है।

 

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, अयोध्या में निर्माणाधीन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की विशेषता के बारे में बताया गया है। मंदिर परम्परागत नागर शैली में बनाया जा रहा है। मंदिर की लंबाई (पूर्व से पश्चिम) 380 फीट, चौड़ाई 250 फीट तथा ऊंचाई 161 फीट रहेगी। मंदिर तीन मंजिला रहेगा। प्रत्येक मंजिल की ऊंचाई 20 फीट रहेगी। मंदिर में कुल 392 खंभे व 44 द्वार होंगे। मुख्य गर्भगृह में प्रभु श्रीराम का बालरूप (श्रीरामलला सरकार का विग्रह), तथा प्रथम तल पर श्रीराम दरबार होगा।

 

आगे जानकारी में बताया गया है कि मंदिर में 5 मंडप होंगे : नृत्य मंडप, रंग मंडप, सभा मंडप, प्रार्थना मंडप व कीर्तन मंडप। इसके साथ ही खंभों व दीवारों में देवी देवता तथा देवांगनाओं की मूर्तियां उकेरी जा रही हैं। मंदिर में प्रवेश पूर्व दिशा से, 32 सीढ़ियां चढ़कर सिंहद्वार से होगा। दिव्यांगजन एवं वृद्धों के लिए मंदिर में रैम्प व लिफ्ट की व्यवस्था रहेगी। मंदिर के चारों ओर चारों ओर आयताकार परकोटा रहेगा। चारों दिशाओं में इसकी कुल लंबाई 732 मीटर तथा चौड़ाई 14 फीट होगी।

 

परकोटा के चारों कोनों पर सूर्यदेव, मां भगवती, गणपति व भगवान शिव को समर्पित चार मंदिरों का निर्माण होगा। उत्तरी भुजा में मां अन्नपूर्णा, व दक्षिणी भुजा में हनुमान जी का मंदिर रहेगा। ट्रस्ट की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर के समीप पौराणिक काल का सीताकूप विद्यमान रहेगा। मंदिर परिसर में प्रस्तावित अन्य मंदिर- महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, निषादराज, माता शबरी व ऋषिपत्नी देवी अहिल्या को समर्पित होंगे।

आगे बताया गया है कि दक्षिण पश्चिमी भाग में नवरत्न कुबेर टीला पर भगवान शिव के प्राचीन मंदिर का जीर्णो‌द्धार किया गया है एवं तथा वहां जटायु प्रतिमा की स्थापना की गई है। मंदिर में लोहे का प्रयोग नहीं होगा। धरती के ऊपर बिलकुल भी कंक्रीट नहीं है। मंदिर के नीचे 14 मीटर मोटी रोलर कॉम्पेक्टेड कंक्रीट (आरसीसी) बिछाई गई है। इसे कृत्रिम चट्टान का रूप दिया गया है। मंदिर को धरती की नमी से बचाने के लिए 21 फीट ऊंची प्लिंथ ग्रेनाइट से बनाई गई है।

 

मंदिर परिसर में स्वतंत्र रूप से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, अग्निशमन के लिए जल व्यवस्था तथा स्वतंत्र पॉवर स्टेशन का निर्माण किया गया है, ताकि बाहरी संसाधनों पर न्यूनतम निर्भरता रहे। 25 हजार क्षमता वाले एक दर्शनार्थी सुविधा केंद्र का निर्माण किया जा रहा है, जहां दर्शनार्थियों का सामान रखने के लिए लॉकर व चिकित्सा की सुविधा रहेगी।

मंदिर परिसर में स्नानागार, शौचालय, वॉश बेसिन, ओपन टैप्स आदि की सुविधा भी रहेगी। मंदिर का निर्माण पूर्णतया भारतीय परम्परानुसार व स्वदेशी तकनीक से किया जा रहा है। पर्यावरण-जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुल 70 एकड़ क्षेत्र में 70 फीसदी क्षेत्र सदा हरित रहेगा।

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अयोध्या राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का कहना है कि राममंदिर का निर्माण अपने आप में अनूठा है। इसमें कहीं भी लोहे का इस्तेमाल नहीं किया गया है। जरूरत पड़ने पर कॉपर का प्रयोग हुआ है।

 

 

और भी

अयोध्या में भगवान राम के स्वागत से संपूर्ण देश प्रसन्‍न : पीएम मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुरूवार को कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम के स्वागत के लिए हर कोई अलग-अलग रूप से अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरे देश में उत्साह है और भक्त इस शुभ दिन पर राम लला की भक्ति में मगन हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान भगवान श्री राम को समर्पित हंसराज रघुवंशी का भजन भी साझा किया। अपने एक एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री ने पोस्ट किया, अयोध्या में प्रभु श्री राम के स्वागत को लेकर संपूर्ण देश राममय है। राम लला की भक्ति में डूबे भक्तजन इस शुभ दिन के लिए विभिन्‍न प्रकार से अपनी भावनाएं प्रकट कर रहे हैं। भगवान श्री राम को समर्पित हंसराज रघुवंशी जी का ये भजन सुनें।

 

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर राम भजन का एक लिंक भी साझा किया है और लोगों से राम भजन को सुनने की अपील की।

और भी

श्रीरामलला के विग्रह प्रतिष्ठा को लेकर किन्नर भी उत्साहित...

शुभ शगुन पहुंचाएंगे, द्वार-द्वार गाएंगे मंगलगान

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर किन्नरों में भी उल्लास का माहौल है। अपने राम के इस महोत्सव से वे खुद को अलग नहीं कर पा रहे हैं। यहां तैयार हो रहे नव्य, दिव्य श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला के विग्रह प्रतिष्ठा का शुभ शगुन लेकर किन्नर भी आएंगे। वे घर-घर मंगलगान गाएंगे। फिर राम का न्योता स्वरूप हल्दी और अक्षत बांटेंगे। इस दौरान माताओं, बहनों, बच्चों और पुरुषों से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भागीदार बनने का अनुरोध करेंगे।

यूपी के बस्ती जिले में रहने वाले किन्नरों के समूह ने अपनी भूमिका तय कर ली है। विग्रह प्रतिष्ठा का न्योता किन्नर भी बांटेंगे। इसमें उनकी मददगार बन रही है इंदिरा चैरिटेबल ट्रस्ट। वह श्रीराम जन्म भूमि न्यास समिति से संपर्क कर किन्नरों को अवध का हल्दी और अक्षत उपलब्ध कराएगी।

किन्नर कॉजल और किन्नर सुमन इस कार्यक्रम की अगुआई करेंगी। उनके नेतृत्व में सभी किन्नर अपने क्षेत्र के यजमान के घर जाएंगे। द्वार- द्वार मंगल चारण होगा। किन्नर खुद शुभ शगुन लेकर नृत्य, कीर्तन कर पहले जन-जन को प्रभु राम से जोड़ेंगे। माहौल राममय बनाने के बाद लोगों से श्रीराम विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए अनुरोध करेंगे। किन्नरों का प्रयास है कि इस महोत्सव में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित हो।

किन्नर काजल ने कहा कि प्रभु श्रीराम से किन्नर समाज का त्रेताकाल से अभिन्न नाता है। हमारे पूर्वजों को प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त है। कलयुग में हम जिसे आर्शीवचन देंगे, उसे वह फलीभूत होगा। यह हमारे राम की कृपा से होता है। यही वजह है कि हमें लोग शुभ घड़ी पर बुलाते हैं और उपहार देते हैं। ऐसे में प्रभु श्रीराम के उत्सव में हम पीछे रहने वाले नहीं है। हम मंगल चारण कर जन-जन तक अवध का न्योता पहुंचाकर धन्य होंगे।

किन्नर सुमन ने कहा कि कि लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में मेरे प्रभु श्रीराम का नव्य और भव्य मंदिर का स्वरूप देखने को मिल रहा है। यह अद्भुत संयोग हैं। ऐसे में हम अपने राम से अलग कैसे हो सकते हैं। हम लोगों ने योजना बनाई है कि श्री रामलला के विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का न्योता खुद घर-घर जाकर पहुंचाएंगे। यदि कोई इस अवसर पर अयोध्या नहीं पहुंच पा रहा है तो अपने घर पर ही दीवाली जैसा उत्सव मनाए। आस्था का दीप जलाने के लिए द्वार-द्वार लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

और भी

जयपुर में 3 दिवसीय डीजी-आईजी सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 5 से 7 जनवरी 2024 तक 3 दिन के लिए जयपुर में होने वाली डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। अमित शाह और पीएम मोदी एक दिन पहले 4 जनवरी को जयपुर पहुंचेंगे।

एसपीजी के अधिकारी पहले ही जयपुर में सुरक्षा की जांच कर चुके हैं और पुलिस मुख्यालय और जयपुर कमिश्‍नरेट पुलिस द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था पर काम करना शुरू कर दिया है। बुलेट प्रूफ गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। गृह मंत्री तीन दिन तक सोडाला के पास एक गेस्ट हाउस में रहेंगे।

 

इस सम्मेलन में 28 राज्यों के डीजी और आईजी और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के आईजी भाग लेंगे। विधानसभा के पास एमएलए क्वार्टर में 150 से ज्यादा सरकारी अधिकारियों के रहने की व्यवस्था की गई है।

नए मॉडल के वाहन तैनात किए गए हैं, जबकि कुछ वाहन दूसरे जिलों से भी मंगवाए गए हैं। पीएम और गृहमंत्री के लिए दिल्ली से ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। जयपुर पुलिस के कमांडो तैनात कर दिए गए हैं और मंगलवार से विधायक आवास को जनता के लिए बंद कर दिया गया है। आठ जनवरी से क्वार्टर से सुरक्षा हटा ली जाएगी।

और भी

कोहरे की चपेट में राजस्थान

जयपुर: राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी जयपुर सहित राज्य के अनेक हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, मंगलवार को सुबह भी राज्य के कुछ भागों में घने से अति घना कोहरा छाया रहा। राजधानी जयपुर के हवाई अड्डे पर आज एक बार फिर दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 मीटर दर्ज की गई। बीते चौबीस घंटे में राज्य के कुछ भागों में शीत दिन जबकि अलवर, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में 'अति शीत दिन' दर्ज किया गया. बीती रात न्यूनतम तापमान सीकर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं फलोदी में यह 4.8 डिग्री, करौली में 5.2 डिग्री, जैसलमेर में 5.4 डिग्री, पिलानी में 5.7 डिग्री, सिरोही में 6.0 डिग्री, धौलपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

 

और भी

योगी ने दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास का हाल जाना

 लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास की कुशल क्षेम जानी।

श्री योगी मंगलवार की  सुबह लखनऊ स्थित मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे जहां उन्होने भर्ती दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास महाराज से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली।

 

मुख्यमंत्री करीब आधा घंटा अस्पताल परिसर में रहे। इस दौरान उन्होने अन्य मरीजों से भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों के तीमारदारों ने सीएम का स्वागत जय श्रीराम के नारे से किया।

बाद में श्री योगी ने ट्वीट कर महंत सुरेश दास की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की और लिखा  प्रभु श्री राम उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, यही प्रार्थना है।

 

 

और भी

पीएम मोदी ने जनता से मांगा 10 साल के कार्यकाल का फीडबैक...

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने कार्यकाल के पिछले 10 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में भारत द्वारा हासिल की गई प्रगति पर लोगों की प्रतिक्रिया मांगी है।


दरअसल लोकसभा चुनाव से कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नमो' ऐप पर एक सर्वे शुरू किया था। पिछले महीने शुरू हुए इस सर्वे में उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर लोकप्रिय मूड जानना चाहा था। इसमें उनकी सरकार और सांसदों के प्रदर्शन के बारे में लोगों की राय भी शामिल थी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, "पिछले 10 सालों में विभिन्न क्षेत्रों में भारत द्वारा हासिल की गई प्रगति के बारे में आप क्या सोचते हैं? नमो ऐप पर जन मन सर्वेक्षण के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया सीधे मेरे साथ साझा करें!" पीएम मोदी ने सर्वेक्षण में भाग लेने के लिए लिंक भी शेयर किया है।

सांसद और कार्यों के बारे में दे सकते हैं राय
'जन मन सर्वेक्षण' में शासन और नेतृत्व के विभिन्न पहलुओं पर लोगों की प्रतिक्रिया मांगी जा रही है और  इसके सवालों में केंद्रीय स्तर के विकास और निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित विशिष्टताएं शामिल हैं।

और भी

16वें वित्त आयोग के गठन को मंजूरी, अरविंद पनगढ़िया बने अध्यक्ष

 नई दिल्ली: केंद्र ने राष्ट्रपति की मंजूरी से 16वें वित्त आयोग का गठन किया है। नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष, अरविंद पनगढ़िया, जो कोलंबिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं, इसके अध्यक्ष होंगे जबकि रंजनम पांडे को इसके सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। अन्य सदस्यों को अलग से सूचित किया जाएगा।

आयोग संघ और राज्यों के बीच करों की शुद्ध आय के वितरण पर सिफारिशें करेगा, जो उनके बीच विभाजित होनी चाहिए या हो सकती है। यह उन सिद्धांतों पर भी सिफारिशें करेगा जो भारत के समेकित कोष से राज्यों के राजस्व की सहायता अनुदान और राज्यों को उनके राजस्व की अनुदान सहायता के माध्यम से भुगतान की जाने वाली राशि को नियंत्रित करना चाहिए।

राज्य आयोग द्वारा की गई सिफारिशों के आधार पर राज्य में पंचायतों और नगर पालिकाओं के संसाधनों के पूरक के लिए राज्य की समेकित निधि को बढ़ाने के लिए आवश्यक उपाय भी इसके दायरे में आएंगे।आयोग आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत गठित निधियों के संदर्भ में, आपदा प्रबंधन पहल के वित्तपोषण पर वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा कर सकता है और उचित सिफारिशें कर सकता है।आयोग से 1 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली पांच साल की अवधि को कवर करते हुए अपनी रिपोर्ट 31 अक्टूबर 2025 तक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

और भी

क्राइम ब्रांच करेगी 28 करोड़ से ज्यादा की रकम बैंक से ट्रांसफर करने के मामले की जांच

नोएडा: नोएडा के सेक्टर 22 में बने साउथ इंडियन बैंक के सहायक प्रबंधक ने अपनी मां और पत्नी समेत कई अलग-अलग खातों में 28 करोड़ से ज्यादा की रकम ट्रांसफर की और परिवार समेत फरार हो गया। इस मामले की जांच अब जिले की क्राइम ब्रांच पुलिस करेगी।

अभी तक इस मामले की जांच नोएडा के सेक्टर 24 थाना पुलिस कर रही थी। इस मामले में पुलिस अब तक 90 अकाउंट फ्रीज कर चुकी है। करोड़ों की धोखाधड़ी और गबन के मामले में संबंधित बैंक के डीजीएम रिजनल ने सहायक प्रबंधक, उसकी मां और पत्नी समेत अज्ञात के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में बीते दिनों केस दर्ज कराया था। शिकायत में रैनजीत आर नायक ने बताया था कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से सेक्टर-22 स्थित शाखा से गड़बड़ी की शिकायत मिल रही थी। जिस पर विभाग ने अपनी विजिलेंस टीम से यहां की जांच कराई।

 

जांच में पता चला कि सेक्टर-48 स्थित एसोशिएट इलेक्ट्रॉनिक्स रिसर्च फाउंडेशन नामक कंपनी के खाते से सहायक बैंक प्रबंधक राहुल शर्मा ने 28.07 करोड़ रुपए पत्नी भूमिका शर्मा और मां सीमा समेत अन्य के खातों में ट्रांसफर कर कंपनी व बैंक के साथ धोखाधड़ी की है।

इस मामले में एसोशिएट इलेक्ट्रॉनिक्स रिसर्च फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने तीन, चार और छह दिसंबर को ईमेल से शिकायत दर्ज कराते हुए खाते से रुपए बिना अनुमति व जानकारी के ट्रांसफर करने के आरोप लगाए थे।

 

मूल रूप से हरियाणा के रोहतक में रहने वाला राहुल शर्मा वर्तमान में सेक्टर-27 में परिवार के साथ रहता है। केस दर्ज होने के बाद वह दोनों पतों पर नहीं मिले हैं। केस दर्ज होने के बाद पुलिस उन 90 खातों की जांच कर रही है जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है।

योजना के तहत धोखाधड़ी के लिए सहायक प्रबंधक ने अपनी मां और पत्नी समेत अन्य लोगों का संबंधित बैंक में खाता खुलवाया था। खाते को सत्यापित करने के बाद आरोपी ने इन्हीं खातों में निजी कंपनी के करोड़ों रुपए ट्रांसफर कर लिए। 20 से अधिक बार रकम ट्रांसफर की गई।

 

डीसीपी ने बताया कि नोएडा समेत अन्य जितनी जगह पर आरोपी के होने की आशंका थी, वहां पुलिस की तीन टीमों ने दबिश दी पर किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

आशंका है कि आरोपी परिवार के साथ विदेश भाग सकता है, ऐसे में पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कर दिया है ताकि अगर वह हवाईअड्डे पर पहुंचे तो गिरफ्तार किया जा सके।

और भी

साल के पहले ही दिन इसरो ने रचा इतिहास

नई दिल्ली: बीते साल 2023 में चंद्रयान-3 और सूर्य मिशन की सफलता से उत्साहित इसरो ने साल 2024 के पहले ही दिन नया इतिहास रच दिया। नववर्ष के स्वागत में इसरो ने आज देश का पहला एक्सपोसेट (एक्स-रे पोलारिमीटर सैटेलाइट) मिशन को लॉन्च किया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सैटेलाइट ‘XPoSat’ की लॉन्चिंग श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से सुबह करीब 9 बजे की गई। XPoSat मिशन पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा, "1 जनवरी 2024 को पीएसएलवी का एक और सफल मिशन पूरा हो गया है।


खुलेगा ब्लैक होल का रहस्य

‘XPoSat’ के जरिए 'ब्लैक होल' की रहस्यमयी दुनिया के बारे में कई खुलासे हो सकते हैं। इसरो के मुताबिक, यह करीब 5 वर्ष का लंबा मिशन है। ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (PSLV)- सी 58 रॉकेट एक्सपोसेट और 10 अन्य उपग्रहों के साथ आज अपनी 60वीं उड़ान भरी। ‘XPoSat’ की लॉन्चिंग के लिए उल्टी गिनती 25 घंटे पहले रविवार को ही शुरू हो गई थी।

 

 

और भी

300 करोड़ के पार हुई शाहरुख खान की डंकी

मुंबई:  सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म डंकी का डंका बज रहा है और हर दिन करोड़ों रुपये की ताबड़तोड़ कमाई हो रही है। शाहरुख खान की डंकी के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के लेटेस्ट आंकड़े सामने आ गए हैं। रेज चिलीज एंटरटेनमेंट के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के कलेक्शन की जानकारी शेयर हुई है, जिसके अनुसार शाहरुख खान की डंकी दुनियाभर में सिर्फ 7 दिनों 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। एक हफ्ते में फिल्म ने टोटल 305 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है।

और भी

मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की बढ़ने वाली हैं मुश्किलें

दिल्ली: पत्नी से मारपीट के मामले में आरोपी मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की सोसाइटी में शुक्रवार को पुलिस पहुंची। घटना के संबंध में सुरक्षाकर्मियों समेत अन्य लोगों से जानकारी जुटाई. सिक्योरिटी गार्ड के बयान लिए। साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले. मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा नोएडा सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में रहते हैं. उन पर इसी सोसाइटी में पत्नी यानिका के साथ मारपीट करने का आरोप है।

 

यानिका की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही है. शुक्रवार दोपहर एक बजे पुलिस सुपरनोवा सोसाइटी पहुंची. यहां सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ साथ सिक्योरिटी गार्डों के बयान लिए. घटना के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई. नोएडा पुलिस के मुताबिक, विवेक बिंद्रा से मामले को लेकर दोबारा पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक पूछताछ में मामले को लेकर कई पहलू अधूरे रह गए थे।

 

आगामी सप्ताह में पुलिस विवेक बिंद्रा से दोबारा पूछताछ कर सकती है। गौरतलब है कि 14 दिसंबर को यानिका के भाई वैभव ने सेक्टर 126 थाने में बहनोई विवेक बिंद्रा के खिलाफ बहन के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि बिंद्रा और यानिका की शादी 6 नवंबर को हुई थी. शादी के बाद दोनों नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में रह रहे हैं। सात दिसंबर को विवेक बिंद्रा अपनी मां प्रभा से झगड़ा कर रहे थे. पत्नी यानिका ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो गाली गलौज करते हुए उसे बुरी तरह से पीटा।

 

 

और भी

प्रधानमंत्री की ‘परीक्षा पे चर्चा’ जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में

कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, शिक्षक तथा अभिभावक करा सकते हैं 12 जनवरी तक नामांकन

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी तनाव से दूर रखने हेतु सत्र 2023-24 हेतु लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सप्तम चरण जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम कक्षा 6वीं से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अविभावकों को ऑनलाइन नामांकन के बाद प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर प्रदान करता है। ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में समस्त नामांकित प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रेषित किया जाएगा। विद्यार्थियों का नामांकन समूह में शिक्षकों द्वारा भी किया जा सकता है। नामांकन की अंतिम तिथि 12 जनवरी 2024 है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी तनाव से दूर रखने प्रतिवर्ष लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन कर सीधे संवाद स्थापित किया जाता है। यह समय है जब परीक्षाओं को हम सब एक उत्सव के रूप में मनाएं। विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके परीक्षा संबंधी तनाव को दूर करने में सहयोग करें और उन्हें अपना सर्वोत्तम प्रदान करने प्रेरित करें।

 

‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, शिक्षक तथा अभिभावक इस कार्यकम में 05 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का उत्तर देकर अपना नामांकन करा सकते हैं। इसके लिए वेबसाईट लिंक
https://innovateindia.mygov.in/ppc-2024/
के माध्यम से नामांकन कर सकते हैं। वस्तुनिष्ठ प्रश्न प्रधानमंत्री द्वारा लिखित पुस्तक एक्जाम वारियर व सामान्य ज्ञान पर आधारित होंगे। नामांकन के साथ-साथ विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक प्रधानमंत्री से अपने पूछे जाने वाले प्रश्न भी प्रेषित कर सकते हैं। चयनित प्रश्नों का उत्तर प्रधानमंत्री द्वारा ‘ परीक्षा पे चर्चा ’ पर आयोजित जीवंत कार्यक्रम में दिया जाएगा।

 

और भी

सियाराम ने राम मंदिर के लिए बेच दी जमीन, दान में दिए 1 करोड़ रुपए

दिल्ली: राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, देश में लोगों का उत्साह बढ़ रहा है. इसी के साथ अयोध्या में तैयारियां भी ज़ोरो पर हैं. लगभग 8 हज़ार लोगों को अयोध्या राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले सियाराम को भी निमंत्रण भेजा गया है. सियाराम ने श्रीराम मंदिर के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय आने से पहले ही अपनी 16 विस्वा जमीन बेचकर 1 करोड़ रुपए का दान दिया था।

हालांकि अभी तक उनके पास आमंत्रण पत्र नही पहुंचा है, लेकिन अयोध्या मंदिर से फोन आने के बाद से ही परिवार खुश है।

बता दें की शहर के सियाराम कॉलोनी के रहने वाले सियाराम उमरवैष्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने अक्टूबर 2018 में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 1 करोड़ का दान दिया था. उन्होंने यह धनराशि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत को दी थी. उनके रिकॉर्ड के अनुसार वह पहले दानदाता हैं।

 

 

और भी

भारत मंडपम में ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रम में भाग लेंगे पीएम मोदी

नईदिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्‍ली में भारत मंडपम में वीर बाल दिवस कार्यक्रम में हिस्‍सा लेंगे। इस अवसर पर मोदी युवाओं के मार्च-पास्ट को झंडी दिखाएंगे।

वीर बाल दिवस श्री गुरू गोविंद सिंह के पुत्रों साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के शहादत दिवस के रूप में मनाया जाता है। पिछले वर्ष जनवरी में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व वाले दिन प्रधानमंत्री ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

सरकार नागरिकों, विशेषकर छोटे बच्चों को साहिबजादों के अनुकरणीय साहस की कहानी के बारे में बताने और शिक्षित करने के लिए पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। साहिबजादों के जीवन और बलिदान पर एक डिजिटल प्रदर्शनी देश भर के स्कूलों और बाल देखभाल संस्थानों में प्रदर्शित की जाएगी।

और भी