हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

अयोध्या में कैबिनेट बैठक के जरिए धार्मिक एजेंडे को गति देने की कोशिश

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के मिशन को ध्यान में रखते हुए भाजपा अपने धार्मिक एजेंडे को सेट करने में तेजी से लग गई है। इसी कारण सरकार अयोध्या में दीपोत्सव के साथ नौ नवंबर को अपनी कैबिनेट मीटिंग आयोजित करने जा रही है।

राजनीतिक जानकर बताते हैं कि भाजपा सरकार मिशन 2024 को साधने के लिए धर्म, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद व विकास पर तेजी से काम कर रही है। 11 नवंबर को अयोध्या में भव्य दीपोत्सव से पहले नौ नवंबर को योगी सरकार की पूरी कैबिनेट यहां बैठेगी। यहां की बैठक के लिए ऐसे प्रस्तावों को चुना गया है जो धर्म व संस्कृति से जुड़े हुए हैं। 22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाले राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या में कैबिनेट बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैबिनेट बैठक में अयोध्या से जुड़े कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है।

सरकार से जुड़े सूत्र बताते हैं कि सरकार ने सभी कैबिनेट मंत्रियों को सूचना भेजी है जिसमें इस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति का आग्रह किया गया है जो गुरुवार को सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाला है।

प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नौ नवंबर को अयोध्या के रामकथा पार्क में 11:30 से बैठक संभावित है। इसमें हमारे सभी मंत्री परिषद के साथी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री सहित सारे कैबिनेट के मंत्री रामलला के दर्शन करेंगे। इस बैठक में पर्यटन से संबंधित विभागों के छह प्रस्ताव रखे जायेंगे। अन्य और भी प्रस्ताव हैं, जिन पर कैबिनेट अपनी मुहर लगाएगी।

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रयागराज में 2019 में आयोजित कैबिनेट बैठक में मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दी गई थी। उसी तरह अयोध्या में होने वाली कैबिनेट बैठक में रामनगरी और उसके आसपास के इलाकों को सौगात मिल सकती है। विभिन्न विभागों ने कैबिनेट के लिए प्रस्ताव भेजना शुरू कर दिया है।

राजनीतिक विश्लेषक प्रसून पांडेय कहते हैं कि मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में कैबिनेट बैठक धार्मिक और राष्ट्रवाद के मुद्दे को धार देने के रूप में देखा जा रहा है। सरकार हर बड़े इवेंट को महत्वपूर्ण बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम करती हैं जिससे संदेश भी जाए। इससे पहले 29 जनवरी 2019 को कुंभ मेला के दौरान सभी कैबिनेट मंत्रियों ने गंगा में डुबकी लगाई थी। इसके बाद बैठक की थी।

2017 में सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार के शीर्ष एजेंडे में अयोध्या ही रहा है। सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में भी राजधानी के बाहर एक बार कैबिनेट बैठक की थी। पांडेय कहते हैं कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को पहले ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिसके दूरगामी संदेश हों।

और भी

मिजोरम में 77.04 फीसदी मतदान

आइजोल: मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 7 नवंबर को शाम पांच बजे तक 77.04 फीसदी लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।


मिजोरम विधानसभा की सभी 40 सीटों पर खड़े 174 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिसमें 16 महिलाएं भी हैं। राज्य में आठ लाख से अधिक मतदाताओं ने अधिकार का प्रयोग किया

 

 

और भी

उत्तर प्रदेश में गोवंश संवर्धन के लिए ब्राजील से मिलेगा सहयोग

लखनऊ: ब्राजील की दो बड़ी कंपनियों ने उत्तर प्रदेश की आनंदा डेयरी के साथ मिलकर पोषण युक्त पशु चारा निर्माण और गोवंश नस्ल सुधार के लिए साथ मिलकर काम करने का निर्णय लिया है। दिसंबर 2022 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट रोड शो के दौरान ब्राजील गई टीम यूपी के साथ बातचीत के बाद इसे क्रियान्वित किया जा रहा है।

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ नोब्रेगा की उपस्थिति में आनंदा डेयरी के साथ ब्राजीलियन कंपनी अमेरिया पजोरा और बीएच एम्ब्रियोस के साथ औपचारिक एमओयू सम्पन्न हुआ।

उत्तर प्रदेश आए ब्राजीलियन प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एवं ब्राजील के संबंध सदा मैत्रीपूर्ण रहे हैं। दोनों देशों के बीच आपसी समझ, बढ़ते हुए द्विपक्षीय व्यापार तथा सर्वांगीण सहयोग है। गत दो वर्षों में भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना हो गया है। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 में भारत से ब्राजील को 4.5 बिलियन यूएस डॉलर का निर्यात किया गया तथा ब्राजील से भारत द्वारा 7.14 बिलियन यूएस डॉलर का आयात हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एवं ब्राजील के बीच कृषि, खाद्य प्रसंस्करण एवं पशुपालन द्विपक्षीय सहयोग के अन्य प्रमुख फोकस क्षेत्र हैं। ब्राज़ील और भारत के गोधन की आनुवंशिक विरासत समान है। सदियों पहले निर्यात किए गए गिर और कांकरेज जैसे भारतीय मवेशियों को बड़ी मात्रा में दूध देने के लिए तैयार किया गया है।

और भी

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की गाड़ी का एक्सीडेंट, 5 घायल...

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं। प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होने वाले है। मतदान से पहले कई दिग्गज लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल भी प्रदेश के छिंदवाड़ा दौरे पर थे। इस दौरान उनके साथ एक बड़ा हदसा हो गया है।


दरअसल, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की कार का एक्सीडेंट हो गया है। दुर्घटना के समय केंद्रीय मंत्री पटेल कार में ही मौजूद थे। मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल छिंदवाड़ा से लौट रहे थे। इसी दौरान अमरवाड़ा से नरसिंहपुर बायपास रॉन्ग साईड से आ रहे मोटरसाइकिल सवारों से उनकी गाड़ी टकरा गई। हादसे में मंत्री प्रहलाद पटेल की कार के परखच्चे उड़ गए। साथ ही हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं हादसे में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल बाल-बाल बच गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

 

और भी

दिल्ली में वायु प्रदूषण बेहद चिंताजनक: सक्सेना

नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर वायु प्रदूषण के बीच स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय के साथ बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि शहर में वायु प्रदूषण से उत्पन्न स्थिति 'बेहद चिंताजनक' है। श्री सक्सेना ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'शहर में वायु प्रदूषण से उत्पन्न स्थिति बेहद चिंताजनक है।

मैंने स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्री को राज निवास में एक बैठक के लिए कहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जितना संभव हो सके घर के अंदर रहें और विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को खतरनाक परिवेशीय परिस्थितियों में न रखें। कई स्थानों पर कथित तौर पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 800 को पार कर गया है।

सरकार ने बिगड़ते हालात को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान, ग्रैप स्टेज 3 लागू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में निर्माण और विध्वंस कार्यों पर सख्त प्रतिबंध लागू किया गया है। समिति ने धूल को रोकने वाली दवाओं के साथ-साथ रोजाना पानी के छिड़काव और सड़कों पर बार-बार वैक्यूम आधारित सफाई पर जोर दिया है।

दिल्ली सरकार ने गुरुवार को सभी सरकारी और निजी प्राथमिक स्कूलों को अगले दो दिनों (शुक्रवार और शनिवार) के लिए बंद करने की घोषणा की।

 

 

और भी

80 करोड़ गरीबों को पांच साल देंगे मुफ्त राशन-पीएम मोदी

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, भाजपा ने आपके सपनों को सच करने वाला संकल्‍प पत्र तैयार किया है। यहां के युवा और महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। भाजपा का रिकार्ड है जो हम कहते हैं वो करके रहते है। छत्‍तीसगढ़ का भाजपा ने बनाया। और मैं गारंटी देता हूं छत्‍तीसगढ़ को भाजपा ही संवारेगी।


पीएम मोदी ने दुर्ग के पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, कांग्रेस की प्राथमिकता है अपने नेताओं के चहेतों को नौकरियां बांटना, आपके बच्‍चों को नौकरी से बाहर करना है। पीएससी घोटाला में कांग्रेस ने आपके बच्‍चों को बाहर किया और अपने बच्‍चों को अंदर किया। जब सरकारी दफतर से निकलता है तो कहता है तीस टका कका, आपका काम पक्‍का।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
उन्‍होंने कहा, कांग्रेस के घोषणा पत्र में तीस टका पक्‍का है। इसलिए छत्‍तीसगढ़ कह रहा है अउ नहि सहिबो, बदल के रहिबो। छत्‍तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आपको लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। इन्‍होंने तो महादेव के नाम को भी नहीं छोड़ा है। दो दिन पहले ही भिलाई में कार्रवाई हुई है। रुपयों का ढेर मिला है। लोग कर रहे हैं कि ये पैसा सट्टेबाजों का है, जुए का खेल खेलने वालों का है, जो उन्‍होंने छत्‍तीसगढ़ के गरीबों को जुटाया है। इस पैसे का तार छत्‍तीसगढ़ के उन तक जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, यहां की कांग्रेस पार्टी और मुख्‍यमंत्री ने छत्‍तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि दुबई में बैठे घोटाले के आरोपितों के साथ क्‍या संबंध है। आखिर क्‍यों ये पैसा पकड़े जाने के बाद मुख्‍यमंत्री बौखला गए हैं। राज्‍य में भाजपा सरकार बनने के बाद ऐसे घोटालों की सख्‍ती से जांच की जाएगी। आपका पैसा लूटने वालों को जेल भेजा जाएगा।

 



प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मोदी को ये कांग्रेसी दिन रात गालियां देते हैं, हर दिन मैं 2-2.5 किलो गालियां खाता हूं। लेकिन यहां के मुख्यमंत्री देश की जांच एजेंसियों और देश के सुरक्षाबल को भी गाली देने लगे हैं। इन साथियों पर भी आरोप लगा रहे हैं। मैं अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा कि ये मोदी है गालियों से डरता नहीं है। भ्रष्टाचारियों का हिसाब करने के लिए ही तो जनता ने मोदी को दिल्ली भेजा है। जिन्होंने यहां के गरीब को लूटा है, उस पर कार्रवाई होकर रहेगी। उससे पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।

 



देश के 80 करोड़ गरीबों को पांच साल देंगे मुफ्त राशन
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैंने निश्चय कर लिया है कि देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना को भाजपा सरकार अब अगले 5 साल के लिए और बढ़ाएगी। आपका ये प्यार और आशीर्वाद मुझे हमेशा पवित्र निर्णय करने की ताकत देता है।

 



कांग्रेस ने गरीब को धोखा देने के सिवाय कुछ नहीं दिया। मोदी ने कहा, गरीब की चिंता भाजपा की प्राथमिकता रही है। ये छत्‍तीसगढ़ की जनता को मोदी की गारंटी है। छत्‍तीसगढ़ के लोगों को एक और बात कहूंगा, भाजपा सरकार ने ऐसा काम किया है, जिससे लोगों को वन नेशन वन कार्ड के जरिए पूरे देश में राशन मिलेगा। भाजपा सरकार गरीब के इलाज की चिंता कर रही है। आयुष्‍मान स्‍वास्‍थ्‍य योजना के तहत स्‍वास्‍थ्‍य का लाभ ले सकता है।

छत्‍तीसगढ़ दौरे के तहत आज रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्‍वागत किया। इसके बाद रायपुर एयरपोर्ट से दुर्ग के लिए रवाना हो गए। पीएम मोदी दुर्ग के पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के सभी दिग्‍गज नेता मौजूद हैं।

 



इससे पहले केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रैली को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री अठावले ने कांग्रेस और मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा।

सभा के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। जिले से होकर गुजरने वाली हर गाड़ियों की जांच की जा रही है। साथ ही रेलवे स्टेशन और होटल व ढाबों की भी चेकिंग की जा रही है। सभा के दौरान करीब दो हजार जवान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। जिले की पुलिस के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों के अधिकारियों व जवानों की यहां ड्यूटी लगाई गई है। गुरुवार और शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल भी किया गया।

 



प्रधानमंत्री की सभा को देखते हुए पुलिस ने बाहर से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही है। जिले के जवानों के साथ ही राजनांदगांव, रायपुर सहित अन्य जिलों के अधिकारियों व जवानों की ड्यूटी लगाई गई। कार्यक्रम के तीन दिन पहले यानी एक नवंबर से ही स्टेडियम की आसपास की दुकानों को बंद करवा दिया गया। साथ ही स्टेडियम के आसपास संचालित गैरेज के सामने खड़ी पुरानी गाड़ियों को भी हटा दिया गया। ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। सभा के दौरान दुर्ग रेंज के आइजी बद्रीनारायण मीणा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जवान पूरी व्यवस्था में तैनात रहे।

ये रूट रहे प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्ग का करें उपयोग
शनिवार को जयंती स्टेडियम हेलीपैड से ग्लोब चौक, सेक्टर-नौ चौक, 32 बंगला तिराहा, वायशेप ओवर ब्रिज, मालवीय नगर चौक से रविशंकर स्टेडियम तक का मार्ग प्रतिबंधित रहा। इसके साथ ही शनिवार को दुर्ग शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहा। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल, स्कूल, आफिस व अन्य आवश्यक कार्य से जाने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। ग्लोब चौक से सेक्टर-नौ व 32 बंगला की ओर जाने वाले वाहन चालक गैरेज रोड, फारेस्ट एवेन्यू का प्रयोग किया। वहीं वायशेप से पटेल चौक की ओर जाने वाले वाहन चालक मालवीय नगर चौक से जेल रोड महाराजा चौक मार्ग का प्रयोग किया।

सभा स्थल पर ये सामान रहे प्रतिबंधित
विस्फोटक सामग्री, पटाखा, बारूद, बंदूक अन्य विस्फोटक पदार्थ।
ज्वलशील सामग्री, पेट्रोल, डीजल, मिट्टी तेल, अल्कोहल, माचिस, जैल, सिगरेट, बीड़ी आदि।
खाद्य सामग्री, पानी बोतल, गुटखा, तंबाकू और किसी प्रकार की खाने के वस्तुएं।
धारदार वस्तुएं, चाकू, छूरी, ब्लेड, कैंची, रेजर किसी भी प्रकार का खिलौने वाले अन्य सामान।

 

 

 
और भी

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण दो दिन स्कूल बंद

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते गंभीर वायु प्रदूषण के बीच दिल्ली सरकार ने गुरुवार को सभी सरकारी और निजी प्राथमिक विद्यालयों को अगले दो दिनों के लिए बंद करने की घोषणा की।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह जानकारी दी और कहा कि बढ़ते वायु प्रदूषण के स्तर के कारण दिल्ली के सभी सरकारी और निजी प्राथमिक विद्यालय अगले दो दिनों (शुक्रवार और शनिवार) तक बंद रहेंगे।

श्री केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, बढ़ते प्रदूषण स्तर के मद्देनजर, दिल्ली के सभी सरकारी और निजी प्राथमिक विद्यालय अगले 02 दिनों तक बंद रहेंगे।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने एक बयान में कहा कि एमसीडी के स्कूल भी दो दिनों (03 और 04 नवंबर) के लिए बंद रहेंगे और छात्रों के लिए कक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।

बयान के अनुसार, आदेश के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है कि सभी एमसीडी और एमसीडी सहायता प्राप्त स्कूलों में 03 और 04 नवंबर को ऑनलाइन मोड के माध्यम से कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। हालांकि, स्कूल शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए खुले रहेंगे।

 
और भी

लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : राजनाथ

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लघु उद्योगों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए गुरुवार को कहा कि इनका राष्ट्र के विकास में बहुत बड़ा योगदान है।

श्री सिंह ने कर्नाटक के बेंगलुरु में तीन दिवसीय 'इंडिया मैन्युफैक्चरिंग शो' का उद्घाटन किया। इस शो का लघु उद्योग भारती और आईएमएस फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजन किया गया है और रक्षा उत्पादन विभाग, रक्षा मंत्रालय भी इसमें सहयोगी की भूमिका में है। इस आयोजन का केंद्रीय विषय 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' है।

रक्षा मंत्री ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित उद्योग जगत की हस्तियों और युवा उद्यमियों को संबोधित करते हुए लघु उद्योगों को भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और कहा कि इनका राष्ट्र के विकास में बहुत बड़ा योगदान है। लघु उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था की मोटर है। मोटर जितनी तेज़ चलती है, अर्थव्यवस्था की गाड़ी भी उतनी ही तेज़ी से आगे बढ़ती है। उन्होंने अर्थव्यवस्था में स्थिरता को बनाए रखने के लिए छोटे उद्योगों को भी श्रेय दिया।

श्री सिंह ने इन उद्योगों द्वारा देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योग ने बड़े उद्योगों की तुलना में रोजगार के अधिक अवसरों का सृजन किया है। ये समाज में धन का कहीं अधिक समान वितरण भी सुनिश्चित करते हैं।

अनेक छोटी और सूक्ष्म इकाई निर्यात में अच्छा प्रदर्शन करके विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों की वैश्विक आपूर्ति चेन का हिस्सा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि भारी उद्योग भी राष्ट्र के विकास में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन छोटे उद्योगों को नजरअंदाज करके देश पूरी तरह प्रगति नहीं कर सकता है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भारत को 'सोने की चिड़िया' कहा जाता था उस समय गांवों और कस्बों में कई छोटे उद्योग थे, जो लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते थे। उन्होंने कहा कि प्राचीनकाल में भारत में बड़े पैमाने के उद्योग नहीं थे, बल्कि छोटे उद्योग ही थे। कपड़ा, लोहा और जहाज निर्माण ही ऐसे तीन उद्योग थे, जिनके लिए भारत पूरी दुनिया में जाना जाता था। ये हमारी औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन भी करते थे।

इस अवसर पर संसद सदस्य सुधांशु त्रिवेदी और तेजस्वी सूर्या, भारत फोर्ज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक बाबा कल्याणी और एलएंडटी डिफेंस के कार्यकारी उपाध्यक्ष और प्रमुख अरुण रामचंदानी उपस्थित थे।

 
और भी

शाह, नड्डा ने कई राज्यों के भाजपा नेताओं के साथ बैठक की

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को कई राज्यों के पार्टी नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा और तेलंगाना जैसे राज्यों के वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी, राज्यसभा सांसद सुशील मोदी और विभिन्न राज्यों के संगठनात्मक नेता उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने बैठक में हिस्सा लिया।

भाजपा के एक नेता ने कहा कि बैठक मुख्य रूप से लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित थी और इसमें विभिन्न प्रासंगिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, उन्होंने इन मुद्दों के बारे में नहीं बताया। यह बैठक कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों द्वारा जाति जनगणना की मांग और मराठा आरक्षण के मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक हलचल के बीच हुई है।

 

 

और भी

यूपी में दिवाली पर उज्ज्वला योजना के 1.75 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त मिलेगा सिलेंडर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार दीपावली में उज्ज्वला योजना के 1,75,04,385 लाभार्थियों को मुफ्त रसोई सिलेंडर देगी। इस प्रस्ताव को मंगलवार की कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई है।

वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दीपावली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त देने का निर्णय लिया गया था। लाभार्थी को पहले प्रचलित उपभोक्ता दर से 14.2 किलो का सिलेंडर रिफिल कराना होगा। उसके पांच दिन के बाद सिलेंडर की राशि उपभोक्ता के आधार प्रमाणित बैंक खाते में ऑयल कंपनियों की ओर से हस्तांतरित की जाएगी। यह सुविधा केवल उज्ज्वला योजना के एक कनेक्शन पर मिलेगी। प्रदेश सरकार पर इससे 2,312 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आएगा।

 

उन्होंने बताया कि दीपावली पर 1.75 करोड़ परिवारों को मुफ्त सिलेंडर मिलने से उन्हें त्योहार पर राहत मिलेगी। उज्ज्वला योजना की महिला लाभार्थियों को अक्टूबर से दिसंबर और जनवरी से मार्च-2023 के बीच एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया जाएगा।

 

 

और भी

कतर में मौत की सजा पाए आठ भारतीयों के परिवार से मिले जयशंकर

नई दिल्ली विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कतर में मौत की सजा पाये आठ भारतीयों के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास करना जारी रखेगी।

डॉ जयशंकर ने कहा कि सरकार इस मामले को प्राथमिकता दे रही है तथा उनके परिवारों की चिंताओं और दर्द में सहभागी है। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास जारी रखेगी। उन्होंने आगे कहा,  मैं इस संबंध में पीड़ितों के परिवारों के साथ निकटता से समन्वय करुंगा।

गौरतलब है कि कतर की अदालत ने पिछले सप्ताह भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा सुनाई है, जो एक निजी कंपनी दाहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजीज एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज के लिए काम कर रहे थे। यह कंपनी कतर के सशस्त्र बलों को प्रशिक्षण और संबंधित सेवाएं प्रदान करती थी।

भारतीय नागरिकों को कतर की खुफिया एजेंसी ने अगस्त 2022 में कथित तौर पर इजरायल के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन उनके खिलाफ आरोपों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।

 

 

और भी

आतंकवादियों ने एक गैर-स्थानीय मजदूर की गोली मारकर हत्या की

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने एक गैर-स्थानीय मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा, आतंकवादियों ने पुलवामा की त्राल तहसील के नौपोरा इलाके के तुमची गांव में गैर-स्थानीय मजदूर पर गोलीबारी की। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

 

 

और भी

भारत ने महासभा में फ़िलिस्तीन के समर्थन वाले प्रस्ताव का किया विरोध

संयुक्त राष्ट्र:  भारत ने पहली बार फिलिस्तीन मुद्दे का समर्थन करने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया है। शुक्रवार को प्रस्ताव पर भारत ने इसलिए विरोध किया, क्योंकि इसमें हमास के आतंकवादी हमले की निंदा नहीं की गई थी। महासभा ने नई दिल्ली द्वारा समर्थित एक संशोधन को खारिज कर दिया, जिसमें आतंकवादी समूह का नाम दिया गया था।

भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल ने मतदान के बाद कहा, इजरायल में 7 अक्टूबर को हुए आतंकी हमले चौंकाने वाले थे और निंदनीय हैं। उन्होंने कहा, दुनिया को आतंकी कृत्यों के औचित्य पर विश्वास नहीं करना चाहिए। आइए हम मतभेदों को दूर रखें, एकजुट हों और आतंकवादियों के प्रति शून्य सहिष्णुता का दृष्टिकोण अपनाएं।

इजराइल-हमास संघर्ष में संघर्ष विराम और गाजा के लोगों को सहायता प्रदान करने का आह्वान करने वाला प्रस्ताव 120 वोटों से पारित हुआ, जबकि इसके खिलाफ 14 वोट पड़े और 45 देश अनुपस्थित रहे। इससे इसे उपस्थित और मतदान करने वालों का दो-तिहाई बहुमत मिला।

भारत ने कनाडा द्वारा लाए गए प्रस्ताव में संशोधन का समर्थन किया, जिसमें हमास का नाम था और उसके हमले की निंदा की गई थी, लेकिन यह पारित होने में विफल रहा। इसके पक्ष में 88 वोट पड़े, जबकि इसके खिलाफ 54 वोट पड़े, 23 अनुपस्थित रहे। पटेल ने कहा, आतंकवाद एक घातक बीमारी है और इसकी कोई सीमा, राष्ट्रीयता या नस्ल नहीं होती। उन्होंने कहा, हमास के हमले इतने बड़े पैमाने और तीव्रता के थे कि यह बुनियादी मानवीय मूल्यों का अपमान है। राजनीतिक उद्देश्यपूर्ण उद्देश्यों को प्राप्त करने के साधन के रूप में हिंसा, अंधाधुंध क्षति पहुंचाती है, और किसी भी टिकाऊ समाधान का मार्ग प्रशस्त नहीं करती है।

उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि इस सभा के विचार-विमर्श से आतंक और हिंसा के खिलाफ एक स्पष्ट संदेश जाएगा और हमारे सामने मौजूद मानवीय संकट का समाधान करते हुए कूटनीति और बातचीत की संभावनाओं का विस्तार होगा।

महासभा की कार्रवाई सुरक्षा परिषद द्वारा गाजा पर चार प्रस्तावों को पारित करने में विफल रहने के बाद हुई, इनमें से एक पर रूस और अमेरिका ने वीटो किया था, और दो को पारित होने के लिए न्यूनतम नौ वोट नहीं मिले थे। असेंबली का प्रस्ताव केवल प्रतीकात्मक है, क्योंकि सुरक्षा परिषद के विपरीत उसके पास इसे लागू करने की शक्ति नहीं है। पटेल ने गाजा में संघर्ष से नागरिकों पर पड़ने वाले नुकसान के बारे में भी बात की और कहा, इस मानवीय संकट के समाधान की जरूरत है।

और भी

गीता प्रेस के ट्रस्टी बैजनाथ अग्रवाल का निधन, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीता प्रेस, गोरखपुर के ट्रस्टी बैजनाथ अग्रवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अग्रवाल 90 वर्ष के थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात लगभग 2:30 बजे उन्होंने हरिओम नगर स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बनारस में गंगा तट पर होगा। मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र देवी दयाल अग्रवाल से बात कर के सांत्वना दी है।

बैद्यनाथ अग्रवाल समाजसेवी भी रहे हैं। गीता प्रेस के माध्यम से उनका धार्मिक एवं सामाजिक जुड़ाव भी रहा, ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संदेश में कहा कि विगत 40 वर्षों से गीता प्रेस के ट्रस्टी के रूप में बैजनाथ जी का जीवन सामाजिक जागरूकता और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। वह ईश्वर के अनन्य भक्त थे।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि बैजनाथ जी के निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। शोकाकुल परिजनों से बातकर उन्हें ढांढस बंधाते हुए हुतात्मा की सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

और भी

मुकेश अंबानी से मांगी 20 करोड़ की रंगदारी व जान से मारने की धमकी

मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी को ईमेल के जरिए जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी मिली है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ईमेल में 20 करोड़ रुपये की मांग करते हुए रकम न देने पर 66 वर्षीय अंबानी को गोली मारने की धमकी दी गई है।

कंपनी के एक सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गामदेवी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इससे पहले पिछले कुछ वर्षों में, अंबानी और उनके परिवार को कई मौकों पर धमकी दी गई थी और दक्षिण मुंबई में उनके प्रतिष्ठित एंटिला निवास को उड़ाने की धमकी दी गई थी।

और भी

भारत 6G के क्षेत्र में भी लीडर बनने की दिशा में : नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 7वें संस्करण के दौरान देशभर के चुनिंदा संस्थानों में 100 नई 5G लैब का उद्घाटन किया।PM मोदी ने कहा आने वाला समय बहुत ही अलग होने जा रहा है। खुशी की बात है कि हमारी युवा पीढ़ी देश के भविष्य का नेतृत्व कर रही है। हमारे टेक रिवॉल्यूशन का नेतृत्व कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा हम ना सिर्फ भारत में तेजी से 5G का विस्तार कर रहे हैं, बल्कि 6G के क्षेत्र में भी लीडर बनने की दिशा में बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा पिछले वर्ष हम यहां 5जी रोलआउट के लिए इकट्ठा हुए थे, पूरी दुनिया भारत को हैरत भरी नज़रों से देख रही थी...हमने दुनिया का सबसे तेज 5जी रोलआउट किया और हर भारतीय तक 5जी पहुंचाने का काम शुरू किया। हम रोलआउट स्टेज से रीचआउट स्टेज तक पहुंचे।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस में पीएम मोदी ने कहा, हाल ही में गूगल ने भारत में अपने पिक्सल फोन के निर्माण की घोषणा की है. सैमसंग के फोल्ड 5 मोबाइल फोन और एप्पल के आईफोन 15 का निर्माण भारत में किया जा रहा है. हमें गर्व है कि दुनिया मेड इन इंडिया का इस्तेमाल कर रही है अब मोबाइल फोन।

रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन आकाश अंबानी ने प्रधानमंत्री को दूरसंचार के क्षेत्र में उनकी कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया है।

रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड, भारत के पहले दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में उच्च गति ब्रॉडबैंड सेवाएं प्रदान करने के लिए भारत की पहली उपग्रह-आधारित गीगा फाइबर सेवा 'जियोस्पेसफाइबर' प्रदर्शित करती है। दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस में जियो ने अपने नए सैटेलाइट ब्रॉडबैंड का प्रदर्शन किया।

और भी

अयोध्या में 16 जनवरी से राम मंदिर में अनुष्ठान शुरू होंगे

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में राम लला के प्रतिष्ठापन समारोह के लिए वैदिक अनुष्ठान मुख्य समारोह से एक सप्ताह पहले अगले साल 16 जनवरी से शुरू होंगे। वाराणसी के वैदिक पुजारी, लक्ष्मी कांत दीक्षित, 22 जनवरी, 2024 को राम लला के अभिषेक समारोह का मुख्य अनुष्ठान करेंगे।

ज्योतिषियों और वैदिक पुजारियों से परामर्श के बाद, श्री राम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र ट्रस्ट ने 22 जनवरी को.दोपहर 12 बजे से 12.45 बजे के बीच राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला को विराजमान करने का निर्णय लिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्राण-प्रतिष्ठा (अभिषेक) समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे।

राय ने कहा, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रोटोकॉल के तहत (प्रधानमंत्री की उपस्थिति में) समारोह में शामिल होंगे।” उन्होंने कहा कि आमंत्रित अतिथि प्रधानमंत्री के जाने के बाद ही राम लला के दर्शन कर सकेंगे।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा, ट्रस्ट ने राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए सभी संप्रदायों के 4,000 संतों को आमंत्रित किया है।

ट्रस्ट ने समाज के सभी क्षेत्रों के 2,500 प्रमुख लोगों को भी आमंत्रित किया है, इनमें वैज्ञानिक, परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता और उनके परिवार के सदस्य, मृत कार सेवकों के परिवार के सदस्य और कलाकार शामिल हैं। राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों के परिवार के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है।

राय ने कहा, हमने समाचार पत्रों और समाचार चैनलों के 100 से अधिक मालिकों को भी आमंत्रित किया है। राम जन्मभूमि परिसर में जगह की उपलब्धता के अनुसार लोगों को समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है, मेहमानों को अपना आधार कार्ड लाना होगा। 

चंपत राय ने कहा, मेहमानों को राम जन्मभूमि पर करीब तीन घंटे बैठना होगा। मंदिर 23 जनवरी से भक्तों के लिए खोला जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र ट्रस्ट ने ठंड के मौसम की स्थिति के कारण विभिन्न संप्रदायों के बुजुर्ग प्रमुखों से जनवरी के बजाय फरवरी में अयोध्या आने की अपील भी की है।

और भी

टीएस सिंहदेव 27 को दाखिल करेंगे नामांकन

सरगुजा: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर दूसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया जारी हैं. आज अंबिकापुर जिला निर्वाचन कार्यालय में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, खाद्यमंत्री अमरजीत भगत और लुंड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम अपना नामांकन दाखिल करेंगे. नामांकन में सीएम भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा भी शामिल होंगे. नामांकन के बाद कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित आम सभा को सभी कांग्रेस के दिग्गज नेता संबोधित करेगें.

शुक्रवार को अंबिकापुर में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है. अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में कांग्रेस ने आम सभा का आयोजन भी किया है. जिसमें कांग्रेस उम्मीदवारों के नामांकन के बाद सभी कांग्रेसी नेता शिरकत करेंगे. इस मेगा चुनावी रैली के जरिये कांग्रेस पार्टी शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है.

विधानसभा चुनाव की तिथि नजदीक आते ही धीरे धीरे चुनावी सरगर्मी भी बढ़ गई है. नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के लिए आज सुबह 11 बजे समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी बड़ी नामांकन रैली निकालेगी. जो शहर के कई मार्गों से होते हुए घड़ी चौक पहुंचेगी. माना जा रहा है कि कांग्रेस की इस रैली में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा भी सरगुजा आ सकती हैं.

और भी